राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अपने चार दिवसीय गुजरात दौरे के तहत नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचीं। गुजरात सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मुर्मू शाम को वडोदरा हवाई अड्डे पर उतरीं, जहां गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह एकता नगर (केवड़िया) के लिए रवाना हुईं। 27 फरवरी को राष्ट्रपति केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और उससे सटे एकता कौशल विकास केंद्र का दौरा करेंगी। बाद में वह अहमदाबाद में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान के 44वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। 28 फरवरी को राष्ट्रपति गांधीनगर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। उस दिन वह कच्छ जिले के भुज में स्थित स्मृतिवन भूकंप स्मारक का भी दौरा करेंगी। बयान में कहा गया है कि अगले दिन (1 मार्च) मुर्मू कच्छ में हड़प्पा युग के पुरातात्विक स्थल धोलावीरा का दौरा करेंगी, जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है।
भारत आए पोलैंड के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मिले जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पोलैंड के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से बुधवार को मुलाकात की। पहले जामसाहब मेमोरियल यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत पोलैंड के युवाओं का यह प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर आया है। भारत में मिले सम्मान, प्यार और स्वागत के तरीके से युवाओं का यह प्रतिनिधिमंडल गदगद है। पोलैंड के युवाओं ने कहा कि उन्होंने ऐसा स्वागत जीवन में कभी महसूस नहीं किया। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, जामसाहब मेमोरियल यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के लिए यहां आए युवा पोलिश मित्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई।
मणिपुर बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में शिकायत दर्ज
मणिपुर बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में शिकायत दर्ज की गई है। दरअसल, 10वीं कक्षा की परीक्षा के सामाजिक विज्ञान प्रश्नपत्र के लीक हो गया था। जिसे लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड मणिपुर (बीओएसईएम) ने मंगलवार को साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। बीओएसईएम सचिव एस जीतलाल ने कहा कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और कहा गया है कि अपराधियों को सजा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बोर्ड अधिकारियों की बैठक हुई और मंगलवार को हुई परीक्षा रद्द करने पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इससे पहले, छात्रों के संगठन डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स अलायंस ऑफ मणिपुर (DESAM) ने कहा था कि सामाजिक विज्ञान विषय का प्रश्न पत्र दो व्हाट्सएप समूहों सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर लीक हो गया था। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाषा विवाद : लड़की का परिवार वापस लेगा कंडक्टर पर लगा पॉक्सो का केस
जिस नाबालिग लड़की की शिकायत पर बस कंडक्टर के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, उसके परिवार ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने मामला वापस लेने का फैसला किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तारी हो चुकी है। परिवार की ओर से जारी वीडियो में लड़की की मां ने कहा कि बस टिकट के मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसने कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच दरार पैदा कर दी है, हमारे मन में कन्नड़ या मराठी के प्रति कोई भेदभाव नहीं है। हमारी बेटी के साथ अन्याय हुआ है, स्थिति को देखते हुए हम मामला वापस लेंगे, हम यह सब रोकने का अनुरोध करते हैं।
ईशा योग केंद्र के महाशिवरात्रि समारोह में शामिल होंगे शाह
गृह मंत्री अमित शाह 26 फरवरी को ईशा योग केंद्र में आयोजित महाशिवरात्रि समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के अलावा विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और अन्य लोग भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। ईशा योग की ओर से कहा गया है कि इस दौरान संस्था के संस्थापक सद्गुरु एक नि:शुल्क ध्यान एप का अनावरण करेंगे, जिसमें 7 मिनट का निर्देशित ध्यान होगा। रात भर चलने वाला उत्सव बुधवार शाम 6 बजे शुरू होगा।
केंद्र ने कश्मीर घाटी के कर्मियों के विशेष भत्ते 3 साल के लिए बढ़ाए
कश्मीर घाटी में कार्यरत केंद्रीय कर्मियों को विशेष भत्ता केंद्र सरकार ने तीन साल के लिए बढ़ा दिया है। इनका लाभ 10 जिलों अनंतनाग, बारामूला, बडगाम, कुपवाड़ा, पुलवामा, श्रीनगर, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल और बांदीपोरा में दिया जाता है। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि घाटी में कार्यरत केंद्र सरकार के कर्मचारियों को रियायतें/प्रोत्साहनों के पैकेज को एक अगस्त 2024 से तीन साल की अतिरिक्त अवधि के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
बंगाल कैबिनेट ने आलू के लिए एमएसपी 900 रुपये प्रति क्विंटल तय करने को मंजूरी दे दी
पश्चिम बंगाल राज्य मंत्रिमंडल ने आलू के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 900 रुपये प्रति क्विंटल तय करने को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि हमने किसानों की मदद के लिए आलू के लिए नया न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 900 रुपये प्रति क्विंटल तय करने का फैसला किया है। इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि उन्हें अपनी उपज की संकटपूर्ण बिक्री का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। उन्होंने अपनी सरकार को सूचित किए बिना पानी छोड़ने और इस तरह खेतों में फसल (आलू) को नुकसान पहुंचाने के लिए दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की भी आलोचना की।
अवैध अफीम के बागानों को किया गया नष्ट
मणिपुर में पुलिस की तरफ से बड़ी कार्रवाई की गई है। जिसमें 25 फरवरी को, सुरक्षा बलों और वन प्रभाग, कांगपोकपी ने एसडीएम, कांगपोकपी की उपस्थिति में, नफाई की पहाड़ी श्रृंखलाओं में अवैध अफीम के बागानों को नष्ट कर दिया। कांगपोकपी जिले के सैकुल-पीएस के अंतर्गत लगभग 3 करोड़ 90 लाख रुपये मूल्य के 35 एकड़ क्षेत्र को नष्ट कर दिया गया।
पीएम मोदी से मिले सीएम रेवंत रेड्डी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
सूरत के कपड़ा बाजार में 24 घंटे में दो बार लगी आग
सूरत शहर के चार मंजिला कपड़ा बाजार में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि 24 घंटे से भी कम समय में यह दूसरी बार है। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और इमारत में स्थित 800 से अधिक दुकानों में से कई को नुकसान पहुंचा है, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे पहले मंगलवार दोपहर को इमारत के बेसमेंट में आग लग गई थी, जहां कपड़ा स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने से एक कर्मचारी की दम घुटने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कुछ घंटों बाद आग पर काबू पा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि ताजा आग पर काबू पाने के लिए करीब 30 दमकल गाड़ियां और दर्जनों कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है, लेकिन प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह ऊपरी मंजिल पर लगी थी। फ़ेडरेशन ऑफ़ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (FOSTTA) के अध्यक्ष कैलाश हकीम ने कहा कि स्थिति गंभीर है। उन्होंने कहा, 'अग्निशमन विभाग, पुलिस और FOSTTA की टीमें लगातार भड़क रही आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं। स्थिति गंभीर है। लेकिन शहर भर से दमकलकर्मी यहाँ पहुँच चुके हैं और हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि स्थिति जल्द से जल्द नियंत्रण में आ जाए।'
गुजरात में 4,000 किलो मिलावटी घी जब्त
गुजरात के बनासकांठा जिले में एक कंपनी के परिसर से 4,000 किलो मिलावटी घी जब्त किया गया है। इसकी कीमत करीब 17.5 लाख रुपये बताई जा रही है। यह घी त्योहारों के दौरान पड़ोसी राजस्थान में बेचने के लिए भेजा जाना था। गुजरात खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्राधिकरण (एफडीसीए) के अनुसार श्री नवकार डेयरी प्रोडक्ट्स नामक कंपनी का लाइसेंस पिछले वर्ष 4 सितंबर को रद्द कर दिया गया था। इसके बावजूद भी वह घी का उत्पादन कर रही थी। एफडीसीए ने कहा कि प्रशासन ने जब मंगलवार को डीसा कस्बे में कंपनी के परिसर में छापा मारा तो वहां घी तैयार किया जा रहा था। जांच में पता चला कि घी में सोयाबीन और इंटरएस्टरीफाइड वेजिटेबल फैट मिलाया गया था। प्रशासन ने 11 अलग-अलग ब्रांड्स के घी के सैंपल इकट्ठा कर परीक्षण के लिए भेज दिए हैं।
TVK की पहली वर्षगांठ, विजय ने किया पीके का सम्मान
तमिल सुपरस्टार विजय आज अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की पहली वर्षगांठ चेन्नई में मामल्लापुरम में एक निजी रिसॉर्ट में एक भव्य सार्वजनिक बैठक में मनाया है। बता दें कि, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने तमिलागा वेट्ट्री कजगम के इस समारोह में भाग लिया। तमिलनाडु में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से इस कार्यक्रम को जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि विजय की पार्टी का लक्ष्य राज्य में द्रविड़ प्रमुखों के लिए खुद को एक विकल्प के रूप में स्थापित करना है।
विजय, जो केंद्र में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की तीखी आलोचना करते रहे हैं, तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) पर चुप रहे हैं। उनकी चुप्पी ने चुनाव से पहले टीवीके और एआईएडीएमके के बीच संभावित गठबंधन के बारे में अटकलों को हवा दी है। अभिनेता ने राजनीति में तब कदम रखा जब वह अपने अभिनय करियर के चरम पर थे, और उनकी तुलना एमजी रामचंद्रन (एमजीआर) और जे. जयललिता जैसे दिग्गज तमिल अभिनेता-राजनेता से की जा रही है, जो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुजरात का पत्रकार गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुजरात के एक पत्रकार को गिरफ्तार किया है। महेश लांगा गुजरात में अंग्रेजी अखबार द हिंदू अखबार का संवाददाता है। ईडी ने महेश को गिरफ्तार करने के बाद विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने महेश को 28 फरवरी तक के लिए ईडी की रिमांड में भेज दिया है। वित्तीय धोखाधड़ी मामले की जांच कर रही अहमदबाद पुलिस ने महेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद ईडी ने पत्रकार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया।
गुजराती कवि अनिल जोशी का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया दुख
प्रसिद्ध गुजराती कवि अनिल जोशी (84) का मुंबई में उनके आवास में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। एक अस्पताल के आईसीयू में दो सप्ताह बिताने के बाद वह शनिवार को घर लौटे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोशी के निधन पर दुख जताया। कहा कि आधुनिक गुजराती साहित्य में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
पीएम मोदी से मिले तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार और शहर में मूसी नदी के पुनर्विकास के लिए वित्त पोषण सहित अन्य के लिए मंजूरी मांगी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी से कहा कि पिछली सरकार अपने 10 साल के कार्यकाल के दौरान हैदराबाद में मेट्रो रेल के विस्तार को प्राथमिकता देने में विफल रही। उन्होंने पीएम को मेट्रो रेल परियोजना के प्रस्तावित दूसरे चरण के बारे में जानकारी दी, जिसमें 24,269 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पांच गलियारों के साथ 76.4 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है और इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तत्काल मंजूरी देने का आग्रह किया।