तमिलनाडु के मदुरै जिले के उसिलामपट्टी के पास कुंजमपट्टी में सड़क पार करने की कोशिश कर रहे एक परिवार के सात सदस्यों को एक कार ने टक्कर मार दी। एसपी अरविंद मदुरै ने बताया कि इससे चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सामूहिक हत्याकांड के आरोपी ने जेल में की आत्महत्या की कोशिश
केरल के वेंजारामूडु में हुए सामूहिक हत्याकांड के आरोपी अफान ने रविवार को केंद्रीय कारागार में आत्महत्या का प्रयास किया। उसे तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के स्थानीय अदालत में हत्या के एक मामले में आरोप पत्र दाखिल करने के दो दिन बाद 23 वर्षीय युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी शौचालय गया और करीब 11 बजे उसने कपड़े से फांसी लगाने का प्रयास किया। ड्यूटी पर मौजूद जेल अधिकारियों को इसकी भनक लग गई और वे उसे अस्पताल ले गए। अफान पर पांच लोगों की निर्मम हत्या का आरोप है। उसकी 88 वर्षीय दादी, 13 वर्षीय भाई, एक महिला जो उसकी प्रेमिका बताई जाती है, उसका मामा, तथा मामा की पत्नी।
असम में 11.5 करोड़ की ड्रग्स जब्त, चार गिरफ्तार
असम में 11.5 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य के दो जिलों से 11.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि असम पुलिस ने कार्बी आंगलोंग और कछार जिलों में दो अभियानों के जरिए नशीली दवाओं के कारोबार को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने खटखटी चेकपोस्ट पर एक वाहन को रोका और 5 करोड़ रुपये मूल्य की 4.899 किलोग्राम मॉर्फिन जब्त की। एक तस्कर को गिरफ्तार किया। वहीं सोनाबारीघाट में पुलिस एक और वाहन को रोका और 6.5 करोड़ रुपये मूल्य की 1.239 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पूर्वोत्तर इन्वेस्टर समिट में हुआ 4.18 लाख करोड़ का समझौता
पूर्वोत्तर के विकास के लिए राइजिंग नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 4.18 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन की घोषणा की गई है। दो दिवसीय सम्मेलन का दिल्ली में शनिवार को समापन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उद्धाटन किया था। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मामलों के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पहली बार पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के लिए यह संयुक्त कार्यक्रम किया गया है। उन्होंने कहा कि इस विश्व स्तरीय निवेशक सम्मेलन के लिए बंगलूरू, मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली जैसे देश के कई शहरों में रोड शो किया गया था। सिंधिया ने कहा कि इन सभी राज्यों को बीस-बीस हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
पूर्वोत्तर का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता : अनुप्रिया
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने नॉर्थ ईस्ट इनवेस्टर्स समिट के दौरान भारत की विकास गाथा में पूर्वोत्तर क्षेत्र के महत्व का विशेष उल्लेख किया। पटेल ने एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र में अच्छी और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश का पूर्वोत्तर क्षेत्र हमारी सरकार की विशेष प्राथमिकताओं में से एक है।
प्रधानमंत्री मोदी या ई़डी से नहीं डरती द्रमुक: उदयनिधि
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि द्रमुक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापों या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं डरती है। पार्टी कानूनी तौर पर मामलों का सामना करेगी। उदयनिधि ने कहा कि द्रमुक सरकार राज्य के अधिकारों के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी और किसी भी धमकी से नहीं डरेगी। उन्होंने कहा कि कलैगनार (उनके दादा और पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि) द्वारा पोषित द्रमुक आत्मसम्मान वाली पार्टी है।
बेटी पर हमले का वीडियो वायरल, केरल पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया
केरल के कन्नूर में सोशल मीडिया पर आठ साल की बेटी पर क्रूर हमला करने का वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को पुलिस ने पिता को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान जोस उर्फ मामाचन तौर पर की गई। वायरल वीडियो में आरोपी जोस बच्ची को पीटते हुए और डर से रोने पर उसका सिर दीवार पर पटकने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। पय्यान्नूर के डिप्टी एसपी के विनोद कुमार के मुताबिक, कल जैसे ही वीडियो संज्ञान में आया। हमने व्यक्ति और बच्चों से संपर्क किया,लेकिन उन्होंने दावा किया कि यह एक शरारत वाला वीडियो था और उनसे अलग रह रही मां को वापस लाने के लिए फिल्माया गया था।
ओडिशा के टाइगर रिजर्व के पास वनकर्मी की हत्या
ओडिशा के ढेंकनाल जिले में सतकोसिया टाइगर रिजर्व के पास शनिवार तड़के शिकारियों ने एक वनकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने परिजनों को 30 लाख रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शिकार की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की एक टीम शनिवार तड़के करीब 3.30 बजे तांतीचिरा गांव के पास पहुंची, जहां उनका सामना शिकारियों से हुआ।
भारत-पाकिस्तान सीमा पर मारा गया घुसपैठिया; बीएसएफ ने की कार्रवाई
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुजरात के बनासकांठा जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ के प्रयास को नाकाम कर दिया। बीएसएफ की ओर से शनिवार को जारी बयान के मुताबिक, घुसपैठ की यह कोशिश शुक्रवार रात को हुई। बीएसएफ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ते देखा। इस पर जवानों ने घुसपैठिए को चेतावनी दी। लेकिन वह रुका नहीं और आगे बढ़ता रहा। इसके बाद जवानों ने गोली चलाकर उसे ढेर कर दिया।
असम और मेघालय में अवैध कोयला माफिया... कांग्रेस सांसद ने पीएम को लिखा पत्र
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा है कि उन्होंने.असम और मेघालय में अवैध कोयला माफिया की बड़ी समस्या के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा था। उन्होंने कहा, ये केवल मेरा अवलोकन नहीं है। ईडी ने मेघालय से ट्रकों के माध्यम से असम में अवैध कोयला लाने के तरीके को उजागर किया है... ऐसे चौंकाने वाले तथ्यों के बावजूद, असम और मेघालय राज्य सरकारों ने इन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। गोगोई ने कहा, 'मैंने भारत के प्रधानमंत्री से इसका जायजा लेने का आग्रह किया है। कोई गंभीर जांच या गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक है।
पटाखा फैक्टरी में लगी आग
तमिलनाडु के विरुधुनगर में शिवकाशी के पास एक पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट हुआ। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
ओडिशा में कार हादसे में दो लोगों की मौत
ओडिशा के संबलपुर जिले में एक कार के डिवाइडर से टकराने और सड़क के विपरीत दिशा में एक ट्रक से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर लालदुखाई गांव के पास हुआ। अधिकारी ने बताया कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने कार में सवार सभी चार लोगों को बचाया और उन्हें बुर्ला स्थित वीआईएमएसएआर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मनीष यादव और सुब्रत साहू के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दो घायलों सौरभ गुप्ता और आकाश पटनायक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
गैंगरेप मामले में जमानत पाने वाले आरोपियों को फिर न्यायिक हिरासत में भेजा गया
हनागल गैंगरेप मामले में जमानत पाने वाले सातों आरोपियों को दो जून तक न्यायिक हिरासत में वापस भेज दिया गया है। जमानत मिलने के बाद जब आरोपी जेल से अक्कीहालुर आ रहे थे, तो उन्होंने हंगामा किया और जश्न मनाने के लिए रैली निकाली। इसके बाद उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
हावेरी के एसपी अंशु कुमार ने कहा कि 2024 हनागल सामूहिक बलात्कार मामले में सात आरोपियों को 20 मई को जमानत मिल गई। उप-जेल से अक्कीहालुर आते समय उन्होंने उपद्रव मचाया और जश्न मनाने के लिए रैली निकाली। उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। यह पुलिस के संज्ञान में आया। हमने मामला दर्ज किया और पांच आरोपियों को पकड़ लिया है और हम उन्हें अदालत में पेश करेंगे। हनागल सामूहिक बलात्कार मामले में हम जमानत रद्द करने के लिए आवेदन करेंगे।
10 लाख रुपये की रिश्वत लेते डॉक्टर गिरफ्तार
सीबीआई ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) में कार्यरत एक वरिष्ठ डॉक्टर को एक निजी मेडिकल कॉलेज की निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के लिए कथित तौर पर 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एनाटॉमी विभाग के प्रमुख तपन कुमार ने कर्नाटक के बेलगावी स्थित एक मेडिकल कॉलेज को निरीक्षण रिपोर्ट देने के लिए कथित तौर पर रिश्वत ली थी। सीबीआई ने 24 मई 2025 को तीन आरोपियों और दो निजी व्यक्तियों और कर्नाटक के बेलगावी स्थित एक निजी चिकित्सा संस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के साथ मूल्यांकनकर्ता के रूप में काम कर रहे आरोपी वरिष्ठ डॉक्टर ने एक निजी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधियों से उनके संस्थान के संबंध में अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सूचना के आधार पर सीबीआई ने उस परिसर पर छापा मारा जहां कथित रिश्वत का लेन-देन चल रहा था और डॉक्टर को उक्त निजी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधियों से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
भुवनेश्वर में गद्दा फैक्टरी में आग लगी
भुवनेश्वर में रविवार तड़के एक गद्दा फैक्टरी में आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि संपत्ति और उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। एक अधिकारी ने बताया कि यहां मंचेश्वर इलाके में स्थित फैक्टरी में देर रात करीब एक बजे आग लग गई। उन्होंने बताया कि चार घंटे से अधिक समय के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ओडिशा में पांच शिकारी गिरफ्तार
ओडिशा के कुलडीहा इलाके के एक जंगल से पांच शिकारियों को एक देशी बंदूक, धनुष और तीर के साथ गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को शिकारी जंगल के अंदर लगाए गए एक ट्रैप कैमरे को चुराने की कोशिश कर रहे थे और उनकी तस्वीरें एक अन्य कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। वन अधिकारियों की एक टीम ने चेम चाला बीट हाउस के पास एक इलाके में छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पांच शिकारियों में से चार बालासोर जिले के औपाड़ा क्षेत्र के हैं और एक पड़ोसी मयूरभंज का है। आगे की जांच जारी है।
असम में 6.5 करोड़ की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
असम के कछार जिले में पुलिस ने 6.5 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया में बताया कि एक अभियान के तहत कछार पुलिस और एसटीएफ ने सोनाबाड़ी घाट में एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान उसमें 1.239 किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया और ड्रग्स की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
29 को सिक्किम जाएंगे पीएम मोदी स्वर्ण जयंती समारोह में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने के लिए 29 मई को सिक्किम का दौरा करेंगे। सिक्किम सरकार, भाजपा के साथ मिलकर पीएम की मेजबानी के करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डीआर थापा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सिक्किम के लोग प्रधानमंत्री के दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह दौरा राज्य के लिए नए अवसरों और विकास परियोजनाओं की शुरुआत का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री सिक्किम में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई आगामी पहलों की आधारशिला भी रखेंगे। इस मौके पर थापा ने प्रदेशवासियों को सिक्किम के गठन की 50वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही, सिक्किम के भारत में विलय में भूमिका निभाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी।
एनएमसी में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) में मूल्यांकनकर्ता के रूप में कार्यरत एक वरिष्ठ चिकित्सक को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शरीर रचना विभाग के प्रमुख तपन कुमार ने कर्नाटक के बेलगावी स्थित एक मेडिकल कॉलेज को अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट देने के लिए कथित तौर पर रिश्वत ली थी। जांच एजेंसी ने कोलकाता, बर्धमान और बेलगाम में मारे गए छापों के दौरान 44.60 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी बरामद की। सीबीआई ने कहा, मामले में 24 मई को उक्त आरोपी, दो अन्य निजी व्यक्तियों और कर्नाटक के बेलगावी स्थित एक निजी चिकित्सा संस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
आरोप है कि एनएमसी में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक ने एक निजी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधियों से उनके संस्थान के पक्ष में निरीक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सीबीआई के बयान के मुताबिक खुफिया जानकारी के आधार पर सीबीआई ने उस परिसर पर छापा मारा जहां कथित रिश्वत की रकम का लेनदेन हो रहा था और चिकित्सक को उक्त निजी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधियों से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
29 मई को मोदी और 31 को शाह करेंगे बंगाल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे और यहां अलीपुरद्वार जिले में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह 31 मई से प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पीएम के बृहस्पतिवार को सिक्किम दौरे के बाद अलीपुरद्वार पहुंचेंगे। यहां उनकी जनसभा और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि गृहमंत्री 31 मई की शाम को कोलकाता पहुंचेंगे और एक जून को जिला स्तर तक के नेताओं के साथ संगठनात्मक मामलों पर चर्चा करेंगे। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शाह का यह दौरा महत्वपूर्ण है।
बंगलूरू : जन्मदिन पार्टी में ड्रग का इस्तेमाल करने पर चीनी नागरिक समेत 31 गिरफ्तार
यहां एक जन्मदिन पार्टी के दौरान मादक पदार्थों के इस्तेमाल के लिए 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए जाने वालों में सात महिलाएं और एक चीनी नागरिक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कन्नमंगला गेट के पास एक फार्महाउस में सुबह 5 बजे छापे मारे गए। पुलिस ने बताया कि लगभग सभी उपस्थित लोग आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं। जांच में पाया गया कि रातभर चली जन्मदिन पार्टी के दौरान मादक पदार्थों का इस्तेमाल किया गया। बंगलूरू उत्तर पूर्व क्षेत्र के उपायुक्त वीजे सजीत ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में मादक पदार्थों के विक्रेता और उपभोक्ता दोनों शामिल हैं। उनके रक्त और मूत्र के नमूने एकत्र किए गए हैं और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजे गए हैं। प्रथम दृष्टया, 31 लोग पार्टी में शामिल थे। कुछ के पास से कोकीन, हशीश और हाइड्रो गांजा नामक मादक पदार्थ की छोटी मात्रा बरामद की गई। केस एनडीपीएस कानून के तहत दर्ज किया गया है और जांच जारी है।