कांग्रेस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके डिप्टी डीके शिवकुमार को "स्कैम लॉर्ड" कहकर उनके खिलाफ मानहानिकारक कंटेंट पोस्ट करने के लिए भाजपा आईटी सेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गुरुवार को अपनी शिकायत में कांग्रेस लीगल सेल के वकील एन नरेंद्र ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर आधिकारिक हैंडल "बीजेपी कर्नाटक (@BJP4Karnataka)" से एक मॉर्फ्ड और मानहानिकारक तस्वीर पोस्ट की गई थी।
शिकायत के अनुसार यह पोस्ट 29 जनवरी को पब्लिश की गई थी, जिसमें सिद्धारमैया, शिवकुमार और अन्य मंत्रियों की एक एडिटेड तस्वीर को गलत और दुर्भावनापूर्ण तरीके से दिखाया गया था। आरोप है कि इन तस्वीरों को "स्कैम लॉर्ड" कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया था।
पीयूष पांडे बने पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी पीयूष पांडे को शुक्रवार को पश्चिम बंगाल का प्रभारी पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक (डीजीपी) नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति मौजूदा डीजीपी राजीव कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी पीयूष पांडे अगले आदेश तक इस पद का कार्यभार संभालेंगे। 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार कल सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आदेश में कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले की भी जानकारी दी गई है। कोलकाता के पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा को पश्चिम बंगाल का निदेशक (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है, जबकि दक्षिण बंगाल के एडीजी और आईजीपी सुप्रतिम सरकार उनकी जगह लेंगे।
एसटीएफ के एडीजी और आईजीपी विनीत कुमार गोयल को एडीजी (कानून व्यवस्था) बनाया गया है और उन्हें एडीजी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, एडीजी और आईजीपी (कानून व्यवस्था) जावेद शमीम को एडीजी, एसटीएफ का प्रभार सौंपा गया है, साथ ही उन्हें एडीजी (खुफिया शाखा) का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है।
अजय मुकुंद रणाडे को एडीजी (दूरसंचार) नियुक्त किया गया है, जबकि विशाल गर्ग को पदोन्नत कर एडीजी बनाया गया है और उन्हें साइबर प्रकोष्ठ में तैनात किया गया है। अनुज शर्मा को महानिदेशक (अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं) नियुक्त किया गया है, जबकि नटराजन रमेश बाबू को होम गार्ड्स का प्रमुख बनाया गया है।
असम में अलग-अलग ऑपरेशन में 9.2 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि असम के दो जिलों से 9.2 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई है और इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीएम ने एक्स पर पोस्ट किया कि चिरांग जिले के बिजनी में दो लोगों के पास से 4.5 करोड़ रुपये की कीमत की प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
बता दें कि याबा टैबलेट, जिसे थाई भाषा में 'पागल करने वाली दवा' के नाम से जाना जाता है, एक बहुत अधिक नशीली दवा है, जिसमें मेथामफेटामाइन और कैफीन का मिश्रण होता है। यह सेंट्रल नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करती है, जिससे सेहत को गंभीर खतरा होता है। सरमा ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने कछार जिले में 85 मामलों में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और 4.7 करोड़ रुपये की 947 ग्राम हेरोइन जब्त की।