फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: जीत के जश्न में आग में झुलसे निर्दलीय उम्मीदवार; सांसद के सामने तृणमूल कार्यकर्ताओं में मारपीट

Sun, 24 Nov 2024 11:09 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र में चांदगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जीते निर्दलीय उम्मीदवार शिवाजी पाटिल शनिवार रात जीत के जश्न के दौरान आग में झुलस गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जश्न में शामिल कुछ महिलाएं भी आग में झुलस गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पश्चिमी महाराष्ट्र के चांदगढ़ में शिवाजी पाटिल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार राजेश पाटिल को 24134 वोटों से हराया।
विज्ञापन

सांसद के सामने तृणमूल कार्यकर्ताओं में मारपीट

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटल में रविवार को बच्चों के मेले के आयोजन के लिए बुलाई गई बैठक में सांसद दीपक अधिकारी के सामने अलग-अलग गुटों से जुड़े तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं में मारपीट हुई। बताया गया कि अधिकारी और पूर्व विधायक शंकर दोलुई के समर्थकों के बीच लाठी-डंडे चले और हाथापाई हुई। झड़प के दौरान कुर्सियां तोड़ दी गईं। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान हाथापाई हुई। मामले की जांच जारी है। घाटल में 30 वर्ष से अधिक समय से आयोजित होने वाले वार्षिक कार्यक्रम शिशु मेला के लिए आयोजन समिति के सदस्यों की नियुक्ति को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से प्रतिद्वंद्विता है। मुद्दे को सुलझाने के लिए बैठक में अधिकारी और दोलुई दोनों ने भाग लिया, लेकिन असहमति के बाद समर्थक हिंसक हो गए।

मणिपुर में सोमवार को खुलेंगे स्कूल
मणिपुर की इंफाल घाटी और जिरीबाम जिले में स्कूल और कॉलेज एक सप्ताह तक बंद रहने के बाद सोमवार को फिर से खुलेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में ताजा हिंसा के मद्देनजर जारी निषेधाज्ञा के कारण पिछले सप्ताह इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर, काकचिंग और जिरीबाम में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए थे। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया कि राज्य के सभी स्कूलों, सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी और केंद्रीय विद्यालयों में 25 नवंबर से सामान्य कक्षाएं फिर से शुरू होंगी। वहीं राज्य विश्वविद्यालयों सहित उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थान / सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज 25 नवंबर से कक्षाएं फिर से शुरू करेंगे।

पीएम मोदी दिल्ली में ओडिशा पर्व में भाग लेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'ओडिशा पर्व 2024' कार्यक्रम में भाग लेंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। ओडिशा पर्व दिल्ली स्थित ओडिया समाज नामक ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक प्रमुख कार्यक्रम है। इसके साथ ही बयान में कहा गया है कि इसके माध्यम से वे ओडिया विरासत के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सहयोग प्रदान करने में लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी 24 नवंबर को शाम करीब 5.30 बजे इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। यह ओडिशा की समृद्ध विरासत को दर्शाता है, रंग-बिरंगे सांस्कृतिक स्वरूपों को प्रदर्शित करता है तथा राज्य के जीवंत सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक मूल्यों को प्रदर्शित करता है।

मुर्मू ने किया उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।

फडणवीस ने नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की

महाराष्ट्र चुनाव - फोटो : PTI
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य भाजपा प्रमुख चन्द्रशेखर बावनकुले ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की शानदार जीत के बाद शनिवार रात नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की। गडकरी और उनकी पत्नी ने फडणवीस और अन्य नेताओं का स्वागत किया।

मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल का वक्फ संशोधन बिल को समर्थन

वक्फ संशोधन बिल 2024 पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने शनिवार को मुस्लिम प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। यह बैठक संसद के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले हुई है। पाल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने वक्फ बोर्ड के प्रस्तावित संशोधन विधेयक के संबंध में एक ज्ञापन दिया। प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड, राजस्थान, यूपी, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ प्रोफेसर, इस्लामी विद्वान, लखनऊ के पूर्व कुलपति और अल्पसंख्यक समुदाय के अन्य लोग शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने वक्फ संशोधन बिल समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जैसे उन्हें तीन तलाक से मुक्ति मिली, वैसे ही यदि यह बिल पारित होता है तो इससे महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा। 

सत्र के दौरान पेश करने की उम्मीद...
जेपीसी की ओर से संसद के शीतकालीन सत्र के पहले सप्ताह के अंत तक विधेयक पर अपनी रिपोर्ट सदन में पेश करने की उम्मीद है। संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से 20 दिसंबर तक चलेगा। इस वर्ष 22 अगस्त से अब तक वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 पर संयुक्त संसदीय समिति की 25 बैठकें हो चुकी हैं।

धोखाधड़ी में सिंडिकेट बैंक के पूर्व प्रबंधकों को जेल, 50 लाख जुर्माना

बंगलूरू की विशेष सीबीआई अदालत ने 12.63 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में सिंडिकेट बैंक के दो पूर्व प्रबंधकों (एच एम स्वामी, विट्ठल दास) और एक अन्य व्यक्ति असदुल्ला खान को एक से तीन साल की जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने इन पर कुल 52 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि स्वामी को 1.5 लाख के जुर्माने के साथ तीन साल की जेल, विट्ठल दास को 50 हजार रुपये के जुर्माने के साथ एक साल की जेल और असदुल्ला खान को 50 लाख के जुर्माने के साथ तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई है।

जल जीवन मिशन के पूर्व अफसर समेत परिवार के 4 लोगों की हत्या

असम के नौगांव जिले में अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों का कत्ल कर दिया और फरार हो गए। वारदात शुक्रवार की रात लाओखोवा गराजन इलाके में हुई। पुलिस ने हमलावरों की धर-पकड़ के लिए टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।

बेटी की अगले बुधवार को होनी थी शादी
एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि हमलावर जल जीवन मिशन के सेवानिवृत्त अधिकारी, गुनाधर सरकार के घर में घुसे और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद बदमाशों ने उनके बेटे और छोटी बेटी को भी मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि बेटी की अगले बुधवार को शादी होने वाली थी। चौथे शख्स की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। जांच जारी है।

दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में नहीं परोसी जाएगी शराब
महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने रविवार को पुणे के कोथरुड इलाके में होने वाले अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत समारोह में शराब बांटने का लाइसेंस रद्द कर दिया। इसे लेकर कोथरूड के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक चंद्रकांत पाटिल ने आपत्ति जताई थी। राज्य आबकारी आयुक्त सी राजपूत ने कहा कि विभाग ने कार्यक्रम के दौरान शराब बांटने की अनुमति रद्द कर दी है। भाजपा नेता ने कहा कि इस तरह के शो शहर की संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। इससे इलाके के निवासियों के लिए परेशानी पैदा होगी। मैंने शहर के पुलिस आयुक्त से कार्यक्रम रद्द करने का आग्रह किया है।
 

आईएनएस तरंगिनी ने इटली के अमेरिगो वेस्पुची के साथ किया युद्धाभ्यास
भारतीय नौसेना जहाज आईएनएस तरंगिनी और इटली के जहाज अमेरिगो वेस्पुची के बीच तीन दिवसीय संयुक्त नौकायन प्रशिक्षण अभियान रविवार को समाप्त हो गया। नौसेना ने कहा कि कोच्चि तट पर आयोजित यह अभ्यास भारतीय नौसेना की अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आईएनएस तरंगिनी और इटली के अमेरिगो वेस्पुची ने 22 से 24 नवंबर तक कोच्चि में संयुक्त नौकायन प्रशिक्षण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों जहाजों ने संयुक्त रूप से युद्धाभ्यास, प्रशिक्षण सहयोग, अंतर-संचालन और सर्वोत्तम तरीकों को साझा किया।

संविधान अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति

26 नवंबर को संविधान को अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ के शुभारंभ कार्यक्रम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित करेंगीं। संविधान सदन (पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल) में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी संबोधन देंगे। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि साल भर चलने वाले समारोह की टैगलाइन हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान है। इस अवसर पर संस्कृत और मैथिली में संविधान की प्रतियों के अलावा एक स्मारक सिक्का और एक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। रिजिजू ने कहा कि राष्ट्रपति के साथ भारत और विदेश में लोग भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे। वहीं राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपालों, उपराज्यपालों और मुख्यमंत्रियों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सुधांशु त्रिवेदी ने अदाणी को अमेरिका में दोषी ठहराए जाने पर उठाए सवाल

भाजपा के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भारतीय उद्यमी गौतम अदाणी को अमेरिका में दोषी ठहराए जाने के समय पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों की ओर से इस तरह के आरोप संसद सत्र की शुरुआत से ठीक पहले ही क्यों आ रहे हैं? उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार वर्षों से जब भी संसद सत्र शुरू होने वाला होता है ऐसे आरोप सामने आते हैं, चाहे हिंडनबर्ग रिपोर्ट हो, बीबीसी रिपोर्ट हो, ग्रेटा थनबर्ग रिपोर्ट और अब यह। विदेशों से आ रहे ऐसे आरोपों पर हर किसी को आपत्ति होनी चाहिए। हमें कहना चाहिए कि हम अपनी कानूनी प्रणाली के अनुसार काम करेंगे, न कि उनके अनुसार।

आप की पूर्व नेता महाराष्ट्र में बनाएंगीं नया राजनीतिक दल

भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता और पूर्व आप नेता अंजलि दमानिया ने महाराष्ट्र में एक राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा की। दमानिया ने कहा कि पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न पंजीकरण के बाद घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिद्धांतों और नैतिकता पर राजनीति करने और लोगों-राज्य के कल्याण के लिए मुद्दे उठाने का समय है। जब हम घर से बाहर निकलते हैं, तो हमें अपनी जाति और धर्म को अंदर रखना चाहिए और एक भारतीय नागरिक होना चाहिए। दमानिया ने कहा कि समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने के लिए तकनीक और सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाएगा।

एआईयूडीएफ विधायक छह साल के लिए निष्कासित

ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने रविवार को हैलाकांडी विधायक जाकिर हुसैन लस्कर को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निलंबित कर दिया।

ओडिशा के बरहामपुर में लगेगी अटल बिहारी वाजपेयी की 17 फुट ऊंची प्रतिमा

ओडिशा के गंजम जिले में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 17 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। भाजपा विधायक के अनिल कुमार ने बरहामपुर के रामलिंगम पार्क में परियोजना की आधारशिला रखी। भाजपा ने रविवार को कहा कि प्रतिमा की कुल ऊंचाई 17 फुट होगी और इसका आधार 6.5 फुट होगा। समारोह में पूर्व उपसभापति राम चंद्र पांडा और बरहामपुर मेयर संघमित्रा दलेई सहित कई भाजपा नेता शामिल हुए। कुमार ने कहा कि प्रतिमा के लिए लगभग 20 लाख रुपये की आवश्यकता होगी और इसे स्थानीय क्षेत्र विकास (एलएडी) कोष से खर्च किया जाएगा। हमारा लक्ष्य 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर प्रतिमा का अनावरण करना है। उन्होंने कहा कि एक स्थानीय मूर्तिकार को प्रतिमा बनाने का काम सौंपा गया है। 
विज्ञापन

शरद पवार ने पृथ्वीराज चव्हाण से की मुलाकात

महाराष्ट्र चुनाव में महाविकास अघाड़ी की हार के बाद रविवार को एनसीपी (शरद) के प्रमुख शरद पवार ने सतारा जिले के कराड शहर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण से मुलाकात की। पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण अपने गृह क्षेत्र कराड दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अतुल भोसले से हार गए। इस दौरान एनसीपी नेता बालासाहेब पाटिल भी मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें