प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को हिंदुत्व के प्रतीक वीर सावरकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित किया। उन्होंने कहा है कि कृतज्ञ राष्ट्र उनके अदम्य साहस और संघर्ष की गाथा को कभी नहीं भूल सकता। "भारत माता" के सच्चे सपूत के रूप में सावरकर की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि औपनिवेशिक ब्रिटिश सत्ता की कठोरतम यातनाएं भी मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को कम नहीं कर सकीं। उनका बलिदान और उनकी प्रतिबद्धता एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रकाश स्तंभ का काम करेगी। 1883 में महाराष्ट्र में जन्मे सावरकर, अत्यंत कठोर परिस्थितियों में अंडमान द्वीप समूह में कारावास से पहले, ब्रिटिश साम्राज्य से स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए क्रांतिकारी तरीकों के समर्थक थे। हिंदू राष्ट्रवादियों के नायक माने जाते हैं। उन्हें हिंदुत्व के राजनीतिक ढांचे को विकसित करने का श्रेय दिया जाता है और वे एक विपुल लेखक और कवि थे।
ईटानगर: अरुणाचल में कोविड की मौजूदा लहर का पहला मामला
अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 की मौजूदा लहर का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य निगरानी अधिकारी लोबसांग जम्पा ने बताया कि मंगलवार को आरटी-पीसीआर जांच में मां और बेटी में संक्रमण की पुष्टि हुई। यहां सोमवार को 34 वर्षीय गर्भवती महिला को बुखार और हल्की खांसी की शिकायत के बाद रैपिड एंटीजन टेस्ट (आरएटी) के जरिए प्रारंभिक जांच में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया था। जम्पा ने कहा, ‘‘हमने संक्रमण की पुष्टि के लिए मंगलवार को आरटी-पीसीआर जांच कराई और रिपोर्ट पॉजिटिव आई।’’ उन्होंने बताया कि वह 13 मई को बेंगलुरु से ईटानगर पहुंची थीं।
गुजरात: पाटन के संतलपुर में एक को जिंदा जलाया, दो गिरफ्तार
पाटन जिले के संतलपुर तहसील के पिपराला गांव के निवासी हरजीभाई देवाभाई सोलंकी को जिंदा जला दिया गया। आईजीपी बॉर्डर रेंज चिराग कोटडिया ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कर्नाटक में हत्या के बाद भड़काऊ टिप्पणी
कर्नाटक के मंगलुरू में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता शरण पंपवेल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक पंपवेल ने कथित रूप से भड़काऊ टिप्पणी की। इन पर अशांति भड़काने का आरोप भी लगा है। मामला इस महीने की शुरुआत में हिंदुत्व कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या से जुड़ा है। शेट्टी की विगत एक मई को मंगलुरु शहर के बाजपे पुलिस थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। हत्या के अगले दिन पंपवेल ने कहा था कि मर्डर में 'जिहादी इस्लामी आतंकियों' का हाथ है। उन्होंने इस घटना को प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जोड़ते हुए जिलाव्यापी बंद का एलान भी किया था। आम जनता ने बंद के आह्वान पर ध्यान नहीं दिया। इससे आक्रोशित होकर पंपवेल के समर्थकों ने कथित तौर पर मंगलुरु के विभिन्न हिस्सों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने कहा कि उपद्रव के कारण सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा और सांप्रदायिक सद्भाव भी बिगड़ा। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और 27 मई को हिरासत में लेने के बाद उसे अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
29 मई को सिक्किम जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने 29 मई को राजधानी गंगटोक जाएंगे। पलजोर स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में पीएम मोदी के शिरकत करने को लेकर जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक अलग-अलग राज्य सरकार के विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और केंद्र सरकार की एजेंसियों को निमंत्रण भेजा गया है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने पारंपरिक परिधानों में कार्यक्रम में शामिल हों। गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक समारोह के सुचारू संचालन के लिए गंगटोक में कार्यालयों और स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। वाहनों की आवाजाही पर पाबंदियां भी लगाई जाएंगी।
तेल अवीव के लिए एअर इंडिया की उड़ानें अब 19 जून तक निरस्त
एअर इंडिया ने मंगलवार को तेल अवीव से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 19 जून तक निलंबन बढ़ाने की घोषणा की। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, इस अवधि तक वैध टिकट वाले ग्राहकों को एक बार के लिए रीशेड्यूलिंग शुल्क में छूट या रद्दीकरण पर पूर्ण रिफंड की पेशकश की जाती है। यह निर्णय 4 मई को हुए हमले के बाद लिया गया था, जब यमन के हूती समूह की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को इस्राइली वायु रक्षा प्रणाली रोकने में विफल रही। द टाइम्स ऑफ इस्राइल के अनुसार, यह मिसाइल मुख्य टर्मिनल 3 के नियंत्रण टावर से कुछ सौ गज दूर एक सड़क के पास गिरी थीं। इसके बाद से अधिकांश विदेशी एयरलाइनों ने इस्राइल के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं, इस कारण कई इस्राइली विदेशों में फंसे हुए हैं। इससे पहले एयरलाइन ने तेल अवीव के लिए अपनी उड़ानें 25 मई तक के लिए निरस्त की थीं।
आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हों लोकतांत्रिक देशों की संसद : बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को आतंकवाद को मानव विकास के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया और कहा कि इस वैश्विक चुनौती के खिलाफ सभी लोकतांत्रिक देशों की संसदों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने श्रीलंका की संसद के उपाध्यक्ष और श्रीलंका की संसद की समितियों के सभापति रिज्वी सालेह के नेतृत्व में भारत यात्रा पर आए श्रीलंकाई संसदीय शिष्टमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान ये टिप्पणी की। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बिरला ने कहा, आतंकवाद, चाहे किसी भी रूप में हो, सभ्यता और मानव विकास के लिए सबसे बड़ा खतरा है। यह किसी एक देश या एक क्षेत्र के लिए खतरा नहीं है, बल्कि पूरी मानवता के लिए बड़ी चुनौती है।
बिहार में निर्मित पहले मालवाहक ट्रेन का अनावरण; पश्चिम अफ्रीका में निर्यात किया जाएगा
वैबटेक और भारतीय रेलवे ने बिहार में निर्मित अपना पहला मालवाहक लोकोमोटिव (ट्रेन) प्रदर्शित किया। इसे अगले महीने पश्चिम अफ्रीका को निर्यात किया जाएगा। रेलवे ने पिछले साल सितंबर में घोषणा की थी कि बिहार में इसकी मरहोरा विनिर्माण इकाई जल्द ही अफ्रीका को लोकोमोटिव निर्यात करना शुरू कर देगी। रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, हम अपनी प्रतिबद्धताओं पर खरे उतरे हैं और यह उपलब्धि भारतीय विनिर्माण और इंजीनियरिंग की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बताती है। मालगाड़ी के पहले लुक का अनावरण करने के अलावा कंपनी ने मरहोरा प्लांट में इसका नामकरण समारोह भी आयोजित किया, जिसमें वैबटेक, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और पश्चिम अफ्रीकी देश के प्रतिनिधि शामिल हुए। मरहोरा सुविधा सेंटर ने पिछले नौ वर्षों में रेलवे को 700 से अधिक लोकोमोटिव सौंपा है। इस सेंटर की स्थापना भारतीय रेलवे और वैबटेक के बीच सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के रूप में 2015 में की गई थी।
मारपीट में भाजपा विधायक मिश्रीलाल को 2 साल की कैद
बिहार के दरभंगा जिले की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने मंगलवार को अलीनगर से भाजपा विधायक मिश्री लाल यादव और उनके सहयोगी सुरेश यादव को 2019 के मारपीट मामले में दो साल की कारावास की सजा सुनाई। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुमन कुमार दिवाकर ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। सहायक लोक अभियोजक रेणु झा ने बताया कि विधायक ने फरवरी 2025 में दी गई तीन महीने की सजा और 500 रुपये के जुर्माने के खिलाफ अपील दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। मामला 29 जनवरी 2019 का है, जब समैला गांव के उमेश मिश्रा ने विधायक और उनके सहयोगियों पर उनके घर के बाहर हमला करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के बाद 17 अप्रैल 2020 को चार्जशीट दाखिल की थी। फरवरी में विशेष न्यायाधीश करुणा निधि प्रसाद आर्य ने दोनों को आईपीसी की धारा 323 के तहत तीन महीने की सजा सुनाई थी। इसके बाद उमेश मिश्रा की ओर से सजा बढ़ाने की याचिका दायर की गई थी।
असम में 3.5 करोड़ की हेरोइन और पिस्तौल के साथ तस्कर गिरफ्तार
असम के कछार जिले में 3.5 करोड़ रुपये की हेरोइन की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास एक पिस्तौल भी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि असम राइफल्स और कछार पुलिस ने एक अभियान तहत यह कार्रवाई की।
चेन्नई के पास थीम पार्क में हादसा, बाल-बाल बचे 36 लोग
तमिलनाडु के इंजमबक्कम में एक थीम पार्क में मौज-मस्ती के दौरान बड़ा हादसा टल गया। तकनीकी खराबी के कारण एक झूले (स्काई लिफ्टों) में बैठे बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों की जान संकट में फंस गई। स्थानीय पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग के लगभग 35 कर्मियों ने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा।
मणिपुर में साढ़े आठ घंटों में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। इनमें सबसे शक्तिशाली भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 5.2 रही। हालांकि, भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर फिलहाल सामने नहीं आई है।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने उत्तर-पूर्व में दो अलग-अलग अभियानों में लगभग 23.5 करोड़ रुपये की हेरोइन और मेथमफेटामाइन जब्त की और इसकी तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
केरल में आदिवासी युवक को बिजली के खंभे से बांधा, दो व्यक्ति गिरफ्तार
केरल के पालक्कड़ जिले में आदिवासी युवक के साथ मारपीट कर उसे बिजली के खंभे से बांधने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान विष्णुदास (31) और रेजी मैथ्यू (21) के रूप में हुई है। दोनों दूध संग्रहण वाहन में चालक और सहायक के तौर पर कार्यरत हैं।शिकायत के अनुसार, 24 मई की दोपहर चित्तूर उन्नति का रहने वाला 19 वर्षीय पीड़ित सिजु सड़क पर पैदल जा रहा था। तभी वह अचानक फिसलकर गिर गया। आरोपियों का दावा है कि उसने जानबूझकर वाहन को रोकने के लिए सड़क पर गिरने का नाटक किया और उनके वाहन को नुकसान पहुंचाया। सिजु के साथ मारपीट के बाद दोनों युवकों ने उसे सड़क किनारे एक बिजली के खंभे से बांध दिया। चिल्लाने पर राहगीरों ने करीब 30 मिनट बाद उसे बंधनमुक्त किया। पुलिस ने बताया कि एक अस्पताल में पीड़ित का इलाज चल रहा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हैदराबाद में नक्सली बनकर 50 लाख की जबरन वसूली करने की कोशिश करने वाले दो लोग गिरफ्तार
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में नक्सली बनकर एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये की जबरन वसूली की कोशिश करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। साइबराबाद पुलिस ने एक बयान में कहा कि उसने आंध्र प्रदेश के गन्नवरम निवासी दो आरोपियों से 13 देशी बम भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने बताया कि नक्सली बनकर पैसे ऐंठने की साजिश रचने वाले दो लोगों ने शिकायतकर्ता के घर पर एक कार पर धमकी भरा पत्र छोड़ा। इसमें उन्होंने 50 लाख रुपये की मांग की और मांग पूरी न करने पर शिकायतकर्ता को अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस संबंध में 22 मई को जीडीमेटला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। मामला दर्ज कर पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पाया है कि दो व्यक्ति शिकायतकर्ता के घर गए थे। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बैठक की तस्वीर साझा की। ऑपरेशन सिंदूर के बाद तेजी से बदलते घटनाक्रम को देखते हुए गृह मंत्री की राष्ट्रपति के साथ इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
आंध्र के विशाखापत्तनम जिले में मालगाड़ी के 25 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल सेवाएं प्रभावित
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में बुधवार को लौह अयस्क से लदी एक मालगाड़ी के 25 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। यह हादसा एक सुरंग के अंदर हुआ। इसके चलते यहां रेल सेवाएं बाधित रहीं। रेलवे ने बताया कि अधिकारियों ने तेजी से रेल सेवाएं बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। भुवनेश्वर मुख्यालय वाले पूर्वी तटीय रेलवे के वाल्टेयर डिवीजन में कोठावलासा-किरंदुल लाइन पर चिमिडिपल्ली स्टेशन के पास ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे।
वाल्टेयर संभाग के वरिष्ठ डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर के संदीप ने एक विज्ञप्ति में कहा, सेवाओं को जल्द से जल्द फिर से शुरू करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना दोपहर करीब 1.05 बजे हुई, जिससे रेलवे सेवाएं प्रभावित हुईं।
एन चंद्रबाबू नायडू दो सालों के लिए चुने गए तेदेपा अध्यक्ष
कडपा (आंध्र प्रदेश)। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू अगले दो सालों के लिए पार्टी के अध्यक्ष चुने गए।
तेदेपा के वरिष्ठ नेता वरला रमैया ने यहां पार्टी के तीन-दिवसीय वार्षिक सम्मेलन महानाडू के दूसरे दिन चुनाव के परिणाम की घोषणा की और बाद में जय-जयकार के बीच नायडू को (अध्यक्ष) पद की शपथ दिलाई। रमैया ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, नारा चंद्रबाबू नायडू को अगले दो वर्षों के लिए तेदेपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। रमैया ने बताया कि इस चुनाव के लिए एक चुनाव कार्यालय स्थापित किया गया था और पार्टी के लगभग 600 नेता नायडू को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुनने के लिए आगे आए।