फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: हैदराबाद में घर में आग लगने से बच्ची समेत तीन की मौत; बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बने मनन मिश्रा

Sat, 01 Mar 2025 07:53 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हैदराबाद के पुप्पलगुडा में शुक्रवार शाम एक घर में तीन सिलेंडर फटने से आग लग गई। पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब पौने छह बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, आग लगने के दौरान इमारत में कुल आठ सदस्य मौजूद थे, जिनमें से एक सात वर्षीय लड़की सहित परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि पांच लोगों को दमकलकर्मियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बचा लिया। उनमें से घायल दो लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर किराना दुकान में रेफ्रिजरेटर में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सटीक कारण की अभी भी जांच की जा रही है। 

विज्ञापन


बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बने मनन मिश्रा
वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा के राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के अध्यक्ष चुने गए। बार काउंसिल ने बताया कि वे लगातार सातवीं बार अध्यक्ष बने हैं। 
 

मासिक औषधि अलर्ट जारी
केंद्रीय औषधि प्रयोगशालाओं ने फरवरी के लिए अपना मासिक औषधि अलर्ट जारी किया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि टेस्टिंग में विभिन्न फर्मों द्वारा निर्मित 52 दवाओं के नमूने फेल हो गए। दवा के नमूने 'मानक गुणवत्ता के नहीं' पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा, राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं ने नवंबर में 93 दवा नमूनों की पहचान एनएसक्यू के रूप में की। नियमित नियामक निगरानी गतिविधि के अनुसार, एनएसक्यू दवाओं की सूची मासिक आधार पर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) पोर्टल पर प्रदर्शित की गई। अधिकारियों ने बताया कि दवा के नमूनों को एनएसक्यू के रूप में पहचानने का कारण यह होता है कि वे एक या अधिक गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं। 

विज्ञापन

ओडिशा में आईपीएस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल
ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को आईपीएस कैडर में बड़ा फेरबदल किया, जिसमें 26 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है। भुवनेश्वर और कटक के लिए नए पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) की नियुक्ति की गई है। भुवनेश्वर के डीसीपी पिनाका मिश्रा की जगह कटक के डीसीपी जगमोहन मीना को नियुक्त किया गया। 2011 बैच के अधिकारी पिनाका मिश्रा को अब भुवनेश्वर की एसटीएफ (विशेष कार्य बल) में डीआईजी बनाया गया है। 2013 बैच के अधिकारी ऋषिकेश ज्ञानदेव को कटक के नए डीसीपी के रूप में नियुक्त किया गया है। वह पहले बोलनगीर के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे। 2002 बैच के आईपीएस अधिकारी नरसिंह भोल को भुवनेश्वर और कटक के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। भोल इससे पहले ओडिशा के आबकारी आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। भोल ने भुवनेश्वर-कटक के मौजूदा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त उमाशंकर दाश की जगह ली है। 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी दाश को स्थानांतरित कर डीआईजी, होम गार्ड और फायर सर्विसेज के पद पर तैनात किया गया है।


 

विवादित बयान के बाद मयिलादुथुराई के डीएम का तबादला

तमिलनाडु सरकार ने मयिलादुथुराई जिले के डीएम एपी महाभारती का तबादला कर दिया है। एपी महाभारती के विवादित बयान के चलते यह कार्रवाई हुई है। दरअसल एपी महाभारती ने एक तीन साल की बच्ची के यौन शोषण के मामले में कहा था कि पीड़िता ने ही आरोपी को उकसाया होगा। जिलाधिकारी के इस बयान पर काफी हंगामा हुआ, जिसके बाद सरकार ने एपी महाभारती का तबादला कर दिया और उनकी जगह एच एस श्रीकांत को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। 

केरल में आपसी झगड़े में छात्र की मौत

केरल के कोझिकोड में बीती 27 फरवरी को स्कूल के बाहर हुए एक झगड़े में एक छात्र की मौत हो गई। छात्रों के आपसी झगड़े में पीड़ित छात्र को गंभीर चोटें आईं थी, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा था। अब उसकी मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही केरल के शिक्षा मंत्री ने भी घटना की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। 
 

टैरिफ के बढ़ते खतरे को सकारात्मक रूप में बदल सकते हैं: अरविंद पनगढ़िया
 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने शनिवार को कहा कि अगर भारत पारस्परिक टैरिफ में कटौती सुनिश्चित करने के लिए इसका लाभ उठा सकता है तो अमेरिका से पारस्परिक टैरिफ के बढ़ते खतरे को सकारात्मक में बदला जा सकता है। हालांकि, अगर इसके परिणामस्वरूप टैरिफ युद्ध होता है, जहां अमेरिका भारत पर टैरिफ लगाता है और भारत अपने टैरिफ के साथ जवाबी कार्रवाई करता है, तो इसका परिणाम दुर्भाग्यपूर्ण होगा। इससे किसी भी पक्ष को फायदा नहीं होगा। अमेरिका पहले ही स्टील और एल्यूमीनियम पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा कर चुका है। यह 12 मार्च से लागू होगा। भारत इन सामानों का निर्यात अमेरिका को भी करता है। 2018 में जब अमेरिका ने कुछ स्टील और एल्यूमीनियम सामानों पर शुल्क लगाया तो भारत ने 2019 में सेब सहित 29 अमेरिकी सामानों पर जवाबी शुल्क लगाया था। पनगढ़िया ने कहा, हमारा 1991 का आर्थिक उदारीकरण हमें अधिक प्रतिस्पर्धी बनाता है। हमें अधिक कुशल बनने के लिए मजबूर करता है और उस प्रक्रिया में, यदि हम पारस्परिक टैरिफ सौदेबाजी करते हैं, तो हम अमेरिकी बाजार तक बेहतर पहुंच भी प्राप्त कर सकते हैं। कपड़ा और कपड़े जैसे क्षेत्रों को अमेरिका में अधिक बाजार पहुंच मिल सकती है।

कार-ट्रक की टक्कर में पांच तीर्थयात्रियों की मौत
चामराजनगर जिले में कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में माले मदेश्वर मंदिर जा रहे पांच तीर्थयात्रियों की शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह के लिए पहाड़ी पर स्थित मंदिर जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन

ग्रामीणों ने पुलिस को पूर्व पंचायत सदस्य को गिरफ्तार करने से रोका
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के एक गांव में कई मामलों वांछित चल रहे युवक को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस टीम गोलपोखर क्षेत्र के चोपरा में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पंचायत सदस्य मुजीबर रहमान को गिरफ्तार करने गई थी। रहमान आर्म्स एक्ट के कई मामलों में वांछित है। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने रहमान को गिरफ्तार करने से रोका। उन्होंने पुलिस हिरासत से युवक को खींच लिया गया। झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं टीएमसी के विधायक हमीदुल रहमान ने दावा किया मुजीबुर रहमान निर्दोष है और पुलिस ने उसे बिना वारंट के गिरफ्तार करने की कोशिश की। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों के मुताबिक रहमान कोई अपराधी नहीं था। वह पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य था। पुलिस आई और उसके घर पर हमला कर दिया। इसके बाद झगड़ा शुरू हुआ। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें