फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: ISRO ने किया नया समझौता, केरल के होटलों में बम की धमकी; तमिलनाडु की पटाखा फैक्टरी विस्फोट, तीन की मौत

Sat, 26 Apr 2025 01:40 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
इसरो ने चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी (एससीटीआईएमएसटी) के साथ अंतरिक्ष चिकित्सा में सहयोग पर रूपरेखा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसरो ने कहा कि यह साझेदारी देश में अंतरिक्ष चिकित्सा और इसके अनुप्रयोगों की उन्नति में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह समझौता अंतरिक्ष चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगा। जिससे राष्ट्रीय मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम को लाभ होगा। साथ ही मानव शारीरिक अध्ययन, व्यवहारिक स्वास्थ्य अध्ययन, जैव चिकित्सा सहायता प्रणाली, विकिरण जीव विज्ञान और चिकित्सा, अंतरिक्ष वातावरण में मानव स्वास्थ्य और प्रदर्शन में सुधार के लिए उपाय, टेलीमेडिसिन और संचार प्रोटोकॉल और अंतरिक्ष मिशनों के लिए चालक दल के चिकित्सा किट के क्षेत्र में नवाचारों और विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने कहा कि राष्ट्रीय मानव अंतरिक्ष उड़ान गगनयान का उद्देश्य अंतरिक्ष वातावरण के तहत मानव अनुसंधान के क्षेत्र में राष्ट्र की क्षमता को बढ़ाना है। बाहरी अंतरिक्ष में मानव स्वास्थ्य और प्रदर्शन को बनाए रखना सफल दीर्घकालिक मानव अंतरिक्ष मिशनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन


केरल के होटलों में बम की धमकी
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के विभिन्न होटलों को शनिवार को बम की धमकी वाले ईमेल मिले। पुलिस ने जांच के लिए बम निरोधक इकाइयों और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया। पुलिस ने बताया कि जिन होटलों में बम की धमकी मिली थी, उनकी जांच की जा रही है। अभी तक कुछ नहीं मिला है। निरीक्षण जारी है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस उस धमकी भरे ईमेल के स्रोत की भी जांच कर रही है जिसमें दावा किया गया है कि तिरुवनंतपुरम शहर के मध्य में स्थित हिल्टन होटल सहित राज्य की राजधानी के विभिन्न होटलों में आईईडी विस्फोट किए जाएंगे। निरीक्षण के बाद पुलिस ने इन सभी धमकियों को अफवाह करार दिया।

तमिलनाडु की पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में तीन महिलाओं की मौत 
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में तीन महिलाओं की मौत हो गई और कुछ लोग घायल हो गए। शिवकाशी के पास एम पुदुपट्टी में घटना हुई। दुर्घटना स्थल से तीन महिलाओं के जले हुए अवशेष बरामद किए गए हैं, जबकि कई महिलाएं घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं।
विज्ञापन


असम में पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने पर नौ गिरफ्तार
पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने के आरोप में असम में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। राज्य में अब तक नौ लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि श्रीभूमि जिले के आरोपी ने फेसबुक पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखा था। विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम समेत दो लोगों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि शुक्रवार को राज्य भर में छह और गिरफ्तारियां की गईं। सीएम ने कहा कि असम ऐसे किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेगा जो पहलगाम में हुए जघन्य हमले के सिलसिले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान का समर्थन या बचाव करता हो। 

आंध्र से 27 पाकिस्तानियों को लौटने का फरमान
आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरीश कुमार गुप्ता ने राज्य में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक देश छोड़ने का आदेश दिया। डीजीपी ने अधिकारियों को पूरे प्रदेश में कहीं भी रह रहे पाकिस्तानियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने का आदेश दिया। अगर कोई पाकिस्तानी नागरिक सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित समय से अधिक समय भारत में रुकता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तानियों को जारी सभी वीजा रद्द कर दिए हैं। इसी नीति के आधार पर पाकिस्तान के लोगों को देश छोड़ने को कहा गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी सभी राज्यों को निर्देश दिए हैं कि पाकिस्तान के लोगों की पहचान कर उन्हें देश से निकालने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कुल 26 लोगों में आंध्र प्रदेश के दो पर्यटकों - जेसी चंद्र मौली (68) और एस मधुसूदन (45) की भी मौत हुई थी।

सीआरपीएफ कैंप के पास गोलीबारी, मणिपुर के दो आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
मणिपुर में चुराचांदपुर जिले में सीआरपीएफ कैंप के पास फायरिंग करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चुराचांदपुर के एसपी प्रखर पांडे ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को पुराने डीसी गेस्ट हाउस के पास सीआरपीएफ कैंप के पास एक सफेद कार से तीन राउंड फायरिंग की गई। ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई में हवा में एक राउंड फायरिंग की। हालांकि, कार में सवार लोग मौके से भाग गए। सुरक्षा बलों ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की और कार की पहचान करने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद, घटना में शामिल दो पुलिस कांस्टेबलों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी जब्त कर ली है। पांडे ने कहा कि उन्होंने फायरिंग क्यों की यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।

आयकर उपायुक्त और सीए गिरफ्तार, फेसलेस आकलन को विफल करने के आरोप
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आयकर आकलन के लिए फेसलेस योजना को विफल करने के आरोप में आयकर विभाग के एक उपायुक्त और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को आयकर उपायुक्त विजयेंद्र को दिल्ली से और सीए दिनेश कुमार अग्रवाल को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार किया गया। आयकर विभाग के दिल्ली स्थित झंडेवालान कार्यालय में तैनात विजयेंद्र 2015 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी हैं। सीबीआई की जांच में सामने आया था कि दोनों ने उच्च मूल्य वाले आयकर आकलन के लंबित मामलों के विभिन्न आकलनकर्ताओं से संपर्क किया और रिश्वत के बदले में जांच के तहत उनके मामलों में पक्ष में आदेश देने का वादा किया।

प्रधानमंत्री मोदी आज 51 हजार युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेंगे। वह इस कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।  रोजगार सृजन को उच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के तहत, 15वां रोजगार मेला देशभर में 47 जगहों पर आयोजित किया जाएगा। इससे युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सार्थक अवसर उपलब्ध होंगे तथा वे राष्ट्रीय विकास में प्रभावी योगदान देने में सक्षम होंगे।

राहुल गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट, भाजपा आईटी सेल पर केस
कर्नाटक भाजपा आईटी सेल को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ पोस्ट करना भारी पड़ गया है। इस मामले में केपीसीसी लीगल यूनिट के अध्यक्ष सीएम धनंजय ने बंगलूरू के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में आईटी सेल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। धनंजय ने आरोप लगाया कि आईटी सेल ने अपनी भड़काऊ पोस्ट में राहुल गांधी के खिलाफ गलत जानकारी देकर भ्रम फैलाने की कोशिश की। भाजपा आईटी सेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि जब भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश जाते है कश्मीर में एक के बाद आतंकवादी हमले होना शुरू हो जाते हैं। 

पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों से मिले कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष
कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यूटी खादर ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए मंजूनाथ राव के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल का दिन इस परिवार के लिए बहुत दर्दनाक दिन था। उस घटना में कर्नाटक के 3 लोगों की जान चली गई... हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पूरा राज्य और पूरा देश उनके साथ है। हम परिवारों का दर्द दूर नहीं कर सकते, लेकिन हम इसे कम करने की कोशिश कर रहे हैं... हम, भारत के लोग चाहते हैं कि इस जघन्य आतंकी वारदात में शामिल दहशतगर्दों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले। आतंकवादियों के साथ उनके मददगारों को भी सजा मिलनी चाहिए।

भाजपा नेता के घर विस्फोटक फेंकने का आरोप, तीन गिरफ्तार
त्रिशूर के एक भाजपा नेता के घर पर विस्फोटक पदार्थ फेंकने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि फेंका गया विस्फोटक पदार्थ पटाखे थे। घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही से पटाखे फोड़ने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी कहा कि आरोपी को थाने से जमानत पर रिहा किया जाएगा। भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि यह घटना उन पर लक्षित हमला था। उनका कहना है कि उस दिन इलाके में पटाखे फोड़ने का कोई अवसर नहीं था। भाजपा नेता ने जांच की मांग की है। 
विज्ञापन

तमिलनाडुः पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, तीन महिलाओं की मौत

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्टरी में धमाका होने से तीन महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया यह घटना शनिवार को शिवकाशी के पास एम पुदुपट्टी में हुई। पुलिस को मौके पर तीन महिलाओं के जले हुए शव पड़े मिले। हादसे के कारणों का तुरंत पता नहीं चल पाया।

इस बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने तीनों महिलाओं की मौत पर दुख जताया और प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें