असम के कछार में 20 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त
असम के कछार में 20 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त की गईं हैं। साथ ही एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर आईजी पार्थसारथी महंता के नेतृत्व में एसटीएफ का गठन किया गया। इसके बाद सिल्कोरी रोड पर चेकिंग के दौरान एक युवक को 60 हजार याबा टैबलेट और 125 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक का नाम साहिल अहमद लस्कर है। जब्त की गईं नशीली दवाओं की कीमत 20 करोड़ के आसपास है।
रेल मंत्री ने यात्रियों को बेहतर अनुभव देने की आवश्यकता पर दिया जोर
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को भारत मंडपम में आयोजित एक समारोह में बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए सुरक्षा, रखरखाव, गुणवत्ता और प्रशिक्षण पर तीन गुना अधिक प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने 69वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार में 101 रेलवे अधिकारियों को सम्मानित किया और 22 रेलवे जोनों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शील्ड प्रदान की। इस अवसर पर वैष्णव ने रखरखाव, नवाचार, उद्योग सहयोग, उन्नत निरीक्षण प्रणाली और अधिकारियों के बेहतर प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की घोषणा की।
रेलवे में हुए परिवर्तन
रेल मंत्री ने पिछले एक दशक में रेलवे द्वारा की गई प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल कनेक्टिविटी, उत्तर-पूर्व कनेक्टिविटी और रेलवे के अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम होने की बात कही।
विद्युतीकरण और सुरक्षा में सुधार
उन्होंने कहा कि रेलवे में विद्युतीकरण के प्रयासों को तेजी से लागू किया जा रहा है, और 2025 तक 100% विद्युतीकरण का लक्ष्य है। वंदे भारत और माल ढुलाई गलियारों जैसी परियोजनाओं ने भी गति पकड़ी है। रेल मंत्री ने रेलवे सुरक्षा के लिए कवच सुरक्षा प्रणाली को बड़े पैमाने पर लागू करने की बात भी कही और कहा कि इससे दुर्घटनाओं में काफी कमी आई है। साथ ही, उन्होंने कुशल भर्ती प्रक्रिया में सुधार और 1.5 लाख पदों को भरने की जानकारी दी।