ओडिशा में निर्दलीय विधायक हिमांशु शेखर साहू पर हमला
ओडिशा के जाजपुर जिले में बुधवार शाम को बदमाशों ने निर्दलीय विधायक हिमांशु शेखर साहू पर हमला कर दिया। धर्मशाला से विधायक शेखर ने आरोप लगाया कि हमला बुड्ढा नदी पुल के पास हुआ। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, जाजपुर के एसपी यशप्रताप श्रीमाल ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों और विधायक पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने बताया कि वह डीएम कार्यालय में एक जरूरी आधिकारिक बैठक में भाग लेने के लिए जाजपुर टाउन जा रहे थे। जब वह बुड्ढा नदी पुल के पास पहुंचे, तो स्थानीय लोगों द्वारा सड़क की नाकाबंदी के कारण उनका वाहन फंस गया। इस दौरान घातक हथियारों लैस कुछ अज्ञात बदमाश गाड़ी के पास पहुंचे और तोड़फोड़ की। विधायक ने कहा कि बदमाशों ने मुझ पर और मेरे निजी सुरक्षा अधिकारी पर भी हमला किया। साथ ही मेरे गले से सोने की चेन छीन ली।
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर मुठभेड़
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा के पास जिनेलिगुडा जंगल में सुरक्षा बलों और लाल विद्रोहियों के बीच मुठभेड़ के दौरान एक माओवादी मारा गया और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात को गोलीबारी हुई, जब पुलिस कर्मियों ने मलकानगिरी जिले के जंगल के माध्यम से ओडिशा में माओवादियों के प्रवेश को रोकने के लिए एक अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान दो माओवादियों को गिरफ्तार भी किया गया।
आज से तेलंगाना की दो दिवसीय यात्रा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार से तेलंगाना की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगी। मुर्मू 21 नवंबर को हैदराबाद में ‘कोटि दीपोत्सवम-2024’ में शिरकत करेंगी। इसके बाद 22 नवंबर को हैदराबाद में लोकमंथन-2024 का उद्घाटन करेंगी। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और सांस्कृतिक महोत्सव भारत की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और प्राचीन ज्ञान का उत्सव है। कार्यक्रम का आयोजन प्रज्ञा प्रवाह (नई दिल्ली) और प्रज्ञा भारती (तेलंगाना) की ओर से किया जा रहा है।
26 को संविधान दिवस पर लोकसभा व राज्यसभा की नहीं होगी कार्यवाही
संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू हो रहा है। सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान 26 नवंबर को संविधान दिवस के मद्देनजर दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं होगी। संसदीय कार्य मामलों के मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। सत्र से पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू 24 नवंबर को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक करेंगे।
नासिक में बस-ट्रक की टक्कर; दो लोगों की मौत, 18 घायल
महाराष्ट्र के नासिक जिले में बुधवार सुबह एक ट्रक और राज्य पथ परिवहन निगम की बस के बीच टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत और 18 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र राज्य पथ परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस मनमाड से अहिल्यानगर जिले में शिरडी जा रही थी, तभी सुबह करीब पांच बजकर 50 मिनट पर अंकाई शिवर इलाके में उसके और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। ट्रक येओला से मनमाड जा रहा था। इस हादसे में बस चालक मोथाभाऊ गांगुरडे और ट्रक चालक की मौत हो गई। ट्रक चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
सिप्ला ने जेनेरिक दवाओं के 1,875 डिब्बे अमेरिका से वापस मंगवाए
दिग्गज दवा निर्माता कंपनी सिप्ला ने टूटी हुई टैबलेट की शिकायत मिलने के बाद अमेरिकी बाजार से जेनेरिक दवाओं के 1,875 डिब्बे वापस मंगवाए हैं। अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक ने यह जानकारी दी है।
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) के अनुसार, अमेरिका स्थित सिप्ला की प्रतिनिधि कंपनी ने लैंथेनम कार्बोनेट टैबलेट (1000 एमजी) के 1,875 डिब्बों को अमेरिकी बाजार से वापस ले लिया है। यह दवा रक्त में उच्च फॉस्फेट स्तर को नियंत्रित करने के लिए उपचार में प्रयुक्त होती है। न्यूजर्सी स्थित सिप्ला यूएसए ने टैबलेट के टूटे होने या चूर्ण बन जाने के कारण प्रभावित लॉट को बाजार से वापस लिया गया है। कंपनी ने इस साल 23 अक्तूबर से अमेरिकी बाजार से दवा (क्लास 2) को वापस लेना शुरू किया था। यूएसएफडीए के मुताबिक, क्लास 2 संवेदनशील उत्पाद को उस स्थिति में वापस लिया जाता है, जब उसके इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर उल्टा असर होने का खतरा होता है। बता दें कि भारत जेनेरिक दवाओं का दुनियाभर में सबसे बड़ा (20 फीसदी) आपूर्तिकर्ता है। 200 से ज्यादा देशों को 60,000 विभिन्न जेनेरिक ब्रांड की दवा की आपूर्ति अकेले भारत से की जाती है।
बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सुकांत गिरफ्तार, रिहा
बंगाल पुलिस ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को कृष्णानगर क्षेत्र, नदिया जिले में एहतियातन गिरफ्तार किया। वह मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित बेलडांगा में स्थिति का जायजा लेने जा रहे थे। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मजूमदार की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। मजूमदार ने कहा, मैं बेलडांगा की स्थिति का जायजा लेने जा रहा था। पुलिस ने मुझे और हमारे कार्यकर्ताओं को वहां जाने से रोका। शनिवार रात को बेलडांगा में दो समुदायों के बीच कार्तिक पूजा के लिए बनाए गए एक अस्थायी गेट पर एक डिस्प्ले बोर्ड पर आपत्तिजनक संदेश को लेकर विवाद हो गया था। झड़पों में करीब 17 लोग घायल हो गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
ट्रैफिक रडार उपकरण सत्यापन के लिए नए नियम लाने की तैयारी
देशभर में सड़क सुरक्षा में सुधार करने के लिए सरकार ट्रैफिक रडार उपकरणों के अनिवार्य सत्यापन और सरकारी स्टांप लगाने के लिए नए नियमों को लागू करने जा रही है। यह सड़कों पर वाहनों की गति मापने के लिए व्यापक रूप से उपयोग किए जाने वाले माइक्रोवेव डॉपलर रडार उपकरण के लिए लागू होंगे। इस प्रक्रिया का मकसद गति और दूरी नापने के लिए सटीक रीडिंग सुनिश्चित करना है, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन न होने पाए।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के विधिक माप विज्ञान प्रभाग (लीगल मेट्रोलॉजी डिवीजन) ने सभी हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श के बाद मसौदा नियमों को अंतिम रूप दिया है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, विभिन्न परामर्श के दौरान प्राप्त सुझावों पर गौर किया गया है और नियमों को शीघ्र ही अधिसूचित किया जाएगा। नए नियम विधिक माप विज्ञान (सामान्य) नियम, 2011 के अंतर्गत आते हैं। नए ढांचे के तहत सभी गति माप उपकरणों को सत्यापन लीगल मेट्रोलॉजी डिवीजन से गुजरना होगा और इन्हें लगाए जाने से पहले इन पर आधिकारिक स्टांप लगी होनी चाहिए।
त्योहारों में भारी खर्च से निजी खपत में सुधार
त्योहारी खर्च से निजी खपत वापस आ गई है। मध्यम अवधि के आर्थिक दृष्टिकोण में तेजी बनी हुई है, क्योंकि मैक्रो फंडामेंटल्स में सुधार दिख रहा है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने नवंबर के बुलेटिन में कहा, कमजोर आत्मविश्वास और बढ़ते संरक्षणवाद के बीच चौथी तिमाही के दौरान वैश्विक आर्थिक गतिविधि लचीली बनी रही। भारत में 2024-25 की दूसरी तिमाही में वृद्धि की गति में कमी पीछे छूट गई है, क्योंकि निजी खपत घरेलू मांग का चालक बन गई है। त्योहारी खर्च तीसरी तिमाही में वास्तविक गतिविधि को बढ़ा रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था त्योहार से संबंधित खपत और कृषि क्षेत्र में सुधार पर आधारित है।
पार्थ चटर्जी की जमानत पर हाईकोर्ट का खंडित फैसला
कलकत्ता हाईकोर्ट ने राज्य स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) भर्ती घोटाला से जुड़े मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और चार अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर बुधवार को विभाजित फैसला दिया। वरिष्ठ वकीलों के अनुसार, पांच आरोपियों से संबंधित मामला, जिसमें न्यायालय स्पष्ट निर्णय पर पहुंचने में विफल रहा है, अब मुख्य न्यायाधीश जस्टिस टीएस शिवगणनम को स्थानांतरित किया जाएगा और वह यह मामला अन्य पीठ को सौंपेंगे।
23 नवंबर से बंगलूरू में अपना वार्षिक आम सत्र आयोजित करेगा AIMPLB
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने गुरुवार को कहा कि वह 23 और 24 नवंबर को यहां अपना वार्षिक आम सत्र आयोजित कर रहा है, जिसके दौरान 'वक्फ' की सुरक्षा के बारे में अपनी रणनीति पर विचार किया जाएगा। इस अवसर पर ईदगाह कुद्दुस साहब (मैदान) में "शरीयत की सुरक्षा और अवाक्फ की सुरक्षा" पर केंद्रित एक सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी।
AIMPLB ने एक विज्ञप्ति में कहा कि बोर्ड का 29वां सत्र कर्नाटक के सबसे बड़े धार्मिक मदरसे - दारुल उलूम सबील-उर-रशाद में आयोजित किया जाएगा। इसमें कहा गया है कि इन दो दिनों में बोर्ड के सदस्यों और विशेष आमंत्रितों के विभिन्न परामर्श सत्र होंगे, जिसमें बोर्ड की कई समितियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी और भविष्य की कार्ययोजना भी तय की जाएगी, विशेष रूप से वक्फ की सुरक्षा के बारे में रणनीति पर विचार किया जाएगा। बोर्ड ने कहा कि वर्तमान में वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ बोर्ड आंदोलन चला रहा है। उसने कहा कि मौजूदा सरकार की तरफ से पेश किया गया विधेयक अपनी विषय-वस्तु के लिहाज से नुकसानदेह है।
विपक्षी सदस्यों ने वक्फ पर संसदीय समिति के कार्यकाल को बढ़ाने की मांग की
विपक्षी सदस्यों ने गुरुवार को वक्फ संशोधन विधेयक पर संयुक्त समिति के कार्यकाल को बढ़ाने की मांग की, उनका तर्क था कि मसौदा कानून में बदलावों का अध्ययन करने के लिए उन्हें और समय चाहिए। समिति की बैठक में अध्यक्ष और भाजपा सदस्य जगदंबिका पाल ने घोषणा की कि गुरुवार की बैठक समिति की आखिरी बैठक होगी और जल्द ही सदस्यों को मसौदा रिपोर्ट वितरित की जाएगी।
इससे विपक्षी सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की और उनमें से कुछ ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को फोन करके मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। लोकसभा ने समिति को सोमवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र के पहले सप्ताह के आखिरी दिन अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
आरजी कर केस की जांच में 'देरी' के विरोध में माकपा ने CBI कार्यालय तक निकाली रैली
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में तीन महीने पहले एक चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की सीबीआई द्वारा जांच में 'देरी' पर नाराजगी जताते हुए माकपा और उसके प्रमुख संगठन ने गुरुवार को यहां के पास साल्ट लेक में केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय तक रैली निकाली।
माकपा के हजारों कार्यकर्ता और उसकी युवा शाखा डीवाईएफआई और छात्र शाखा एसएफआई के सदस्य लाल झंडे थामे, गीत गाते और नारे लगाते हुए उल्टाडांगा से सीबीआई कार्यालय तक करीब दो किलोमीटर की दूरी तय की। इस जुलूस का नेतृत्व माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य सुजान चक्रवर्ती और पार्टी के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने किया।
आगामी कोलकाता फिल्म महोत्सव में भाग नहीं लेगा बांग्लादेश
कोलकाता पुस्तक मेले के बाद, शहर में आयोजित होने वाले 30वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में बांग्लादेश का कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा, क्योंकि इस वर्ष किसी भी वर्ग में पड़ोसी देश की कोई प्रविष्टि पंजीकृत नहीं हुई है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। फिल्म प्रेमियों को हाल के वर्षों में पहली बार कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (केआईएफएफ) में बांग्लादेशी फिल्मों की कमी खलेगी, केआईएफएफ के अध्यक्ष और जाने-माने निर्देशक गौतम घोष ने बताया। उन्होंने कहा, स्थिति पिछले वर्षों से अलग है। वीजा संबंधी मुद्दे हैं। बांग्लादेश में हाल ही में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण, चीजों को व्यवस्थित होने में समय लगेगा। वर्तमान परिस्थितियों में, पड़ोसी देश की कोई भी फिल्म सूची में नहीं है। यह घटनाक्रम 28 वर्षों में पहली बार 48वें कोलकाता पुस्तक मेले में बांग्लादेशी प्रकाशकों को शामिल न किए जाने के बाद हुआ है। फिल्म महोत्सव 4 दिसंबर से शुरू होगा।
असम के करीमगंज जिले का नाम बदलकर 'श्रीभूमि' किया गया
असम सरकार ने गुरुवार को बराक घाटी में करीमगंज जिले का नाम बदलकर श्रीभूमि कर दिया। एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, जिला मुख्यालय करीमगंज शहर का नाम बदलकर श्रीभूमि शहर कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव मुकेश चंद्र साहू ने अधिसूचना में कहा, असम के राज्यपाल करीमगंज जिले का नाम बदलकर श्रीभूमि जिला और करीमगंज शहर का नाम बदलकर श्रीभूमि शहर करने पर प्रसन्नता जाहिर की है। इसमें कहा गया है कि ये बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
इसस पहले असम कैबिनेट ने मंगलवार को करीमगंज जिले का नाम बदलकर श्रीभूमि करने का फैसला किया था। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कैबिनेट बैठक के बाद कहा था, 100 साल से भी पहले, कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर ने असम के आधुनिक करीमगंज जिले को श्रीभूमि - मां लक्ष्मी की भूमि के रूप में वर्णित किया था। आज, असम कैबिनेट ने हमारे लोगों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है।
कर्नाटक के कई जिलों में भाजपा ने कथित वक्फ अतिक्रमणों के खिलाफ किया प्रदर्शन
कर्नाटक के कुछ हिस्सों में किसानों और अन्य लोगों के एक वर्ग की तरफ से उनकी जमीन को वक्फ संपत्ति के रूप में चिह्नित किए जाने के आरोपों के बाद भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा सूत्रों ने बताया कि ‘नम्मा भूमि नम्मा हक्कू’ (हमारी जमीन, हमारा अधिकार) के नारे के तहत आयोजित ये प्रदर्शन राज्य में वक्फ बोर्ड की तरफ से कथित अतिक्रमणों के विरोध में आयोजित किए गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने संतों और किसानों के एक वर्ग के साथ मिलकर कलबुर्गी, बल्लारी, हावेरी, शिवमोगा, चिकमगलूर और उडुपी सहित अन्य जगहों पर सड़कों पर प्रदर्शन किया।
केरल- नाविकों पर लगा 2.5 लाख रुपये का जुर्माना
केरल के कोच्चि में दो नाविकों पर मत्स्य पालन विभाग ने 2.5- 2.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। विभाग ने उन पर यह जुर्माना अनधिकृत तरीके से समुद्र तट पर फिल्म की शूटिंग के लिए नावें देने पर लगाया। बृहस्पतिवार को विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों नाविकों ने विभाग से मंजूरी लिये बगैर फिल्म यूनिट को अपनी मछली पकड़ने की नावें दी थीं।
मत्स्य विभाग के मुताबिक, भारतीय नौसेना के सी विजिल तटीय सुरक्षा अभ्यास के तहत बुधवार को निरीक्षण के दौरान तटीय पुलिस ने अरब सागर में चेल्लनम क्षेत्र में अनधिकृत फिल्म शूटिंग में लगी इन नावों के बारे में वाइपिन मत्स्य स्टेशन को सूचना दी। इस पर वाइपिन फिशरीज मरीन इंफोर्समेंट टीम ने भारत रत्न और भारत सागर नौकाओं की जांच की। जांच में दोनों नौकाओं के पास समुद्र में संचालन और फिल्म शूटिंग के लिए मत्स्य विभाग से जरूरी विशेष परमिट नहीं मिले। वहीं, नौकाओं पर सवार 33 सदस्यीय फिल्म क्रू ने कोई सुरक्षा उपकरण नहीं पहने थे।
पीएम मोदी पर लिखी किताब के प्रचार के लिए चार देशों की यात्रा पर स्मृति ईरानी
प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी पर लिखी गई किताब 'मोडायलॉग- कन्वर्सेशन्स फॉर ए विकसित भारत' के प्रचार के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चार देशों की यात्रा पर हैं। उनका यह दौरा 20 नवंबर को शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य स्मृति ईरानी को मध्य पूर्व, ओमान और ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से जोड़ना है। तय कार्यक्रम के अनुसार ईरानी अपनी यात्रा के पहले चरण में कुवैत, दुबई, फिर ओमान और अंत में ब्रिटेन जाएंगी।
पूर्व केंद्रीय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, एक बार फिर से चार देशों की रोमांचक पुस्तक यात्रा पर निकल रही हूं। जीवंत भारतीय प्रवासियों से जुड़ने, भारत की असीम क्षमता का जश्न मनाने और सार्थक बातचीत में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं। यह यात्रा सिर्फ एक किताब के बारे में नहीं है, यह कहानी, विरासत और आकांक्षाओं के बारे में है जो हमें एकजुट करती हैं। उन्होंने आगे कहा, हमारे साथ जुड़े रहिए, क्योंकि मैं इस अविश्वसनीय रोमांचक यात्रा की झलकियां आप सभी के साथ साझा करूंगी। डॉ. अश्विन फर्नांडिस की लिखित पुस्तक पीएम मोदी पर के शासन दर्शन पर प्रकाश डालने के साथ विकसित भारत के लिए उनके दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करती है।
जोरहाट: वन विभाग ने गड्ढे में फंसे 6 हाथियों को बचाया
असम के वन विभाग ने आज सुबह होलोंगापार गिब्बन अभयारण्य के समीप समतल क्षेत्र में ईंट फैक्ट्री के गड्ढे में फंसे 6 हाथियों को बचाया। स्थानीय लोगों की तरफ से सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग की बचाव टीम ने अर्थ-मूवर का उपयोग करके हाथियों को गड्ढे से बाहर निकाला। इस मामले पर बात करते हुए मरियानी रेंज के वन रेंजर अंगशुमा भुयान ने बताया कि, 'मुझे आज सुबह करीब 4:30 बजे इस घटना के बारे में पता चला। अर्थ मूवर की मदद से हम झुंड को बचाने में सफल रहे। यह एक गंभीर स्थिति थी क्योंकि फंसे हुए हाथियों में से एक बछड़ा था। सौभाग्य से, कोई भी हाथी घायल नहीं हुआ।
मालदीव के रिसॉर्ट से बचाकर भारत वापस लाया गया शेफ, शोषण का था शिकार
ठाणे जिले स्थित भयंदर के मान पारेख को मालदीव के रिसॉर्ट से बचाकर भारत वापस लाया गया। वह वहां शेफ के रूप में काम कर रहा था और शोषण व जबरन श्रम का शिकार था। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने कहा कि मालदीव में भारतीय उच्चायोग के सहयोग और मीरा भयंदर वसई विरार पुलिस के 'भरोसा सेल' के प्रयासों से पारेख अपने परिवार से दोबार मिल सका। मान पारेख एक रिसॉर्ट में शेफ के रूप में काम करने के लिए पिछले साल दिसंबर में मालदीव गए थे। नौकरी की व्यवस्था एक स्थानीय एजेंट ने की थी। वहां पहुंचकर वे दमनकारी और अपमानजनक कार्य वातावरण में फंस गए। उनसे प्रतिदिन लगभग 20 घंटे काम लिया जाता था और घटिया भोजन एवं घटिया सुविधाएं दी जाती थीं। उनके माता-पिता ने रिजॉर्ट प्रबंधन के साथ बातचीत करने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पिछले 6 महीनों में उन्होंने उसे वापस पाने के लिए कई तरह की कोशिशें की गईं। उन्होंने 15 नवंबर को भरोसा सेल से संपर्क किया। सेल के वरिष्ठ निरीक्षक राजश्री शिंदे ने भारतीय उच्चायोग से संपर्क किया और अन्य औपचारिकताएं पूरी कीं। 18 नवंबर को पारेख को वापस भारत भेज दिया गया।
चंद्र भूषण कुमार बने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. चंद्र भूषण कुमार को बृहस्पतिवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि चंद्र भूषण कुमार 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने ने केशव चंद्र का स्थान लिया। उन्हें नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से पहले कुमार ने नई दिल्ली में पेयजल और स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के अतिरिक्त सचिव और मिशन निदेशक के रूप में कार्य किया।
जम्मू-कश्मीर के जवाहर सुरंग को उन्नत किया गया, दिसंबर में खोली जाएगी
जम्मू-कश्मीर में 68 साल पुरानी जवाहर सुरंग को अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करके उन्नत किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा, संरक्षा और आराम को बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं। इसे दिसंबर में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। 2.5 किमी लंबी दोहरी सुरंग ऐतिहासिक रूप से पीर-पंजाल रेंज के माध्यम से कश्मीर घाटी और लेह को शेष भारत से जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण मार्ग के रूप में कार्य करती है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने 1956 में निर्मित सुरंग का व्यापक नवीनीकरण किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से वित्त पोषित 62.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को बीआरओ के 'प्रोजेक्ट बीकन' के माध्यम से लगभग एक साल में पूरा किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इसमें 76 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, धुआं और आग सेंसर, एससीएडीए सिस्टम और वास्तविक समय पर्यवेक्षण के लिए एक केंद्रीकृत निगरानी कक्ष भी शामिल है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के लिए एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में कार्य करता है।
1.23 करोड़ की मेफेड्रान के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद में 1.3 करोड़ रुपये की मेफेड्रान (ड्रग्स) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जीशान दत्ता पावले एक हिस्ट्रीशीटर है। वह पूर्व में आठ गंभीर अपराधों में शामिल रहा है और दो मामलों में वांछित है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ओडिशा में धर्मशाला विधायक पर हमला करने के आरोप में 10 गिरफ्तार
ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार को भाजपा समर्थित निर्दलीय विधायक हिमांशु शेखर साहू पर हमले के सिलसिले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह हमला बुधवार शाम को जाजपुर टाउन पुलिस सीमा के भीतर बुद्ध नदी पर एक पुल के पास हुआ। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में धर्मशाला विधायक ने आरोप लगाया कि हमलावर बीजद नेता प्रणब प्रकाश दास (जिन्हें बॉबी के नाम से भी जाना जाता है) के समर्थक थे और उन्हें उनकी हत्या करने के लिए भेजा गया था। बीजद नेता और पूर्व मंत्री प्रणब प्रकाश दास ने हमले की निंदा करते हुए मांग की कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
गुजरात सरकार का तीन दिवसीय 'चिंतन शिविर' सोमनाथ में शुरू हुआ
गुजरात सरकार का तीन दिवसीय 'चिंतन शिविर' या विचार-मंथन सत्र, नौकरियों, पर्यटन, ग्रामीणों की आय और अन्य क्षेत्रों पर केंद्रित है, जो गुरुवार को गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर के पास शुरू हुआ, अधिकारियों ने कहा।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने यहां प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद प्रभास पाटन शहर में 11वें चिंतन शिविर का उद्घाटन किया। इसमें कहा गया है कि विचार-मंथन सत्र में सभी मंत्री, शीर्ष नौकरशाह, विभिन्न विभागों और सरकारी संस्थाओं के प्रमुख और कलेक्टर भाग ले रहे हैं। यह कार्यक्रम चार प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगा – रोजगार के अवसर बढ़ाने के तरीके, गांवों में रहने वाले लोगों की आय बढ़ाना, सरकारी योजनाओं की संतृप्ति और स्थानीय स्वशासी निकायों की मदद से पर्यटन क्षेत्र का विकास।
तेलंगाना: ग्रामीणों पर उत्पीड़न का NHRC ने लिया संज्ञान
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने कहा, 'भारत का राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग तेलंगाना के विकाराबाद जिले के लागाचर्ला के ग्रामीणों पर उत्पीड़न, अत्याचार और झूठे आरोप लगाने की शिकायत का संज्ञान लेता है, क्योंकि उन्होंने उचित प्रक्रिया के बिना भूमि अधिग्रहण के खिलाफ विरोध किया था।
रिश्वतखोरी की शिकायतों से नाराज ममता बनर्जी ने कहा सीआईडी में करें बड़ा फेरबदल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को राज्य के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) में ‘पूर्ण फेरबदल’ की शुरुआत करने की घोषणा की। उन्होंने निचले स्तर के पुलिसकर्मियों के एक वर्ग पर भ्रष्ट आचरण में संलिप्त होने का आरोप लगाया।
बनर्जी ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार को कुछ सीआईडी अधिकारियों के खिलाफ मिली ‘शिकायतों’ पर गौर करने और उनके वास्तविक पाए जाने पर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। बनर्जी ने राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में एक बैठक में कहा, मैं सीआईडी में पूर्ण फेरबदल की शुरुआत करूंगी। मैं आपको (कुमार) जिम्मेदारी दे रही हूं। मुझे प्रस्ताव दें और शिकायतों की जांच करें। कभी-कभी झूठी शिकायतें भी दर्ज की जाती हैं। यदि वे वास्तविक पाई जाती हैं, तो कड़ी कार्रवाई करें। जरूरत पड़ने पर मुझे भी न बख्शें। बनर्जी राज्य की गृह मंत्री भी हैं।
उन्होंने कुमार से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो को मजबूत करने के लिए कदम उठाने के लिए भी कहा।उन्होंने कहा, मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगी कि पुलिस और सीआईएसएफ का एक वर्ग रिश्वत ले, कोयला, सीमेंट और रेत की चोरी में शामिल हो और फिर लोग तृणमूल कांग्रेस को दोषी ठहराएं।
पेड़ों के नुकसान को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जवाब मांगा। इसमें राज्यों एवं यूटी से वनों की वर्तमान स्थिति, वन आवरण के नुकसान के जिम्मेदार कारकों और वन के संरक्षण और प्रबंधन के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई। एनजीटी ने कहा कि यह पूरे देश का मामला है। हरित निकाय ने 2000 से मार्च 2024 तक की अवधि में देश में 23.3 लाख हेक्टेयर वृक्ष क्षेत्र के नुकसान के मुद्दे पर सुनवाई के दौरान ये निर्देश जारी किया।
बाइडन के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगें राहुल: एनएमओ-भारत
डॉक्टरों के समूह नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन भारत (एनएमओ-भारत) ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। संगठन ने कहा कि राहुल गांधी बयान संवेदनशीलता की कमी को दिखाता है। संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष सीबी त्रिपाठी ने इसे लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल की मां सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा कि राहुल की टिप्पणियां उम्र बढ़ने और संज्ञानात्मक स्वास्थ्य के बारे में हानिकारक रूढ़िवादिता को बढ़ावा देती हैं।
दरअसल, 16 नवंबर को महाराष्ट्र के अमरावती में एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति की तरह भूलने की बीमारी से पीड़ित प्रतीत होते हैं। सीबी त्रिपाठी ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह के बयानों से गलत सूचना फैलने का खतरा है।