फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: पुणे में 12 साल का लड़का नदी में गिरा; घाटकोपर होर्डिंग मामले में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित

Tue, 30 Jul 2024 06:41 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

पुणे शहर में सोमवार शाम को 12 वर्षीय एक लड़का मुथा नदी में गिर गया और उसके डूबने की आशंका है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना शहर के सदाशिव पेठ इलाके में पूना अस्पताल के पास एक पुल पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़का स्कूल ड्रेस में बैग लेकर पुल के किनारे बैठा था। इस दौरान शाम लगभग पांच बजे वह अचानक नदी में गिर गया। एक अधिकारी ने कहा कि अग्निशमन विभाग की दो टीमों ने लड़के की तलाश शुरू कर दी है।

विज्ञापन

घाटकोपर होर्डिंग दुर्घटना मामले में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित
महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के घाटकोपर इलाके में अवैध होर्डिंग ढहने की घटना में 17 लोगों की मौत के मामले में उच्च स्तरीय जांच के लिए सोमवार को छह सदस्यीय समिति का गठन किया। समिति की अध्यक्षता उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश दिलीप भोसले करेंगे, जबकि पुलिस महानिदेशक, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अतिरिक्त आयुक्त, आईआईटी बॉम्बे के एक इंजीनियर, एक आयकर अधिकारी और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट इसके सदस्य होंगे। राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुरूप समिति के कार्यक्षेत्र में होर्डिंग और पेट्रोल पंप के लिए जिम्मेदार संस्थाओं की भूमिका की जांच करना शामिल है। समिति भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए रेलवे या पुलिस की सभी भूमि पर होर्डिंग लगाने की नीति की समीक्षा करने की भी सिफारिश करेगी।

केरल सरकार को दिमाग खाने वाले अमीबा के इलाज के लिए दवा का पहला बैच मिला
केरल सरकार को दिमाग खाने वाले अमीबा (अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस बीमारी) के इलाज के लिए यूएई स्थित एक उद्यमी द्वारा दान की गई दवा का पहला बैच सोमवार को प्राप्त हुआ। इस बीमारी के राज्य में हाल ही में छह मामले सामने आए थे। इस बीमारी से 14 और 12 साल की उम्र के दो लड़के संक्रमण से उबर चुके हैं और दो अन्य का कोझिकोड के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि पिछले दो महीनों में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। इसकी बीमारी से मृत्यु दर 97 प्रतिशत है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने पहले मरीज 14 वर्षीय लड़के के बीमारी से उबरने के बाद 22 जुलाई को कहा था कि दुनिया भर में केवल 11 लोग अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस से ठीक हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात स्थित डॉक्टर से उद्यमी और वीपीएस हेल्थकेयर के संस्थापक शमशीर वायलिल द्वारा राज्य सरकार को मुफ्त में दी गई दवा जर्मनी से आयात की गई थी।

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने अधीर और बंगाल के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के साथ संबंधों सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदीप भट्टाचार्य समेत अन्य लोग शामिल हुए। वेणुगोपाल ने एक्स पर एक पोस्ट में बैठक की एक वीडियो क्लिप साझा की और कहा, आज कांग्रेस मुख्यालय में पश्चिम बंगाल के पार्टी नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। समझा जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर टीएमसी के साथ संबंधों में संतुलन बनाए रखने के लिए नेताओं की प्रतिक्रिया ले रहा है।
 

वहीं, नेताओं की वेणुगोपाल से मुलाकात पर पार्टी नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा, लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल पीसीसी अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने पार्टी आलाकमान को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्य में नई पार्टी इकाई के लिए कई बैठकें हो चुकी हैं। पार्टी कैडर के साथ व्यापक बातचीत के बाद राज्य में लोगों की इच्छाओं के अनुरूप ढांचा खड़ा करने के लिए एक आसान रोडमैप बनाया जाएगा।

मुंबई के धारावी में युवक की धारदार हथियार से हत्या, दो लोग गिरफ्तार
मुंबई के धारावी इलाके में सोमवार देर रात 26 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अरविंद वैश्य के रूप में हुई है। धारावी पुलिस के मुताबिक, अरविंद झगड़ा रोकने के लिए गया था। इस दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

सांसद संजय जायसवाल लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक नियुक्त
भारतीय जनता पार्टी ने सांसद संजय जायसवाल को लोकसभा में अपना मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। इसके अलावा, भाजपा ने निचले सदन में दिलीप सालकिया, गोपालजी ठाकुर, संतोष पांडे, कमलजीत सहरावत, धवल लक्ष्मणभाई पटेल, देवुसिंह चौहान, जुगल किशोर शर्मा, कोटा श्रीनिवास पुजारी, सुधीर गुप्ता, स्मिता उदय वाघ, अनंत नायक, दामोदर अग्रवाल, कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सतीश कुमार गौतम, शशांक मणि और खगेन मुर्मू को सचेतक नियुक्त किया है। 

बता दें कि सोमवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया और एनडीए के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला। कहा कि देश में भय का माहौल है। उन्होंने भाजपा के चिह्न का जिक्र करते हुए कहा कि देश अब 'कमल के चक्रव्यूह' में फंस गया है। 
विज्ञापन

दिल्ली से तिरुवनंतपुरम पहुंचा यूपीएससी उम्मीदवार का पार्थिव शरीर
दिल्ली के पुराने राजिंदर नगर में एक आईएएस कोचिंग संस्थान में 27 जुलाई को डूबने से मरने वाले यूपीएससी उम्मीदवार निविन दल्विन का पार्थिव शरीर तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पहुंचा। इस दौरान केरल के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी और विधायक आईबी सतीश ने मृतक छात्र को श्रद्धांजलि दी। पार्थिव शरीर को रात में एसके अस्पताल तिरुवनंतपुरम ले जाया गया। जहां से आज सुबह मंगट्टुकदावु स्थित मृतक छात्र के आवास पर ले जाया जाएगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें