केंद्र सरकार ने बजट 2025-26 की अधिसूचना जारी कर दी है। कुछ दिन पहले ही इसे संसद की मंजूरी मिली थी। 29 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बजट को मंजूरी दे दी। इसके बाद वित्त अधिनियम, 2025 को अधिसूचित किया गया। वित्त अधिनियम के जरिये भारत सरकार हर साल वित्त वर्ष के शुरू में वित्तीय प्रस्ताव रखती है। यह अधिनियम भारत के सभी राज्यों एवं केन्द्र शाशित प्रदेशों पर भी लागू होता है। प्रत्येक वर्ष वित्तमंत्री की ओर से संसद में आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाता है।
गुजरात में जूरी के जंगलों में लगी आग
गुजरात में पोरबंदर-सोमनाथ हाईवे पर जूरी के जंगलों में आग लग गई। सूचना पर मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची हैं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर एबी सरवाया ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
गोवा डीजीपी कार्यालय पर हमले की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई
गोवा डीजीपी कार्यालय पर आईईडी हमले की धमकी मिली है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ईमेल आईडी पर सुबह 9:09 बजे धमकी भरा संदेश मिला, जिसके बाद से पणजी में पुलिस मुख्यालय और डीजीपी आलोक कुमार के आधिकारिक आवास पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। गोवा पुलिस का कहना है कि सुरक्षा इकाई और जिला पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वे मानक संचालन प्रक्रियाओं के आधार पर जांच कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध इकाई ईमेल की जांच कर रही है।
भारत-रूस ने 6 दिवसीय नौसैनिक अभ्यास 'इंद्र' का किया आगाज
भारत और रूस ने शुक्रवार को चेन्नई के तट पर छह दिवसीय नौसैनिक अभ्यास इंद्र का आगाज किया। इसमें रूसी नौसेना के जहाज (पेचंगा, रेज्की और अल्दार त्सिडेंझापोव) भाग ले रहे हैं, जबकि भारतीय नौसेना ने अभ्यास में युद्धपोत राणा, कुथर और समुद्री गश्ती विमान पी-8-एल को उतारा है। यह अभ्यास दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। बंदरगाह चरण 28 से 30 मार्च तक चेन्नई में होगा, जबकि 'समुद्री चरण' 31 मार्च से 2 अप्रैल तक बंगाल की खाड़ी में होगा। भारतीय नौसेना ने कहा कि 2003 में अपनी शुरुआत के बाद से 'इंद्र' अभ्यास दोनों नौसेनाओं के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक संबंधों का प्रतीक है। भारतीय नौसेना ने कहा कि अभ्यास का मकसद समुद्री सहयोग को बढ़ाना, मैत्री संबंधों को सुदृढ़ करना, सर्वोत्तम परिचालन प्रथाओं का आदान-प्रदान और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को मजबूत करना है।
फ्रंट-रनिंग मामले में पांच लोगों से 1.53 करोड़ जब्त करने का आदेश
बाजार नियामक सेबी ने फ्रंट-रनिंग गतिविधियों में शामिल होने के लिए पांच लोगों को प्रतिभूति बाजार से एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही, इन गतिविधियों से अर्जित करीब 1.53 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को 45 दिन में जब्त करने का निर्देश दिया है।
सेबी ने अपने आदेश में कहा, फ्रंट-रनिंग गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर निखिल खैतान पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, ओमप्रकाश खैतान, मंजू खैतान, नेहा खैतान और निधि टिबरवाल पर पांच-पांच लाख रुपये का दंड लगाया गया है।
केरल हाई कोर्ट ने खारिज की कांग्रेस विधायक की याचिका
केरल हाई कोर्ट ने CMRL-एक्सालॉजिक लेन-देन पर CM विजयन के खिलाफ जांच के लिए कांग्रेस विधायक की याचिका खारिज कर दी। कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनादन ने मामले में सतर्कता अदालत के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट का रुख किया था। बता दें कि उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के खिलाफ उनकी बेटी की बंद हो चुकी आईटी फर्म और निजी खनन कंपनी के बीच कथित वित्तीय लेन-देन की जांच की मांग की थी। इससे पहले सतर्कता अदालत ने भी इस मामले में उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
फरवरी में 47 दवाएं मानक गुणवत्ता की नहीं पाई गईं
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय औषधि प्रयोगशालाओं ने फरवरी में विभिन्न फर्मों की 47 दवा नमूनों को मानक गुणवत्ता (एनएसक्यू) के अनुरूप नहीं पाया। इसके अलावा, राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं ने भी 56 दवा नमूनों मानक गुणवत्ता पर नहीं पाया। नियमित नियामक निगरानी गतिविधि के अनुसार, एनएसक्यू दवाओं की सूची हर महीने केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) पोर्टल पर प्रदर्शित की जाती है। अधिकारियों ने कहा कि एनएसक्यू के रूप में दवा के नमूनों की पहचान निर्दिष्ट गुणवत्ता मापदंडों में दवा के नमूने की विफलता के आधार पर की जाती है।
पीएम से मिले कार्ति चिदंबरम...रेबीज के बढ़ते मामलों पर जताई चिंता
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर देश में आवारा कुत्तों से उत्पन्न स्वास्थ्य व सुरक्षा संबंधी चिंताओं को उठाया। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने चिदंबरम के सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
कार्ति चिदंबरम ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत में 6.2 करोड़ से अधिक लावारिस कुत्ते हैं। यह दुनिया में सबसे बड़ी संख्या है। देश में रेबीज के मामले भी चिंताजनक हैं। वैश्विक रेबीज मौतों में 36 फीसदी भारत में होती हैं। उन्होंने पीएम को बताया कि पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) नियम, 2023 के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। इसे हल करने के लिए एक राष्ट्रीय टास्क फोर्स बनाने, समर्पित शेल्टर होम और दीर्घकालिक योजना की जरूरत है। इस मुद्दे पर चिदंबरम की पहल को राजनीतिक गलियारों में सराहना और आलोचना दोनों मिल रही है। जहां एक तरफ स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसे जनहित से जुड़ा कदम बताया, वहीं कुछ पशु अधिकार समूहों ने आशंका जताई कि इससे आवारा जानवरों के प्रति क्रूरता बढ़ सकती है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक इस मुलाकात पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
तेलंगाना में रैगिंग के आरोप में तीन छात्रों पर FIR
तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज के तीन छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एमबीबीएस के प्रथम वर्ष के एक छात्र ने उन पर रैगिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना 26 मार्च को कॉलेज के छात्रावास में हुई। शिकायत के बाद तीनों वरिष्ठ छात्रों की काउंसलिंग भी कराई गई।
भारत को लोगों की बुनियादी जरूरतों से समझौता नहीं करना चाहिए: भूपेंद्र यादव
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को कहा कि भारत को विकास करने का अधिकार है और दुनिया को जकड़ने वाली जलवायु चिंता उसे अपने लोगों के लिए भोजन, पानी और ऊर्जा सुनिश्चित करने के अधिकार को छोड़ने के लिए मजबूर नहीं कर सकती। एनजीटी के पर्यावरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने कहा कि विकासशील देशों के लिए जलवायु परिवर्तन के खिलाफ सबसे अच्छा बचाव तीव्र आर्थिक विकास है। भारत जलवायु परिवर्तन को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है और उसने 2030 के लक्ष्य से नौ वर्ष पहले ही हरित ऊर्जा पर पेरिस समझौते की प्रतिबद्धताओं को पूरा कर लिया है। पेरिस समझौते के तहत दुनिया इस बात पर सहमत हुई कि जलवायु कार्रवाई राष्ट्रीय परिस्थितियों पर आधारित होगी और गरीबी उन्मूलन की चिंताओं को संबोधित करेगी। विकासशील देशों के लिए गरीबी उन्मूलन मुख्य समस्या है।
सहयोग पोर्टल को सेंसरशिप टूल बताने पर केंद्र सरकार ने जताई आपत्ति
केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स द्वारा सहयोग पोर्टल को सेंसरशिप टूल बताने पर कड़ी आपत्ति जताई है। इस दावे को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय कहा है। कर्नाटक हाईकोर्ट में विस्तृत रिपोर्ट दायर करते हुए केंद्र ने एक्स कॉर्प की ओर दायर याचिका में किए गए दावों का खंडन किया है। सरकार ने दावा किया कि याचिकाकर्ता ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के प्रावधानों की गलत व्याख्या की है।
अमृत भारत योजना के तहत पूर्वोत्तर में 60 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास शुरू
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूर्वोत्तर के 60 रेलवे स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य चल रहा है। इनमें से असम के 50 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना पूरे भारत में स्टेशनों के पुनर्विकास की एक योजना है। परियोजना के तहत पूर्वोत्तर में कुल 60 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। असम में 50 स्टेशनों का चयन किया गया है और इनका पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें से कुछ स्टेशनों का काम बहुत ही उन्नत चरण में है और हम धीरे-धीरे एक-एक करके इन स्टेशनों को चालू करेंगे। स्टेशनों में हैबोरगांव, नारेंगी, जगीरोडांड और चपरमुख शामिल हैं, साथ ही कई अन्य स्टेशनों को इस परियोजना के तहत पुनर्विकसित किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र में कहा, 'मैं केरल, गुजरात और अंडमान-निकोबार के तट पर अपतटीय खनन की अनुमति देने के केंद्र सरकार के फैसले की कड़ी निंदा करता हूं। बिना इसके पर्यावरणीय प्रभाव का मूल्यांकन किए, हमारे तटीय समुदाय अपतटीय खनन के लिए निविदाएं जारी करने के तरीके का विरोध कर रहे हैं। लाखों मछुआरों ने अपनी आजीविका और जीवन शैली पर इसके प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। मैं सरकार से अपतटीय खनन ब्लॉकों के लिए जारी निविदाओं को रद्द करने की पुरजोर अपील करता हूं।'
ओडिशा विधानसभा गेट पर धरना दे रहे कांग्रेस के दो विधायक बीमार, अस्पताल में भर्ती
ओडिशा विधानसभा गेट पर शनिवार को धरना दे रहे कांग्रेस के दो विधायक बीमार हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन विधायकों की तबीयत खराब हुई है, उनमें कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता राम चंद्र कदम और पार्टी विधायक अशोक दास शामिल हैं। एक पार्टी नेता ने बताया कि दोनों को कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि कदम और दास विधानसभा परिसर में प्रवेश से मना किए जाने के विरोध में विधानसभा भवन के गेट नंबर 3 के सामने धरना दे रहे थे।
झारखंड के एक गांव से 28 आईईडी बरामद
सुरक्षा बलों ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक गांव के वन क्षेत्र से 28 आईईडी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को माओवादियों के एक ठिकाने से कुल 23 डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक भी जब्त किए गए। सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने टोंटो थाना क्षेत्र के जिमकीकिर गांव में लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का पता लगाया। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। टीम ने माओवादियों के ठिकाने से बारूद के साथ-साथ डेटोनेटर भी जब्त किया है।
SLBC सुरंग से बचाव दल ने निकाला लोगो इंजन
तेलंगाना के नागरकुरनूल में एसएलबीसी सुरंग ढहने के बाद बचाव दल ने उसमें फंसे लोको इंजन को बाहर निकाल लिया है। इसके अलावा, सुरंग के अंदर फंसे छह श्रमिकों को बचाने के लिए अभियान जारी है।
असम में गिरफ्तार किया पत्रकार जमानत पर रिहा
असम में गिरफ्तार किए गए पत्रकार दिलवर हुसैन मजूमदार को शनिवार को न्यायिक हिरासत से रिहा कर दिया गया है। एक दिन पहले ही अदालत ने उन्हें दूसरे मामले में जमानत दी थी। मजूमदार को मंगलवार आधी रात को गुवाहाटी पुलिस ने असम कोऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के प्रबंधक से कथि वित्तीय अनियमितताओं के बारे में सवाल पूछे जाने पर गिरफ्तार किया गया था। एक बैंक कर्मचारी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस मामले में उन्हें बुधवार को जमानत दे दी गई थी, लेकिन अगले दिन अगले दिन बैंक के प्रबंध निदेशक डंबरू सैकिया द्वारा दर्ज कराए गए दूसरे मामले में रिहा होने के तुरंत बाद उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर बैंक के मूल्यवान दस्तावेजों को चुराने का कथित रूप से प्रयास करने का आरोप लगा है।
केरल विवि में एमबीए की उत्तर पुस्तिकाएं गुम, दोबारा परीक्षा के फैसले से हंगामा
केरल विश्वविद्यालय के एक शिक्षण संकाय के पास से 71 एमबीए छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के गुम हो गईं। संकाय ने जब छात्रों को दोबारा परीक्षा में बैठने को कहा तो विवाद शुरू हो गया। विपक्षी यूडीएफ ने इसे उच्च शिक्षा क्षेत्र के कुप्रबंधन और अत्यधिक राजनीतिकरण का उदाहरण करार दिया। बता दें कि 2022-24 बैच की तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा से 'प्रोजेक्ट फाइनेंस' विषय की उत्तर पुस्तिकाएं महीनों पहले मूल्यांकन के लिए संकाय को सौंपे जाने के बाद गायब हो गई थीं। विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने शनिवार को विश्वविद्यालय पर पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद भी परिणामों में देरी करके इस मुद्दे को छिपाने का आरोप लगाया। आरोपों का जवाब देते हुए, उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदु ने स्वीकार किया कि संकाय की कार्रवाई घोर लापरवाही के बराबर है और आश्वासन दिया कि सरकार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी। उन्होंने शनिवार को मीडिया से कहा, सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। विश्वविद्यालय इस मुद्दे को राज्य के पुलिस प्रमुख के समक्ष उठाएगा। मंत्री ने आंशका जताई कि गुम हुईं उत्तर पुस्तिकाएं एक नियोजित कदम का हिस्सा हो सकती हैं।
गोवा में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
गोवा पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसमें चीन मूल का एक कजाखस्तान नागरिक भी शामिल है। पकड़े गए मानव तस्कर दक्षिण एशियाई देशों में नौकरी का झांसा देकर भारतीयों को बंधक बनाते थे और उनसे कॉल सेंटरों के माध्यम से अमेरिकी नागरिकों को ठगने का काम कराते थे। इसी तरह का एक मामला म्यांमार में सामने आया, जहां से 549 भारतीय बचाए गए हैं।
तस्कर थाईलैंड के कॉल सेंटरों में नौकरी का वादा करके लोगों को फंसाते हैं। वहां पहुंचने पर लोगों को बंधक बनाकर कॉल सेंटरों के जरिए अमेरिकी नागरिकों को ठगने के लिए मजबूर किया जाता है। गोवा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अलोक कुमार ने बताया कि 500 से ज्यादा भारतीयों को बचाया गया है, इनमें गोवा का रहने वाला एक व्यक्ति भी शामिल है। एक पीड़ित से पूछताछ के बाद गोवा पुलिस ने मामला दर्ज किया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आदित्य नाम के एक आरोपी को बंगलूरू से गिरफ्तार किया गया। डीजीपी कुमार के मुताबिक, आदित्य से पूछताछ के आधार पर चीनी मूल के एक कजाखस्तान नागरिक समेत दो और लोग गिरफ्तार किए गए। जिनमें से एक की पहचान रूप गुप्ता के रूप में हुई है, जो मुंबई का रहने वाला है। कजाखस्तान नागरिक भारत छोड़ने की फिराक में था, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार करने में सफलता मिली। तीनों आरोपियों से पूछताछ चल रही है।