पीएमए सलाम ने कहा- आईयूएमएल ने केरल में मुख्यमंत्री पद की कोई मांग नहीं की
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने रविवार को यह स्पष्ट किया कि उसने केरल में विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री पद की कोई मांग नहीं की है। मामले में आईयूएमएल के महासचिव पीएमए सलाम ने कहा कि यूडीएफ में सभी फैसले सामूहिक रूप से किए जाते हैं, और अगर सभी गठबंधन सहयोगी चाहते हैं कि आईयूएमएल से मुख्यमंत्री बने, तो पार्टी इसका विरोध नहीं करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आईयूएमएल ने मुख्यमंत्री पद की मांग कभी नहीं की और इस बारे में विचार भी नहीं किया। सलाम का यह बयान हाल ही में आई रिपोर्ट्स के बाद आया, जिनमें कहा गया था कि आईयूएमएल के नेता सादिक अली शिहाब थंगल ने यह कहा था कि अगर कांग्रेस इसे स्वीकार करती है, तो उनकी पार्टी मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार है।
जल जीवन मिशन में 15.44 करोड़ घरों को मिले कनेक्शन: पाटिल
सूरत। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत अब तक 15.44 करोड़ घरों को नल के पानी के कनेक्शन मिल चुके हैं। शेष 4.33 करोड़ घरों को 2028 तक कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मिशन ने दूषित पानी पीने से संभावित संक्रमण के जोखिम को टालकर चार लाख बच्चों की जान बचाई है। सूरत में रविवार को जल शक्ति मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि इस मिशन के तहत नल के पानी के कनेक्शन से अब तक 75 करोड़ लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, इस मिशन से जल जनित रोगों के उपचार पर खर्च होने वाले 8.4 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है।
त्रिपुरा में बीएसएफ ने 7 दिन में पकड़े 14 बांग्लादेशी घुसपैठिये
त्रिपुरा में बीएसएफ ने 26 जनवरी से अब तक 14 बांग्लादेशियों घुसपैठियों को पकड़ा और तस्करी कर लाई गई 2.5 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित सामग्री जब्त की। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस अवधि के दौरान अर्धसैनिक बल ने घुसपैठियों की मदद करने वाले दो भारतीय दलालों को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा, बड़ी मात्रा में ड्रग्स, चीनी, मवेशी और तस्करी कर लाई गई अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त कीं।
पूर्वोत्तर में एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो स्थापित करे केंद्र: कोकोमी
इंफाल। मणिपुर अखंडता समन्वय समिति (कोकोमी) ने केंद्र से पूर्वोत्तर में एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो स्थापित करने की अपील की। कहा कि इससे क्षेत्र में बढ़ती नशे की तस्करी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। कोकोमी, इंफाल घाटी के सामाजिक संगठनों का एक समूह है। पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों को संबोधित एक ज्ञापन में कोकोमी के संयोजक खुरैजम अथौबा ने क्षेत्र को नार्को आतंकवाद आपात क्षेत्र घोषित करने की भी मांग की ताकि स्थिति की गंभीरता को उजागर किया जा सके और तदनुरूप संसाधन जुटाए जा सकें।
दुष्कर्म के आरोपी एम मुकेश विधायक बने रहेंगे : माकपा
केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने रविवार को कहा कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी एम मुकेश विधायक बने रहेंगे। माकपा की राज्य इकाई के सचिव एमवी गोविंदन ने यह बात कही। गोविंदन मीडिया में आई उन खबरों पर प्रतिक्रिया दी कि पुलिस ने मुकेश के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुकेश विधायक पद पर बने रहेंगे और अदालत का फैसला आने के बाद ही उनके बारे में निर्णय लिया जाएगा। गोविंदन ने कहा, आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है। अदालत के फैसले के बाद हम इस मामले पर विचार करेंगे। इस्तीफे की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि यही पार्टी का रुख है। कोल्लम से माकपा विधायक मुकेश के खिलाफ 28 अगस्त, 2024 को दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था।
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें
- फोटो : अमर उजाला
पुणे : एमपीएससी को फर्जी पेपर बेचने की कोशिश, तीन गिरफ्तार
पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को फोन करके 40 लाख में प्रश्नपत्र देने की पेशकश करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये लोग फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर ठगने की कोशिश कर रहे थे। प्रश्नपत्र लीक होने का कोई सबूत नहीं मिला है। आरोपियों की पहचान दीपक गयाराम गायधाने, सुमित कैलाश जाधव और योगेश सुरेंद्र वाघमारे के रूप में हुई है।
मुंबई हवाईअड्डे पर अनियंत्रित हुई मर्सिडीज, 5 घायल
मुंबई हवाईअड्डे पर यात्रियों को उतारने के बाद एक मर्सिडीज बेंज कार अनियंत्रित हो गई। इसकी चपेट में आने से दो विदेशियों की समेत पांच लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को हवाईअड्डे के टर्मिनल 2 के पार्किंग क्षेत्र में हुई। घायलों में चेक गणराज्य के दो पर्यटक और हवाई अड्डे के तीन कर्मचारी शामिल हैं। दोनों पर्यटकों को इलाज के लिए नानावटी अस्पताल और अन्य को कूपर अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। कार को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
बंगाल बम धमाका मामला एनआईए ने चौथे आरोपी को भी किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तीन साल पहले पश्चिम बंगाल में हुए बम धमाके के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। साल 2022 में पूर्वी मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर में हुए बम धमाके में तीन लोगों की मौत हुई थी। एनआईए को पचानन घोराई नाम के इस शख्स की लंबे समय से तलाश थी। अधिकारियों ने बताया कि भूपतिनगर के घोराई को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। एनआईए ने कहा कि 2022 में पूर्वी मेदिनीपुर के भूपतिनगर में एक मकान में बम बनाते समय शक्तिशाली विस्फोट हुआ था, जिसमें मकान मालिक राज कुमार मन्ना की मौके पर ही मौत हो गई थी। धमाके में बुरी तरह घायल बुद्धदेब मन्ना उर्फ लालू और विश्वजीत ग्यान की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
मच्छर नियंत्रण के लिए आक्रामक विदेशी मछलियों का इस्तेमाल एनजीटी ने केंद्र से मांगा जवाब
मछलियां भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकती हैं, सुनने में जरूर अजीब लग सकता है, लेकिन यह हकीकत है। मच्छर नियंत्रण के लिए दो अत्यधिक आक्रामक विदेशी प्रजातियों की मछलियों का ‘जैविक एजेंट’ के रूप में इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में याचिका दाखिल की गई है। इस पर सुनवाई करते हुए एनजीटी ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। मामले में अगली सुनवाई 6 मई को होगी। जलाशयों में छोड़ी जा रही हैं मस्कीटोफिश, गुप्पी प्रजातियों की मछलियां: याचिका में कहा गया कि मच्छरों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए मछलियों की गम्बूसिया एफिनिस (मस्कीटोफिश) और पोसिलिया रेटिकुलता (गुप्पी) प्रजातियों को जलाशयों में छोड़ा जा रहा है। एनजीटी में दाखिल याचिका के मुताबिक, राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण ने मछलियों की इन प्रजातियों को 'आक्रामक और विदेशी' घोषित किया है। इन मछलियों ने स्थानीय जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है, जिससे देशी मछली प्रजातियों के लिए भोजन की कमी हो रही है।
देश में वेटलैंड की संख्या बढ़कर 89 हुई: केंद्र सरकार
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक बार फिर प्रकृति के संरक्षण की बात दोहराई है। केंद्रीय मंत्री ने रविवार को कहा कि देशभर में अंतरराष्ट्रीय महत्व के वेटलैंड (आर्द्रभूमि) में लगातार वृद्धि हो रही है। भारत प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय मंत्री यादव ने विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर देश में रिकॉर्ड 89 वेटलैंड के विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। भारत का वेटलैंड के मामले में एशिया में शीर्ष और विश्व में तीसरा स्थान है। उन्होंने कहा कि वेटलैंड में लगातार वृद्धि के साथ भारत प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन दोनों के प्रति प्रतिबद्धता दिखा रहा है। उनकी इसी दृष्टिकोण के कारण देश में वेटलैंड की संख्या 89 तक पहुंच गई है।
दुर्घटनाग्रस्त एमक्यू-9बी की जगह नौसेना को मिला दूसरा ड्रोन
नौसेना को पिछले साल सितंबर में बंगाल की खाड़ी में तकनीकी गड़बड़ी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हुए एमक्यू-9बी सी गार्जियन के बदले में दूसरा ड्रोन मिला है। नौसेना ने एमक्यू-9बी सी गार्जियन ड्रोन को लीज पर अमेरिकी कंपनी जनरल एटॉमिक्स से लिया था। आधिकारिक सैन्य सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। नौसेना ने पट्टे पर लिए गए दो एमक्यू-9बी ड्रोनों में से एक को पिछले साल सितंबर के मध्य में तकनीकी खराबी के कारण बंगाल की खाड़ी में गिरा दिया था। सूत्रों ने बताया कि जनरल एटॉमिक्स ने समझौते के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हुए ड्रोन के बदले में दूसरा ड्रोन भेजा है। एमक्यू-9बी ड्रोन 35 घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने में सक्षम हैं और चार हेलफायर मिसाइलें और लगभग 450 किलोग्राम बम ले जा सकते हैं। 2020 में नौसेना ने दो एमक्यू-9बी ड्रोन एक साल की अवधि के लिए लीज पर लिए थे। हालांकि, बाद में लीज की अवधि बढ़ा दी गई थी।
हिस्ट्रीशीटर के हमले में पुलिसकर्मी की मौत
केरल में हिस्ट्रीशीटर के हमले में एक सिविल पुलिसकर्मी श्याम प्रसाद (44 वर्ष) की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी जिबिन जॉर्ज को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक सड़क किनारे एक भोजनालय में आरोपी जिबिन कथित तौर पर उपद्रव मचा रहा था। ड्यूटी के बाद घर जा रहे श्याम प्रसाद ने हस्तक्षेप किया और उससे पूछताछ की। इससे आरोपी ने अधिकारी पर हमला कर दिया। हमले के बाद श्याम प्रसाद बेहोश हो गए। आस-पास के लोगों ने उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी जिबिन ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
अब दृष्टिबाधित लोग भी ब्रेल लिपि में पढ़ सकेंगे भारतीय संविधान
कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने सोमवार को संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय संविधान के ब्रेल लिपि संस्करण को लॉन्च किया। यह परियोजना शंकर आई हॉस्पिटल बेंगलुरु और सीआईआई यंग इंडियंस (वाईआई) बंगलूरू के सहयोग से की गई। शंकर आई फाउंडेशन इंडिया के मेडिकल एडमिनिस्ट्रेशन, क्वालिटी एंड एजुकेशन के अध्यक्ष डॉ. कौशिक मुरली ने सोमवार को कहा, इस पहल का उद्देश्य अंधे या कम दृष्टि वाले लोगों को पढ़ने और नागरिक के रूप में अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझने में सक्षम बनाकर उन्हें सशक्त बनाना है।" उन्होंने कहा कि ब्रेल संस्करण को प्रमुख संस्थानों में वितरित किया जाएगा, ताकि व्यापक पहुंच सुनिश्चित हो सके।
राहुल गांधी पर हिमंता बिस्वा सरमा ने साधा निशाना
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर लिखा, 'भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करते हुए चुनाव आयुक्तों के पारदर्शी चयन के लिए राहुल गांधी का आह्वान विडंबनापूर्ण है, यह देखते हुए कि कांग्रेस के शासन के दौरान, नियुक्तियां पूरी तरह से सत्तारूढ़ सरकार द्वारा बिना किसी पारदर्शिता के की जाती थीं। अगर कांग्रेस वास्तव में लोकतांत्रिक अखंडता में विश्वास करती है, तो उन्होंने सत्ता के अपने दशकों में इन सुधारों को क्यों नहीं लागू किया? यह पाखंड उनकी राजनीतिक मुद्रा को उजागर करता है - वर्षों के अपारदर्शी शासन के बाद अब पारदर्शिता का उपदेश देना। भारत के लोगों को अब ऐसे दोहरे मानदंडों से गुमराह नहीं किया जा सकता है। विश्वास की मांग करने से पहले आप जो कहते हैं, उसका पालन करें।'
कर्नाटक के विजयपुरा में अराजक तत्वों की करतूत
कर्नाटक के विजयपुरा जिले के तालीकोट तालुक के चबनूर गांव के एक सरकारी स्कूल में उपद्रवियों ने डॉ. बीआर अंबेडकर और टीपू सुल्तान की प्रतिमा तोड़ दीं। मामले में एसपी विजयपुरा लक्ष्मण बी निंबरगी ने कहा, 'हमने केस दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। बीएनएस की धारा 298 और 353 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।'
मंत्री परमेश्वर ने की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की आलोचना
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि उन्हें शर्म आती है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राज्यसभा में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करती हैं, उन्होंने राज्य के हितों की रक्षा करने में विफल रहने के लिए उनकी आलोचना की। केंद्रीय बजट में राज्य को कोई पैकेज या मेगा प्रोजेक्ट नहीं देने के लिए सीतारमण की आलोचना करते हुए परमेश्वर ने कहा कि उन्होंने राज्य के लिए कोई योगदान नहीं दिया है, जबकि यह कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका दूसरा कार्यकाल है।
मंत्री ने कहा, 'हमें शर्म आती है कि वह (निर्मला सीतारमण) कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य हैं, क्योंकि राज्य के लिए उनके योगदान के बारे में शेखी बघारने जैसा कुछ नहीं है।' उन्होंने कहा कि अगर वह राज्य को दी गई सिंचाई या विकास अनुदान जैसी किसी योजना या परियोजना के बारे में बताएंगी तो वह उनकी राजनीतिक पार्टी को स्वीकार नहीं करेंगे या उनकी प्रशंसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की अर्थव्यवस्था के बारे में बोलने से पहले सीतारमण को यह बताना चाहिए कि उन्होंने राज्य को क्या दिया है।
विवाह-पूर्व परामर्श और पारिवारिक कल्याण पर राष्ट्रीय परामर्श आयोजित करेगा NCW
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) मंगलवार को पुणे में विवाह-पूर्व परामर्श और पारिवारिक कल्याण को मजबूत करने के लिए शिक्षा पर राष्ट्रीय परामर्श बैठक आयोजित करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विवाह-पूर्व परामर्श को निवारक उपाय के रूप में बढ़ावा देकर घरेलू हिंसा, भावनात्मक संकट और वैवाहिक कलह सहित वैवाहिक संबंधों में बढ़ते मुद्दों को हल करना है। एनसीडब्ल्यू ने कहा कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून, मनोविज्ञान और सामाजिक कार्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ रिश्तों को मजबूत करने की रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे।
चर्चा विवाह के लिए भावनात्मक और वित्तीय तैयारी, संघर्ष समाधान, कानूनी अधिकार और घरेलू हिंसा के खिलाफ सुरक्षा और अपने पाठ्यक्रम में विवाह-पूर्व परामर्श को एकीकृत करने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर केंद्रित होगी। मद्रास उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति विक्टोरिया गौरी मुख्य अतिथि होंगी, जबकि एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर भी सभा को संबोधित करेंगी। एनसीडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि देश भर से अधिवक्ताओं, सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, गैर सरकारी संगठनों और परामर्शदाताओं के इसमें भाग लेने की उम्मीद है।
पीएम मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों से मिले हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पीएम मोदी से मुलाकात की है। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- 'आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। असम के लोगों की ओर से, मैंने नामरूप में यूरिया प्लांट को मंजूरी देने के सरकार के फैसले के लिए आभार व्यक्त किया, जो राज्य की विकास यात्रा में एक बड़ा बदलाव होगा। मुझे आगामी एडवांटेज असम 2 शिखर सम्मेलन और मेगा झुमोर प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री से बहुमूल्य मार्गदर्शन मिला और अब से कुछ दिनों बाद असम में उनका स्वागत करने की हमारी खुशी साझा की।'
हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और उनके साथ राज्य से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि, पीएम मोदी 25 फरवरी को एडवांटेज असम 2.0 शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं सीएम सरमा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, ज्योतिरादित्य सिंधिया और हरदीप सिंह पुरी निवेश शिखर सम्मेलन में अलग-अलग सत्रों की अध्यक्षता करेंगे।
झारखंड में रेल विकास के लिए केंद्रीय बजट में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन- वैष्णव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि राज्य में रेलवे के विकास में तेजी लाने के लिए केंद्रीय बजट 2025-26 में झारखंड को 7,306 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में झारखंड में 1,311 किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गई हैं, 'जो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पूरे रेल नेटवर्क से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 2,314 करोड़ रुपये की लागत से कुल 57 स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। रेल मंत्री ने कहा, 'झारखंड में रेलवे का निवेश लगभग 60,000 करोड़ रुपये है।' एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 2014 से झारखंड में 943 किलोमीटर रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया गया है और राज्य ने 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हासिल कर लिया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि झारखंड में 14 जिलों को कवर करने वाली 12 वंदे भारत ट्रेनें चलती हैं।
छह दिवसीय यात्रा पर भारत आए रॉयल भूटान आर्मी के सीओओ
छह दिवसीय यात्रा पर भारत आए रॉयल भूटान आर्मी के चीफ ऑपरेशन आफिसर (सीओओ)लेफ्टिनेंट जनरल बट्टू शेरिंग को सोमवार को साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने हाथ मिलाए। इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल बट्टू शेरिंग ने दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद नायकों को श्रद्धांजलि दी। लेफ्टिनेंट जनरल बट्टू शेरिंग छह फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और भूटान के बीच घनिष्ठ द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को बढ़ावा देना और रक्षा सहयोग के लिए नए रास्ते तलाशना है। यात्रा के दौरान जनरल शेरिंग कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनका थल सेनाध्यक्ष और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, रक्षा सचिव और विदेश सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने का कार्यक्रम है।
डोभाल बोले- धार्मिक विवाद से बचाव में स्वतंत्र विचार अहम
अजीत डोभाल ने रविवार को कहा कि धार्मिक पहचान से जुड़े विवादों से बचने के लिए विचारों का स्वतंत्र रूप से प्रवाह होना बहुत जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि संघर्षों को सुलझाने के लिए आत्मनिरीक्षण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है, जिसे राज्यों और समाजों को अपनाना चाहिए। बता दें कि डोभाल की यह टिप्पणी तुर्की-अमेरिकी विद्वान अहमत टी कुरु की पुस्तक ‘इस्लाम ऑथॉरिटेरियनिज्म: अंडरडेवलपमेंट - ए ग्लोबल एंड हिस्टोरिकल कंपैरिजन’ के हिंदी संस्करण के विमोचन के दौरान आई। यह पुस्तक खुसरो फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित की गई है।
नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में आयोजित एक सम्मेलन मेंडोभाल ने कहा कि राज्य और धर्म के बीच संबंध सिर्फ इस्लाम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसके ऐतिहासिक उदाहरण भी हैं, जैसे अब्बासिद काल में जब राज्य और धर्मगुरु की भूमिका पर स्पष्ट विचार थे। वे इस पुस्तक के विषय पर विचार-विमर्श कर रहे थे और इसके व्यापक संदर्भ पर चर्चा कर रहे थे।
IBCA अब संधि-आधारित अंतर-सरकारी संगठन है- सरकार
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (आईबीसीए) आधिकारिक तौर पर संधि-आधारित अंतर-सरकारी संगठन बन गया है। एक बयान में कहा गया कि 23 जनवरी तक, IBCA और इसके सचिवालय को पूर्ण अंतरराष्ट्रीय कानूनी दर्जा प्राप्त हो गया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने पुष्टि की है कि पांच देशों - निकारागुआ, इस्वातिनी, भारत, सोमालिया और लाइबेरिया - ने औपचारिक रूप से IBCA की स्थापना करते हुए फ्रेमवर्क समझौते की पुष्टि की है।
अब तक कुल 27 देशों ने आईबीसीए में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। वन्यजीव संरक्षण में काम करने वाले कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय संगठनों ने भी इस पहल में भागीदारी की है। आईबीसीए को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अप्रैल, 2023 को 'प्रोजेक्ट टाइगर' की 50वीं वर्षगांठ के जश्न के दौरान लॉन्च किया था। सरकार ने 29 फरवरी, 2024 को इसकी स्थापना को मंजूरी दी, जिसका मुख्यालय भारत में होगा। यह गठबंधन सात बड़ी बिल्ली प्रजातियों - बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा के संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करता है। यह सभी संयुक्त राष्ट्र देशों की सदस्यता का स्वागत करता है, जिसमें वे देश भी शामिल हैं जहां ये प्रजातियां स्वाभाविक रूप से मौजूद हैं और गैर-रेंज देश जो बड़ी बिल्ली के संरक्षण का समर्थन करने में रुचि रखते हैं।
सीएम स्टालिन ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखकर भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी रोकने और श्रीलंकाई अधिकारियों से गिरफ्तार सभी मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली नौकाओं की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए तत्काल राजनयिक प्रयास करने का अनुरोध किया।
एससी वर्गीकरण पर तेलंगाना आयोग ने कैबिनेट उप-समिति को रिपोर्ट सौंपी
तेलंगाना सरकार की तरफ से नियुक्त एससी वर्गीकरण पर न्यायिक आयोग ने सोमवार को इस मुद्दे पर कैबिनेट उप-समिति को अपनी रिपोर्ट सौंप दी। सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शमीम अख्तर की अध्यक्षता वाले आयोग ने अपनी रिपोर्ट राज्य के नागरिक आपूर्ति और सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी की अध्यक्षता वाली उप-समिति को अपनी सिफारिशों के साथ प्रस्तुत की। इस बाद मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'कैबिनेट उप-समिति न्यायमूर्ति शमीम अख्तर की रिपोर्ट के आधार पर सिफारिशें करेगी। एससी वर्गीकरण पर अंतिम निर्णय लेने के लिए कैबिनेट कल बैठक करेगी।' पिछले साल सुप्रीम कोर्ट की तरफ से एससी वर्गीकरण के पक्ष में फैसला दिए जाने के बाद, राज्य सरकार ने इसके कार्यान्वयन पर सिफारिशें करने के लिए आयोग नियुक्त किया था।
भाजपा ने तेलंगाना में 19 जिला इकाई अध्यक्षों के नाम घोषित किए
तेलंगाना में भाजपा ने सोमवार को अपने संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत 19 जिला इकाइयों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की, जबकि राज्य इकाई के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अटकलें जारी हैं। पूर्व विधायक और राज्य चुनाव अधिकारी येंदला लक्ष्मीनारायण ने चुनाव नियमों के अनुसार जिला इकाई अध्यक्षों और राज्य परिषद सदस्यों के नाम जारी किए। भाजपा की एक विज्ञप्ति के अनुसार, जिला अध्यक्षों और राज्य परिषद सदस्यों का चुनाव जिला चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।
तेलंगाना में कुल 33 जिले हैं। इस बीच, पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी, जो राज्य इकाई के वर्तमान प्रमुख हैं, को बदला जाएगा। भाजपा सूत्रों ने संकेत दिया है कि मलकाजगिरी से लोकसभा सदस्य एटाला राजेंद्र और पूर्व एमएलसी एन रामचंदर राव राज्य इकाई के अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे हैं, अगर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व किशन रेड्डी को उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त करने का फैसला करता है। सूत्रों ने कहा कि इस फैसले की घोषणा लगभग एक सप्ताह में होने की उम्मीद है।