प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर फिलीपींस गणराज्य के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर चार से आठ अगस्त 2025 तक भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। उनके साथ प्रथम महिला मैडम लुईस अरनेटा मार्कोस और कई कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा व्यापारिक प्रतिनिधियों सहित एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। राष्ट्रपति मार्कोस 08 अगस्त 2025 को फिलीपींस लौटने से पहले बंगलूरु भी जाएंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद राष्ट्रपति मार्कोस की यह पहली भारत यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति मार्कोस पांच अगस्त 2025 को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
गुजरात के कच्छ में 3.3 तीव्रता का भूकंप
भूकंप अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने बताया कि गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार सुबह 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। गांधीनगर स्थित आईएसआर ने बताया कि भूकंप सुबह 9.52 बजे आया और इसका केंद्र जिले के बेला से 16 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित था।
जिला आपदा प्रतिक्रिया अधिकारी ने बताया कि भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।
मणिपुर में चार उग्रवादियों सहित पांच गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के कई जिलों से जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में तीन प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि बिष्णुपुर जिले में नगाईखोंग खुनोऊ जांच चौकी पर तलाशी और जांच के दौरान प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सक्रिय कैडर और उसके सहयोगी को जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को जबरन वसूली, लोगों को धमकाने और संगठन के लिए कार्यकर्ताओं की भर्ती करने में कथित भूमिका के लिए थौबल जिले के हीरोल पार्ट 2 से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित संगठन प्रीपक (प्रो) के एक सक्रिय सदस्य को इंफाल पश्चिम जिले के ताओथोंग खुनोऊ स्थित उसके आवासीय इलाके से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक अन्य सदस्य को इंफाल पूर्वी जिले के कैरांग चिंग्या से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने बुधवार को चुराचांदपुर और थौबल जिलों में अलग-अलग अभियानों के दौरान 26 हथियार, नौ विस्फोटक और अन्य गोला-बारूद बरामद किया।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर महिला के बैग से 400 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बुधवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला यात्री के बैग से 400 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि इसकी कीमत करीब 40 करोड़ रुपये है। एनसीबी ने बताया कि उन्हें पहले से खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने महिला को रोका। जांच के दौरान उसके दो चेक-इन बैगों से गांजा मिला। जांच में पता चला है कि महिला ने यह गांजा बैंकॉक (थाईलैंड) से खरीदा था और भारत लौटने के लिए दुबई के रास्ते आई थी, ताकि शक न हो। क्योंकि हाल ही में कई मामलों में बैंकॉक से सीधे आने वाले यात्रियों के पास से हाइड्रोपोनिक गांजा मिला है। अब NCB यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के थाईलैंड और भारत में किन-किन लोगों से संपर्क हैं।
विशेषज्ञ बोले- एक देश, एक चुनाव से GDP में 1.5% उछाल संभव
वित्त आयोग के पूर्व चेयरमैन एनके सिंह और एक अन्य विशेषज्ञ ने कहा कि देश में एक साथ चुनाव कराने से सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 1.5 फीसदी की वृद्धि हो सकती है। दोनों विशेषज्ञों ने बुधवार को एक संसदीय समिति के एक देश, एक चुनाव के आर्थिक पहलू पर अपना पक्ष रखते हुए यह बात कही। समिति एक राष्ट्र एक चुनाव के लिए संविधान संशोधन विधेयक की जांच कर रही है। विशेषज्ञों ने समिति के समक्ष अपनी संयुक्त प्रस्तुति में 2023-24 के आंकड़ों के संदर्भ में जीडीपी में 4.5 लाख करोड़ की वृद्धि का अनुमान लगाया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के बाद अधिक खर्च के कारण राजकोषीय घाटा भी 1.3% अंक बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, दूसरी विशेषज्ञ प्राची मिश्रा, अर्थशास्त्र की प्रोफेसर और अशोका विश्वविद्यालय में आइजैक सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी की प्रमुख और निदेशक हैं। सूत्रों ने बताया कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में अपेक्षित वृद्धि कुल स्वास्थ्य बजट के लगभग आधे या शिक्षा बजट के एक तिहाई के बराबर है।
अमरेली में तीन दिनों में तीन शेर शावकों की मौत
गुजरात के अमरेली जिले में पिछले तीन दिनों में तीन शेर शावकों की मौत हो गई। इस घटना के बाद, वन विभाग ने सतर्कता बरतते हुए तीन मादा शेरों और छह शावकों को जांच के लिए अलग रखा है। राज्य के वन मंत्री मुलुभाई बेरा ने बताया कि इन तीन शावकों में से दो की मौत 28 जुलाई को और एक की 30 जुलाई को हुई। उन्होंने कहा, 'जूनागढ़ से डॉक्टरों की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है। हमारे वरिष्ठ अधिकारी जरूरी कदम उठा रहे हैं। एहतियात के तौर पर तीन मादा शेरों और छह बच्चों को अलग रखा गया है और उनके खून की जांच की जाएगी।' उन्होंने बताया कि इन मौतों की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी।
जेल में बंद वाईएसआरसीपी नेता से मिलेंगे जगन मोहन रेड्डी
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी 31 जुलाई को नेल्लोर जिले की जेल में बंद पार्टी नेता के. गोवर्धन रेड्डी और उनके परिवार से मिलने वहां पहुंचेंगे। पार्टी ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह दौरा जगन मोहन रेड्डी के हाल के कुछ अन्य दौरों के बाद हो रहा है, जहां उन्हें देखने भारी भीड़ जुटी थी। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'जगन मोहन रेड्डी गुरुवार को नेल्लोर जिला केंद्रीय जेल में बंद पूर्व मंत्री के. गोवर्धन रेड्डी से मिलेंगे।' इसके बाद वे दूसरे पार्टी नेता नल्लापुरेड्डी प्रसन्ना कुमार रेड्डी और उनके परिवार से भी मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात टीडीपी समर्थकों द्वारा उनके घर पर किए गए हमले के बाद हो रही है। इस दौरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। गुंटूर रेंज के पुलिस अधिकारी आईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने नेल्लोर जिले के प्रभारी एसपी एआर दामोदर के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जगन रेड्डी की यात्रा के दौरान लगभग 900 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
बंगाल: नकली दस्तावेजों के साथ भारत में रहने के आरोप में दो बांग्लादेशी गिरफ्तार
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दो बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में रहने के लिए नकली दस्तावेज इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक महिला को कोलकाता से और एक पुरुष को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके से 28 साल की एक महिला को नकली दस्तावेजों से जुड़े एक मामले में पकड़ा गया। दूसरे व्यक्ति को दक्षिण 24 परगना के कैनिंग इलाके से गिरफ्तार किया गया। वह करीब 15-16 साल से भारत में फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पास से कई फर्जी भारतीय दस्तावेज मिले हैं- जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड और उसके नाम से कुछ बांग्लादेशी पासपोर्ट भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि वह व्यक्ति बांग्लादेश के सतखीरा जिले का रहने वाला है। अब जांच की जा रही है कि वह भारत में कैसे घुसा, फर्जी दस्तावेज कैसे बनाए और उसका नाम भारत की वोटर लिस्ट में कैसे शामिल हुआ।
दलाई लामा पर गीत गाने वाला तिब्बती गायक चीन की हिरासत में
चीन ने युवा तिब्बती गायक असांग को हिरासत में ले लिया है। द जापान टाइम्स ने शनिवार को बताया कि असांग के खिलाफ यह कार्रवाई तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता दलाई लामा की तारीफ में गाना जारी करने पर की गई।
भारत स्थित निर्वासित तिब्बती सरकार, केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के मुताबिक, असांग को जुलाई की शुरुआत में सिचुआन प्रांत के न्गावा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। सीटीए का कहना है कि असांग का संगीत राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा नहीं है, यह सांस्कृतिक संरक्षण और आध्यात्मिक जुड़ाव का आह्वान है। सीटीए ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समूहों से असांग की तत्काल रिहाई के लिए चीन पर दबाव बनाने की अपील की है।
शराब घोटाले में आंध्र प्रदेश पुलिस की SIT ने जब्त किए 11 करोड़
आंध्र प्रदेश में 3,500 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने हैदराबाद के एक फॉर्महाउस से 11 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घोटाले के आरोपी नंबर 40 (ए-40) वरुण पुरुषोत्तम ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की और कई अहम जानकारियां दीं, जिससे छिपे हुए नकदी भंडार का पता चला। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम की निशानदेही पर एसआईटी ने छापे मारे और हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित एक फॉर्महाउस से 11 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। यह घोटाला हजारों करोड़ रुपये का है। इसमें मुखौटा कंपनियां, रिश्वतखोरी और राजनीतिक संरक्षण के पहलू शामिल हैं। एक अन्य सूत्र ने बताया कि एसआईटी, हाल में मारे गए छापे के दौरान उजागर हुए वित्तीय लेनदेन और राजनीतिक संबंधों पर बारीकी से नजर रख रही है। इससे मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां और जब्ती होने की संभावना है। पुलिस के अनुसार, यह शराब घोटाला वाईएसआरसीपी की पिछली सरकार के दौरान 2018 से 2024 के बीच हुआ था।
तेलंगाना: एमबीबीएस के छात्र ने आत्महत्या की
आदिलाबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। पीड़ित की पहचान जयपुर निवासी साहिल चौधरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसका शव कॉलेज छात्रावास में उसके कमरे में पंखे से लटका पाया। उन्होंने बताया कि साहिल के माता-पिता को सूचित कर दिया गया है और केस दर्ज कर लिया गया है।
ओडिशा में शिक्षक भर्ती पेपर लीक में 6 गिरफ्तार
शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक में कथित संलिप्तता को लेकर बुधवार को ओडिशा में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि विशेष ओडिशा शिक्षक पात्रता परीक्षा (ओटीईटी)-2025, 20 जुलाई को आयोजित होने वाली थी। हालांकि, उत्तरों के साथ एक हस्तलिखित प्रश्नपत्र एक दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
385 करोड़ की क्रिप्टो धोखाधड़ी में एक दबोचा
शहर स्थित क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर 385 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इसकी पहचान राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नेब्लियो टेक्नोलॉजीज प्रालि. के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने कंपनी के क्रिप्टो वॉलेट को हैक कर 385 करोड़ अपने वॉलेट में स्थानांतरित कर लिए।
बस स्टैंड पर यात्रियों से सोने के आभूषण चुराने के आरोप में तीन महिलाएं गिरफ्तार
चिक्कबल्लापुरा टाउन पुलिस ने यात्री होने की आड़ में बस स्टैंड पर यात्रियों से कथित तौर पर सोने के आभूषण चुराने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चिक्काबल्लापुरा टाउन निवासी रिहाना खानम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तारियां की गईं। 27 मई को अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि दोपहर करीब दो बजे, भीड़भाड़ वाले केएसआरटीसी बस स्टैंड पर गुडीबांडे जाने वाली बस में चढ़ते समय उन्होंने देखा कि किसी ने उनके बैग से सोने की चूड़ियां चुरा ली हैं। शिकायत के बाद चिक्काबल्लापुरा टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। 25 जुलाई को पुलिस ने कलबुर्गी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके नाम तुलसी (22), प्रेमा (21) और सोनिया बाबा शेख (25) बताए गए। वे कूड़ा बीनने का काम करते थे। पुलिस ने बताया कि पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी की बात कबूल कर ली और साथ ही उसी थाने में दर्ज एक पुराने मामले (अपराध संख्या 35/2024, धारा 379 आईपीसी) में भी अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से सात लाख रुपये मूल्य के लगभग 70 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए।
आरएसएस प्रमुख भागवत ने प्रतिला ताई मेढ़े के निधन पर दुख जताया
राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका वंदनीय प्रमिला ताई मेढ़े का नागपुर में 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने उनके निधन पर कहा, प्रमिला ताई मेढ़े ने बहुत परिश्रम किया... उन्होंने उत्तर पूर्वांचल के कठिन हालातों में अकेले संघर्ष किया। वह हमेशा याद की जाएंगी और प्रेरणा देती रहेंगी।
देशविरोधी और समाजविरोधी तत्वों को संरक्षण दे रही सरकार: बोम्मई
गुजरात एटीएस द्वारा बंगलूरू से शमा परवीन नाम की महिला की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा सांसद और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सिद्धारमैया सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बदतर होती जा रही है और पुलिस अपराध पर नियंत्रण खो चुकी है। बोम्मई ने सवाल किया कि जब ऐसी महिला राजधानी बंगलूरू में बैठकर आतंकियों के लिए भर्ती कर रही थी, तब कर्नाटक पुलिस क्या कर रही थी?
उन्होंने कहा कि राज्य के गृह मंत्री अब प्रहरी पुलिसकर्मी और एक निरीक्षक को निलंबित करने की बात कर रहे हैं, लेकिन यह सरकार और गृहमंत्रालय की पूरी तरह से विफलता है। बोम्मई ने यह भी कहा कि सिद्धारमैया सरकार अब नैतिक रूप से शासन करने का अधिकार खो चुकी है, क्योंकि यह सरकार देशविरोधी और समाजविरोधी तत्वों को संरक्षण दे रही है।
गुजरात एटीएस ने बंगलूरू से शमा परवीन (30 वर्षीय) महिला को गिरफ्तार किया है, जिसका संबंध आतंकी संगठन अल कायदा से बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शमा परवीन भारतीय उपमहाद्वीप में अल कायदा के लिए भर्ती का काम कर रही थी। वह लंबे समय से आतंकी संगठन से जुड़ी हुई थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। गुजरात एटीएस की कार्रवाई के बाद उसे बंगलूरू से हिरासत में लिया गया।
गुजरात के अमरेली में तीन दिनों में तीन शेर शावकों की हुई मौत
गुजरात के अमरेली जिले में तीन दिनों में तीन शेर शावकों की मौत हो गई है। इसके बाद वन विभाग ने एहतियातन खून के नमूने लेने के लिए तीन शेरनियों और छह शावकों से अलग रखा है। राज्य के वन मंत्री मुलुभाई बेरा ने बुधवार को बताया कि शेर के दो शावकों की मौत 28 और 30 जुलाई को हुई थी। बेरा ने कहा, जूनागढ़ से पशु चिकित्सकों को वन अधिकारियों की मदद के लिए तुरंत मौके पर भेजा गया। वरिष्ठ वन अधिकारी जरूरी कदम उठा रहे हैं। एहतियात के तौर पर तीन शेरनियों और छह शावकों को अलग रखा है। उनके रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि आखिरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही तीनों शावकों की मौत की असल वजह का पता चलेगा। वहीं, शेत्रुंजी वन्यजीव प्रभाग के उप वन संरक्षक धनंजय साधु ने बताया कि एक हफ्ते पहले ही वन अधिकारियों ने अमरेली के जाफराबाद तालुका के कागवादर गांव के पास शेरनी के छोड़े शेर के दो शावकों को बचाया था। साधु ने कहा, बचाव केंद्र में शावकों का इलाज किया गया था, हालांकि, दो दिन पहले कमजोरी और निमोनिया से उनकी मौत हो गई। एहतियातन हमने यह जांचने का फैसला लिया है कि क्या क्षेत्र में घूम रहे अन्य शेर और शावक स्वस्थ हैं। बताते चलें कि गुजरात में 2018 में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) और प्रोटोजोअल संक्रमण के मेल से एक महीने में 11 शेरों की मौत हो गई थी। पशुओं की प्रतिरक्षा प्रणाली और अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर हमला करने वाल सीडीवी बेहद संक्रामक रोग है।
न्यायमूर्ति बिस्वदीप भट्टाचार्य ने मेघालय हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली
न्यायमूर्ति बिस्वदीप भट्टाचार्य ने बृहस्पतिवार को मेघालय हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश इंद्र प्रसन्ना मुखर्जी ने यहां उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति भट्टाचार्य को 30 जुलाई, 2025 को मेघालय उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
उनके शपथ ग्रहण के साथ ही मेघालय हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या मुख्य न्यायाधीश सहित चार हो गई है। समारोह में न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, बार के सदस्यों और न्यायालय के अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत आम महोत्सव 2025 के लिए दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत आम महोत्सव-2025 भाग ले रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, भारत आमों की विविधता, स्वाद और गुणवत्ता के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। हमारे देश की उपजाऊ भूमि, विविध जलवायु और किसानों की कड़ी मेहनत ने आम को हमारी संस्कृति, स्वाद और कृषि परंपराओं का प्रतीक बना दिया है। ऐसे में 'भारत आम महोत्सव 2025' जैसे कार्यक्रम कृषि विविधता को प्रोत्साहित करने और आम उत्पादकों के लिए नए अवसर बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।
भगदड़ मामला: कर्नाटक सरकार ने आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को सेवा में बहाल किया
कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को सेवा में बहाल कर दिया है। उन्हें 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ के मामले में चार अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, उन पर अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित है।
सरकार ने इससे पहले सोमवार को दो अन्य आईपीएस अधिकारियों बी. दयानंद (जो घटना के समय बंगलूरू पुलिस आयुक्त थे और अब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं) और शेखर एच. तेक्कन्नावर (पुलिस अधीक्षक) का भी निलंबन रद्द कर दिया था। इनके साथ ही दो कर्नाटक राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों सी. बालकृष्ण (उप अधीक्षक) और ए. के. गिरीश (पुलिस निरीक्षक) का भी निलंबन रद्द किया गया।
गुरुवार को सरकार ने एक और अधिसूचना जारी की, जिसमें बी. दयानंद को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कारावास और सुधार सेवाएं) और शेखर एच. तेक्कन्नावर को खुफिया विभाग में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। सरकार के आदेश में कहा गया, कर्नाटक सरकार, अखिल भारतीय सेवाएं (अनुशासन और अपील) नियम, 1969 के नियम-3(7)(सी) के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए, आईपीएस अधिकारी विकास कुमार विकास के निलंबन आदेश को रद्द करती है और उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा में पुनः नियुक्त करती है। हालांकि, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही नियम 8 के तहत जारी रहेगी।
नकली करंसी मामले में व्यक्ति को पांच साल के कठोर कारावास की सजा
मुंबई की एक विशेष एनआईए अदालत ने जाली भारतीय नोटों की तस्करी में संलिप्तता के लिए जसीम उर्फ वसीम सलीम शेख को पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि शेख को पांच-पांच सौ रुपये के नोट के 82 हजार रुपये मूल्य के जाली भारतीय मुद्रा नोट के साथ गिरफ्तार किया गया था। मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पांच साल, सात महीने और 10 दिन के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। एनआईए की विशेष अदालत ने जसीम पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस मामले में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और उनमें से एक, इशाक खान को इस साल मई की शुरुआत में दोषी ठहराया गया था और 10,000 रुपये के जुर्माने के साथ पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी। तीसरे आरोपी राधाकृष्ण अडप्पा के खिलाफ मुकदमा जारी है।