केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व निदेशक विजय शंकर ने लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को अंतिम सांसद ली। उनके परिवार ने बताया कि वह 76 साल के थे। शंकर कुछ समय से नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने बताया कि उनकी अंति इच्छा के अनुसार उनका पार्थिव शरीर एम्स को दान कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश कैडर के 1969 बैच के आईपीएस अधिकारी शंकर ने 12 दिसंबर 2005 से 31 जुलाई 2008 तक सीबीआई का नेतृत्व किया। सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद ने अपने शोक संदेश में कहा कि विजय शंकर को सीबीआई के साथ-साथ पूरी मानवता के लिए असाधारण सेवा देने के लिए याद किया जाएगा, क्योंकि उनकी इच्छा के अनुसार उनके परिवार ने उनका पार्थिव शरीर चिकित्सा अनुसंधान के लिए एम्स को दान किया।
बंगाल के हर उपखंड में कानूनी सलाहकार नियुक्ति को मंजूरी
पश्चिम बंगाल कैबिनेट ने सोमवार को राज्य के हर उपखंड में पुलिस की सहायता के लिए कम से कम एक कानूनी सलाहकार नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। एक वरिष्ठ सूत्र के मुताबिक, इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने विभिन्न विभागों में 1,500 रिक्त पदों को भरने के लिए लोगों को नियुक्त करने का भी फैसला किया। भर्ती संविदा और स्थायी दोनों आधार पर की जाएगी। सूत्र ने बताया कि उनमें से 583 संविदा जूनियर इंजीनियरों को सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग में भर्ती किया जाएगा और अन्य 700 लोगों को विभिन्न नगर पालिकाओं में नियुक्त किया जाएगा।
रोड रेज मामले में 15 सीआईएसएफ कर्मियों पर मामला दर्ज
महाराष्ट्र के नवी मुंबई टाउनशिप में एक रोडरेज मामले में डॉक्टर, उसके भाई और एक अन्य व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने 10 से 15 सीआईएसएफ कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। केंद्रीय बल के अधिकारियों ने बताया कि उसने कार चालक और उसके भाई के खिलाफ भी पुलिस में एफआईआर दर्ज की है क्योंकि ड्राइवर ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के बस चालक को मौखिक रूप से अपशब्द कहे थे, साथ ही हमले की भी कोशिश की थी। उसने घटना की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (सीओआई) का आदेश दिया है, जिसके बारे में दावा किया गया है कि यह घटना तब हुई जब कार अचानक से सीआईएसएफ बस से आगे निकल कर उसके सामने आकर अचानक रुक गई। अधिकारियों ने बताया कि 29 नवंबर की रात 10:15 बजे हुई घटना के संबंध में आरोपी सीआईएसएफ कर्मियों को नोटिस जारी किया गया है।
गोवा में नौसेना की पनडुब्बी से टक्कर, मछली पकड़ने वाली नाव के टंडेल पर केस दर्ज
गोवा के तट के पास अरब सागर में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी आईएनएस करंज के साथ टक्कर के बाद दो लोगों की मौत के मामले में मछली पकड़ने वाली नाव एफवी मार्थोमा के 'टंडेल' (कप्तान) पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 21 नवंबर को समुद्र में लगभग 70 समुद्री मील अंदर हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। पनडुब्बी को 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ, जबकि मछली पकड़ने वाली नाव डूब गई। मार्थोमा में चालक दल के 13 सदस्य थे और उनमें से 11 को तलाशी अभियान में बचा लिया गया। एक नौसेना अधिकारी की शिकायत पर, येलो गेट पुलिस स्टेशन में नाव के 'टंडेल' के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
बंगाल में विस्फोटकों के अवैध परिवहन के मामले में दो के खिलाफ आरोपपत्र दायर
पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से विस्फोटकों के परिवहन के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को दो आरोपियों धनंजय गोराई और करीमुल खान के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। इस साल अगस्त में हुए एक विस्फोट की जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया था। विस्फोटकों को अवैध रूप से ले जाने के प्रयास के दौरान तीसरे आरोपी बबलू मंडल की विस्फोट में मौत हो गई थी। जांच एजेंसी ने मंडल के खिलाफ आरोप हटा दिए थे। एनआईए की ओर से कहा गया है कि दोनों के खिलाफ एनआईए की विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया है। तीनों को गैरकानूनी और अनुचित तरीके से विस्फोटकों के भंडारण और उसका परिवहन करने से संबंधित आपराधिक साजिश में शामिल पाया गया। इस संबंध में केस 8 अक्तूबर को दर्ज किया गया था। जांच एजेंसी ने कहा कि विस्फोटकों को अवैध रूप से ले जाने के एक प्रयास के दौरान हुए विस्फोट में मंडल की मौत हो गई थी।
ठाणे के अस्पताल में एक ही दिन में की गईं 100 बच्चों की सर्जरी
ठाणे जिला सामान्य अस्पताल ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एक ही दिन में 100 बच्चों की सर्जरी करके ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि विट्ठल साइना जनरल अस्पताल में रविवार को 0 से 18 आयु वर्ग के बच्चों की सर्जरी की गई। एक अधिकारी ने बताया कि जिला सर्जन डॉ. कैलाश पवार के नेतृत्व में ये सर्जरी हर्निया, आंखों के उपचार, रक्त के थक्के, अंगुलियों में विकार, फिमोसिस, गर्दन और पेट में ट्यूमर के इलाज के लिए की गईं।
संचार उपग्रह का निर्माण, संचालन करने वाली देश की पहली निजी कंपनी बनी अनंत टेक्नोलॉजीज
हैदराबाद स्थित अनंत टेक्नोलॉजीज लिमिटेड देश में जियोस्टेशनरी संचार उपग्रह बनाने, लॉन्च और संचालित करने के लिए चुनी गई पहली निजी कंपनी बन गई है। भारत के अंतरिक्ष नियामक भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और केंद्र (इन-स्पेस) ने सोमवार को घोषणा की कि इस मंजूरी से कंपनी के देश के कक्षीय संसाधनों तक पहुंच हासिल होगी। यह अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इन-स्पेस के अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने कहा कि अनंत टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एटीएल) शुरुआत से लेकर अंत तक परियोजना का प्रबंधन करेगी, जिसमें संचार उपग्रह के विकास, लॉन्च और मल्टी-बीम हाई-थ्रोपुट केए-बैंड का संचालन शामिल है। एटीएल की जिम्मेदारियों में उपग्रह ऑपरेटरों के साथ आवृत्ति समन्वय, आईटीयू के साथ फाइलिंग का प्रबंधन करना और अधिसूचना प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करना भी शामिल है। इससे अनंत टेक्नोलॉजीज लिमिटेड देश को अत्याधुनिक जीएसओ (जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट) संचार उपग्रह सेवाएं प्रदान करने वाला पहला निजी भारतीय उपग्रह ऑपरेटर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और दूरसंचार विभाग (डीओटी) के सहयोग से यह प्रयास भारत में स्वदेशी रूप से सैटकॉम (संचार उपग्रह) बनाने की क्षमता विकसित करने में अहम योगदान देगा।
अदाणी विवाद: एसकेएम ने विरोध प्रदर्शन की धमकी दी
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने सोमवार को अदाणी विवाद पर केंद्र पर हमला बोला। साथ ही व्यापार समूह संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की विपक्ष की मांग के समर्थन में विरोध प्रदर्शन शुरू करने की धमकी दी। एक बयान में, एसकेएम ने यह भी कहा कि राज्य में बिजली क्षेत्र के प्रस्तावित निजीकरण के खिलाफ 4 दिसंबर को उत्तर प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। एसकेएम ने केंद्र की एनडीए सरकार पर उद्योगपति गौतम अदाणी को बचाने का आरोप लगाया। एसकेएम ने दावा किया कि अदाणी समूह के खिलाफ अमेरिकी अदालत में कम से कम दो साल पहले प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन भारत में इस पर कोई जांच शुरू नहीं की गई।
पोलावरम परियोजना के प्रतिकूल प्रभाव को उजागर करने के लिए दिल्ली जाएगी बीजद टीम
पड़ोसी आंध्र प्रदेश में पोलावरम बहुउद्देश्यीय परियोजना के डिजाइन में बदलाव के कारण ओडिशा पर इसके प्रतिकूल प्रभाव को लेकर बीजद ने विरोध जताया। इसके साथ ही बीजद ने सोमवार को घोषणा की कि वह इस मामले को दिल्ली ले जाएगी। बीजद के एक समन्वयक ने बताया कि मंगलवार को ओडिशा से एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा, जिसमें पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भी शामिल होंगे। यह प्रतिनिधिमंडल जल शक्ति मंत्रालय, केंद्रीय जल आयोग और जनजातीय मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों से मिलकर पोलावरम परियोजना के ओडिशा पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में ज्ञापन देगा। बीजद नेता देबी प्रसाद मिश्र ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पहले एक समिति बनाई थी, जिसने पोलावरम परियोजना के प्रभाव क्षेत्रों का दौरा किया और रिपोर्ट दी। समिति के अनुसार, यह परियोजना मलकानगिरी जिले के 200 गांवों को जलमग्न कर देगी।
पहली पोस्टिंग पर जा रहे आईपीएस अफसर की सड़क हादसे में मौत
हासन। कर्नाटक के हासन जिले में पहली पोस्टिंग के लिए जा रहे युवा आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन की सड़क हादसे में मौत हो गई। मध्य प्रदेश के रहने वाले हर्षवर्धन (26) कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। वह परिवीक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में रविवार को ड्यूटी पर रिपोर्ट करने जा रहे थे।
हासन के किट्टाने के पास पुलिस वाहन का टायर फट गया और चालक के नियंत्रण खोने से वह सड़क किनारे घर व पेड़ से टकरा गया। हादसे में हर्षवर्धन के सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हर्षवर्धन ने कर्नाटक पुलिस अकादमी में एक महीने पहले ही प्रशिक्षण पूरा किया था। उन्होंने पहले प्रयास में ही सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी और 153वीं रैंक हासिल की थी। हर्षवर्धन के पिता एसडीएम हैं।
अंतिम मंजूरी के बाद ऑपरेशन के लिए तैयार आईएनएस विक्रांत
दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल वी श्रीनिवास ने सोमवार को कहा कि भारत के स्वदेशी विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत ने पूर्ण परिचालन स्थिति हासिल कर ली है। इसके पहले आईएनएस ने इस साल अपनी अंतिम परिचालन मंजूरी हासिल की थी। कोच्चि में नौसेना के जहाज आईएनएस शार्दुल पर मीडिया से बातचीत में श्रीनिवास ने कहा कि विभिन्न परीक्षणों के पूरा होने और जहाज के बेड़े के एकीकरण के साथ आईएनएस विक्रांत अब पूरी तरह से चालू हो चुका है। वह पश्चिमी बेड़े के तहत काम कर रहा है।
श्रीनिवास ने इस बात पर जोर दिया कि देश और नौसेना के लिए गौरव का प्रतीक यह युद्धपोत भारतीय नौसेना के सभी अभियानों और प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में पूरी तरह सक्षम है। पोत को 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सेना में शामिल किया गया था। इसे भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) ने डिजाइन किया है और इसका निर्माण कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड की ओर से किया गया है।
भारत के समुद्री इतिहास में अब तक निर्मित सबसे बड़ा युद्धपोत
आईएनएस विक्रांत भारत के समुद्री इतिहास में अब तक निर्मित सबसे बड़ा युद्धपोत है। अत्याधुनिक स्वचालन सुविधाओं से युक्त इस जहाज में लगभग 2,200 कंपार्टमेंट हैं। जिन्हें महिला अधिकारियों और नाविकों समेत लगभग 1,600 लोगों के चालक दल को समायोजित करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें मिग-29के लड़ाकू जेट, कामोव-31 हेलीकॉप्टर, एमएच-60आर मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर, और स्वदेशी रूप से निर्मित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) और हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तैनात हैं।
पाॅर्नोग्राफी मामला: नहीं पेश हुए कुंद्रा, ईडी ने कल तलब किया
अश्लील फिल्मों से वितरण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में व्यवसायी और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश नहीं हुए। इसके बाद ईडी ने उन्हें फिर समन भेजकर 4 दिसंबह को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि कुंद्रा ने पेश होने के लिए नई तारीख मांगी थी। कुशीनगर के एक व्यवसायी के साथ ही इस मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों को भी ईडी ने 4 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं, अभिनेत्री गहना वशिष्ट को 9 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
इसरो कल श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से लाॅन्च करेगा प्रोबा-3 मिशन
इसरो का भरोसेमंद ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) ईएसए के ‘प्रोबा-3’ मिशन को लेकर चार दिसंबर को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरेगा। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के ‘प्रोबा-3’ मिशन में इसरो की वाणिज्यिक शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) सहयोग कर रही है। इसरो के मुताबिक, उपग्रह बुधवार शाम चार बजकर आठ मिनट पर उड़ान भरेगा। ईएसए ने कहा कि ‘प्रोबा-3’ सूर्य के परिमंडल की सबसे बाहरी और सबसे गर्म परत का अध्ययन करेगा।
असम व्यापार मंडल ने बांग्लादेश में अशांति के कारण सुतारकांडी निर्यात रोका
असम व्यापार मंडल ने बांग्लादेश में चल रही अशांति और हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के कारण सुतारकांडी भूमि से बांग्लादेश के साथ सभी व्यापार को रोकने का फैसला किया है। एक्सपोर्टर्स एंड इंपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ श्रीभूमि जिले के नेता इम्दादुल हक चौधरी ने बताया कि यह निर्णय 1 दिसंबर को हुई बैठक में लिया गया। चौधरी के अनुसार, बांग्लादेश में स्थिति सामान्य होने तक सभी व्यापार गतिविधियां रोक दी जाएंगी। सुतारकांडी बंदरगाह के माध्यम से प्रतिदिन कई ट्रक बांग्लादेश को पत्त्थर, चावल, कोयला और ताजे फल भेजते हैं, लेकिन अब यह सब निलंबित कर दिया गया है। हालांकि इस निर्णय से नुकसान होगा, लेकिन हमारा मानना है कि स्थिति में सुधार होने तक यह आवश्यक है। संघ के एक अन्य नेता शिवाजी चौधरी ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के कारण यह कदम उठाया गया।
गुजरात: फैक्टरी के भंडारण टैंक में विस्फोट, चार की मौत
गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर जीआईडीसी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक फैक्टरी के भंडारण टैंक में विस्फोट होने से चार श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
भरूच के पुलिस अधीक्षक मयूर चावड़ा ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ, जब श्रमिक औद्योगिक अपशिष्ट उपचार करने वाली कंपनी ‘डिटॉक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के परिसर में एक भंडारण टैंक के ऊपर काम कर रहे थे। चावड़ा ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।
कर्नाटक: हाईकोर्ट ने सीतारमण और कतील के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने का दिया आदेश
कर्नाटक हाईकोर्ट ने चुनावी बांड के नाम पर जबरन वसूली के मामले में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और पूर्व सांसद नलिन कतील के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने का आदेश दिया है।
प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ जारी जमानती वारंट पर एनआईए कोर्ट ने लगाई रोक
मुंबई की एक विशेष एनआईए कोर्ट ने 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी और भाजपा की पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ जारी जमानती वारंट पर रोक लगा दी है। ठाकुर इस समय उत्तर प्रदेश के एक अस्पताल में इलाज करा रही हैं। यह वारंट प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ 13 नवंबर को जारी किया गया था।
पुणे: मोटरसाइकल सवार को ऑडी कार के बोनट पर दो किलोमीटर तक घसीटा, आरोपी गिरफ्तार
पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में रविवार को एक मोटरसाइकल सवार को कार चालक अपनी ऑडी कार के बोनट पर दो किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। कार चालक और मोटरसाइकिल सवार के बीच कहासुनी के बाद यह घटना हुई। पुलिस ने बताया कि कार चालक और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस निरीक्षक अशोक शिरके ने बताया कि आरोपी के खून का नमूना लिया गया है, ताकि यह पता किया जा सके कि वह शराब पीकर गाड़ी चला रहा था या नहीं।
कर्नाटक सरकार ने डीसीजीआई से की कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कर्नाटक सरकार ने आझ भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से एक कंपनी की जांच करने और उस पर कार्रवाई करने का आग्रह किया। यह कंपनी पश्चिम बंगाल में स्थित है और यह रिंगर लैक्टेट नामक दवा बनाती है। कर्नाटक सरकार ने अपील इसलिए की क्योंकि बेल्लारी जिले में कुछ महिलाओं की मौत हुई है और कहा जा रहा है कि ये मौतें उस कंपनी दवा की खराब गुणवत्ता के कारण हो सकती हैं।
संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करने पर सांसदों को आगाह किया गया
लोकसभा सचिवालय ने मंगलवार को सांसदों से आग्रह किया कि वे संसद भवन के विभिन्न द्वार के सामने प्रदर्शन नहीं करें, क्योंकि इस तरह की बाधा से उनकी सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। यह परामर्श उस दिन जारी किया गया है, जब सांसदों ने संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया। यह द्वार केवल सांसदों और अधिकारियों के लिए आरक्षित है। सचिवालय द्वारा जारी एक परामर्श में कहा गया है, "सदस्यों से अनुरोध है कि वे संसद भवन के विभिन्न द्वार के सामने प्रदर्शन नहीं करें, क्योंकि इस तरह के कदम से संसद की बैठकों के दौरान सदस्यों की आवाजाही में गंभीर बाधा उत्पन्न होती है।’’ इसमें कहा गया है कि संसद भवन में सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न द्वार को किसी भी तरह की रुकावट से मुक्त रखना आवश्यक है।
मणिपुर के नौ जिलों में मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध पांच दिसंबर तक बढ़ाया गया
मणिपुर सरकार ने मंगलवार को राज्य के नौ जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर रोक को दो दिनों के लिए बढ़ाकर पांच दिसंबर तक कर दिया। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, काकचिंग, बिष्णुपुर, थौबल, चुराचांदपुर, कांगपोकपी, फेरजावल और जिरीबाम जिलों में पांच दिसंबर की शाम 5:15 बजे तक इंटरनेट पर प्रतिबंध रहेगा।
इसमें कहा गया है, ‘‘राज्य सरकार ने मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और इंटरनेट सेवाओं के सामान्य संचालन के साथ इसके संबंध की समीक्षा करने के बाद वीसैट और वीपीएन सेवाओं सहित मोबाइल इंटरनेट तथा मोबाइल डेटा सेवाओं पर रोक जारी रखने का फैसला किया है।’’ मणिपुर और असम में जिरी और बराक नदियों में क्रमशः तीन महिलाओं और तीन बच्चों के शव बरामद होने के बाद हिंसा भड़कने के कारण 16 नवंबर से राज्य में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं।
बंगाल सरकार ने राज्य को कर का 50 फीसदी हिस्सा देने की मांग की
पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्र सरकार से राज्यों को करों का हिस्सा बढ़ाकर पचास फीसदी करने की मांग की है। यह जानकारी वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगड़िया ने सोमवार दी। पनगढ़िया ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्त आय़ोग से 41 फीसदी के मौजूदा हिस्से को बढ़ाकर 50 फीसदी करने का आग्रह किया है।
पनाहगाहों को नष्ट करके ही रोके जा सकते हैं देश में आतंकी हमले: संसदीय समिति
संसद की एक समिति ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि सरकार को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से निपटने के लिए एक कार्ययोजना बनानी चाहिए। रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी आतंकी नेटवर्क और उनकी सुरक्षित पनाहगाहों को नष्ट करके ही देश में ऐसे हमलों को रोका जा सकता है।
लोकसभा में पेश अपनी रिपोर्ट में विदेश मामलों की समिति ने कहा है कि भारत को पड़ोसी देशों में आतंकियों के बुनियादी ढांचे को जड़ से खत्म करने के लिए समन्वित वैश्विक प्रयास करने चाहिए। समिति ने कहा है कि सरकार को हर मंच पर 'पाकिस्तान की नापाक गतिविधियों' और विभिन्न आतंकी संगठनों के साथ उसके संबंधों को उजागर करने के लिए अपने कूटनीतिक प्रयास जारी रखने चाहिए। इसमें देश में आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए भारत की थल सीमा और समुद्री मार्गों को मजबूत करने का भी आह्वान किया गया है। संसदीय समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर कर रहे हैं।
आचरेकर सर एक जनरल स्टोर जैसे थे, जिनके पास क्रिकेट सीखने हर चीज मौजूद थी: सचिन तेंदुलकर
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी लड़े सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को अपने बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर को एक ऑल-राउंडर और ऐसा जनरल स्टोर बताया, जिसमें क्रिकेट सीखने से जुड़ी हर चीज मौजूद थी। तेंदुलकर ने यह बात शिवाजी पार्क के आचरेकर के स्मारक का अनावरण करते हुए यह बात कही। इस मौके पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे भी मौजूद थे।
तेंदुलकर ने आचरेकर के साथ बिताए अपने दिनों को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ी कभी भी मैच के दौरान तनाव महसूस नहीं करते थे, क्योंकि उन्होंने मजबूत मानसिक धैर्य बनाए रखना सिखाया था। उन्होंने कहा, अजित (तेंदुलकर के बड़े भाई) मैचों में यह देखते थे कि जो लोग (आचरेकर) सर के साथ नहीं थे, वे तनाव में रहते थे, जबकि सर के छात्र कभी भी तनाव में नहीं होते थे।