प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर, 2025 तक जापान और चीन की यात्रा पर रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर,15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 29-30 अगस्त 2025 तक जापान की यात्रा पर रहेंगे। वहीं अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री 31 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा करेंगे।
असम में छात्रा की हत्या करने वाले युवक को मौत की सजा
असम के धेमाजी की एक अदालत ने गुरुवार को 2021 में एक कॉलेज छात्रा की नृशंस हत्या करने वाले युवक को मौत की सजा सुनाई। युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर छात्रा की हत्या कर दी थी। धेमाजी के मोरिधल कॉलेज के एक कर्मचारी रिंटू सरमा ने 21 अगस्त 2021 को धेमाजी में असम राज्य परिवहन निगम (एएसटीसी) बस स्टैंड के पास नंदिता पर चाकू से कई बार वार किया था। नंदिता गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में 25 अगस्त को डिब्रूगढ़ के एक निजी नर्सिंग होम में उसकी मृत्यु हो गई। हमले में एक अन्य छात्रा कश्मीना दत्ता और उसके पिता, देबा दत्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में सरमा ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश कल्याणजीत सैकिया ने सरमा को भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत दोषी ठहराया। न्यायाधीश ने अपने आदेश में कहा कि यह मामला दुर्लभतम की श्रेणी में आता है और यदि आजीवन कारावास की सजा दी जाती है तो यह अपर्याप्त होगा। दोषी को आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या के अपराध के लिए मौत की सजा सुनाई जाती है और उसे तब तक फांसी पर लटकाया जाएगा।
बस की चपेट में आकर बच्ची की मौत
बंगलूरु में एक बस ने 11 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। मारुति नगर के पास मिलेनियम स्कूल की कक्षा सात की छात्रा तन्वी कृष्णा अपनी मां और बहन के साथ दोपहिया वाहन पर स्कूल जा रही थी। दोपहिया वाहन फिसलने से तन्वी गिर गई। इसके बाद पीछे से आ रही बंगलूरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) की बस ने उसे कुचल दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
गुजरात में NDRF ने 13 लोगों की जान बचाई
गुजरात में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने पोरबंदर जिले में लगातार बारिश के बाद माधवपुर घेड क्षेत्र में मोचा-कड़छा मार्ग पर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में 13 लोगों की जान बचाई।अत्यधिक जलभराव के कारण एक दूध का टैंकर बह गया था और इसमें 13 लोग फंस गए थे। इन लोगों को एनडीआरएफ की टीम ने बचा लिया। इस मामले में एनडीआरएफ अधिकारी वेदप्रकाश ने कहा, सुबह हमें डीओसी पोरबंदर से पता चला कि घेड इलाके में 13 लोग फंसे हुए हैं। हमारी टीम ने 13 लोगों को सफलतापूर्वक बचा लिया। इनमें 11 पुरुष और दो महिलाएं थीं। सिविल अथॉरिटी ने हमें बताया कि एक व्यक्ति पानी में बहकर लापता हो गया है... उसे बचाने के प्रयास जारी हैं... कल भारी बारिश के कारण पोरबंदर में अत्यधिक जलभराव के कारण स्थिति गंभीर है।
अनियमितताओं के आरोप में 5 डॉक्टरों सहित 9 निलंबित, राजस्थान सरकार की कार्रवाई
राजस्थान सरकार ने अनियमितताओं के आरोप में पांच डॉक्टरों सहित नौ कर्मियों को निलंबित कर दिया है। राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) के तहत काम करने वाले इन कर्मियों के निलंबन पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव गायत्री राठौर ने बताया कि दो आयुर्वेद और तीन एलोपैथी डॉक्टरों के साथ-साथ चार अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, एक निजी अस्पताल, एक मेडिकल स्टोर, तीन डॉक्टरों और एक योजना कार्डधारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से इन लोगों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की गहन जांच के बाद दोषी पाए गए नौ कर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
प्रतापगढ़ में बेकाबू हुई भीड़, पुलिस पर लाठी-डंडों और मिर्च पाउडर से हमला; 9 गिरफ्तार
राजस्थान का ही एक अन्य मामला प्रतापगढ़ से सामने आया। यहां एक गांव में हिंसक झड़प और आगजनी की खबर मिलने पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों में महिलाएं भी शामिल रहीं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल पर लाठियों से हमला किया गया, वहां उनकी आंखों में मिर्च पाउडर भी फेंका गया।
ओडिशा में अगले तीन साल में भरे जाएंगे 44,000 से ज्यादा शिक्षक पद
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को एलान किया कि राज्य सरकार अगले तीन वर्षों में प्राथमिक स्कूलों में 44,000 से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति करेगी। इसमें से करीब 40,000 नए पद बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह फैसला प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के मकसद से लिया गया है। इसके साथ ही सरकार ने यह भी तय किया है कि विभिन्न योजनाओं के तहत अस्थायी रूप से नियुक्त शिक्षकों की सेवा को नियमित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हर साल लगभग 15,000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, ताकि तीन साल में 44,433 पद भरे जा सकें। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कक्षा 9 और 10 के छात्रों को भी मुफ्त किताबें देने का निर्देश दिया है। अभी तक राज्य में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को मुफ्त किताबें मिलती हैं। सरकार ने हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए ANM (ऑक्सिलियरी नर्स मिडवाइफ) की नियुक्ति करने का भी आदेश दिया है, ताकि बच्चों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
तेलंगाना में 63 लाख की इंश्योरेंस ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने 63 लाख रुपये की इंश्योरेंस धोखाधड़ी के मामले में देवेश रस्तोगी और जितेंद्र अग्रवाल नाम के दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 58 वर्षीय हैदराबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे कुछ कॉल आए, जिनमें कॉल करने वाले खुद को आईजीएमएस विभाग का अधिकारी बताकर बात कर रहे थे। इन कॉल्स में आरोपियों ने झूठे वादे कर पीड़ित से 63 लाख रुपये की ठगी की। हैदराबाद साइबर क्राइम डिप्टी सीपी के अनुसार, दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हैदराबाद में 25 लाख की ई-सिगरेट और विदेशी सिगरेट की तस्करी का भंडाफोड़
हैदराबाद से बड़ी खबर, जहां पुलिस ने दुबई से अवैध ई-सिगरेट और विदेशी सिगरेट मंगाने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार लोगों के नाम अब्दुल्ला शेट्टी, मोहम्मद ताजुद्दीन, मोहम्मद सामी, मोहम्मद सोहेल खान, खलील अहमद और मयंक बिसे हैं।
तेलंगाना के खम्मम में 106 किलो गांजा और हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार, एक फरार
तेलंगाना के खम्मम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ प्रोहिबिशन एंड एक्साइज, जी जनार्दन रेड्डी ने बताया कि जगन्नाथपुरम में वाहन जांच के दौरान दो वाहनों को रोका गया। जांच में 106 किलो गांजा बरामद हुआ और तीन लोग गिरफ्तार किए गए। इनमें से एक आरोपी जेम्स अभी फरार है। साथ ही पुलिस ने 1 पिस्टल, 5 रिवॉल्वर, 12 खाली मैगजीन और 40 गोलियां भी जब्त की हैं।
मेघालय से सटी बांग्लादेश सीमा पर लगा रात्रि कर्फ्यू
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में अधिकारियों ने बृहस्पतिवार से बांग्लादेश सीमा के एक किलोमीटर के दायरे में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया। यह कदम सीमा पार से हथियारबंदों की हाल ही में की गई घुसपैठ के मद्देनजर उठाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट आरएम कुर्बाह ने एक अधिसूचना में कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। कर्फ्यू दो महीने तक लागू रहेगा। मेघालय और बांग्लादेश के बीच 444 किलोमीटर लंबी सीमा रेखा है। पूर्वी खासी हिल्स जिले में सीमा से लगा लगभग सात-आठ किलोमीटर का बिना बाड़ वाला क्षेत्र है। इसलिए यहां अवैध गतिविधियां होती हैं।
रामलिंगम हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े 2019 के रामलिंगम हत्या मामले में तमिलनाडु में नौ ठिकानों पर छापे मारे व एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। राज्य के डिंडुगल और तेनकासी जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने आपत्तिजनक दस्तावेज व डिजिटल उपकरण भी जब्त किए। एनआईए ने बुधवार को भी आरोपियों की तलाश में दो जिलों में नौ स्थानों पर छापे मारे थे।
तेलंगाना : दो माओवादी नेताओं का आत्मसमर्पण
प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के दो वरिष्ठ भूमिगत नेताओं ने बृहस्पतिवार को तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें 40 साल से आंदोलन से जुड़ी काकराला सुनीता (62) और चेन्नुरी हरीश (35) उर्फ रामन्ना शामिल हैं। आत्मसमर्पण राचकोंडा पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू की मौजूदगी में हुआ।
थलसेना प्रमुख ने पत्नी के साथ अंगदान का संकल्प लिया
भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और उनकी पत्नी सुनीता द्विवेदी ने अंगदान का संकल्प लिया है। सेना प्रमुख ने अपने इस फैसले को सशस्त्र बलों की त्याग और साहस की भावना का विस्तार बताया। अधिकारियों ने इस संबंध में बताया कि जनरल द्विवेदी और उनकी पत्नी ने दिल्ली में आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अंगदान का संकल्प लिया। उन्होंने सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों से आगे आकर समाज के लिए एक उदाहरण स्थापित करने की अपील भी की। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, उनके इस कदम से सशस्त्र सेना अंग पुनर्प्राप्ति और प्रत्यारोपण प्राधिकरण (एओआरटीए) को प्रोत्साहन मिला है। बयान के मुताबिक सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा (डीजीएएफएमएस) की महानिदेशक सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन के नेतृत्व में एओआरटीए अंग पुनर्प्राप्ति और प्रत्यारोपण प्रयासों में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनकर उभरा है। अधिकारी ने कहा, भारतीय सेना पहले ही एक रिकॉर्ड कायम कर चुकी है। एक ही अभियान में 26,000 से अधिक कर्मियों ने अंगदान का संकल्प लिया है।
अंडमान को-ऑपरेटिव बैंक घोटाल में 10 संदिग्ध तलब
अंडमान और निकोबार स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड (एएनएससीबीएल) में हुए करोड़ों के ऋण घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 10 संदिग्धों को कोलकाता कार्यालय बुलाया है। ये सभी पोर्ट ब्लेयर के निवासी हैं और शिपिंग, हॉस्पिटैलिटी, कंस्ट्रक्शन व ट्रेडिंग से जुड़े हैं। बैंक अधिकारियों ने गारंटी जांचे बिना और जाली दस्तावेजों पर भारी-भरकम कर्ज मंजूर किए। कई मामलों में एक ही संपत्ति को अलग-अलग लोन के लिए गिरवी रखा गया।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आयोग ने दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए
चुनाव आयोग ने 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए पंचायती राज मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सुशील कुमार लोहानी और व्यय विभाग, वित्त मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डी आनंदन को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके साथ ही ग्रामीण विकास मंत्रालय, भूमि संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव, नितिन कुमार शिवदास खाड़े को रिजर्व सूची में रखा गया है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसने दोनों पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के लिए अपनी सांविधानिक शक्तियों का प्रयोग किया।
आंध्र प्रदेशः सीएम ने अपने ही विधायक पर केस दर्ज कराया
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपनी पार्टी के विधायक बी राजशेखर रेड्डी के खिलाफ वन विभाग के कर्मचारी पर हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। सरकारी सूत्र ने यह जानकारी दी। श्रीशैलम वन टाउन पुलिस स्टेशन में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज हुई। सत्तारूढ़ टीडीपी के श्रीशैलम विधायक रेड्डी पर नंदयाल जिले के श्रीशैलम गांव में शिकारम चेक-पोस्ट पर वन विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप है।
चीन के सामने ब्रह्मपुत्र पर मेगा बांध का मुद्दा उठाया
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा में बताया कि सरकार ने चीन की ओर से तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर मेगा बांध बनाने की खबरों पर ध्यान दिया है। इस मुद्दे को हाल ही में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत यात्रा पर आए चीनी विदेश मंत्री वांग यी के सामने उठाया था। कीर्तिवर्धन ने कहा, सरकार ब्रह्मपुत्र नदी से जुड़ी हर गतिविधि पर करीबी नजर रखती है और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों के जीवन और आजीविका की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाती है। ब्रह्मपुत्र और सतलुज नदियों पर बाढ़ के मौसम में हाइड्रोलॉजिकल डाटा साझा करने के लिए दोनों देशों के बीच समझौते हुए थे, लेकिन 2022 के बाद से सतलुज और जून 2023 से ब्रह्मपुत्र का डाटा मिलना बंद हो गया है। यह मुद्दा चीन के सामने उठाया गया है।
ईरान के परमाणु मुद्दों का हल संवाद से
कीर्ति वर्धन सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दे संवाद और कूटनीति से सुलझाए जाने चाहिए। साथ ही तेहरान के शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा उपयोग के अधिकार को मान्यता दी जानी चाहिए। जून 2025 में भारत ने ईरान-इस्राइल तनाव पर चिंता जताई और दोनों से संयम बरतने को कहा।
ट्रेन में अधिक सामान ले जाने पर नहीं लगेगा जुर्माना
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि ट्रेन में सफर के दौरान अधिक सामान ले जाने पर कोई जुर्माना नहीं देना होगा। ऐसा कोई नियम नहीं बनाया गया है कि निर्धारित वजन या संख्या से अधिक सामान ले जाने पर अतिरिक्त पैसे देने होंगे। मंत्री ने साक्षात्कार में उन सूचनाओं और खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि अब विमान यात्रा की तरह ही रेलवे में अधिक सामान ले जाने पर जुर्माना देना होगा।
गुवाहाटी पुलिस की एफआईआर निराधार: यट्यूबर अभिसार शर्मा
पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा ने दावा किया है कि एक वीडियो को लेकर गुवाहाटी पुलिस द्वारा उनके खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी पूरी तरह से निराधार है और वह इसका कानूनी तरीके से जवाब देंगे। गुवाहाटी पुलिस की अपराध शाखा ने गुरुवार को शर्मा के खिलाफ उनके वीडियो को लेकर प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें कथित तौर पर असम और केंद्र सरकार का उपहास किया गया था और धार्मिक दुश्मनी को बढ़ावा दिया गया था। शर्मा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि अमस पुलिस द्वारा मेरे खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर पूरी तरह से निराधार है। इसका कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा! 'मैंने अपने शो में असम के एक न्यायाधीश के बयान का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने असम सरकार द्वारा महाबल सीमेंट को 3,000 बीघा जमीन दिए जाने का जिक्र किया था और इसकी आलोचना की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की सांप्रदायिक राजनीति को उनके बयानों के आधार पर तथ्यों के साथ उजागर किया है।
बंगाल में मतदाता सूची संशोधन में कथित अनियमितता पर चार अधिकारी निलंबित
पश्चिम बंगाल सरकार ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कथित अनियमितता पर चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है, लेकिन कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। ऐसे में चुनाव आयोग (ईसी) के निर्देशों का पूरी तरह से पालन नहीं हो रहा है। यह कार्रवाई मुख्य सचिव मनोज पंत के नई दिल्ली में चुनाव आयोग के समक्ष पेश होने के ठीक एक सप्ताह बाद की गई। राज्य सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने निलंबन निर्देश पर कार्रवाई की है और विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि निलंबित अधिकारियों में दक्षिण 24 परगना और पूर्व मिदनापुर जिलों के दो निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और दो सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) शामिल हैं। यह निलंबन बरूईपुर पूर्व और मोयना विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में अनियमितताओं के आरोपों के बाद किया गया है।
एअर इंडिया की फ्लाइट ऑपरेशनल समस्या के वापस लौटी
22 अगस्त को मुंबई से जोधपुर के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआई645, परिचालन संबंधी समस्या के कारण वापस लौट आई। मामले में एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि कॉकपिट क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उड़ान को रोकने का फैसला किया और विमान को वापस ले आए। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।'
असम में दर्ज मामले में पत्रकार वरदराजन व करण थापर को गिरफ्तारी से संरक्षण
सुप्रीम कोर्ट ने एक समाचार लेख को लेकर वेब पोर्टल द वायर के संस्थापक संपादक सिद्धार्थ वरदराजन व सलाहकार संपादक करण थापर के खिलाफ असम पुलिस की तरफ से दर्ज की गई एक और प्राथमिकी के संबंध में शुक्रवार को गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया। जस्टिस सूर्यकांत व जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने फाउंडेशन फॉर इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म (एफआईजे) की याचिका पर यह आदेश सुनाया। एफआईजे वरदराजन के साथ द वायर का स्वामित्व रखता है।
पत्रकारों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता नित्या रामकृष्णन ने कहा कि असम पुलिस अदालत के आदेशों की अवहेलना कर रही है। मोरीगांव पुलिस की तरफ से दर्ज प्राथमिकी में गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान करने के न्यायालय के आदेश के बावजूद गुवाहाटी अपराध शाखा की ओर से दर्ज एक अन्य मामले में पत्रकारों को सम्मन जारी किया गया है। पत्रकारों को मई में दर्ज एक पुरानी प्राथमिकी में बयान दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को तलब किया गया है। आशंका है कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। जब वकील ने कहा कि और भी प्राथमिकियां दर्ज की जा सकती हैं। पत्रकारों को गिरफ्तारी का खतरा है, तो पीठ ने उनकी आशंका को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा, हम देख रहे हैं। पीठ ने पत्रकारों को संरक्षण प्रदान करते हुए कहा कि सभी से कानून का पालन करने की अपेक्षा की जाती है। पीठ ने पत्रकारों से जांच में शामिल होने को कहा। बता दें कि शीर्ष अदालत ने 12 अगस्त को वरदराजन को संरक्षण प्रदान करते हुए ऑपरेशन सिंदूर पर एक लेख को लेकर उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में असम पुलिस को कोई भी दंडात्मक कार्रवाई करने से रोक दिया था।
‘धोतिया कांड’: भाजपा के पूर्व सांसद अमृतलाल को राहत
गुजरात की राजनीति में चर्चित ‘धोतिया कांड’ मामले में 29 साल बाद अहमदाबाद की अदालत ने भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अमृतलाल पटेल के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को वापस लेने की अनुमति दे दी है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हेमांग कुमार पंड्या ने बृहस्पतिवार को अभियोजन पक्ष की याचिका स्वीकार करते हुए कहा कि यह मामला एक राजनीतिक दल के आंतरिक मतभेदों से जुड़ा है और अभियोजन का इरादा सद्भावनापूर्ण प्रतीत होता है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि चार्जशीट में ऐसा कोई उल्लेख नहीं है कि आरोपी नंबर-1 अमृतलाल पटेल ने सीधे तौर पर पीड़ित पर हमला किया था। इसलिए अभियोजन की ओर से मामला वापस लेने का निर्णय सार्वजनिक हित में उचित माना गया।
अजय कुमार भल्ला 25 अगस्त को नगालैंड के राज्यपाल के रूप में लेंगे शपथ
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला 25 अगस्त को नगालैंड के राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। यह नियुक्ति नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन के निधन के बाद हुई है। ला गणेशन का 15 अगस्त को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने अजय कुमार भल्ला का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी व्यापक प्रशासनिक अनुभव से राज्य में शांति, सद्भाव और प्रगति को नई दिशा मिलेगी। शपथग्रहण समारोह कोहिमा स्थित राजभवन में आयोजित होगा। अजय कुमार भल्ला की यह नियुक्ति नगालैंड की प्रशासनिक और राजनीतिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गुजरात: जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, दो भर्ती
गुजरात के आणंद जिले में शुक्रवार को एक खाद्य प्रसंस्करण फैक्टरी में जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि खंभात तालुका के सोखड़ा गांव स्थित एकता फ्रेश फूड कंपनी के इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट की टंकी साफ करते समय यह घटना हुई। सुबह 27 वर्षीय किशन बरैया टंकी में अवरोध खोलने उतरे और बेहोश हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे 63 वर्षीय अरविंद हरिजन भी वहीं गिर पड़े। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। गैस की चपेट में आए दो और मजदूरों का इलाज चल रहा है। खंभात ग्रामीण थाने ने संदेहास्पद मौत की जांच के लिए बीएनएसएस की धारा 194 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
3-4 सितंबर को जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक
जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक 3 और 4 सितंबर 2025 को नई दिल्ली में होगी। ये जानकारी वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की तरफ से साझा की गई है।
कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसी के कुत्ते ने चार साल के बच्चे को काटा
कोलकाता हवाई अड्डे पर एक निजी सुरक्षा एजेंसी के स्निफर डॉग ने चार वर्षीय बच्चे को काट लिया। घटना के बाद बच्चे के परिवार ने अपनी मलयेशिया यात्रा रद्द कर दी। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि घटना 12 अगस्त को हवाई अड्डे के डिपार्चर गेट 4-ए और 4-बी के बीच हुई। शिकायत एक सप्ताह बाद दर्ज कराई गई थी।
पिता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सुरक्षा एजेंसी का व्यक्ति जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता लिए खड़ा था। अचानक कुत्ता आगे झपटा और बच्चे को काट लिया। उस समय बच्चा अपने माता-पिता के साथ मौजूद था। घटना के बाद बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन के कई डोज लगवाने पड़े। इलाज और मानसिक आघात की वजह से परिवार को मलयेशिया की तय यात्रा रद्द करनी पड़ी।