फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: जायडस वेलनेस प्रोडक्ट को 56.33 करोड़ का नोटिस; प. बंगाल से फर्जी पासपोर्ट रैकेट का सरगना गिरफ्तार

Sun, 29 Dec 2024 10:40 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जायडस वेलनेस प्रोडक्ट को ब्याज और जुर्माने के साथ 56.33 करोड़ रुपये का जीएसटी नोटिस मिला है। कंपनी की मूल इकाई जायडस वेलनेस ने शेयर बाजारों को बताया, जीएसटी के सूरत जोन ने जनवरी, 2019 से पहले के मामले में नोटिस दिया है। कंपनी पर आरोप है कि हेंज इटालिया एसपीए से बौद्धिक संपदा अधिकारों के अधिग्रहण के संबंध में जीएसटी नहीं भरा है। हेंज इंडिया का जायडस वेलनेस प्रोडक्ट में विलय हो गया है। कंपनी नोटिस का अध्ययन कर रही है।
विज्ञापन


उधर, महिंद्रा एंड महिंद्रा लि. ने कहा, तमिलनाडु में स्थानीय जीएसटी अधिकारियों ने चेन्नई में उसकी एक यूनिट के रिकॉर्ड का निरीक्षण किया है। अधिकारियों ने कंपनी की ओर से एक विशिष्ट अवधि के लिए इनपुट टैक्स क्रेडिट दावों के तहत भुगतान सहित वस्तुओं या सेवाओं की आपूर्ति से संबंधित लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड मांगे हैं। कंपनी इसे अधिकारियों को मुहैया कराएगी।  
 

गांजा रखने के आरोप में मापका विधायक का बेटा गिरफ्तार
केरल की माकपा विधायक यू प्रतिभा के बेटे समेत 9 लोगों को पुलिस ने गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। विधायक ने अपने बेटे के पर आरोपो का खंडन किया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था। यह घटना उस समय हुई जब आबकारी विभाग के अधिकारियों ने मादक पदार्थ रखने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही उनके बेटे ने भी सोशल मीडिया पर इन आरोपों को नकारा। 

फेसबुक लाइव में बोलीं विधायक
कायमकुलम विधायक ने फेसबुक लाइव पर कहा कि उनके बेटे से तभी पूछताछ की गई जब वह अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उन्होंने कहा कि मीडिया उन्हें परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब से यह खबर आई है मुझे कई फोन कॉल आ रहे हैं। विधायक ने बताया कि, "जब मेरा बेटा और उसके दोस्त साथ बैठे थे, तब आबकारी अधिकारी आए और उन्होंने सवाल पूछे लेकिन खबर आई कि मेरे बेटे को गांजा के साथ पकड़ा गया है।

अधिकारी ने दी जानकारी
वहीं इस मामले में अधिकारियों के मुताबिक, सभी नौ लोगों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। एक आबकारी अधिकारी ने कहा, "हमने थकाझी पुल के नीचे से एक सदस्य से गांजा जब्त किया। उन्हें धूम्रपान और मारिजुआना रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। चूंकि यह एक छोटी मात्रा थी, इसलिए सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच चल रही है।

हैदराबाद पुलिस ने की सेना को निशाना बनाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट की जांच शुरू
हैदराबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपमानजनक संदेश और वीडियो पोस्ट करने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं और जांच शुरू कर दी है। इनमें पुलिस को निशाना बनाने वाला एक वीडियो भी शामिल है।

इसके साथ ही एक अलग मामले में एक विशेष समुदाय का कथित अपमान करने के आरोप में भी मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि अक्टूबर में एक शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि दो लोगों ने ईसाई समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। जांच में यह भी पता चला कि एक और व्यक्ति ने आरोपी के समर्थन में हिंदुओं को भड़काने वाले वीडियो पोस्ट किए थे।

पुलिस ने दी चेतावनी
वहीं मामले में पुलिस ने चेतावनी दी। इसमें कहा गया कि सोशल मीडिया पर किसी समुदाय को बदनाम या अपमानित करने वाले या उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले वीडियो पोस्ट करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा विधायक ने निखिल रंजन ने जांच की उठाई मांग
भाजपा विधायक निखिल रंजन डे ने शनिवार को इस बात की जांच की मांग की कि कैसे तीन लोग, जिन्हें वे नहीं जानते, उनके अनुशंसा पत्र का उपयोग करके कोलकाता में एमएलए हॉस्टल में रहने में कामयाब रहे। जानकारी के अनुसार कूच बिहार दक्षिण के विधायक डे ने हॉस्टल के अधीक्षक से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि बुकिंग को कैसे मंजूरी दी गई। 

मामले में पुलिस ने बताया कि गुरुवार को कीड स्ट्रीट स्थित एमएलए हॉस्टल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर कथित तौर पर खुद को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से बताकर पूर्व बर्धमान जिले के कलना के एक निवासी से 5 लाख रुपये की जबरन वसूली करने का प्रयास करने का आरोप है। 

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को गुमराह करने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। डे ने पीटीआई से कहा, "मैंने आरोपियों को कभी कोई पत्र जारी नहीं किया और मेरा उनसे कोई संबंध नहीं है। मैं सच्चाई को उजागर करने के लिए पुलिस के साथ पूरा सहयोग करूंगा।

 

नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कठोर कारावास
ओडिशा के बालासोर जिले की एक अदालत ने 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने वाले दोषी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष सरकारी अभियोजक प्रणब कुमार पांडा ने बताया कि नाबालिग के बयानों, 16 गवाहों और 19 सबूतों की जांच के बाद विशेष पॉस्को कोर्ट के जज रंजन कुमार सुतार ने फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी बरियल हसदा (28) पर 1,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 2016 में हसदा ने लड़की का अपहरण किया और अपने गांव लेकर जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। 

कैमरून से वापस लाए गए 11 मजदूर
झारखंड सरकार ने रविवार को कहा कि मध्य अफ्रीका के देश कैमरून में फंसे 47 श्रमिकों में से 11 को राज्य में लाया गया है और शेष श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास जारी हैं। यह घटनाक्रम राज्य सरकार की तरफ से अफ्रीकी देश में फंसे राज्य के 47 श्रमिकों को कथित तौर पर वेतन का भुगतान न करने के आरोप में मुंबई स्थित एक फर्म और कुछ बिचौलियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद सामने आया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, 'कैमरून में फंसे झारखंड के 47 प्रवासी श्रमिकों में से 11 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार राज्य लाया गया। सभी श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा उनके घर भेज दिया गया। शेष 36 श्रमिकों की वापसी भी सुनिश्चित की जा रही है।'

त्रिशूर के मंदिरों में आतिशबाजी की अनुमति न मिलने पर विवाद
केरल के प्रसिद्ध परमेक्कावु और थिरुवंबाडी मंदिरों में पारंपरिक अनुष्ठान वेला एजुन्नालिप्पु के दौरान आतिशबाजी की अनुमति देने से प्रशासन ने इन्कार कर दिया है, जिससे एक नया विवाद शुरू हो गया है। मंदिर प्रबंधन ने इसे प्रतिष्ठित त्रिशूर पूरम उत्सव को खत्म करने की साजिश करार दिया।

त्रिशूर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने केंद्र सरकार के विस्फोट नियमों में संशोधनों का हवाला देते हुए जारी आदेश में कहा है कि क्षेत्र में आतिशबाजी करने के लिए उपयुक्त भौतिक परिस्थिति नहीं है। इससे लोगों की जान और संपत्ति को खतरा हो सकता है। यह आदेश इस साल अक्तूबर में उत्तर मालाबार के अंजुताम्बलम वीरेरकावु मंदिर में हुए उस हादसे के मद्देनजर सामने आए हैं, जब पटाखों के गोदाम में आग लगने से थेय्यम महोत्सव देखने आए 150 से ज्यादा लोग गंभीर से रूप से झुलस गए थे। वेला एजुन्नालिप्पु अनुष्ठान और दोनों मंदिरों में आतिशबाजी का प्रदर्शन जनवरी के पहले सप्ताह में होना है। इसके लिए तिरुवंबाडी देवस्वोम ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी। आदेश में कहा गया है कि संबंधित जांच अधिकारियों की राय है कि लोगों की जान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। तिरुवंबाडी देवस्वोम के सचिव के गिरीश कुमार ने प्रशासन के इस कदम की आलोचना की। कहा कि तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी जा रही है, जबकि वर्षों से यहां आतिशबाजी हो रही है।  

अरुणाचल के चांगलांग से बड़ी संख्या में हथियार बरामद
 सुरक्षा बलों ने अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के मियाओ-विजयनगर के पास हथियारों का जखीरा बरामद किया। संयुक्त अभियान में सेना, असम राइफल्स और अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने भाग लिया। तलाशी के दौरान विशेषज्ञ ड्रोन, खोजी श्वान, धातु पहचानने के उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कोहिमा में बताया कि अभियान के दौरान, विभिन्न स्थानों से कुल 10 प्रकार की असॉल्ट राइफलें बरामद की गईं। इसे क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक माना जा रहा है। ये हथियार ईएनएनजी की ओर से पिछले साल आत्मसमर्पण करने से पहले जंगली क्षेत्र में छुपाए गए थे। सूत्रों के मुताबिक, चांगलांग में सक्रिय उग्रवादी समूह पिछले 6 महीनों से इनकी तलाश कर रहे थे। अभियान को शुरू करने से पहले सुरक्षाकर्मियों ने नामदफा रिजर्व फॉरेस्ट में मौजूद पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। उसके बाद अभियान शुरू किया गया। हथियारों को उग्रवादियों के हाथों में पहुंचने से पहले सुरक्षाबलों ने इन्हें खोज निकाला। 

12.51 करोड़ की साइबर ठगी में निजी बैंक के मैनेजर समेत 4 गिरफ्तार
 बंगलूरू पुलिस ने एक कंपनी के संवेदनशील डाटा चुराकर 12.51 करोड़ रुपये उड़ाने के मामले में निजी बैंक के मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साइबर ठगी की शिकार कंपनी ने नवंबर में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, कंपनी के निदेशक ने बताया कि उसकी कंपनी का नोडल और करंट बैंक खाता एक्सिस बैंक के इंदिरानगर शाखा में था। कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने इन खातों से जुड़े ई-मेल  पते और कॉन्टैक्ट नंबरों को हासिल कर लिया था। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने कंपनी का डाटा चुराया। उसके बाद जाली कॉर्पोरेट इंटरनेट बैंकिंग (सीआईबी) फॉर्म, डुप्लिकेट हस्ताक्षर और मुहरें बनाईं। फिर कंपनी के फोन नंबर और ई-मेल के जरिये 12.51 करोड़ रुपये गुजरात और राजस्थान के 17 बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। इस मामले में जिस बैंक मैनेजर को गिरफ्तार किया गया वह गुजरात में तैनात था। 

21 लाख के पांच इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
 तेलंगाना के भद्राद्रि कोठागुडेम जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों के समक्ष पांच इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें प्रतिबंधित सीपीआई माओवादी पार्टी के क्षेत्र समिति चार सदस्य और एक कैडर शामिल है। इन सभी पर कुल 21 लाख रुपये का इनाम था।

पुलिस ने बताया कि जिला पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों के समक्ष हथियार डालने वालों में पूनम पक्षी, वेट्टी देवा, मदकम उंगी, रव्वा सोमा, माडवी गंगी शामिल हैं। इनमें से वेट्टी और मदकदम भद्राद्री कोठागुडेम जिले की निवासी हैं, जबकि अन्य छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के हैं। पूनम, वेट्टी, मदकम और रव्वा सुरक्षाबलों पर हमले के साथ-साथ कई हिंसक घटनाओं में शामिल थे।  

महाराष्ट्र : पिकनिक के दौरान डूबने से स्कूल प्रिंसिपल की मौत
 महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मुरुड के काशीद समुद्र तट पर डूबने से पुणे के स्कूल के प्रिंसिपल की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पुणे के हवेली तालुका के महात्मा ज्योतिराव हाई स्कूल के प्रिंसिपल धर्मेंद्र देशमुख कुछ शिक्षकों के साथ पिकनिक मनाने आए थे। काशीद समुद्र तट पर साथी शिक्षकों के साथ तैराकी करते हुए देशमुख डूब गए। उन्हें पानी से बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

डब्ल्यूईएफ की बैठक में वैष्णव समेत कई केंद्रीय मंत्री, सीएम होंगे शामिल
 विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक 2025 में भारत की तरफ से केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, सीआर पाटिल, चिराग पासवान, के राम मोहन नायडू, जयंत चौधरी और तीन सीएम देवेंद्र फडणवीस, चंद्रबाबू नायडू और रेवंत रेड्डी शामिल होंगे। बैठक 20 जनवरी से स्विट्जरलैंड के दावोस शहर में होने जा रही है, जिसमें दुनियाभर के कई सरकारी अधिकारी और उद्यमी शिरकत करेंगे। इस पांच दिवसीय सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के मंत्री और सीएम के बेटे नारा लोकेश, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तमिलनाडु के मंत्री टीआरबी राजा और यूपी के मंत्री सुरेश खन्ना भी शामिल होंगे।  

कोरोना बाद की विशेष ट्रेनों का संचालन पुराने नंबरों से होगा
 पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे कोरोना के बाद शून्य नंबर लगाकर चलाई गईं सभी ट्रेनों को एक जनवरी से पुराने नंबर और समयसारिणी के अनुसार संचालित करेगा। अब तक ट्रेनों का संचालन बदले हुए नंबरों से हो रहा है। कोरोना के प्रसार के बाद 20 मार्च, 2020 से रेलवे ने एक्सप्रेस और सभी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। 

 नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कठोर कारावास
ओडिशा के बालासोर जिले की एक अदालत ने 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने वाले दोषी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष सरकारी अभियोजक प्रणब कुमार पांडा ने बताया कि नाबालिग के बयानों, 16 गवाहों और 19 सबूतों की जांच के बाद विशेष पॉस्को कोर्ट के जज रंजन कुमार सुतार ने फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी बरियल हसदा (28) पर 1,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 2016 में हसदा ने लड़की का अपहरण किया और अपने गांव लेकर जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।  

पैंगोंग झील के तट पर शिवाजी की प्रतिमा स्थापित
सेना ने 14,300 फीट की ऊंचाई पर पैंगोंग झील के तट पर मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी की एक प्रतिमा स्थापित की है। यह क्षेत्र पूर्वी लद्दाख सेक्टर में चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट है। सेना की लेह स्थित 14वीं कोर ने कहा कि प्रतिमा का अनावरण भारतीय शासक की अटूट भावना के प्रति सम्मान को दर्शाता है, जिनकी विरासत प्रेरणा स्रोत बनी हुई है। प्रतिमा का अनावरण 14वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल हितेश भल्ला ने बृहस्पतिवार को किया। 

प्रतिमा का अनावरण ऐसे समय पर हुआ है जब कुछ ही सप्ताह पहले भारत व चीन ने टकराव वाले दो अंतिम स्थानों डेमचोक व देपसांग से अपने सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया पूरी की है। पैंगोंग झील क्षेत्र में ही हिंसक झड़प के बाद 5 मई 2020 को पूर्वी लद्दाख सीमा पर गतिरोध शुरू हुआ था।

फर्जी पासपोर्ट रैकेट: पुलिस ने उत्तर 24 परगना से सरगना को दबोचा

कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से फर्जी पासपोर्ट रैकेट के सरगना को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि, इसी मामले में पहले गिरफ्तार किए गए लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कोलकाता पुलिस ने शनिवार देर रात गायघाटा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत चाडापारा स्टेशन रोड पर मौजूद एक घर से मनोज गुप्ता नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि मनोज गुप्ता बेहाला के सिलपारा इलाके का निवासी है और साखेरबाजार में एक ट्रैवल एजेंसी चलाता था।

पुलिस अधिकारी ने बताया, 'यह व्यक्ति फर्जी पासपोर्ट रैकेट के पीछे का दिमाग है। अपनी ट्रैवल एजेंसी के पीछे वह फर्जी पासपोर्ट रैकेट चला रहा था। माना जा रहा है कि वह व्यक्ति वीजा जारी करने में भी शामिल था।' इस महीने की शुरुआत में कोलकाता पुलिस ने बेहाला के परनाश्री इलाके से डाक विभाग के एक संविदा कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। इससे पहले पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्होंने कई फर्जी दस्तावेज, हार्ड डिस्क ड्राइव, एक कंप्यूटर और एक लैपटॉप जब्त किया, जिनका इस्तेमाल फर्जी पासपोर्ट बनाने में किया गया था। पुलिस ने शहर के दक्षिणी हिस्से के हरिदेवपुर इलाके में एक घर पर छापेमारी के दौरान कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए थे। यह गिरोह फर्जी पासपोर्ट बनाता था, जिसका मुख्य उद्देश्य बांग्लादेशियों को अवैध पहचान पत्र दिलवाना और यहां रहना और दुनिया भर में घूमना था।

गोवा: सनबर्न ईडीएम महोत्सव में बेहोश होकर गिरा दिल्ली का एक युवक, मौत
उत्तरी गोवा के धारगल गांव में सनबर्न इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक महोत्सव में भाग लेने के दौरान दिल्ली का एक युवक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। यह जानकारी रविवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी। गोवा पुलिस के प्रवक्ता ने मृतक की पहचान पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी निवासी करण कश्यप के रूप में की। अधिकारी ने बताया, 'यह घटना शनिवार रात 9:45 बजे हुई। कश्यप बेहोश होकर गिर पड़े और उन्हें तुरंत मापुसा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।' पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया जाएगा और अगर कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

मणिपुर में बिना परमिट रह रहे चार मजदूर पकड़े
मणिपुर के थौबल जिले में बिना इनर लाइन परमिट रह रहे चार मजदूरों को पकड़ा गया है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बताया कि इनर लाइन परमिट (ILP) प्रणाली का उल्लंघन करने के लिए चार मजदूरों को पकड़ा गया। वे वैध ILP कार्ड के बिना रह रहे थे और यरीपोक बिष्णुनाहा जलाशय निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। सीएम ने एक्स पर लिखा कि व्यक्तियों की पहचान अफसर अली (22), मोहम्मद सनफराज (20), मोहम्मद रहमतुल्लाह (23), साहबाज आलम (20) के रूप में की गई है। दोषियों को यरीपोक पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उन्हें कार्यकारी मजिस्ट्रेट, थौबल के समक्ष पेश किया गया। ILP प्रणाली के प्रावधानों के अनुसार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी और उन्हें राज्य से निर्वासित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। मैं सभी नियोक्ताओं, ठेकेदारों और निवासियों से अपील करता हूं कि वे ILP प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने में अधिकारियों के साथ सहयोग करें।

असम पुलिस ने पकड़ा ड्रग्स
असम पुलिस ने 15 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की है। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि पुलिस ने 15 करोड़ की याबा गोलियां पकड़ी गईं। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। असम के सीएम ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि विश्वसनीय जानकारी के आधार पर 15 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। कछार पुलिस ने घूंघुर बाईपास पर विशेष अभियान चलाकर पड़ोसी राज्य से आ रहे एक वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में पांच पैकेट में छिपाकर रखी गई 50,000 याबा गोलियां बरामद की गईं। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने असम पुलिस के प्रयास की सराहना की।

धर्म परिवर्तन कराने वाले आरोपियों को पेड़ से बांधकर पीटा
ओडिशा के बालासोर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां भीड़ ने तीन लोगों को पेड़ से बांधकर पीटा। आरोप है कि वे कुछ आदिवासी परिवारों का धर्म परिवर्तन करने की कोशिश कर रहे थे। बता दें कि घटना गुरुवार को गोबरधनपुर गांव में हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके साथ ही मामले में रेमुना थाने के प्रभारी सुभाष चंद्र मलिक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दो महिलाओं और एक पुरुष को बचा लिया।  उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में दो समूहों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है। पुलिस गांव में शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से बचाने के लिए प्रयास कर रही है।
विज्ञापन

ओडिशा: एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज ने अनुशासनहीनता के लिए 4 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त किया

बरहामपुर में मौजूद एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और छात्रावास के अधिकारियों ने रविवार को एक सहायक प्रोफेसर और तीन वरिष्ठ रेजिडेंट समेत चार डॉक्टरों को उनकी सेवाओं से बर्खास्त कर दिया, और 20 दिसंबर को एक छात्र पर कथित रूप से हमला करने के लिए दूसरे वर्ष के स्नातकोत्तर रेजिडेंट को छह महीने के लिए छात्रावास से प्रतिबंधित कर दिया।

अधिकारी ने कहा, आर्थोपेडिक्स के सहायक प्रोफेसर पुरुषोत्तम स्वैन, बाल चिकित्सा विभाग में संविदा चिकित्सक के रूप में नियुक्त वरिष्ठ रेजिडेंट आर्यन कुमार मोहंती, चिन्मय प्रधान और सामान्य सर्जरी विभाग में स्नातकोत्तर वरिष्ठ रेजिडेंट यशवंत वीरा को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि ऑर्थोपेडिक्स में दूसरे वर्ष के स्नातकोत्तर रेजिडेंट प्रियजीत साहू को छह महीने के लिए छात्रावास से प्रतिबंधित कर दिया गया है। ओडिशा सरकार की तरफ से संचालित मेडिकल कॉलेज की डीन और प्रिंसिपल सुचित्रा दाश ने बताया कि यह कार्रवाई 23 दिसंबर को कॉलेज काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद की गई और चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशक (डीएमईटी) की तरफ से अनुशासनात्मक कारणों से निर्देश दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें