फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: पवन कल्याण ने की 'सनातन धर्म संरक्षण बोर्ड' के गठन की मांग; भाजपा नेता रूपा गांगुली जमानत पर रिहा

Thu, 03 Oct 2024 10:30 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

तिरुपति में वराही घोषणा पर सभा को संबोधित करते हुए आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा, सनातन धर्म की रक्षा करने और इसकी मान्यताओं को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को रोकने के लिए एक मजबूत राष्ट्रीय अधिनियम की जरूरत है। इस अधिनियम को तुरंत लागू किया जाना चाहिए और पूरे भारत में समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। इस अधिनियम के कार्यान्वयन की निगरानी के लिए राष्ट्रीय और राज्य दोनों स्तरों पर एक 'सनातन धर्म संरक्षण बोर्ड' की स्थापना की जानी चाहिए। इस बोर्ड और इसकी गतिविधियों को समर्थन देने के लिए वार्षिक निधि आवंटित की जानी चाहिए।

 
विज्ञापन

बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में स्कूल के दोनों आरोपी ट्रस्टी गिरफ्तार
बदलापुर के जिस स्कूल में बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न का मामले सामने आया था, पुलिस ने उसके दोनों आरोपी ट्रस्टी स्कूल अध्यक्ष उदय कोटवाल और सचिव तुषार आप्टे को गिरफ्तार कर लिया है। एक दिन पहले ही बॉम्बे हाईकोर्ट ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। पुलिस ने बताया कि दोनों को करजात से गिरफ्तार किया गया और उन्हें एसआईटी को सौंप दिया जाएगा जो मामले की जांच कर रही है। दोनों पर मामले की जानकारी होने के बावजूद पुलिस में उसकी शिकायत नहीं दर्ज कराने का आरोप है।

तमिलनाडु में हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुंबई में गिरफ्तार
तमिलनाडु में एक हत्या के मामले में वांछित 24 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर चिन्ना सुबाराव अयनार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वेल्लोर का रहने वाला है। एक अधिकारी ने बताया कि चिन्ना के खिलाफ कम से कम आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। भागते समय आरोपी ने अपनी पहचान बदल ली थी और एक पेट्रोकेमिकल टैंकर के साथ काम किया था। मुंबई अपराध शाखा की एक टीम ने बुधवार तड़के वाशी नाका इलाके में 40 से अधिक पेट्रोल टैंकरों की तलाशी के बाद उसके लिए जाल बिछाया। पुलिस की उपस्थिति को भांपते हुए अयनार ने भागने की कोशिश की, लेकिन वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भरत घोणे के नेतृत्व में एक टीम ने पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। तमिलनाडु से एक पुलिस टीम बाद में मुंबई पहुंची और उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।

चीन द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार : फेहोंग
भारत में चीनी राजदूत शू फेहोंग ने बुधवार को कहा कि भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए चीन तैयार है। चीनी राजदूत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चीन की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीनी लोगों को दिए बधाई संदेश पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

फेहोंग ने कहा, चीन आपसी सम्मान, समझ, विश्वास और आपसी उपलब्धि के सिद्धांत के अनुसार एक स्वस्थ और स्थिर ट्रैक पर द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय पक्ष के साथ काम करने को तैयार है। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की थी। इस बीच, एक अक्तूबर को अमेरिका में कार्नेगी एंडोमेंट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि भारत और चीन के बीच तनाव तब तक बना रहेगा, जब तक सीमा पर सेनाओं की तैनाती जारी रहती है। सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए हमारे बीच समझौते हैं, लेकिन 2020 में चीन ने उन समझौतों का उल्लंघन किया था।

पीएम मोदी को मिले उपहारों की ई-नीलामी की तिथि 31 तक बढ़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार के रूप में मिले 600 से अधिक सामान की ऑनलाइन नीलामी की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। इनमें अयोध्या में राम मंदिर का एक मॉडल और नवीनतम पैरालंपिक खेलों की यादगार वस्तुओं का एक सेट शामिल हैं। यह नीलामी 17 सितंबर को शुरू हुई थी और 2 अक्तूबर तक जारी रहनी थी। संस्कृति मंत्रालय की तरफ से बुधवार को जारी बयान में नीलामी की अंतिम तिथि बढ़ाने की जानकारी दी गई है। यह भी कहा गया है कि यह नीलामी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाती है। 

महाराष्ट्र : कक्षा छह की छात्रा से दरिंदगी, युवा कांग्रेस का नेता गिरफ्तार
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक निजी स्कूल में छठी की छात्रा के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह कोर्पणा तहसील क्षेत्र में युवा कांग्रेस का उपाध्यक्ष भी है। एफआईआर में कहा गया है कि आरोपी ने 12 साल की छात्रा को ग्रीष्मकालीन ट्यूशन क्लास के बहाने स्कूल में बुलाया और उसका यौन शोषण किया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर छात्रा के माता-पिता को मारने की धमकी दी थी। इसलिए डर के मारे वह आपबीती किसी को बता न सकी। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पीड़िता के माता-पिता की शिकायत पर मंगलवार देर रात पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को बुधवार सुबह कोर्पणा से 310 किमी दूर अकोला शहर के बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया और बाद में चंद्रपुर लाया गया। आगे की जांच चल रही है। 

चेन्नई में बंगाल के मजदूर की भूख से मौत पर राज्यपाल ने ममता सरकार को घेरा
बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए कहा कि उनके सहयोगी लोगों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। बोस ने यह टिप्पणी पूर्व मेदिनीपुर जिले के एक प्रवासी मजदूर की सोमवार को चेन्नई में भूख से मौत होने के मद्देनजर की है।

उन्होंने राज्य के प्रवासी मजदूरों की दुर्दशा पर भी चिंता व्यक्त की, जिन्हें आजीविका की तलाश में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये मजदूर ‘भूख’ से बेहाल और दीन हीन हालत में पाए गए, जिनमें से कुछ को चेन्नई रेलवे स्टेशन से बेहोशी की हालत में बचाया गया। उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल में पांचों मजदूरों को भर्ती कराया गया था, वहां भी इसकी पुष्टि हुई है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि मजदूरों में से एक समर खान की 30 सितंबर को मौत हो गई थी। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार को प्रवासी श्रमिकों की दुर्दशा के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी होना चाहिए।

चार नाबालिग अनाथ भाई-बहनों ने ओडिशा सरकार से मांगी मदद
ओडिशा के गंजम जिले में पिता की मौत के बाद अनाथ हो चुके चार नाबालिग भाई-बहन अपने अस्तित्व के लिए राज्य सरकार की मदद का इंतजार कर रहे हैं। अनाथ हुए नाबालिगों की पहचान खुशी बेहरा (17), उसकी दो बहनों लूशी (15), ममाली (13) और भाई महाबीर (11) के रूप में हुई है। उनके पिता सुबाला बेहरा (45) का 23 सितंबर को निधन हो गया था। उनकी मां पुस्पा का पांच साल पहले निधन हो गया था। दिहाड़ी मजदूर सुबाला की कुछ बीमारियों से पीड़ित होने के बाद मृत्यु हो गई।

पिता की मौत के बाद उनकी दादी लक्ष्मी उनकी देखभाल कर रही हैं। मछली बेचने से अपनी सीमित आय के कारण, लक्ष्मी (70) चार पोते-पोतियों के दैनिक खर्चों को पूरा करने में असमर्थ थीं। इसके अलावा, उसका घर भी जर्जर हालत में है। भाई-बहनों ने भंजनगर के उप-कलेक्टर अनिल कुमार सेठी से मुलाकात की और कुछ सरकारी सहायता मांगी। सेठी ने तुरंत जिला रेडक्रॉस फंड से 10,000 रुपये मंजूर किए और तहसीलदार, भंजनगर को उनकी दुर्दशा के बारे में पूछताछ करने के लिए कहा।

लक्ष्मी ने कहा कि रेड क्रॉस से मिली सहायता का खर्च उनके बेटे (सुबाला) के अंतिम संस्कार पर खर्च किया जाएगा। इस बारे में पूछे जाने पर उपजिलाधिकारी ने कहा, 'तहसीलदार से रिपोर्ट मिलने के बाद हम कलेक्टर से चर्चा के बाद उनके पुनर्वास के लिए कदम उठाएंगे।'

दादी ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि सरकार बच्चों की देखभाल करेगी क्योंकि वे अपने पिता की मृत्यु के बाद अनाथ हो गए हैं। लगभग पांच साल पहले हमारी मां की मृत्यु के बाद मेरे पिता हमारी देखभाल कर रहे थे। उनकी मृत्यु के बाद, अब हम अपने भविष्य के बारे में बहुत चिंतित हैं, क्योंकि हमारी बूढ़ी दादी आजीविका चलाने के लिए ज्यादा कमाई करने में असमर्थ हैं।'

चारों अनाथ बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार से उनके उचित पुनर्वास और उनकी पढ़ाई के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है। बाल अधिकार कार्यकर्ता सुधीर साबत ने कहा, 'उनकी दादी बूढ़ी हो गई हैं और वह मछली बेचकर कमाने की स्थिति में नहीं हैं। चारों भाई-बहन अब लगभग निराशा की स्थिति में हैं। जिला प्रशासन को उनकी देखभाल करनी चाहिए और उनकी पढ़ाई सुनिश्चित करनी चाहिए।'

ओडिशा की भाजपा सरकार ने सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के कक्षा 9 और 10 में पढ़ने वाले छात्रों की स्कूल ड्रेस का रंग बदल दिया है। एक सरकारी आदेश के अनुसार, नई ड्रेस में हल्के भूरे, चॉकलेट और मिट्टी से बने पीले रंगों का संयोजन होगा। वर्तमान में, स्कूल ड्रेस में हरे और सफेद रंग का संयोजन होता है, जो बीजद के पार्टी प्रतीक के रंग कोड से मेल खाता है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक को लिखे एक पत्र में, स्कूल और जन शिक्षा विभाग ने कहा कि माध्यमिक विद्यालय के छात्र अब नई ड्रेस पहनेंगे। नई ड्रेस के रंग में बदलाव 'मुख्यमंत्री छात्र-छात्रा परिधान योजना' के तहत लागू किया गया है।

HCA केस में ED के सामने नहीं पेश हुए अजहरुद्दीन

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन गुरुवार को हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी के समक्ष पेश नहीं पेश हुए। हालांकि उन्हें फिर से आठ अक्तूबर को बुलाया गया है।

कर्नाटक के मंत्री के बयान पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला

भाजपा ने गुरुवार को कर्नाटक के मंत्री दिनेश गुंडू राव की वीडी सावरकर के बारे में विवादास्पद टिप्पणी पर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी का अपमान उस पार्टी की तरफ से किया जा रहा है जिसके नेताओं को अंग्रेजों की तरफ से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सेल्युलर जेल में कभी कारावास का सामना नहीं करना पड़ा।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया तब आई जब मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दावा किया कि सावरकर मांसाहारी थे और गौहत्या के खिलाफ नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के संस्थापक मुहम्मद अली जिन्ना कट्टरपंथी नहीं थे, लेकिन सावरकर कट्टरपंथी थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा, जिस पार्टी के किसी भी नेता को एक दिन के लिए भी 'काले पानी की सजा' नहीं मिली, वह उस व्यक्ति का अपमान कर रही है जिसे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल में दोहरी आजीवन कारावास की सजा दी गई। उन्होंने कहा कि मंत्री दिनेश गुंडू राव का बयान दुर्भाग्यपूर्ण, अपमानजनक और बेहद निंदनीय है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी कर्नाटक के मंत्री की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और पार्टी से पूछा कि वह अपने किसी भी शीर्ष नेता का नाम बताए, जिसे अंग्रेजों ने दोहरी आजीवन कारावास की सजा दी हो और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल में रखा हो। उन्होंने कहा कि जब सावरकर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, तब ब्रिटिश सिविल सेवक विलियम वेडरबर्न भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष थे। त्रिवेदी ने आरोप लगाया, वे ब्रिटिश शासकों के पैरों के नीचे बैठे थे।

बिहार में बाढ़ को लेकर खरगे ने की केंद्र और राज्य से अपील

बिहार में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को मांग की कि केंद्र और राज्य सरकार को राहत और बचाव कार्य में तेजी लानी चाहिए। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 14.62 लाख तक पहुंच गई है। सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में खरगे ने कहा, बिहार में बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है। 17 जिलों के करीब 15 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और पिछले कुछ दिनों में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आपदा के कारण पुल ढह गए हैं और लोगों के घर तबाह हो गए हैं, खासकर उत्तर बिहार में।

उन्होंने ने कहा, हम केंद्र और राज्य सरकार से मांग करते हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए ताकि पीड़ितों को तत्काल मदद मिल सके। उन्होंने कहा, हम भारतीय वायुसेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को इन कठिन परिस्थितियों में मदद के लिए तहे दिल से धन्यवाद देते हैं। लेकिन हमें अभी भी राज्य सरकार की एजेंसियों से हर संभव मदद की जरूरत है। खड़गे ने केंद्र से हर बाढ़ पीड़ित को पर्याप्त मुआवजा देने और राज्य सरकार की मदद करने का भी आग्रह किया।

IAS पंकज अग्रवाल को मिला अतिरिक्त प्रभार 

केंद्र सरकार ने 1992 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल - विद्युत मंत्रालय में सचिव को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। पंकज अग्रवाल के पास ये अतिरिक्त प्रभार तब तक रहेगा जब तक कि किसी नियमित पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं हो जाती या मामले में कोई अगला आदेश नहीं जारी किया जाता है।

एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ केस दर्ज, केंद्रीय मंत्री भूले शब्दों की मर्यादा

बंगलूरू पुलिस ने बताया कि एक रियल एस्टेट एजेंट की शिकायत के बाद केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ जबरन वसूली और आपराधिक धमकी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में स्टील और भारी उद्योग विभाग संभाल रहे मंत्री कुमारस्वामी के साथ-साथ जेडीएस के पूर्व एमएलसी रमेश गौड़ा पर भी अमृतहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता विजय टाटा ने आरोप लगाया कि वह जेडीएस के सोशल मीडिया उपाध्यक्ष थे, लेकिन उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली थी, क्योंकि वह अपने रियल एस्टेट कारोबार पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। हालांकि, 24 अगस्त को रमेश गौड़ा घर आए और अपने फोन से मंत्री कुमारस्वामी को फोन किया। विजय टाटा ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उनसे कहा कि पार्टी को चन्नपटना उपचुनाव के लिए 50 करोड़ रुपये की जरूरत है, क्योंकि पार्टी ने इस बार उनके बेटे निखिल कुमारस्वामी को मैदान में उतारने का फैसला किया है

रियल एस्टेट एजेंट ने यह भी दावा किया कि जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई तो मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। वहीं इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री कुमारस्वामी ने पत्रकारों से कहा, क्या यह चर्चा का विषय है? क्या मुझे इन सबका जवाब देना चाहिए? क्या मुझे सड़क पर मौजूद हर दूसरे कुत्ते का जवाब देना चाहिए?"

भाजपा नेता रूपा गांगुली जमानत पर रिहा

भाजपा नेता रूपा गांगुली को कोलकाता की अलीपुर अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया। रूपा गांगुली को गुरुवार को कोलकाता के एक पुलिस थाने में कथित तौर पर काम में बाधा डालने के लिए हिरासत में लिया गया था। उन्होंने पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पांच लोगों की रिहाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था। शहर के दक्षिणी उपनगर बांसद्रोणी इलाके में स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह पेलोडर के नीचे कक्षा 9 के एक छात्र की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस अधिकारियों का घेराव किया।

घुसपैठियों की वजह से खत्म हो रहे आदिवासी गांव- चंपई

पाकुड़ में झारखंड के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता चंपई सोरेन ने दावा किया कि, बांग्लादेशी घुसपैठियों की वजह से एक के बाद एक आदिवासी गांव खत्म होते जा रहे हैं। मैं अपने समुदाय को आदिवासियों की लूटी जा रही जमीनों के बारे में जागरूक कर रहा हूं। ये लोग कहां से आ रहे हैं? यहां आप जमीन नहीं बेच सकते लेकिन गांव खत्म हो रहे हैं और इसलिए मैं आदिवासी समुदाय को जगाने का काम कर रहा हूं।
 

जाफना और चेन्नई के छात्रों ने मिलकर बनाया उपग्रह, ISRO करेगा लॉन्च

श्रीलंका में जाफना स्थित निजी विश्वविद्यालय नॉर्दर्न यूनिवर्सिटी के छात्रों और चेन्नई स्थित अंतरिक्ष स्टार्टअप स्पेसकिड्ज इंडिया ने मिलकर एक संचार उपग्रह विकसित किया है। इसके अगले साल अंतरिक्ष एजेंसी इसरो की तरफ लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि नॉर्दर्न विश्वविद्यालय के संस्थापक-अध्यक्ष इंदिरा कुमार पद्मनाथन ने एक कार्यक्रम में स्पेसकिड्ज इंडिया के संस्थापक-सीईओ श्रीमथी केसन के साथ दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। पद्मनाथन ने कहा कि उपग्रह अंतरिक्ष वातावरण का अध्ययन करने और अत्याधुनिक संचार प्रौद्योगिकियों के उपकरणों को अंतरिक्ष में ले जाएगा। यह परियोजना पहली छात्र-नेतृत्व वाली उपग्रह परियोजना और जाफना के सरकारी स्कूल के छात्रों को भी पहचान देगी।
विज्ञापन

मेघालय में 17 बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार

मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में पुलिस ने 17 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी हॉलिडेगंज से फुलबारी की ओर जा रहे थे। अधिकारियों ने नियमित जांच के दौरान उन्हें रोका और पूछताछ की। जांच के दौरान ये लोग भारत में दाखिल होने के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले दक्षिण असम में पुलिस ने 12 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था। बता दें कि कि बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद एक बार फिर से बांग्लादेशियों के अवैध रूप से सीमा पार करने की घटनाओं में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। सुरक्षाबलों ने इन्हें रोकने के लिए सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें