फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: आईएस नेटवर्क की साजिश रचने वाले को सात साल कैद; कोलकाता में सड़क हादसे में नौ लोग घायल

Mon, 02 Sep 2024 09:17 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत ने 2020 में पुलिस पर गोलीबारी करने के लिए संदिग्ध आईएस ऑपरेटिव ख्वाजा मोइद्दीन को सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। मोइदीन 2014 में तमिलनाडु में हिंदू मुन्नानी सदस्य केपी सुरेश कुमार की हत्या का मुख्य आरोपी है। पूछताछ में पता चला कि मोइद्दीन ने भारत में आईएस नेटवर्क को फिर से खड़ा करने की साजिश रची थी और अन्य दो को इस्लामिक देश में पलायन करने के लिए प्रेरित किया था। सशर्त जमानत पर रिहा हुआ मोइद्दीन भागने में सफल रहा था। 2020 में जब पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश कर रही थी तब उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। बाद में सैयद अली नवास और अब्दुल समद के साथ उसे वजीराबाद से पकड़ा गया। तीनों के खिलाफ पटियाला हाउस कॉम्प्लेक्स में एनआईए मामलों की विशेष अदालत में मुकदमा चल रहा था। विशेष न्यायाधीश ने तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया। मोइद्दीन और सैयद अली निवास को सात साल सश्रम कारावास की सजा और 7,500 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।
विज्ञापन


2273 करोड़ के सट्टा गिरोह का सरगना यूएई से गिरफ्तार
सीबीआई, गुजरात पुलिस व इंटरपोल ने संयुक्त कार्रवाई में 2,273 करोड़ रुपये से अधिक के अंतरराष्ट्रीय सट्टा गिरोह के सरगना दीपक कुमार धीरजलाल ठक्कर को यूएई में गिरफ्तार किया। गुजरात पुलिस की टीम रविवार को ठक्कर को लेकर अहमदाबाद पहुंची। सीबीआई ने रविवार को बताया कि गुजरात पुलिस और इंटरपोल एनसीबी, अबू धाबी की मदद से ठक्कर को पकड़ने में सफलता मिली। गुजरात पुलिस ने ठक्कर के खिलाफ 25 मार्च, 2023 को अहमदाबाद में मामला दर्ज किया था। आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र, आईटी कानून एवं जुआ रोकथाम कानून के उल्लंघन में वांछित ठक्कर के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया गया था। सीबीआई ने बताया, विशेष सॉफ्टवेयर एप के जरिए गिरोह चला रहा ठक्कर सट्टेबाजी की रकम हवाला में लगा रहा था।

ओडिशा : तेंदुए की खाल के साथ सेना के जवान सहित 7 गिरफ्तार
वन्यजीवों के अंगों की तस्करी के आरोप में रविवार को ओडिशा औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के चलाए गए विशेष अभियान के दौरान तमांडो थाना क्षेत्र के बलियापाड़ा गांव से सभी गिरफ्तारियां की गईं। टीम ने छापा उस वक्त मारा जब आरोपी तेंदुए की खाल 10 लाख रुपये में बेचने की तैयारी कर रहे थे।
विज्ञापन

कोलकाता में सड़क दुर्घटना में नौ लोग घायल

सोमवार सुबह कोलकाता के एजेसी बोस फ्लाईओवर पर दो वाहनों की टक्कर में नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना तब हुई जब एक निजी वाहन नो-एंट्री जोन से एजेसी बोस फ्लाईओवर में घुसा और आईटी पेशेवरों को ले जा रहे एक अन्य वाहन से टकरा गया। उन्होंने कहा, 'दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और घायल लोगों का एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।' उन्होंने बताया कि पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नो-एंट्री जोन से एजेसी बोस फ्लाईओवर में घुसने वाले निजी वाहन का चालक नशे में था या नहीं।

असम में महिला दो बच्चों के साथ ब्रह्मपुत्र नदी में कूदी
असम के डिब्रूगढ़ में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ ब्रह्मपुत्र नदी में कूद गई। पुलिस ने बताया कि महिला ने बोगीबील पुल से नदी में छलांग लगाई। पुल पर महिला का एक कपड़ों से भरा बैग, एक मोबाइल और तीन जोड़ी सैंडल बरामद किए गए।  महिला की पहचान पूनम नागनाथ उदगिरि के रूप में की गई। पुलिस ने बताया कि महिला के साथ उसके बच्चे अरव (7) और अर्नव (6) भी थे। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीमें तीनों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने बताया कि महिला के पति सेना में हैं और अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं। उनसे संपर्क किया गया है।

मुदा मामले में सीएम सिद्धारमैया के खिलाफ ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर नौ सितंबर तक रोक
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने मुदा मामले में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ निचली अदालत की कार्यवाही पर अंतरिम रोक नौ सितंबर तक बढ़ा दी है। कोर्ट ने सीएम की ओर से दाखिल राज्यपाल गहलोत के आदेश को रद्द करने की याचिका पर सुनवाई एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दी है। सोमवार को स्नेहमयी कृष्णा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता केजी राघवन ने दलीलें दीं। इस पर न्यायाधीश एम नागप्रसन्ना ने कहा कि मामले में महाधिवक्ता ने अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। मामले को 9 सितंबर तक टाला जाता है। 19 अगस्त को दिया गया अंतरिम आदेश सुनवाई की अगली तारीख तक जारी रहेगा।

मेघालय में पेट्रोल पंप लूटने वाले चार आरोपी नागालैंड से पकड़े
मेघालय में एक सप्ताह पहले पेट्रोल पंप लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने नागलैंड से गिरफ्तार किया है। मेघालय के री-भोई जिले के पुलिस अधीक्षक जगपाल एस धनोआ ने बताया कि दोनों राज्यों की संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोकावी झिमोनी (25), पाशेन लाम (32), रोकोनगुली केप्पू (18) और त्सालिपी (26) के रूप में हुई है। चारों आरोपियों को नोंगपोह की एक अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने 25 अगस्त की सुबह नियांगबिरनई गांव में एक पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर हमला किया था। आरोपी 4.24 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर ले गए थे। 
विज्ञापन

सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट की सभी समितियां भंग
सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के अध्यक्ष पवन कुमार चामलिंग ने सोमवार को पार्टी की सभी समितियों को भंग कर दिया। विधानसभा चुनाव में एसडीएफ को केवल एक सीट पर जीत मिली थी। पार्टी से विजयी हुए एकमात्र विधायक तेनजिंग नोरबू लाम्था भी हाल ही में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) में शामिल हो गए। इसके बाद पवन चामलिंग ने कहा कि सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के संविधान की शक्तियों का प्रयोग करते हुए और पार्टी के व्यापक हित में मैं केंद्रीय कार्यसमिति और केंद्रीय कार्यकारी समिति सहित पार्टी की सभी समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग करता हूं। हालांकि पार्टी की प्रशासनिक और कानूनी मामले, सोशल मीडिया मामले, प्रचार मामले और चुनाव समितियों को बरकरार रखा गया है। पूर्व सीएम चामलिंग ने कहा कि नई समितियों का गठन जल्द ही किया जाएगा। एसडीएफ प्रमुख चामलिंग ने केंद्रीय कार्यकारी समिति (सीईसी) की बैठक के दूसरे दिन इस फैसले की घोषणा की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें