असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य के दो जिलों से 36 बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा गया। ऐसे लोग मूल निवासियों के अधिकारों का उल्लंघन करते हैं और उन्हें वापस उनके मूल स्थान पर भेज दिया जाएगा। सरमा ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि 36 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को श्रीभूमि और दक्षिण सलमारा से बांग्लादेश वापस भेज दिया गया है। ये अवैध घुसपैठिये हमारी जनसांख्यिकी को बदल रहे हैं और मूल निवासियों के अधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं, इसलिए उन्हें वापस उनके मूल स्थान पर धकेल दिया जाएगा।
कॉलेज छात्रा की पूर्व प्रेमी ने की हत्या
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में सोमवार को एक कॉलेज छात्रा की उसके पूर्व प्रेमी ने उसके घर में कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना दोपहर में कोतवाली थाना क्षेत्र के मानिकपाड़ा में हुई। ईशा मलिक (19) का स्कूल के दिनों से ही देबराज के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस ने बताया कि हाल ही में ईशा ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। देबराज अक्सर ईशा के घर आता-जाता था और उसे संबंध जारी रखने के लिए मनाने की कोशिश करता था। पुलिस ने बताया कि वह ईशा के भाई से भी परिचित था। उन्होंने बताया कि ईशा के लगातार दूर रहने से देबराज नाराज था। कृष्णानगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. अमरनाथ ने बताया, कृष्णानगर महिला कॉलेज की छात्रा ईशा को उसकी मां ने ड्राइंग रूम में खून से लथपथ पाया। देबराज को हाथ में देसी रिवॉल्वर लेकर भागते देखा गया।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का एलान: इस बार भव्य होगा 'मायर गमन'
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को राज्यवासियों से अपील की कि इस वर्ष 'मायर गमन' (दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा) को भव्य रूप दें, ताकि इससे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने बताया कि इस साल मायर गमन 4 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने ये बातें अगरतला के मुक्तधारा ऑडिटोरियम में हुई एक बैठक के दौरान कहीं, जो कि सूचना और सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा दुर्गा पूजा और शरद सम्मान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी।
पिछली बार से सीखने की जरूरत
साहा ने कहा कि पिछले साल की तैयारियों में जो खामियां रहीं, उन्हें इस बार सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा कि "देश के अलग-अलग कोनों से प्रतिमाएं आती हैं और नंबरिंग में कई बार गड़बड़ी होती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को क्लबों के साथ मिलकर समन्वय करना चाहिए ताकि व्यवस्था बेहतर हो सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़कों के गड्ढे जल्द भरने, ड्रेन निर्माण कार्य समय पर पूरा करने, रोड क्रॉसिंग्स पर ट्रैफिक कंट्रोल और ऊंची प्रतिमाओं, गेट व लाइटिंग के सही इंतजाम करने के निर्देश दिए।
तकनीकी खराबी से तिरुपति जाने वाली एलायंस एयर की उड़ान रद्द
हैदराबाद से तिरुपति जाने वाली एलायंस एयर की एक उड़ान में बार-बार तकनीकी खराबी के बाद रद्द कर दी गई। एयरलाइन के अनुसार, तकनीकी खराबी के बाद, विमान को शुरू में अनिवार्य जांच के लिए बे में वापस लाया गया और बाद में उसे उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई। हालांकि विमान में एक और खराबी आ गई और उसे ठीक करने में उम्मीद से अधिक समय लग गया। एलायंस एयर ने कहा, इसके कारण अन्य उड़ानों में और व्यवधान से बचने के लिए इस उड़ान को रद्द करना पड़ा। इससे पहले गुवाहाटी-कोलकाता रूट पर संचालित एलायंस एयर की उड़ान संख्या 9आई756 में भी गत बुधवार को हवा में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके परिणामस्वरूप विमान को गुवाहाटी में उतारना पड़ा था।
ओडिशा में झरने पर रील बनाते समय बहा यूट्यूबर, लापता
ओडिशा के कोरापुट जिले के दुदुमा झरने पर रील बनाते वक्त बह जाने के बाद यूट्यूबर लापता हो गया। यूट्यूबर की पहचान गंजम जिले के बेरहामपुर के रहने वाले 22 साल के सागर टुडू के तौर पर की गई। सागर अपने दोस्त अभिजीत बेहरा के साथ यूट्यूब चैनल के लिए अलग-अलग पर्यटन स्थलों के वीडियो रिकॉर्ड करने कोरापुट आए थे। झरने में अचानक पानी का बहाव बढ़ने की वजह से सागर संतुलन नहीं बना सके और पानी के तेज बहाव में बह गए।
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने भारत पहुंचे फिजी के पीएम राबुका
पीएम मोदी को दुनिया का बॉस बताने वाले फिजी के प्रधानमंत्री सीटिवेनी लिगामामाडा राबुका रविवार से भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। दक्षिण प्रशांत देश के प्रधानमंत्री के रूप में राबुका की यह पहली भारत यात्रा है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने राबुका का यहां हवाई अड्डे पर स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राबुका के बीच सोमवार को व्यापक वार्ता होगी। राबुका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और सहयोग पर चर्चा की।
असम में 4 करोड़ की मॉर्फिन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में पुलिस ने चार करोड़ रुपये से अधिक की 4.1 किलो मॉर्फिन बरामद की है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर बताया कि एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। नशा करने का प्लान यहां नहीं चलेगा, हमारी योजनाएं अलग हैं। नशे के खिलाफ कड़ा अभियान जारी रखेगा।
केरल के आभूषण निवेश घोटाले की जांच करेगी अपराध शाखा
केरल पुलिस की अपराध शाखा ने कोच्चि स्थित अथिरा गोल्ड एंड सिल्क्स के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली है। अथिरा ने कथित तौर पर सोने में निवेश की योजना चलाकर कई लोगों को ठगा है। अधिकारियों ने बताया कि अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) एर्नाकुलम इकाई ने पिछले सप्ताह मामलों का फिर से दर्ज किया।
अपराध शाखा ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने बताया कि एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस स्टेशन में पहले दर्ज किए गए लगभग 15 मामलों को अपने हाथ में ले लिया गया है और बाकी मामलों की प्राथमिकी की भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि अकेले एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस स्टेशन में अथिरा गोल्ड एंड सिल्क्स के खिलाफ लगभग 50 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, निवेशकों ने एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस सीमा के अंतर्गत विभिन्न पुलिस स्टेशनों में भी शिकायतें दर्ज कराई हैं।
असम सीएम को लेकर जा रही इंडिगो की फ्लाइट अगरतला डायवर्ट
एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर गुवाहाटी जा रहे इंडिगो के एक विमान को पड़ोसी राज्य त्रिपुरा के अगरतला हवाई अड्डे पर डायवर्ट किया गया। गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण यह डायवर्जन हुआ। अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर रविवार शाम को विमान का मार्ग परिवर्तित किया गया।
अगरतला स्थित महाराजा बीर बिक्रम (एमबीबी) हवाई अड्डे के निदेशक केसी मीणा ने बताया कि गुवाहाटी में मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद विमान गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया, 'डिब्रूगढ़ के मोहनबाड़ी हवाई अड्डे से इंडिगो का विमान भारी बारिश और आंधी के कारण गुवाहाटी में नहीं उतर सका और एहतियात के तौर पर उसे अगरतला डायवर्ट कर दिया गया। बाद में विमान गुवाहाटी के लिए रवाना हो गया।'
अगरतला हवाई अड्डे के निदेशक ने कहा कि गुवाहाटी स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय ने पुष्टि की है कि सरमा विमान में थे। जैसे ही विमान अगरतला हवाई अड्डे पर उतरा, त्रिपुरा के पर्यटन मंत्री सुशांत चौधरी सरमा से मिलने वहां पहुंचे।
गुजरात में कन्या छात्रावास किया उद्घाटन
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अहमदाबाद में बने सरदारधाम फेज-2 और शक्रीबेन दाह्याभाई पटेल कन्या छात्रावास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो संदेश के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया।
बेटियों के लिए नए अवसरों का द्वार
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय पर गुजरात बेटियों की शिक्षा के मामले में पिछड़ा हुआ था, लेकिन बीते 25 वर्षों में समाज के सामूहिक प्रयासों से अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि यह नया छात्रावास बेटियों को अपने सपने पूरे करने में मदद करेगा और यह राष्ट्र निर्माण में भी योगदान देगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद इस छात्रावास की बुनियाद रखी थी, और अब वडोदरा, सूरत, मेहसाणा समेत कई शहरों में इस तरह के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने सरदारधाम के काम को पुण्य का कार्य बताया।
पुरानी विश्वभारती वेबसाइट पर टैगोर की तस्वीर है, नए संस्करण में भी होगी: विवि
विश्व भारती विश्वविद्यालय ने सोमवार को कहा कि उसकी पुरानी वेबसाइट पर संस्थापक और नोबेल पुरस्कार विजेता कवि रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर है, जबकि नए संस्करण में भी जल्द ही उनकी तस्वीर होगी। केंद्रीय विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर टैगोर की तस्वीर नहीं है, लेकिन इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के राज्यपाल सीवी आनंद बोस और कुलपति प्रोबीर कुमार घोष की तस्वीरें हैं। विवि के प्रवक्ता ने कहा कि हम एक नई इंटरैक्टिव वेबसाइट शुरू करने की प्रक्रिया में हैं। मौजूदा वेबसाइट निर्माणाधीन है। लेकिन इस मौजूदा वेबसाइट में गुरुदेव की छवि भी है। ऐसा हो सकता है कि तकनीकी समस्याओं और चल रहे उन्नयन कार्य के कारण कभी-कभी साइट की कुछ सामग्री और स्वरूप आपकी नजरों के सामने न आ पाएं। उन्होंने कहा कि नई वेबसाइट को उचित अधिसूचना के माध्यम से 15/20 दिनों में आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया जाएगा।
देश को गुमराह कर रहे तेजस्वी यादव: जगदंबिका पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि तेजस्वी यादव पूरे देश को गुमराह कर रहे हैं और सरासर झूठ बोल रहे हैं। उनके और राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने सबूत मांगे, लेकिन उन्होंने सबूत नहीं दिए। पहले जब राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव चुनाव हारते थे, तो वे ईवीएम को दोष देते थे। यह लड़ाई मतदाता सूची या SIR के बारे में नहीं है। यह रोहिंग्या, बांग्लादेशियों, बिहार में अवैध विदेशियों के बारे में है जिनके वोट काटे जा रहे हैं। ये लोग जानते हैं कि अगर ये वोट कट गए, तो वे सुबह नौ बजे तक हार जाएंगे, इसलिए वे यह सब कर रहे हैं।
वायुसेना प्रमुख ने किया पश्चिमी वायु कमान का दौरा
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सोमवार को पश्चिमी वायु कमान का दौरा किया। उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के लिए ऑपरेशनल तैयारियों की जानकारी दी गई। उन्होंने ऑपरेशन की असाधारण सफलता में वायु योद्धाओं के योगदान की सराहना की, गति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया और भारतीय वायु सेना को भविष्य के लिए तैयार एयरोस्पेस शक्ति बनाने के लिए मानव संसाधन क्षमता के दोहन के साथ-साथ क्षमता वृद्धि पर ज़ोर दिया।
बीजद बोली- पांडियन ने राजनीति से संन्यास ले लिया है, नवीन पटनायक से नहीं
बीजू जनता दल (बीजद) ने सोमवार को कहा कि नौकरशाह से राजनेता बने वीके पांडियन ने राजनीति से संन्यास की घोषणा तो कर दी है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने नहीं। बीजद के पार्टी प्रवक्ता लेनिन मोहंती और तंबूनाथ पांडा ने यह जानकारी दी। मोहंती ने कहा कि ओडिशा की जनता भलीभांति जानती है कि वीके पांडियन ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लिया है, न कि पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से। इसलिए पांडियन को लेकर गंदी राजनीति नहीं होनी चाहिए। यह स्पष्टीकरण भाजपा विधायक सरोज पाढ़ी ने पूर्व आईएएस अधिकारी पर टिप्पणी पर आया है।
केरल में श्मशान घाट में आग लगने से तीन लोग झुलसे
दक्षिण केरल के पथनमथिट्टा जिले के रन्नी में गैस से चलने वाले एक श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान आग लगने से सोमवार को कम से कम तीन लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वृद्ध महिला का शव रन्नी पझावंगडी पंचायत के जंडईक्कल स्थित श्मशान घाट लाया गया था। शव के पास कपूर जलाया गया। शवदाह गृह से गैस लीक हो गई और आग लग गई, जिससे लपटें आसपास खड़े लोगों तक फैल गईं। अनुष्ठान कर रहा व्यक्ति झुलस गया, जबकि चिता के पास मौजूद दो अन्य लोग भी घायल हो गए। रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद श्मशान कर्मचारी नशे में थे और उन्होंने पूरी जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।