फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: तमिलनाडु में मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म; सूरत में आभूषण फैक्टरी में लगी आग, 14 मजदूर झुलसे

Tue, 24 Sep 2024 07:25 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब तमिलनाडु में एक और नर्सिंग छात्रा के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने नर्सिंग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद आरोपी उसे डिंडीगुल रेलवे स्टेशन के पास छोड़ कर फरार हो गए। तमिलनाडु के डिंडीगुल जिला एसपी प्रदीप ने बताया कि थेनी की एक नर्सिंग छात्रा का अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपियों ने उसे डिंडीगुल रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया जहां उसने पुलिस से मदद मांगी। पीड़िता को डिंडीगुल सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। लड़की की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन

 

सूरत में आभूषण बनाने वाली फैक्टरी में आग लगने से 14 मजदूर झुलस गए। दो श्रमिकों की हालत गंभीर है। सूरत नगर निगम के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक ने बताया कि फैक्टरी की तीसरी मंजिल पर आभूषण बनाने के लिए सोना पिघलाने के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद आग लग गई। इसमें 14 कर्मचारी झुलस गए। पारीक ने कहा आग पर काबू पाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को भेजा गया। आग पर तत्काल काबू पा लिया गया।

डिंडीगुल में जमीन में आई दरार, डीएमके विधायक आईपी सेंथिल बोले- लोग घबराएं नहीं
डिंडीगुल स्थित कोडाइकनाल के किलावराई गांव में जमीन में दरार आने के बाद आज जिला प्रशासन, राजस्व और भूविज्ञान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। डीएमके विधायक आईपी सेंथिल कुमार ने कहा कि डिंडीगुल के सांसद और मैंने अधिकारियों के साथ जगह का निरीक्षण किया है। हम भूवैज्ञानिक विभाग की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह घबराएं नहीं, सरकार उनके साथ है। 
 

कई मुस्लिम संगठनों ने किया वक्फ संशोधन बिल का समर्थन : रिजिजू
संसद में वक्फ संशोधन विधेयक पेश करने वाले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कहा कि कई मुस्लिम संगठनों ने भी विधेयक का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, संसदीय समिति को विधेयक के लिए रिकॉर्ड संख्या में सिफारिशें प्राप्त हुई हैं। कुछ लोग ये मिथ्या प्रचार कर रहे हैं कि सरकार मुसलमानों की संपत्तियां छीनने का प्रयास कर है। ये दुष्प्रचार बंद होना चाहिए।

विकसित भारत-युवा कनेक्ट' कार्यक्रम से इतर मीडिया से बातचीत में रिजिजू ने कहा, संयुक्त संसदीय समिति की ओर से किए जा रहे प्रयास वक्फ कानून में सुधार के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय पहल का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल समुदाय के व्यापक हित के लिए किया जाए। जेपीसी वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 के कई प्रमुख पहलुओं पर चर्चा कर रही है। इसमें रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, सख्त ऑडिट, अतिक्रमण के लिए बेहतर कानूनी सहारा और वक्फ प्रबंधन का विकेंद्रीकरण शामिल है। उन्होंने कहा, किसी ने कभी नहीं सोचा था कि जेपीसी को करोड़ों की संख्या में सिफारिशें प्राप्त होंगी। अगर 1,000 सिफारिशें या अभ्यावेदन भी प्राप्त होते हैं, तो हम इसे एक बड़ी संख्या मानते हैं। सरकारी किसी भी हिंदू, बौद्ध, ईसाई या सिख की जमीन नहीं छीनने जा रही है।

सीए मौत मामले में ईवाई की गलती तो कार्रवाई: मांडविया
पुणे स्थिति ईवाई ग्लोबल की सदस्य कंपनी एसआर में कार्यरत सीए एना सेबेस्टियन पेरायिल की काम के अत्यधिक बोझ से मौत के मामले में सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने पूरे मामले में एक हफ्ते में रिपोर्ट तलब करने के साथ कहा है कि गलती पाए जाने पर कंपनी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कंपनी में शोषणकारी कार्य वातावरण की भी जांच चल रही है।  

मांडविया ने की मौत पर दुख जताते हुए कहा, मंत्रालय ने राज्य के अधिकारियों से जानकारी मांगी है। रिपोर्ट आने में एक सप्ताह या अधिक से अधिक दस दिन का समय लगेगा। ऐसे में वह इस बारे में रिपोर्ट आने के बाद ही विस्तार से कुछ कह पाएंगे। हां, यदि रिपोर्ट में संस्थान की गलती पाई गई तो हम हर स्तर पर कार्रवाई करेंगे। इसी साल जुलाई में कंपनी में कार्यरत 26 वर्षीय सीए एना की मौत हो गई। इसके बाद उनकी मां ने कंपनी के चेयरमैन को पत्र लिख कर इसके लिए उस पर डाले गए काम के अत्यधिक बोझ को जिम्मेदार ठहराया था। मां ने अपने पत्र में मृतक बेटी के अंतिम संस्कार में कंपनी के एक भी प्रतिनिधि के उपस्थित नहीं होने पर भी क्षोभ जताया था।

विवाद गहराने के बाद कंपनी ने रखा अपना पक्ष
एना की मौत के बाद उनकी मां की ओर से पत्र लिख कर लगाए गए आरोप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कंपनी ने पहली बार इस मुद्दे पर सफाई दी। कंपनी ने कहा था कि कोई भी उपाय परिवार को हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर सकता, फिर भी कंपनी ने सभी प्रकार की सहायता प्रदान की है और आगे भी प्रदान करती रहेगी।

राज्यमंत्री करांदलाजे ने दिया था न्याय का भरोसा
इस मामले में श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करांदलाजे ने एना की मौत पर दुख जताया था। उन्होंने भी कहा था कि संबंधित कंपनी में कामकाज के वातावरण की जांच चल रही है। सरकार पीड़ित को न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा के सामने आज 400 विद्रोही डालेंगे हथियार
त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में मंगलवार को लगभग 400 विद्रोही त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा के सामने अपने हथियार डाल देंगे। ये उग्रवादी नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) और ऑल त्रिपुरा टाइगर फोर्स (एटीटीएफ) के हैं।

गृह विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इसे लेकर 4 सितंबर को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में केंद्र और राज्य सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। एनएलएफटी और एटीटीएफ के उग्रवादी जम्पुइजाला में त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) की 7वीं बटालियन के मुख्यालय में सीएम के सामने अपने हथियार डालेंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों समूहों ने 90 के दशक के बाद से दो दशकों तक राज्य में कहर बरपाया था। उनके विद्रोह के कारण हजारों लोगों विशेषकर गैर-आदिवासियों को विस्थापित होने के लिए मजबूर होना पड़ा। केंद्र ने दोनों समूहों के उग्रवादियों के पुनर्वास के लिए 250 करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेज की घोषणा की है। 

तेलंगाना: बाढ़ प्रभावितों के लिए अभिनेता महेश बाबू ने दान किए 50 लाख
हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अब तेलुगु अभिनेता महेश बाबू आगे आए हैं। उन्होंने सोमवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को 50 लाख रुपये का चेक सौंपा। महेश बाबू ने यहां रेवंत रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात की और मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान दिया। अभिनेता ने सोशल मीडिया कहा, दोनों तेलुगु राज्यों में आई बाढ़ को देखते हुए मैं आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 50-50 लाख रुपये दान देने का संकल्प ले रहा हूं।

आंध्र प्रदेश : पांच मेडिकल छात्र बहे, दो बचाए गए
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में पांच मेडिकल छात्र बह गए। इनमें से दो को बचा लिया गया है, जबकि दो के शव सोमवार सुबह बरामद किए गए। वहीं, पांचवे छात्र की तलाश जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित बरदार के मुताबिक, मरेडुमिली में जलथारंगिनी झरने की उफनती धारा में रविवार शाम करीब चार बजे ये छात्र बह गए थे। एलुरु के एएसआरएएम कॉलेज के इन छात्रों का समूह मारेडुमिली की यात्रा पर आया था। 

मणिपुर में राइफल और ग्रेनेड जब्त
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में एक सेल्फ लोडिंग राइफल, कई ग्रेनेड और आरपीजी के गोले जब्त किए गए हैं। जिले के माचिन मानो पहाड़ियों में तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने सोमवार को हथियार और विस्फोटक जब्त किए। अधिकारी ने बताया कि एक मैगजीन के साथ एसएलआर, रॉकेट से चलने वाले दो ग्रेनेड (आरपीजी) के गोले, दो आरपीजी शेल चार्जर, तीन एचई-36 ग्रेनेड और एक चीनी हथगोला जब्त किया गया। गौरतलब है, मणिपुर में पिछले साल मई से इंफाल घाटी स्थित मैतेई और आसपास के पहाड़ी इलाके कुकी के बीच हुई जातीय हिंसा में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों बेघर हो गए हैं।

भारतीय सांकेतिक भाषा में जोड़े गए नए 2,500 शब्द
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने हर साल की तरह इस साल भी सोमवार को सांकेतिक भाषा दिवस 2024 मनाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि सरकार देश के श्रवण बाधितों के भाषाई मानवाधिकार अधिकारों की मजबूती के लिए कोशिशें कर रही हैं। समारोह का सबसे खास पल भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र के यूनिकी, इंडिया साइनिंग हैंड्स, ब्रिज कनेक्टिविटी सॉल्यूशंस और अनुप्रयास जैसे कई संगठनों के सहयोग से भारतीय सांकेतिक भाषा (आईएसएल) में 2,500 नए शब्द जोड़ने का रहा। 

इस पर दिव्यांगता मामलों के सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि आईएसएल में जोड़े गए नए शब्द गणित, विज्ञान,उच्च शिक्षा, खेल और बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों सहित कई विषयों को कवर करते हैं। इस मौके पर मंत्रालय ने आईएसएलआरटीसी के साथ मिलकर सांकेतिक भाषा अधिकारों के लिए साइन अप करें थीम के बारे में भी जानकारी दी। वहीं, श्रवण-बाधित बच्चों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षिक एनिमेटेड वीडियो और बधिर रोल मॉडल वीडियो लॉन्च किए गए। कार्यक्रम में 7वीं भारतीय सांकेतिक भाषा प्रतियोगिता 2024 के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। 

मानव-हाथी संघर्ष कम करने के लिए असम के आरक्षित वन क्षेत्र से हटाए गए 450 परिवार
असम में मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए गोलपारा जिले के आरक्षित वन क्षेत्र से 450 परिवार समेत अवैध रूप से रह रहे दो हजार लोगों को हटाया गया। सुरक्षाकर्मी, वन अधिकारियों ने लाखीपुर रेंज में 118 हेक्टेयर में फैले बंदरमाथा रिजर्व फॉरेस्ट में अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। गोलपारा प्रभागीय वन अधिकारी तेजस मारिस्वामी ने कहा कि गौहाटी हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। क्षेत्र को साफ करने के बाद वनीकरण अभियान चलाया जाएगा और इसे हाथियों के रहने के लिए उपयुक्त बनाया जाएगा। 
विज्ञापन

शराब की 10 हजार बोतलों के साथ 30 लोग पकड़े
नागालैंड में पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए शराब की 10 हजार बोतलों के साथ 30 लोगों को गिरफ्तार किया। दो घंटे तक चले अभियान के दौरान नागालैंड शराब पूर्ण निषेध अधिनियम के तहत विभिन्न पुलिस स्टेशनों में कुल 28 मामले दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक अवैध शराब बेचने या भंडारण करने वाले सभी संदिग्ध स्थानों पर औचक जांच की गई और विभिन्न ब्रांडों की शराब की कुल 9,583 बोतलें जब्त की गईं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें