भारत में करीब चार दशक से रह रही एक पाकिस्तानी महिला पर यहां रहने के लिए फर्जीवाड़े से आधार, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बनाने पर जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। जयसिंहपुरा खोर एसएचओ राजेश मीना ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाजिया रियाज 1985 में पाकिस्तान से भारत आई थी। उसने एक भारतीय से शादी की थी। चार बच्चों की मां शाजिया तभी से पति के परिवार के साथ जयसिंहपुरा खोर में रह रही थी। खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई जांच में पाया गया कि उसने ने फर्जी तरीकों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाए थे। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
बंगाल ने तंबाकू पर प्रतिबंध एक साल के लिए बढ़ाया
पश्चिम बंगाल सरकार ने तंबाकू या निकोटीन युक्त गुटखा और पान मसाला उत्पादों के निर्माण, भंडारण व बिक्री पर प्रतिबंध को सात नवंबर से एक और वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने जन स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए 24 अक्तूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके तहत पूरे प्रदेश में किसी भी खाद्य पदार्थ के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री पर एक वर्ष की अवधि के लिए प्रतिबंध लगाने का अधिकार है।
विमान के इंटीरियर बदलने के लिए एअर इंडिया को मिली मंजूरी
एअर इंडिया को विमान के आंतरिक सज्जा में बदलाव करने के लिए विमानन नियामक डीजीसीए की मंजूरी मिल गई है। एअर इंडिया ने अपने बेड़े में विमान के अंदरूनी सजावट को बढ़ाने के लिए टाटा टेक्नोलॉजीज से करार किया है। एअर इंडिया के मुताबिक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की तरफ से उसे अपने विमानों के अंदरुनी हिस्सों में इन-हाउस जरूरी बदलाव करने के लिए आवश्यक डिजाइन संगठन अनुमोदन (डीओए) मिल गया है।
सीएम पटेल ने 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन को हरी झंडी दिखाई
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के अवसर पर अहमदाबाद में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
हैदराबाद में दर्दनाक हादसा, पति-पत्नी की मौत
तेलंगाना में एक इमारत में आग लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई। मामला यकतपुरा रेलवे स्टेशन के पास का है। हैदराबाद जिला अग्निशमन अधिकारी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि पूर्वी चंद्र नगर में एक दो मंजिला इमारत में सोमवार देर रात करीब 11 बजे आग लगी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक लड़की घायल हो गई। इमारत की पहली मंजिल, जहां पेस्ट्री पकाई जा रही थी, उसमें आग लगने के कारण बड़ा हादसा हुआ। आग धीरे-धीरे पास में बिक्री के लिए रखे पटाखों और कपास के डिब्बों तक फैल गई। हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान उषारानी (50) और उनके पति मोहन लाल (58) के रूप में हुई। 18 वर्षीय श्रुति घायल है, जिसे उस्मानिया जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होगा भारतीय सांसदों का अनाधिकारिक प्रतिनिधिमंडल
लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों का एक 'अनाधिकारिक' प्रतिनिधिमंडल अगले महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में भाग लेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, विभिन्न दलों के सांसदों वाला प्रतिनिधिमंडल चार से आठ नवंबर तक संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरे पर रहेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह एक 'अनाधिकारिक' प्रतिनिधिमंडल है और चर्चा या समिति की बैठकों में भाग नहीं लेगा। पिछले साल, तृणमूल कांग्रेस ने वर्ष 2015 से भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल को यूएनजीए में नहीं भेजे जाने का मुद्दा उठाया था। इस प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, द्रमुक के तिरुची शिवा, कांग्रेस के राजीव शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी के संबित पात्रा और सुधांशु त्रिवेदी, बीजू जनता दल के सस्मित पात्रा और तृणमूल कांग्रेस की सुष्मिता देव सहित कई सांसद प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।
दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका
दिल्ली उच्च न्यायालय ने रोहिंग्या शरणार्थियों के बच्चों को स्थानीय स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए निर्देश देने के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई करने से मंगलवार को इनकार कर दिया और कहा कि यह केंद्र का अधिकार क्षेत्र है। मुख्य न्यायाधीश मनमोहन और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की पीठ ने कहा कि यह मामला सुरक्षा और राष्ट्रीयता पर प्रभाव डालने वाले अंतरराष्ट्रीय मुद्दों’’ से संबंधित है। इसलिए याचिकाकर्ता को केंद्रीय गृह मंत्रालय के समक्ष आवेदन करना चाहिए। याचिकाकर्ता एनजीओ सोशल ज्यूरिस्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) आधार कार्ड न होने पर म्यांमार के बच्चों को अपने स्कूलों में दाखिला नहीं दे रहे हैं। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता के आवेदन पर अधिकारी निर्णय लेंगे। गृह मंत्रालय को इस पर निर्णय लेने दें। इसमें कई मुद्दे शामिल हैं। हम इस पर सुनवाई नहीं कर सकते। इस मामले को गृह मंत्रालय के समक्ष जाने दें। न्यायालय ने कहा कि रोहिंग्या विदेशी हैं, जिन्हें आधिकारिक और कानूनी रूप से भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है।
यूरोपीय संघ और भारत के बीच व्यापार समझौते को स्पेन बढ़ाना चाहता है: सांचेज
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज ने कहा कि वह यूरोपीय संघ और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता को आगे बढ़ाने के उत्सुक हैं। यूरोपीय संघ (ईयू)-भारत ने दोनों क्षेत्रों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुक्त व्यापार समझौते का प्रस्ताव रखा है। दोनों पक्ष एफटीए, निवेश संरक्षण संधि और भौगोलिक संकेतकों (जीआई) को लेकर समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। सांचेज ने मुंबई में स्पेन-भारत व्यापार शिखर सम्मेलन में कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (स्पेन सहित) के बीच मजबूत संबंधों की काफी संभावनाएं है। स्पेन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और उसने भारत में 4.2 अरब डॉलर का निवेश किया है। हमारा नजरिया यूरोपीय संघ-भारत मुक्त व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने को लेकर काफी सकारात्मक है। इससे हमारे बाजारों के आकार और विविधता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुंबई में तीन विमानों में बम होने की धमकी मिली
मुंबई पुलिस ने तीन एयरलाइनों के एक्स हैंडल पर बम की धमकी मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सहार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि इंडिगो एयरलाइंस, एयर इंडिया और विस्तारा को सोमवार को धमकियां मिलीं। जांच के बाद यह धमकियां अफवाह निकलीं। पुलिस ने एयरलाइंस को बम की धमकी के मामले में इस महीने 14 एफआईआर दर्ज की हैं।
ओडिशा में दिवाली पर शाम सात बजे से नौ बजे तक चला सकेंगे पटाखे
ओडिशा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (ओएसपीसीबी) ने लोगों से दिवाली पर शाम सात बजे से नौ बजे के बीच पटाखे जलाने को कहा। वहीं बोर्ड ने बगीचों, पार्कों के पास और शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, अदालतों, धार्मिक स्थलों और स्थानीय अधिकारियों द्वारा निर्दिष्ट अन्य क्षेत्रों के 100 मीटर के दायरे में पटाखों के उपयोग को प्रतिबंधित कर दिया है। निर्देशों में कहा गया कि खुले क्षेत्रों में केवल हरित पटाखों की अनुमति है और बेरियम नाइट्रेट युक्त रासायनिक पटाखों का उपयोग प्रतिबंधित है। इसके अलावा ओएसपीसीबी ने 125 डेसिबल से अधिक ध्वनि वाले पटाखे न फोड़ने की भी सलाह दी है। साथ ही 10 साल से कम उम्र के बच्चों के अधिक आवाज वाले पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देबेंद्र कुमार स्वैन ने कहा कि दिवाली के मद्देनजर सात अस्थायी अग्निशमन केंद्र भुवनेश्वर में तीन और कटक में चार स्थापित करने का निर्णय लिया है।