फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: केंद्रीय मंत्री की अपील- महिला को पीटने वाले BJD नेता पर कार्रवाई करें; ठाणे में पेड़ से लटका मिला शव

Mon, 27 May 2024 06:04 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
27 मई की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को ओडिशा पुलिस महानिदेशक से सत्तारूढ़ बीजद नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अनुरोध किया। ढेंकनाल लोकसभा सीट के अंतर्गत हिंडोल की महिला ने बीजद नेता पर हमला करने का आरोप लगाया है। महिला ने रसोल पुलिस को दी शिकायत में कहा, वह लोकसभा और विधानसभा चुनाव के तीसरे दौर के दौरान ढेंकनाल जिले के रसोल में एक बूथ पर वोट डालने गई थी। बूथ पर मौजूद बीजद नेता ने महिलाओं से अपनी पार्टी के लिए वोट करने का आग्रह किया। जब मैंने उनका विरोध किया, तो नेता ने मुझ पर हमला किया। मेरे हाथ में फ्रैक्चर हो गया और सिर पर चोटें आईं।

विज्ञापन

 

केंद्रीय मंत्री प्रधान ने घटना की निंदा की। उन्होंने महिला से मारपीट का एक वीडियो भी शेयर किया। प्रधान ने एक्स पर कहा, 'मुझे उम्मीद है कि @डीजीपीओडिशा इस पर सख्त कार्रवाई करेंगे और इस घटना को अंजाम देने वाले बीजू जनता दल के गुंडों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करेंगे।

ठाणे में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव
महाराष्ट्र के ठाणे शहर के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में रविवार को 25 वर्षीय एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव एक पेड़ से लटका मिला। कुल लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा, स्थानीय अग्निशमन कर्मियों और नागरिक कर्मचारियों ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। चितलसर पुलिस स्टेशन के सहायक निरीक्षक अनिल शिरोले ने कहा कि शव की पहचान प्रीतम राकेश जिमन के रूप में की गई, जो 22 मई से लापता था। पुलिस आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। 

ओडिशा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में लड़कों से आगे लड़कियां
ओडिशा की उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीएचएसई) द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं में लड़कों से आगे लड़कियां रहीं। सीएचएसई के अध्यक्ष अश्विनी मिश्रा ने रविवार को बताया कि कला, विज्ञान, वाणिज्य और वोकेशनल कोर्स के लिए कुल उत्तीर्ण प्रतिशत क्रमशः 80.95, 86.93, 82.27 और 68.02 प्रतिशत रहा। ओडिशा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं इस साल 16 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की गई थीं।

सीमा पार आतंकवाद में शामिल लोगों को मोदी के पीएम बनने के बाद मिला संदेश : केंद्रीय मंत्री पुरी 
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ आतंकवाद को "राज्य की नीति के साधन" के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। कहा, 'पाकिस्तान एक ऐसा देश है, जिसने सचेत रूप से और लगातार राज्य की नीति के एक उपकरण के रूप में आतंक का उपयोग किया है। जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, जो लोग सीमा पार आतंकवाद में शामिल थे, उन्हें एक संदेश मिल गया है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर भी महला बोला। पुरी ने 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों को नरसंहार बताया और इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि कांग्रेस ने अभी तक 'ऑपरेशन ब्लूस्टार' के लिए 'उचित माफी' नहीं मांगी है।

गोवा : नशे में ड्राइवर ने झुग्गियों पर चढ़ाई बस, 4 की मौत, 5 घायल

गोवा के औद्योगिक एस्टेट में एक निजी बस सड़क किनारे बनी दो झुग्गियों में घुस गई। इससे चार मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त ड्राइवर नशे में था। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने घटना पर शोक जताया और कहा ड्राइवर पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक संतोष देसाई ने बताया कि ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

दुकान में लगी आग, 100 से अधिक खरगोश और पक्षी मरे

केरल के नीरामनकुझी में पालतू जानवरों की एक दुकान में रविवार सुबह आग लग लग गई। इससे खरगोशों और कुछ मछलियों सहित लगभग 100 पक्षियों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक,दुकानदार शिबिन की दुकान में लगी आग पर फायर ब्रिगेड के आने के बाद काबू पा लिया गया। इस वजह से कुछ पालतू जानवरों की जान बच गई। दुकान में ढाई लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। मारानल्लूर पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है।

आठ करोड़ रुपये की 53.64 लाख विदेशी सिगरेट जब्त, दो गिरफ्तार

राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई और नवी मुंबई से 8.04 करोड़ की विदेशी ब्रांडों की 53.64 लाख सिगरेट जब्त कीं और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। डीआरआई मुंबई जोनल यूनिट के अधिकारी ने रविवार को कहा कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के ठिकानों पर छापा मारा। यहां से 8.04 करोड़ रुपये मूल्य की 53.64 लाख विदेशी ब्रांड की सिगरेट जब्त की गईं। गिरोह के सरगना और उसके सहयोगी को सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। 

भारत-बांग्लादेश सीमा पर 12 करोड़ के सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार

बीएसएफ ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर 12 करोड़ के 16 किलो सोने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बीएसएफ, दक्षिण बंगाल सीमान्त के जनसंपर्क अधिकारी डीआईजी एके आर्य के मुताबिक छठे चरण के मतदान के दौरान उत्तर 24 परगना जिले की भारत-बांग्लादेश सीमा के सीमावर्ती गांव हलदरपाड़ा में बीएसएफ ने विशेष अभियान चलाकर हलदरपाड़ा गांव के घर से विभिन्न आकार के 89 सोने के बिस्कुट बरामद किए। 

पीएम के इशारे पर काम कर रहीं है जांच एजेंसियां : सिब्बल

राजद नेता तेजस्वी यादव को जेल भेजने की परोक्ष धमकी पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने रविवार को दावा किया कि जांच एजेंसियां पीएम के इशारे पर काम कर रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिब्बल ने एक संवाददाता सम्मेलन में पीएम के मुजरा वाली टिप्पणी की भी आलोचना की। सिब्बल ने कहा, प्रधानमंत्री ने अपने भाषणों में कहा है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया लोगों के नल, बिजली, बैंकों से पैसा छीन लेगा और उन्होंने मुजरा जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सांविधानिक पद की गरिमा को निचले स्तर लेकर आ गए हैं। यह टिप्पणी महिलाओं का अपमान है। 

ओडिशा : ईवीएम में तोड़फोड़ पर भाजपा विधायक को भेजा जेल

ओडिशा के खुर्दा जिले में चिल्का के विधायक प्रशांत जगदेव को ईवीएम में तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ईवीएम में खराबी आने की वजह से विधायक को वोट डालने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इससे नाराज होकर उन्होंने घटना को अंजाम दिया। यह घटना शनिवार को बेगुनिया विधानसभा क्षेत्र के बोलागाड ब्लॉक के कौंरीपटना में बूथ 114 पर हुई। पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने कहा कि विधायक को पीठासीन अधिकारी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद में अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया और फिलहाल वह खुर्दा जेल में बंद है। पीठासीन अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विधायक ने बूथ पर गड़बड़ी की, मतदान प्रक्रिया में बाधा डाली और मतदान कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। बता दें कि जगदेव को भाजपा ने इस बार खुर्दा विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। 

पुलिस ने धारा 144 मनमाने तरीके से लागू की : राज्यपाल

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कोलकाता पुलिस ने धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा को आकस्मिक और मनमाने ढंग से लागू किया है। यह डर पैदा करने वाला है। इसे इतने आकस्मिक, मनमाने तरीके से जारी किया गया है कि यह निस्संदेह आम आदमी को उसकी स्वतंत्रता से वंचित करता है और उसकी स्वतंत्र आवाजाही पर प्रतिबंध लगाता है। राज्यपाल ने कहा कि कोलकाता पुलिस ने कथित तौर पर धारा 144 लगाने के लिए कोलकाता के बाउबाजार पुलिस स्टेशन, हेयर स्ट्रीट पुलिस स्टेशन और मुख्यालय ट्रैफिक गार्ड के तहत आने वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक शांतिभंग करना और दंगा-फसाद को लेकर बड़े पैमाने पर संभावित हिंसक प्रदर्शनों के बारे में विश्वसनीय इनपुट का हवाला दिया है। यह निषेधाज्ञा 28 मई से 26 जुलाई तक लगाई गई है। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि कोलकाता पुलिस ने 28 मई को कोलकाता में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में बाधा डालने और लोगों में डर पैदा करने के लिए मध्य कोलकाता में सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी है।

असम : अवैध कोयला खदान में भूस्खलन, तीन श्रमिक फंसे

असम के तिनसुकिया जिले में  पटकाई पहाड़ियों की एक अवैध कोयला खदान में भूस्खलन होने से तीन खनिक फंस गए हैं। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना बारगोलाई और नामदांग के बीच स्थित अवैध खनन में रात 12.30 बजे हुई। फंसे हुए मजदूरों में एक नेपाल का जबकि दो मेघालय के हैं। इनकी पहचान जॉन और फेनाल के रूप में हुई है। नेपाल के मजदूर की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अधिकारी ने कहा कि मजदूरों को बाहर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

कर्नाटक : हासन के पास सड़क हादसे में बच्चे समेत छह की मौत

कर्नाटक में हासन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर रविवार को हुई दुर्घटना में एक बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई। बताया कि सुबह यात्रियों की कार एक ट्रक से टकरा गई। मृतकों में दो महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है। मरने वालों में ड्राइवर के अलावा बाकी सभी लोग चिक्काबल्लापुरा निवासी एक ही परिवार के थे। वे मंगलूरू से लौट रहे थे। शवों को अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें