फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: पलक्कड़ में भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में कई गिरफ्तार; केरल में दो बसों की भिड़ंत, 16 घायल

Sat, 30 Aug 2025 05:02 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
केरल के पलक्कड़ जिले में शनिवार को कांग्रेस विधायक राहुल मामकूटाथिल के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे विधायक के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड कूदने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा। भारी बारिश के बावजूद भाजपा समर्थक नारेबाजी करते रहे और पार्टी के झंडे लहराते हुए बैरिकेड पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि वे मामकूटाथिल को अब विधायक के तौर पर क्षेत्रीय कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने देंगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटा दिया। गौरतलब है कि हाल ही में अभिनेत्री रीनी एन्न जॉर्ज ने एक युवा राजनीतिक नेता पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था, जिसके बाद मामकूटाथिल ने यूथ कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कई महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर ने भी उन पर आरोप लगाए। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। भाजपा और वामपंथी संगठनों ने साफ किया है कि उन्हें अब जिले में विधायक की हैसियत से किसी कार्यक्रम में भाग लेने नहीं दिया जाएगा।
विज्ञापन


केरल में दो बसों की भिड़ंत, 16 घायल
केरल के त्रिशूर जिले के केचेरी इलाके में शनिवार को राज्य परिवहन की एक बस और एक निजी बस की भिड़ंत हो गई, जिसमें16 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा केचेरी के थवन्नूर पुल के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की लो-फ्लोर एयर-कंडीशन्ड बस कोझिकोड जा रही थी, तभी सामने से आ रही एक निजी बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इस भिड़ंत में दोनों बसों के यात्री और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा, सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। किसी की हालत गंभीर नहीं है। हादसे के बाद इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। बाद में दोनों बसों को क्रेन की मदद से हटाकर सड़क पर यातायात बहाल किया गया। कुन्नमकुलम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। यह दो दिनों में इलाके में हुआ दूसरा बड़ा हादसा था। शुक्रवार सुबह भी एक बस के पलट जाने से 18 लोग घायल हुए थे।

बीआरएस नेता पुट्टा विष्णुवर्धन रेड्डी ने तेलंगाना सरकार पर बोला हमला
तेलंगाना के विपक्षी राजनीतिक दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता पुट्टा विष्णुवर्धन रेड्डी ने कहा, प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। वे अपने निजी सोशल मीडिया अभियान चलाने के लिए सरकारी कार्यालय का उपयोग कर रहे हैं... उनका इस्तेमाल केवल बीआरएस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर कीचड़ उछालने और चरित्र हनन करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीआरएस ने सभी दस्तावेजों और सबूतों के साथ हैदराबाद स्थित केंद्रीय साइबर अपराध स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
विज्ञापन


मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के तीन सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी काकचिंग और इंफाल पूर्व जिलों में हुई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इन लोगों पर जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है। गुरुवार को प्रतिबंधित कंगलैपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीएससी) के तीन सक्रिय सदस्य पकड़े गए। इनमें एक मां-बेटे की जोड़ी भी शामिल है। इन्हें इंफाल पूर्व जिले के मिनुथोंग और काकचिंग जिले के हियांगलम अवांग लैकाई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को इंफाल पूर्व जिले के चागेम लोकचाओ इलाके से हथियार भी बरामद किए गए। इन हथियारों में एक .303 राइफल, दो 5.56 INSAS राइफल और एक 9 एमएम की पिस्टल शामिल हैं।

केरल के कोट्टायम में कार इमारत से टकराई, एक की मौत
केरल के कोट्टायम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार रात को कंझिरापल्ली के पास हुआ। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायल होने वाले दो लोग नवविवाहित दंपति हैं। इस हादसे में महिला के भाई की भी मौके पर ही मौत हो गई, जो कार में सवार था। जानकारी के अनुसार, यह दंपति गुरुवार को ही शादी के बंधन में बंधा था। हादसे के समय कार को मृतक का बहनोई चला रहा था। पुलिस ने बताया कि अभी हादसे की सही वजह सामने नहीं आई है। टीवी चैनलों पर दिखाए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, कार तेज रफ्तार में इमारत से जा टकराई थी।

त्रिपुरा सरकार ने शुरू किया पीवीसी राशन कार्ड का वितरण
त्रिपुरा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लाभार्थियों को पुराने कागज के राशन कार्ड की जगह पीवीसी राशन कार्ड वितरित करना शुरू कर दिया है। त्रिपुरा के खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने बताया कि कुल 9.91 लाख परिवारों के राशन कार्डों में से पहली चरण में 4.87 लाख पीवीसी कार्ड बांटे जाएंगे, जबकि बाकी कार्ड धारकों द्वारा ई-केवाईसी पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से दिए जाएंगे। खाद्य और नागरिक आपूर्ति निदेशक सुमित लोढ़ ने कहा कि यह कदम योजना के आधुनिककरण का हिस्सा है, जिसमें पुराने कागज के दस्तावेजों को पीवीसी कार्ड से बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीवीसी कार्ड टिकाऊ होते हैं और बारिश के मौसम में भी गंदे या खराब होने की संभावना कम रहती है।

जर्मनी और इंग्लैंड जाएंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शनिवार को कहा कि वह तमिलनाडु में निवेश लाने के लिए एक सप्ताह के दौरे पर जर्मनी और इंग्लैंड जा रहे हैं और आठ सितंबर को वापस लौटेंगे। उन्होंने कहा, जब से हमारी द्रमुक सरकार सत्ता में आई है, हमने विभिन्न संगठनों के साथ 922 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। उन्होंने बताया, इस निवेश के कारण 32.81 लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं।

केरल: पुलिस शिविर में उप-निरीक्षक की मौत
केरल के दक्षिणी जिले पठानमथिट्टा के अदूर में एक पुलिस शिविर के अंदर एक उप-निरीक्षक (एसआई) मृत पाए गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अदूर पुलिस ने बताया कि मृतक कंजुमोन (51 वर्षीय) हथियारबंद पुलिस बटालियन में तैनात थे और शिविर के अंदर बने क्वार्टर में रह रहे थे। उन्हें उनके क्वार्टर के पास एक पेड़ से लटकता पाया गया। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है। आज घटना शनिवार की देर रात हुई। पुलिस ने यह भी कहा कि मृतक के शव से एक कथित आत्महत्या नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने कुछ आर्थिक परेशानियों का जिक्र किया है।

स्टालिन ने प्रश्नावली पर कई मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक दलों से मांगे विचार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने केंद्र-राज्य संबंधों पर एक समिति की ओर से तैयार की गई प्रश्नावली पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक दलों के नेताओं से उनके विचार मांगे हैं। अपने पत्र में स्टालिन ने कहा कि लगातार संविधान संशोधनों, केंद्र की कानून बनाने की शक्तियों और नीतियों ने धीरे-धीरे शक्तियों के नाजुक संतुलन को केंद्र सरकार के पक्ष में प्रभावित किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र स्तर पर बड़े मंत्रालय हैं जो राज्यों के कामों को दोहराते हैं और वित्त आयोग के अनुदानों, केंद्रीय योजनाओं के निर्देशों और लागू करने की प्रक्रियाओं के जरिये राज्यों की प्राथमिकताओं को प्रभावित या नियंत्रित करते हैं। स्टालिन ने कहा कि आज हम एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़े हैं और यह समय है कि इन बदलावों का पुनर्मूल्यांकन किया जाए और एक ऐसा भविष्य का ढांचा बनाया जाए जो सच्चे संघवाद को मजबूत करे। उन्होंने अपनी सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति का भी जिक्र किया, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज कुरियन जोसेफ कर रहे हैं। समिति के सदस्यों में इंडियन मेरिटाइम यूनिवर्सिटी के पूर्व उपकुलपति के अशोक वर्धन शेट्टी और तमिलनाडु योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष एम नागनाथन शामिल हैं।

NDMA में पीएम ने दो नए सदस्य नामित किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के दो नए सदस्यों की नियुक्ति की और तीन वर्तमान सदस्यों को पुनः नामित किया है। वैज्ञानिक दिनेश कुमार असवाल और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ रीता मिसाल को नए सदस्य नियुक्त किया गया, जबकि राजेंद्र सिंह, कृष्ण स्वरूप वत्स और लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) को तीन वर्षों के लिए पुनः नामित किया गया। NDMA भारत में आपदा प्रबंधन की सर्वोच्च संस्था है, जिसकी स्थापना आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत हुई थी। इसका उद्देश्य आपदा की रोकथाम, न्यूनीकरण, तैयारी और प्रतिक्रिया की नीति तैयार करना है।

पश्चिम बंगाल में विपक्षी दल भाजपा और TMC आमने-सामने
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार और प्रदेश विधानसभा में विपक्षी दल भाजपा राजनीतिक मुद्दों पर एक बार फिर आमने-सामने की लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं। राज्य सरकार की मंत्री और टीएमसी नेता शशि पांजा ने कहा, भाजपा ने पश्चिम बंगाल में झूठ, छल फैलाने और टीएमसी सरकार को बदनाम करने का अपना पुराना खेल फिर से शुरू कर दिया है। आज भाजपा ने अपनी वेबसाइट पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि टीएमसी नेता जयंत दास एक पुलिस अधिकारी की निर्मम और बेखौफ होकर पीट रहे हैं। पांजा ने कहा, 'सच्चाई यह है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल का है ही नहीं...' उन्होंने कहा कि बिहार के मोतिहारी का वीडियो दिखाकर दुष्प्रचार कर रही भाजपा के इस खेल को टीएमसी ने फिर से पकड़ लिया है। पीएम मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल पर भाजपा भड़की
दूसरी तरफ तृणमूल सांसद और महिला नेत्री महुआ मोइत्रा पर पलटवार करते हुए विपक्षी दल भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, '...कुछ नेताओं ने नैतिकता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। कुछ दिन पहले बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के मंचों से प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। आज तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद ने ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है जो दुश्मन के लिए भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता...। घुसपैठ के मुद्दे को लेकर प्रधान ने सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए कहा, 'देश किसी भी बाहरी व्यक्ति को अवैध रूप से देश में रहने को बर्दाश्त नहीं करेगा।'

आंध्रा के मंत्री नारा लोकेश बोले- आंध्र प्रदेश में खेलों के लिए बनेगा 10 साल का रोडमैप
आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार खेल विकास के लिए 10 साल की योजना तैयार कर रही है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में खेल कोटा बढ़ाकर 3% किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को शिक्षा और रोजगार में ज्यादा अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के पिछले कार्यकाल में एकीकृत आंध्र प्रदेश ने अफ्रो-एशियन गेम्स का सफल आयोजन किया था और एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स विलेज भी बनाया गया था। अब हमारी सरकार उसी तरह अगले 10 वर्षों के लिए खेल विकास पर ध्यान देगी। लोकेश ने यह भी कहा कि लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए माता-पिता की सोच बदलनी होगी। उन्होंने महिला क्रिकेटर्स की उपलब्धियों की सराहना की और BCCI की महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के बराबर मैच फीस देने की नीति को एक सराहनीय कदम बताया।

 

झारखंड हाईकोर्ट ने चार वरिष्ठ अफसरों को अवमानना का दोषी ठहराया
झारखंड हाईकोर्ट ने शुक्रवार को जल संसाधन विभाग के चार वरिष्ठ अधिकारियों को कोर्ट के आदेश की अनदेखी करने पर अवमानना का दोषी पाया और प्रत्येक पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया। न्यायमूर्ति संजय कुमार द्विवेदी ने निर्देश दिया कि यह राशि झारखंड लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (JHALSA) में रजिस्टार जनरल के जरिए जमा कराई जाए।

जिन अधिकारियों पर जुर्माना लगाया गया है उनमें, प्रमुख सचिव प्रशांत कुमार, विभाग के मुख्य अभियंता जमी़ल अख्तर, तेनुघाट डैम के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार और कार्यपालक अभियंता रंजीत कुजूर का नाम शामिल है। यह मामला पूर्व कर्मचारी लक्ष्मण प्रसाद यादव की याचिका पर चल रहा था, जिन्होंने 15 नवंबर 2000 से 27 दिसंबर 2020 तक की बकाया तनख्वाह की मांग की थी।

एमएम गुप्ता बने पीटीआई के अध्यक्ष, श्रेयम्स उपाध्यक्ष
हिंदी समाचार पत्र दैनिक जागरण का प्रकाशन करने वाली संस्था जागरण प्रकाशन लि. के डॉ. महेंद्र मोहन गुप्ता को समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के निदेशक मंडल का अध्यक्ष चुना गया। गुप्ता का चयन पीटीआई मुख्यालय में समाचार एजेंसी के निदेशक मंडल की वार्षिक आम बैठक के बाद हुआ। वह द प्रिंटर्स (मैसूर) प्रा.लि. के केएन शांत कुमार की जगह लेंगे। बोर्ड ने मातृभूमि समूह के एमवी श्रेयम्स कुमार को उपाध्यक्ष चुना।

प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया की स्थापना 1947 में समाचार पत्रों के एक समूह की ओर से की गई थी। 15 सदस्यीय पीटीआई बोर्ड में अवीक सरकार (आनंद बाजार पत्रिका), विजय कुमार चोपड़ा (पंजाब केसरी), विनीत जैन (टाइम्स ऑफ इंडिया), एन. रवि (द हिंदू), विवेक गोयनका (द एक्सप्रेस ग्रुप), रियाद मैथ्यू (मलयाला मनोरमा), समीर सिंह (हिंदुस्तान टाइम्स), एल. आदिमूलम (दिनमलार), होर्मसजी एन. कामा (बॉम्बे समाचार), प्रख्यात अर्थशास्त्री प्रो. दीपक नैय्यर, पूर्व विदेश सचिव और एनएसए शिवशंकर मेनन और टाटा संस लि. के पूर्व कार्यकारी निदेशक आर. गोपालकृष्णन शामिल हैं। 

केरल में आभूषण दुकानों पर छापे, 100 करोड़ रुपये की धांधली पकड़ी
केरल जीएसटी विभाग ने त्रिशूर में आभूषण दुकानों में छापे मारकर 100 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री में हेराफेरी का खुलासा किया। जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त ने शुक्रवार को बताया कि जीएसटी खुफिया और प्रवर्तन शाखा के 200 अफसरों ने मंगलवार शाम 4.30 बजे से बुधवार तक मध्य केरल जिले में 16 आभूषण व्यापारियों के प्रतिष्ठानों, आवासों समेत 42 स्थानों पर छापे मारकर अवैध रूप से रखे 36 किलो सोना जब्त किया। 

राजस्थान पेपर लीक का इनामी आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार
राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने पेपर लीक के कई मामलों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी व्यक्ति को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी जयपुर जिले के डूंगरी कला निवासी विनोद कुमार रेवाड़ है। अतिरिक्त महानिदेशक (एसओजी) वीके सिंह ने शुक्रवार को बताया कि रेवाड़ 2021 की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा, वरिष्ठ अध्यापक ग्रेड-2 परीक्षा और स्कूल व्याख्याता ग्रेड-1 परीक्षा के पेपर लीक मामलों में वांछित था। एसओजी की टीम ने उसे ओडिशा के नयागढ़ जिले के दासपल्ला से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 4 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। 

नगालैंड से बिहार हथियार तस्करी का आरोपी पकड़ा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने नगालैंड से बिहार में हथियारों की तस्करी में शामिल वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार बताया कि मंजूर खान उर्फ बाबू भाई मुख्य आरोपी विकास कुमार का करीबी था, जो नागालैंड से बिहार में एके-47 राइफलों सहित अन्य हथियारों की तस्करी में शामिल था। 

रैगिंग रोकने को मजबूत निगरानी तंत्र जरूरी
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने शैक्षणिक परिसरों में रैगिंग रोकने के लिए मजबूत निगरानी तंत्र बनाने का आह्वान किया है। एनएचआरसी के बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक, यह सुझाव उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग का पुनः परीक्षण, जागरूकता, जवाबदेही और कार्रवाई से सुरक्षित परिसरों का निर्माण विषय पर आयोग की अध्यक्षता में आयोजित चर्चा में दिया गया। इसकी अध्यक्षता एनएचआरसी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश वी रामसुब्रमण्यन ने की। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग प्रथा पर चिंता जताई।

आदिवासी भूमि घोटाले में झारखंड के पूर्व मंत्री अनोश एक्का समेत 10 दोषी करार
झारखंड के पूर्व मंत्री अनोश एक्का समेत 10 लोगों को सीबीआई की विशेष अदालत ने शुक्रवार को आदिवासी भूमि घोटाले के एक मामले में दोषी करार दिया। यह मामला छोटानागपुर काश्तकारी (सीएनटी) अधिनियम के उल्लंघन से जुड़ा हैैं। अदालत ने कहा कि आरोपियों ने न केवल आदिवासी अधिकारों का हनन किया बल्कि कानून की भावना को भी ठेस पहुंचाई। अब अदालत आज सजा पर सुनवाई करेगी।
सीबीआई की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी पते और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आदिवासी जमीन की खरीद की। एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2006 से 2008 के बीच अनोश एक्का ने अपनी पत्नी मेनन एक्का के नाम पर रांची जिले में करीब 1.18 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी। इन सौदों में उस समय के भूमि सुधार उप कलेक्टर (एलआरडीसी) और उनके कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई।

ओडिशा में संस्कृत शिक्षक पर 7 छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप
ओडिशा के सुन्दरगढ़ जिले के सरकारी स्कूल के 36 वर्षीय संस्कृत शिक्षक पर सात छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। पुलिस ने बताया कि स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने 20 अगस्त को गुरुंडिया थाने में लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि शिक्षक ने 16 अगस्त को स्कूल परिसर में सात छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने छात्राओं के बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल शिक्षक फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

चेन्नई एयरपोर्ट पर 89वीं बार कांच पैनल टूट कर गिरा
चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बृहस्पतिवार को एक कांच पैनल टूट कर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यहां कांच शीट्स का टूटना नया नहीं है। बृहस्पतिवार की घटना 89वीं बार हुई है। हादसा एयरपोर्ट के एक रेस्टोरेंट के पास हुआ। अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हैं। संचालन सामान्य है। सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।
 

केले की खेती में क्रांति: 1 एमएल से बनेंगे 1 लाख पौधे, नई तकनीक से उत्पादन बढ़ाने का दावा
तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु) में ICAR–राष्ट्रीय केला अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. आर. सेल्वराजन ने बताया कि वैज्ञानिकों ने केले की खेती के लिए एक नई तकनीक विकसित की है, जिसका नाम है एंब्रायोजेनिक सेल सस्पेंशन (ECS)। इस तकनीक में बायो-रिएक्टर का उपयोग किया जाता है, जिससे सिर्फ 1 एमएल सस्पेंशन से 1 लाख केले के पौधे तैयार किए जा सकते हैं। डॉ. सेल्वराजन ने बताया कि यह तकनीक उत्पादन में बड़ा सुधार लाती है और इससे किसानों को अच्छी पैदावार मिलेगी। उनका लक्ष्य है कि भारत में 60 मिलियन टन केले का उत्पादन हो, और इस तकनीक के माध्यम से यह लक्ष्य पूरी तरह संभव है। यह तकनीक खेती को ज्यादा लाभदायक और टिकाऊ बनाने में मदद करेगी।

भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शौचालय से शव बरामद 
पुलिस ने शनिवार को भुवनेश्वर-तिरुपति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के शौचालय से एक व्यक्ति का शव बरामद किया। यह शव ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से पहले सफाई के दौरान मिला। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मोहम्मद नसीम (लगभग 41 वर्ष) के रूप में की गई है और उसके पास से एक पैन कार्ड भी बरामद हुआ है।

सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार गोचायत ने बताया कि यह ट्रेन शुक्रवार रात तिरुपति से भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर आई थी। गोचायत ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को शौचालय में एक बेल्ट से ट्रेन की खिड़की से लटकता शव मिला। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम और जीआरपी अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया, प्रारंभिक जांच से आत्महत्या के संकेत मिलते हैं। 
विज्ञापन

ओडिशा के पूर्व सीएम पटनायक ने केंद्र मंत्री नड्डा को लिखा पत्र
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा को पत्र लिखकर राज्य में उर्वरक आपूर्ति के मुद्दे को उठाया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें