फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: चंद्रशेखर होंगे केरल भाजपा के नए अध्यक्ष; कल छत्तीसगढ़ और ओडिशा का दौरा करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

Sun, 23 Mar 2025 09:44 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर केरल भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। रविवार को पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, राज्य के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और सह प्रभारी सांसद अपराजिता सारंगी की मौजूदगी में हुई राज्य कोर कमेटी की बैठक में इस पर फैसला लिया गया। बीते लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर ने तिरुअनंतपुरम सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर को कड़ी टक्कर दी थी। राजीव चंद्रशेखर वर्तमान केरल भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन की जगह लेंगे।

विज्ञापन


पीएम मोदी ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को दी श्रद्धांजलि
पीएम नरेंद्र मोदी ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि दी। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को लाहौर साजिश मामले में उनकी भूमिका के लिए आज के ही दिन अंग्रेजों ने फांसी दे दी थी। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आज हमारा देश भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सर्वोच्च बलिदान को याद करता है। स्वतंत्रता और न्याय के लिए उनकी निडर खोज हम सभी को प्रेरित करती है।

इसके अलावा उन्होंने समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि वह सामाजिक न्याय के प्रतीक थे जिन्होंने अपना जीवन वंचितों को सशक्त बनाने और एक मजबूत भारत के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। एक दूरदर्शी नेता, प्रखर स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक न्याय के प्रतीक, उन्होंने अपना जीवन वंचितों को सशक्त बनाने और एक मजबूत भारत के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।
विज्ञापन


दार्जिलिंग में खाई में गिरा वाहन, 2 पर्यटकों की मौत
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के मिरिक इलाके में शनिवार को एक एमयूवी वाहन के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा गयाबाड़ी में उस समय हुआ, जब सुखियापोखरी से सिलीगुड़ी जा रही पर्यटकों से भरा वाहन मोड़ पर संतुलन खो बैठा। स्थानीय लोगों ने पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों के साथ मिलकर यात्रियों को बचाने में मदद की। घायलों को मिरिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। कुछ गंभीर घायलों को सिलीगुड़ी स्थित नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मृतकों में सिमनी निवासी तार्के लामा की पहचान हुई है, जबकि दूसरे शख्स की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि हादसे का सटीक कारण जानने के लिए जांच शुरू की गई है। संदेह है कि पहाड़ी सड़क पर तेज मोड़ पर वाहन का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा।

ओडिशा में बारिश और ओलावृष्टि में दो की मौत, 67 घायल, 600 घर क्षतिग्रस्त
ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है और 67 लोग घायल हुए हैं। 600 से अधिक घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को गंजम और पुरी जिलों में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मयूरभंज जिले में ओलावृष्टि की चपेट में आने से 67 लोग घायल हो गए। इनमें से सात की हालत गंभीर है और उन्हें मयूरभंज जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते 24 घंटे के दौरान गंजम जिले के कई इलाकों में आंधी और बिजली के साथ बारिश हुई। बेमौसम बारिश के कारण बरहामपुर शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।

मयूरभंज जिले में प्रभावितों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर हेमा कांता साय ने बताया कि 350 मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 250 आवासों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

गुजरात : कागज मिल में लगी भीषण आग राहत बचाव में जुटी सेना, कोई हताहत नहीं
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले स्थित एक कागज मिल में शनिवार को भीषण आग लग गई। इसके बाद सेना ने आग बुझाने के अभियान में मदद की। अधिकारियों ने बताया कि ध्रांगध्रा क्षेत्र में शाम 4:15 बजे लगी। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जिला प्रशासन के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) ने सेना से मदद मांगी। इसके बाद ध्रांगध्रा मिलिट्री स्टेशन से सेना की फायरफाइटिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, सेना के 70-80 जवानों और अत्याधुनिक उपकरणों को नागरिक प्रशासन के साथ राहत-बचाव कार्य में तैनात किया गया।

सेना ने बताया कि नागरिकों की जान बचाने को प्राथमिकता दी गई। स्थानीय प्रशासन की मदद से मिल के आसपास के इलाकों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ध्रांगध्रा तहसील पुलिस ने बताया कि सुरेंद्रनगर और ध्रांगध्रा फायर स्टेशन की चार टीमों ने भी सेना के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में मदद की। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है।

बीटेक छात्रा से छेड़छाड़ पर प्रोफेसर गिरफ्तार
असम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) सिलचर के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कोटेश्वर राजू धेनुकोंडा को छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 

बीटेक की छात्रा की शिकायत पर एनआईटी प्रशासन ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर धेनुकोंडा को तत्काल  निलंबित कर दिया। छात्रा का आरोप है कि क्लास खत्म होने के बाद धेनुकोंडा ने परीक्षा में मिले अंकों पर बात करने के बहाने उसे चेंबर में बुलाया। इस दौरान, दरवाजा बंद करने के लिए कहा और छेड़छाड़ की। 

ऑनलाइन गेमिंग : 357 विदेशी वेबसाइट ब्लॉक 2,000 बैंक खाते अटैच 
ऑनलाइन मनी गेमिंग से जुड़ी विदेशी फर्मों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए ऐसी कंपनियों की 357 वेबसाइटों-यूआरएल को ब्लॉक किया गया है। ऑनलाइन मनी गेमिंग-सट्टेबाजी-जुए में शामिल 700 विदेशी कंपनियां वित्त मंत्रालय की जांच के दायरे में हैं। 

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें सीजन की शुरुआत से पहले जीएसटी खुफिया महानिदेशालय ने ऑनलाइन मनी गेमिंग से जुड़ी विदेशी फर्मों के खिलाफ शिकंजा कसा है। आई4सी व भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के साथ साझे अभियान में करीब 2,000 बैंक खाते और चार करोड़ रुपये अटैच किए। 

एक अन्य कार्रवाई में, कुछ विदेशी संस्थाओं की वेबसाइटों पर यूपीआई-आईडी से जुड़े 392 बैंक खातों पर डेबिट फ्रीज लगाया गया है। इन खातों की 122.05 करोड़ रुपये की राशि अस्थायी रूप से अटैच की गई है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि ये विदेशी कंपनियां पंजीकरण न करा, कर योग्य भुगतानों को छिपाती हैं और जीएसटी देने से बच रही हैं। 

आईईडी धमाके में सीआरपीएफ के एसआई बलिदान, जवान घायल
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में आईईडी विस्फोट से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सब-इंस्पेक्टर बलिदान हो गए और एक जवान घायल हो गया। धमाका छोटानागर के वनग्राम मरंगपोंगा वन क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हुआ, जब अर्धसैनिक बल की टुकड़ी तलाशी अभियान पर निकली थी। 

विस्फोट की चपेट में आने से सीआरपीएफ की 193वीं बटालियन के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) सुनील कुमार मंडल और हेड कांस्टेबल पार्थ प्रीतम डे घायल हो गए थे। दोनों को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से रांची लाया गया, लेकिन गंभीर घायल एसआई को बचाया नहीं जा सका। रिपोर्ट के मुताबिक, जंगल में कई नक्सली कमांडर अपने दस्तों के साथ छिपे हैं। सुरक्षाबलों से बचने के लिए माओवादियों ने जगह-जगह जमीन के नीचे आईईडी बिछा रखी हैं। इस पर पैर या हल्का दबाव पड़ते ही विस्फोट हो जाता है।  

सैर पर निकले एएसपी को बस ने रौंदा, मौत
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में तेज रफ्तार बस ने शनिवार सुबह अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) टीएन नंदेश्वर बाबजी को रौंद दिया। हादसे में बुरी तरह घायल बाबजी की मौके पर ही मौत हो गई। 

पुलिस के मुताबिक, घटना रंगारेड्डी के हयातनगर में हुई। बाबजी तड़के सैर पर निकले थे और करीब 4ः40 बजे वह सड़क पार करते समय आंध्र प्रदेश परिवहन की बस की चपेट में आ गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

झारखंड के पलामू में ग्रामीणों के हमले में 5 वन रक्षक घायल
झारखंड के पलामू जिले में अवैध रूप से खनन किए गए पत्थरों को जब्त करने गए ग्रामीणों के एक समूह की तरफ से कथित रूप से हमला किए जाने के बाद पांच वन रक्षक घायल हो गए है। मामले में एसडीपीओ अवध यादव ने बताया कि यह घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के बांसडीहा जंगल में हुई। उन्होंने बताया कि वन विभाग को सूचना मिली थी कि बांसडीहा जंगल में अवैध रूप से पत्थरों का खनन कर उन्हें संग्रहीत किया जा रहा है।

वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात 16 वन रक्षकों की एक टीम मौके पर पहुंची और पत्थरों से भरे दो ट्रैक्टर पाए। घायल वन रक्षकों में से एक आशुतोष तिवारी ने बताया, जब हमने वाहनों को जब्त किया, तो महिलाएं और बच्चे समेत ग्रामीण वहां एकत्र हो गए और हम पर हमला कर दिया। एसडीपीओ और अन्य अधिकारियों ने हमें बचाया। इस हमले में घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता पासला कृष्णा भारती का निधन

प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और गांधीवादी पासला कृष्णा भारती का रविवार को पश्चिम गोदावरी जिले में उनके आवास पर उम्र संबंधी बीमारी के कारण निधन हो गया। वे 92 वर्ष की थीं। वंचितों, खासकर दलितों के बीच शिक्षा को बढ़ावा देने और शैक्षणिक संस्थानों और 'गोशालाओं' (गाय आश्रयों) और अन्य को दान देने के अपने काम के लिए जानी जाने वाली कृष्णा भारती का जन्म पासला कृष्ण मूर्ति और अंजा लक्ष्मी के घर हुआ था, जो प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी थे। कृष्ण मूर्ति महात्मा गांधी के सहयोगी थे, खासकर तटीय आंध्र की उनकी यात्राओं के दौरान। आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले की रहने वाली कृष्णा भारती ने आजीवन अविवाहित रहने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उनका जन्म एक जेल में हुआ था, जब उनके माता-पिता स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल में थे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में तटीय आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले के भीमावरम शहर का दौरा करते समय कृष्णा भारती का आशीर्वाद लिया था।

केरल: पुरुष श्रद्धालुओं ने ड्रेस कोड का किया विरोध
केरल के पेरुनाडु स्थित लॉर्ड अय्यप्पा मंदिर में रविवार को एक समूह ने पारंपरिक ड्रेस कोड के खिलाफ विरोध किया। उन्होंने बिना अपनी शर्ट उतारे मंदिर में प्रवेश किया। यह घटना त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) की ओर से संचालित इस मंदिर में उस समय हुई, जब एसएनडीपी संयुक्त समर समिति के सदस्यों ने शर्ट पहने ही दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर प्रबंधन के उस नियम को चुनौती दी, जिसके तहत पुरुष भक्तों को मंदिर में प्रवेश से पहले ऊपरी वस्त्र उतारने होते हैं।

हालांकि, इस दौरान न तो पुलिस ने और न ही मंदिर प्रशासन ने कोई आपत्ति जताई। प्रदर्शन के बाद समिति ने इस प्रथा को स्थायी रूप से खत्म करने की मांग की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, यह शांतिपूर्ण विरोध था। मंदिर प्रबंधन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वे शर्ट पहनकर प्रवेश करने वालों को रोकेंगे नहीं, हालांकि भक्त अब तक परंपरा का पालन करते आए हैं। यह घटना सामाज सुधारक स्वामी सच्चिदानंद की ओर से राज्यभर के मंदिरों में इस प्रथा को खत्म करने की वकालत के बाद सामने आई है। स्वामी सच्चिदानंद सामाजिक सुधारक श्री नारायण गुरु द्वारा स्थापित शिवगिरि मठ के प्रमुख हैं। उन्होंने इसे सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि यह परंपरा ब्राह्मणों के पवित्र धागे (पूनूल) की जांच के लिए शुरू की गई थी।

चुनाव आयोग ने भूटान के निर्वाचन अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
भारतीय निर्वाचन आयोग ने भूटान के निर्वाचन अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें पड़ोसी देश के 40 अधिकारी शामिल हुए। भूटान के वरिष्ठ एवं मध्यम स्तर के अधिकारियों के लिए दो सप्ताह चला यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को पूरा हो गया। नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम और यात्राएं भूटान के साथ भारत निर्वाचन आयोग के जुड़ाव की विशेषता हैं।
विज्ञापन

सोमवार को छत्तीसगढ़ और ओडिशा का दौरा करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति भवन ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मार्च को आधिकारिक समारोहों में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ और ओडिशा का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में बताया कि मुर्मू सोमवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा की रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी। बयान में कहा गया है कि कल वह ओडिशा के नयागढ़ के कलियापल्ली में भारतीय विश्वबासु शबर समाज के स्थापना दिवस समारोह में भी शामिल होंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें