अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य के तवांग में इस साल दिसंबर में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु, छठे दलाई लामा ग्यालवा साङ्यांग ग्यात्सो पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह आयोजन विश्वास, संस्कृति और विद्या को एक मंच पर लाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्राइल, भूटान और नेपाल सहित कई देशों के विद्वान इसमें भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री खांडू ने बताया कि यह आयोजन करमिक और आध्यात्मिक मामलों के विभाग तथा महामहिम वैन तेंग्युर रिनपोछे के मार्गदर्शन में होगा। उन्होंने कहा कि छठे दलाई लामा की आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता और काव्यात्मक रचनाएं विश्वभर में जानी जाती हैं, लेकिन उनके जीवन और दर्शन के बारे में बहुत कम जानकारी है। यह सम्मेलन उनके योगदान और तवांग की विरासत को वैश्विक पहचान देगा। खांडू ने तवांग दौरे के दौरान भाजपा संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की और कहा कि जिला इकाई आगामी कार्यक्रमों के लिए पूरी तरह तैयार है।
मणिपुर में मुठभेड़ में चार उग्रवादी ढेर
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के चार उग्रवादी मारे गए। खनपी गांव में सुबह 5:30 बजे सेना ने इनपुट के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया। यूकेएनए सो-ऑपरेशन समझौते का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है। मारे गए उग्रवादियों की पहचान एलेक्स जामुआनलाल सिमटे, थंगमिनलाल हाउकिप, गिनलेनजॉन हाउकिप और थंगलनलाल किपजेन के रूप में हुई है। सेना ने बताया कि यह कार्रवाई हालिया हिंसक गतिविधियों और स्थानीय लोगों को धमकाने के जवाब में की गई। क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
कार और ई-रिक्शा की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के शांतिपुर में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। हादसा एनएच-12 पर हुआ। घायल यात्रियों को शांतिपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को रानाघाट के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान टोटो चालक टोटन शेख और यात्री सबीना अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
टीवी अभिनेत्री को ऑनलाइन उत्पीड़न करने वाला गिरफ्तार
बंगलूरू में एक टीवी अभिनेत्री को अश्लील संदेश और वीडियो भेजने के आरोप में पुलिस ने एक कंपनी के डिलीवरी मैनेजर नवीन के को गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन महीनों से सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को परेशान कर रहा था। शिकायत के अनुसार, जब अभिनेत्री ने उसे ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने कई फर्जी अकाउंट बनाकर वीडियो भेजे। अभिनेत्री ने उसे रेस्तरां में बुलाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने दुर्व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
सबरीमाला चोरी मामले में एसआईटी की जांच जारी
सबरीमला सोना चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी ने श्रीकोविल (गर्भगृह) की चौखटों से सोना गायब होने से जुड़े एक अन्य मामले में भी उन्नीकृष्णन पोट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। पोट्टी, द्वारपालक की मूर्ति की प्लेटों से सोना चोरी में पहले से ही गिरफ्तार है। केरल हाईकोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए, विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले में दो अलग-अलग केस दर्ज किए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रोडक्शन वारंट के बाद, पोट्टी को सोमवार दोपहर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
वनतारा को पर्यावरण संस्था साइट्स से भी मिली क्लीन चिट
अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण संस्था साइट्स (सीआईटीईएस) ने गुजरात के जामनगर में स्थित रिलायंस के वनतारा प्रोजेक्ट के मॉडल को वैध और पारदर्शी बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, वनतारा या राधा कृष्णा टेंपल एलिफेंट वेलफेयर ट्रस्ट (आरकेटीईडब्ल्यूटी) में किसी भी जानवर का अवैध इंपोर्ट या व्यावसायिक प्रजनन नहीं हो रहा है। साइट्स की टीम ने सितंबर में भारत का दौरा किया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये दोनों संस्थान बचाव और संरक्षण प्रजनन केंद्र हैं। इनका मकसद संकटग्रस्त प्रजातियों को बचाना और उन्हें प्राकृतिक आवास में दोबारा बसाना है। साइट्स को किसी भी जानवर के अवैध परमिट के तहत आयात या व्यावसायिक उपयोग का कोई सबूत नहीं मिला। वनतारा की सराहना...वनतारा की टीम ने साइट्स को बताया कि वे प्रजनन कार्यक्रमों को सिर्फ संरक्षण और प्रजातियों की पुन: शुरूआत के लिए चला रहे हैं। रिपोर्ट ने इसकी सराहना की और कहा कि यह वन्यजीव आबादी को बहाल करने की दिशा में एक कदम है।
अनुसंधान विकास एवं नवाचार योजना कोष का हुआ शुभारंभ
विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में भारत के आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी दिल्ली में स्थित भारत मंडपम में उभरती विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 3 से पांच नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन का उद्घाटन कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। वहीं, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) भी इसमें भाग ले रहा है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने निजी क्षेत्र द्वारा संचालित अनुसंधान एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए एक लाख करोड़ रुपये के अनुसंधान विकास एवं नवाचार योजना कोष का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निजी क्षेत्र में भी अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस सम्मेलन में प्रमुख वैज्ञानिकों के व्याख्यान, पैनल चर्चा, प्रस्तुतियाँ और प्रौद्योगिकी प्रदर्शन शामिल हैं, जो विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए शोधकर्ताओं, उद्योग और युवा नवप्रवर्तकों के बीच सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करते हैं। रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि डीआरडीओ 'इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण' पर विषयगत सत्र का नेतृत्व कर रहा है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत 5 नवंबर, 2025 को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण पर एक तकनीकी सत्र की अध्यक्षता करेंगे। यह भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार औक रक्षा मंत्रालय के मार्गदर्शन में सरकार के 13 मंत्रालयों और विभागों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
बेटी की मौत के बाद रिश्वत देने को मजबूर पिता पर NHRC सख्त, कर्नाटक सरकार को नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कर्नाटक सरकार और राज्य के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। यह कदम उस मीडिया रिपोर्ट के बाद उठाया गया, जिसमें दावा किया गया कि बंगलूरू में एक 64 वर्षीय व्यक्ति को अपनी इकलौती बेटी की मौत के बाद हर स्तर पर रिश्वत देनी पड़ी। रिपोर्ट के मुताबिक, शोक संतप्त पिता को एम्बुलेंस चालक, पुलिस, श्मशान घाट कर्मियों और नगर निगम अधिकारियों तक को पैसे देने पड़े। आयोग ने इस घटना को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया है।
एनएचआरसी ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी से दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में कहा गया कि मृतका, जो आईआईटी मद्रास और आईआईएम अहमदाबाद की स्नातक थीं, की 18 सितंबर को ब्रेन हेमरेज से मौत हुई थी। पिता ने एम्बुलेंस बुलाने पर चालक पर ज्यादा पैसे वसूलने का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस ने कथित रूप से रिश्वत लिए बिना एफआईआर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं दी। श्मशान में भी पैसे मांगे गए और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में नगर निगम ने देरी की, जो कथित रिश्वत के बाद ही जारी हुआ।
सबरीमला तीर्थ सीजन से पहले ऑनलाइन बुकिंग शुरू
सबरीमला मंदिर के वार्षिक तीर्थ सीजन से पहले त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) ने घोषणा की है कि श्रद्धालु 5 नवंबर से ऑनलाइन पूजा बुक कर सकेंगे। बोर्ड ने बताया कि सन्निधानम परिसर में आवास की ऑनलाइन बुकिंग भी बुधवार से शुरू होगी। टीडीबी के अनुसार, श्रद्धालु वेबसाइट www.onlinetdb.com/http://www.onlinetdb.com के जरिए बुकिंग कर सकते हैं। देश और विदेश से लाखों भक्त 17 नवंबर से शुरू होने वाले दो महीने लंबे मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थ सीजन में सबरीमला पहुंचेंगे।