बंगलूरू शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक फार्म हाउस में कथित तौर पर तीन लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद 21 वर्षीय कॉलेज छात्र की मौत हो गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 26 अक्तूबर को हुई, जब बी.कॉम का छात्र पुनीथ अपने सात दोस्तों के साथ, जिनमें दो लड़कियां भी शामिल थीं, यहां के पास चिकनहल्ली में एक फार्म हाउस में गया था।
पुलिस के अनुसार, होन्नापुरा इलाके के आरोपी कथित तौर पर रात में फार्म हाउस पहुंचे और पुनीथ और उसके दोस्तों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। उन्होंने स्विमिंग पूल में मौजूद उसकी महिला मित्रों का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। जब पुनीथ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने उस पर लकड़ी के लट्ठे से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर चोट लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चार दिन बाद उसकी मौत हो गई।
पुनीथ के दोस्त को भी घटना के दौरान कुछ मामूली चोटें आई थीं। उन्होंने कहा, "हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।"
बिजली का झटका लगने से चार लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के तातीपरु गांव में एक कार्यक्रम के लिए बैनर लगाते समय बिजली का झटका लगने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस इंस्पेक्टर श्रीनिवास राव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि घायलों को सही से चिकित्सा उपचार मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार प्रभावित परिवारों की सहायता करेगी और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच लाख का मुआवजा देने की घोषणा की।
कटक में काली पूजा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान झड़प में छह लोग घायल
पुलिस ने बताया कि रविवार रात कटक में देवी काली प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान हुई झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गए। टकराव शहर के चांदनी चौक इलाके में दो समूहों के बीच विवाद के बाद शुरू हुआ। पुलिस ने सोमवार को बताया कि स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों समूहों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पत्थर और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।
पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान एक दुकान और तीन मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि लालबाग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चाचा की हत्या के आरोप में एक युवक गिरफ्तार
ओडिशा में रविवार को चाचा की हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को अपने मामा की हत्या के आरोप में 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी जगन धाल ने शनिवार को जेनापुर थाना क्षेत्र के गदामधुपुर गांव के पास अपने मामा दुसमंत नायक की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि दुसमंत ने जगन को अपने घर बुलाया था और दोनों दुसमंत के लिए नई मोटरसाइकिल खरीदने जगन की बाइक पर सवार होकर चांदीखोले बाजार गए। जब दुसमंत रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी ने फोन पर उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद था। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि जब उसने जगन से अपने पति के बारे में पूछा तो उसने दावा किया कि उसने दुसमंत को शाम को बरदा चाक पर छोड़ दिया था। इसके बाद दुसमंत की पत्नी ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। आखिरकार उसने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जेनापुर पुलिस ने शनिवार देर रात जगन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पोर्श कार दुर्घटना में स्टैंडअप कॉमेडियन उत्सव गिरफ्तार
पोर्श कार दुर्घटना मामले में हैदराबाद पुलिस ने 33 वर्षीय स्टैंडअप कॉमेडियन उत्सव दीक्षित को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि एक नवंबर को सुबह 5.45 बजे तेज रफ्तार वाली पोर्श कार यहां केबीआर पार्क की चारदीवारी से टकरा गई। उसके बाद एक पेड़ से टकराई और फिर दीवार, ग्रिल और फुटपाथ को नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद कॉमेडियन मौके से भाग निकला था। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं मिली। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर एक टूटी हुई नंबर प्लेट मिली। दीक्षित का मूल ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया गया।
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी पर एंबुलेंस के दुरुपयोग मामले में केस दर्ज
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और दो अन्य लोगों के खिलाफ अप्रैल में त्रिशूर पुरम उत्सव के दौरान एक एंबुलेंस के दुरुपयोग करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री गोपी, अभिजीत नायर और एक एंबुलेंस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि मामला भाकपा नेता केपी सुमेश की शिकायत के बाद दर्ज किया गया।
आतंकियों को जिंदा पकड़ें: कांग्रेस नेता राशिद अल्वी
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी का कहना है कि बडगाम हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों को जिंदा पकड़ने की कोशिश की जानी चाहिए। उनकी पृष्ठभूमि के बारे में पुख्ता सबूत मुहैया कराए जाने चाहिए। यह जानना जरूरी है कि ये लोग कौन हैं। अगर ये लश्कर के हैं तो इसके सबूत होने चाहिए। इनको आतंकी बताना और लश्कर से ताल्लुक रखने की बात कह देना ही काफी नहीं है। बडगाम जिले के मगाम इलाके के मजहामा में शुक्रवार को आतंकियों ने दो गैर स्थानीय लोगों पर फायरिंग कर दी। अल्वी ने रविवार को फारूक अब्दुल्ला के बयान को भी सही ठहराया। अल्वी ने कहा, फारुक ने सही कहा है कि आतंकियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जाने चाहिए और उचित जांच की जानी चाहिए।
पहला एशियाई बौद्ध शिखर सम्मेलन 5 व 6 को
पहले एशियाई बौद्ध शिखर सम्मेलन (एबीएस) का ओयजन नई दिल्ली में 5-6 नवंबर को होगा। इसकी मेजबानी संस्कृति मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) करेंगे। संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शिखर सम्मेलन का विषय 'एशिया को मजबूत बनाने में बुद्ध धम्म की भूमिका' है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।
नीतीश ने पूर्व सांसद सिन्हा के पैर छूकर दिया विनम्रता का संदेश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के प्रसिद्ध चित्रगुप्त मंदिर में एक ऐसा उदाहरण पेश किया, जो न केवल राजनीतिक हलकों में, बल्कि आम जनता में भी चर्चा का विषय बन गया। रविवार को मंदिर में पूजा के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने भाजपा के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता आरके सिन्हा के पैर छूकर उनका अभिवादन किया। यह घटना विनम्रता और सादगी के प्रतीक के रूप में देखी जा रही है, जो मौजूदा राजनीति में एक दुर्लभ दृश्य है।
कॉप-16 सम्मेलन खत्म, प्रकृति की रक्षा के लिए नए कोष पर कोई समझौता नहीं
संयुक्त राष्ट्र का 16 वां जैव विविधता सम्मेलन कॉप-16 शनिवार को कोलंबिया के कैली में संपन्न हो गया। हालांकि, 12 घंटे की तय सीमा से अधिक चले इस आयोजन में प्रकृति के संरक्षण के लिए एक नए कोष के प्रस्ताव पर कोई करार नहीं हो पाया। सम्मेलन में सदस्य देशों ने सहमति दी कि जैव विविधता को संरक्षित रखने में मूल निवासियों और अफ्रीकी नस्ल के समुदायों की जरूरी भूमिका को मानते हुए उन्हे भविष्य की जैव विविधता चर्चाओं में शामिल करने के लिए एक नया समूह बनाया जाएगा।
दिवाली की रात सड़क पर पटाखा जला रहा था शख्स, तेज रफ्तार कार ने रौंदा
महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ इलाके से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं, जहां एक तेज रफ्तार कार ने दिवाली मना रहे 35 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। यह भयावह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई, जिसमें एक व्यक्ति सड़क पर पटाखे फोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी बीच एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उस व्यक्ति को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई।पीड़ित की पहचान सोहम पटेल के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ड्राइवर की तलाश कर रही है।
डॉ. रेड्डीज ने US से जेनेरिक दवा की लाखों बोतलें वापस मंगाईं
डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने विनिर्माण संबंधी समस्याओं के कारण अमेरिकी बाजार से रक्त में उच्च कैल्शियम स्तर और हाइपरपेराथाइरोडिज्म के उपचार में इस्तेमाल होने वाली जेनेरिक दवा की 3.30 लाख से अधिक बोतलें वापस मंगाई हैं। अमेरिका की खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) की ताजा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. रेड्डीज अमेरिकी बाजार में सीजीएमपी (मौजूदा अच्छी विनिर्माण प्रथा) से भिन्नता के कारण सिनाकैल्सेट गोलियों की 3,31,590 बोतलें वापस मंगा रही है। यह वापसी एफडीए की अंतरिम सीमा से अधिक एन-नाइट्रोसो सिनाकैल्सेट अशुद्धता मौजूद होने के कारण की गई। हैदराबाद स्थित कंपनी की यूनिट न्यू जर्सी स्थित डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज इंक. 30 मिलीग्राम की सिनाकैल्सेट गोलियों की 2,85,126 बोतलें वापस मंगा रही है। इसके अलावा, दवा निर्माता कंपनी 60 मिलीग्राम और 90 मिलीग्राम की क्षमता वाली क्रमश: 35,880 और 10,584 बोतलें वापस मंगा रही है। वापस मंगाई जा रही खेप का भारत में निर्माण किया गया था।
4 वर्षीय बच्ची से बलात्कार के आरोप में किशोर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 4 वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह कथित अपराध पिछले महीने उल्हासनगर इलाके में एक आवासीय परिसर के परिसर में किया गया था, जहां आरोपी और बच्ची के पिता सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते हैं। अधिकारी ने बताया कि किशोर कहीं और रहता है, जबकि लड़की और उसके माता-पिता सोसायटी परिसर के अंदर रहते हैं। इसके साथ ही एफआईआर का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि किशोर लड़की के घर गया, जब वह अकेली थी और उसने उसका यौन उत्पीड़न किया। उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग उसके घर पहुंचे और पाया कि घर अंदर से बंद है।
असम के कछार में सात करोड़ रुपये की नशीली दवाओं के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम के कछार जिले में सात करोड़ रुपये की नशीली दवाओं के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि रविवार को जब्त की गई तस्करी में हेरोइन और याबा टैबलेट शामिल हैं। सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर कछार पुलिस ने आज लैलापुर में एक विशेष अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप एक वाहन को जब्त किया गया और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा कि तलाशी में 30 साबुन के डिब्बे बरामद हुए, जिनमें लगभग 375 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और 20,000 याबा टैबलेट थे। उन्होंने आागे कहा, "जब्त की गई तस्करी की अनुमानित कीमत लगभग सात करोड़ रुपये है।"
केरल मंदिर में आग लगने की घटना में दो और लोगों की मौत
इस जिले में नीलेश्वरम के निकट एक मंदिर में हाल ही में हुई आतिशबाजी दुर्घटना में दो और लोगों की मौत हो गई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में गंभीर रूप से झुलसे बीजू (38) और शिबिनराज (19) की रविवार रात को मौत हो गई। इससे पहले, दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दो लोगों की मौत हो गई थी। कासरगोड जिला प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना में 154 लोग घायल हुए हैं और उनमें से 100 को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह घटना 28 अक्तूबर की देर रात नीलेश्वरम के निकट अंजुत्तनबलम वीरेरकावु मंदिर में हुई, जब आसपास के क्षेत्र में रखे पटाखों में विस्फोट हो गया। मंगलवार को हुई इस घटना के सिलसिले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मंदिर समिति के दो अधिकारियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
आरजी कर मामला: आरोपी संजय राय के खिलाफ आरोप तय
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के दुष्कर्म-हत्या मामले में पश्चिम बंगाल की सियालदह कोर्ट ने आरोपी संजय राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1), 64 और 66 के तहत आरोप तय किए। मुकदमा 11 नवंबर से शुरू होगा।
झारखंड: वाहनों की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में दो वाहनों के बीच टक्कर हो जाने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार देर रात सरायकेला थाना क्षेत्र के सरायकेला-राजनगर मार्ग पर सिनी-सिदमा मोड़ इलाके में घटी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों वाहनों के चालकों सहित तीन व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। सरायकेला के अनुमंडल पुलिस अधिकारी समीर कुमार ने बताया कि सभी मृतक चतरा जिले के निवासी थे। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उड़ान के दौरान मंजूरी होने पर ही मिलेगी वाई-फाई इंटरनेट सेवा
सरकार ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उड़ान के दौरान यात्री वाई-फाई के जरिये इंटरनेट सेवाओं का इस्तेमाल केवल तभी कर पाएंगे जब 3,000 मीटर की ऊंचाई पर पहुंच चुके विमान में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करने की अनुमति होगी। सरकार ने उड़ान और समुद्री संपर्क नियम, 2018 के तहत विमान के भारतीय हवाई क्षेत्र में 3,000 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद ही मोबाइल संचार सेवाएं देने की अनुमति दी है। ऐसा स्थलीय मोबाइल नेटवर्क के साथ हस्तक्षेप से बचने के लिए किया गया है।