फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: नाम-प्रतीक कानून में संशोधन पर मंथन कर रहा केंद्र; अरब सागर में फंसे 13 मछुआरों को बचाया

Wed, 28 Aug 2024 11:05 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

देश की दूसरी परमाणु ऊर्जा चालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी आईएनएस अरिघात बृहस्पतिवार को नौसेना में शामिल हो सकती है। सूत्रों ने बताया कि शीर्ष रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इसका जलावतरण किया जाएगा। आईएनएस अरिघात अरिहंत श्रेणी की भारत में निर्मित की गई दूसरी परमाणु पनडुब्बी है। यह देश की समुद्री सीमा की आईएनएस अरिहंत के साथ मिलकर सुरक्षा करेगी, जिसे नौसेना में 2009 में शामिल किया गया था। नौसेना ने पहले ही इन दोनों पनडुब्बियों से लंबी दूरी तक मार करने वाली परमाणु मिसाइलों का परीक्षण किया है। भारत की तीसरी परमाणु ऊर्जा संचालित पनडुब्बी के 2035-36 तक तैयार हो जाने की उम्मीद है। भारत स्वदेश में ही परमाणु और पारंपरिक दोनों ही तरह की पनडुब्बियों के निर्माण पर काम कर रहा है। अरिहंत श्रेणी की पांच पनडुब्बियों का निर्माण भी किया जाना है।

विज्ञापन

नाम-प्रतीक कानून में संशोधन पर विचार कर रही केंद्र सरकार
केंद्र सरकार नाम और प्रतीक (अनुचित प्रयोग की रोकथाम) अधिनियम, 1950 में महत्वपूर्ण संशोधन पर विचार कर रही है। ताकि कानून को मजबूत किया जा सके और उल्लंघनों को रोका जा सके। सूत्रों के मुताबिक प्रस्तावित बदलाव में जुर्माने को 1 लाख रुपये करने तथा अपराधियों को कारावास का प्रावधान शामिल है। वर्तमान कानून के तहत उल्लंघनकर्ताओं को कुछ प्रतीकों और नामों के अनुचित उपयोग के लिए मात्र 500 रुपये का जुर्माना देना पड़ता है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने पहली बार अपराध करने वालों के लिए जुर्माने की राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपए करने का प्रस्ताव दिया है। बार-बार उल्लंघन करने वालों को 5 लाख रुपए तक का जुर्माना और छह महीने की जेल हो सकती है। मंत्रालय ने इस मुद्दे पर हितधारकों से विचार-विमर्श किया है। यदि इसे मंजूरी मिल जाती है, तो यह 74 वर्ष पहले अधिनियम के लागू होने के बाद से पहला संशोधन होगा।

अमित शाह से मिले नतुंग, अरुणाचल सीमा पर बाड़बंदी का किया आग्रह

अरुणाचल प्रदेश के मंत्री मामा नतुंग ने सोमवार को नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और सीमा पार अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर बाड़ लगाने का आग्रह किया। नतुंग ने कहा कि घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी, विद्रोही एवं अन्य अवैध सीमा पार गतिविधियों को रोकने के लिए बाड़ लगाना पूर्वोत्तर राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने संकटग्रस्त जिलों के लिए पैकेज 2.0 की कार्य योजना केंद्रीय गृह मंत्री को सौंपी। 

चिली के विदेश मंत्री क्लावेरेन 5 दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे

चिली के विदेश मंत्री अल्बर्टो वान क्लावेरेन पांच दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को भारत पहुंचे। वह विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ 28 अगस्त को हैदराबाद हाउस में एक बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।

एफटीए पर भारत-ओमान की  वार्ता आगे बढ़ी, समझौता जल्द

भारत व ओमान के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ता अग्रिम चरण में पहुंच गई है। ओमान में भारतीय राजदूत अमित नारंग ने कहा कि दोनों पक्षों को उम्मीद है कि करार जल्द ही हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार करार दोनों देशों के बीच व्यापार व निवेश संबंधों को गति देगा। इसे आधिकारिक तौर पर व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के तौर पर जाना जाता है। 

तमिल अभिनेता बिजिली रमेश का 46 वर्ष की आयु में निधन

तमिल अभिनेता और यूट्यूब सेंसेशन बिजिली रमेश (46) का निधन हो गया है। परिजनों के मुताबिक, रमेश लिवर संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे और उनका यहां एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही वह अस्पताल से घर लौटे थे। सोमवार रात सोते समय अचानक उनका निधन हो गया। 

अरब सागर में फंसे 13 मछुआरों को बचाया
गुजरात में भारी बारिश के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने द्वारका तट से दूर अरब सागर में बह रही एक नौका पर सवार 13 मछुआरों को बचाया। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने कहा कि मंगलवार को मछली पकड़ने वाली नौका पद्मावती के मालिक के आपातकालीन संदेश पर हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) और एक जहाज को तैनात किया गया। नौका द्वारका से लगभग 15 किमी दूर थी। खराब मौसम और प्रतिकूल समुद्री परिस्थितियों के कारण नाव की मशीनरी खराब हो गई थी। समुद्री सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक आईसीजी के एएलएच हेलीकॉप्टर और जहाज ने रात भर चले अभियान के बाद नाव को खींचकर बुधवार सुबह सुरक्षित रूप से ओखा पहुंचाया। चालक दल के सभी 13 सदस्य सुरक्षित हैं।

मिजोरम में पांच करोड़ के मादक पदार्थ के साथ दो लोग पकड़े
मिजोरम पुलिस ने मादक पदार्थ मेथामफेटामाइन की चार लाख गोलियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए मेथामफेटामाइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। सीआईडी (विशेष शाखा) की टीम ने मंगलवार को खुफिया अभियान चलाया। टीम ने कुलिकावन ईस्ट प्रेस्बिटेरियन चर्च के पास एक ट्रक को रोका। टीम ने ट्रक से 5.10 करोड़ रुपये मूल्य का 39.257 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त किया। यह 17 इलेक्ट्रिक एयर कूलरों के अंदर छिपाया गया था। इन्हें म्यांमार सीमा के पास पूर्वी मिजोरम के चंफाई जिले के जोखावथर से लाया गया था। टीम ने ट्रक चालक और मादक पदार्थ के प्राप्तकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।

बूचड़खाने से गायों को बचाया, पांच लोग पकड़े
महाराष्ट्र के बीड में पुलिस ने एक बूचड़खाने से छह गायों को बचाया। साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को अंबेजोगाई शहर के बाराभाई गुल्ली से बड़ी मात्रा में पशुओं का मांस जब्त किया गया। बूचड़खाने में पुलिस को 11 मवेशी मिले। आरोपियों ने पहले ही कम से कम तीन गायों को काट दिया था। घटनास्थल से लगभग 1,200 किलोग्राम पशुओं का मांस बरामद किया गया। अधिकारी ने बताया कि पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम और महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम के तहत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। बचाए गए पशुओं को कस्बे की एक गोशाला स्थानांतरित कर दिया गया।

गुजरात में रेलवे ट्रैक पर आए पांच शेर, लोको पायलट ने लगाए मालगाड़ी के इमरजेंसी ब्रेक
गुजरात के अमरेली जिले में बुधवार तड़के रेलवे ट्रैक पर पांच शेर आ गए। ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। पश्चिमी रेलवे के भावनगर मंडल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे गिर वन के पीपावाव-राजुला खंड पर जा रही मालगाड़ी के लोको पायलट भूपेंद्र मीणा को पटरी पर पांच एशियाई शेरों की मौजूदगी होने के बारे में वन विभाग के कर्मियों ने टॉर्च से संकेत देकर सतर्क किया। लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। शेरों के पटरी से हटने के बाद मालगाड़ी अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।

कृष्णागिरि में छात्राओं के यौन उत्पीड़न मामले में हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, सरकार ने कहा- स्कूल को दिया नोटिस
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को मद्रास उच्च न्यायालय में बताया कि कृष्णागिरि के जिस स्कूल में फर्जी एनसीसी शिविर लगाया गया था, उसे नोटिस जारी किया गया है। स्कूल में फर्जी एनसीसी शिविर के दौरान 12 लड़कियों का यौन शोषण किया गया था। मद्रास हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश डी कृष्णकुमार और न्यायमूर्ति पीबी बालाजी की पीठ के सामने जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता पीएस रमण ने कहा कि स्कूल प्रबंधन को बृहस्पतिवार तक जवाब देना है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो विद्यालय में स्कूल शिक्षा निदेशक को विशेष अधिकारी नियुक्त करने का प्रस्ताव दिया गया है।

पीठ ने महाधिवक्ता से जांच रिपोर्ट तथा मुख्य आरोपी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पेश करने को कहा।जिसने घटना के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उच्च न्यायालय ने मुख्य आरोपी के पिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मांगी। पीठ ने तमिलनाडु विधिक सेवा प्राधिकरण को विद्यालय का निरीक्षण करने, छात्राओं एवं अभिभावकों से बातचीत करने और रिपोर्ट दाखिल करने का भी निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई चार सितंबर को होगी।

मामले में जनहित याचिका दायर करने वाले वकील सूर्यप्रकाशम ने स्कूली बच्चों के यौन शोषण की जांच को कृष्णागिरी पुलिस से सीबीआई को हस्तांतरित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय जांच पूरी होने का इंतजार किए बगैर जिला बाल कल्याण समिति को निर्देश दे कि प्रभावित बच्चों को संबंधित कानूनों के तहत राहत दी जाए।
विज्ञापन

असम में पुलिसकर्मी ने महिला प्रदर्शनकारी को मारा थप्पड़
असम की एक पुलिसकर्मी ने राज्य सचिवालय के पास प्रदर्शन कर रही एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए। बुधवार को कुछ महिलाएं गुवाहाटी में राज्य सचिवालय के सामने प्राकृतिक जल निकाय सिल्साको बील से बेदखली अभियान का विरोध कर रहीं थीं। जैसे ही उन्होंने विधानसभा परिसर की ओर मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोका। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी ने एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मार दिया। प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया। पुलिस आयुक्त दिगंता बराह ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मोइत्रयी डेका को जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें