एमएलसी चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और आठ अन्य सहित वाईएसआरसीपी नेताओं के खिलाफ आंध्र प्रदेश के गुंटूर के नल्लपाडु पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
तेलंगाना में शॉर्ट सर्किट से एक परिवार के तीन लोगों की मौत
तेलंगाना के निजामाबाद जिले के बोधन पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पेगदापल्ली में शॉर्ट सर्किट के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बोभन पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना एक कृषि क्षेत्र में हुई। जहां परिवार के तीन सदस्य काम कर रहे थे। पीड़ितों की पहचान एक पुरुष, उसकी पत्नी और उनके बेटे के रूप में हुई है। मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रहे हैं।
बंगलूरू के मदरसे में नाबालिग लड़की के साथ मारपीट;
बंगलूरू पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यहां एक मदरसे में 11 वर्षीय लड़की के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट की। उन्होंने बताया कि हेगड़े नगर में 16 फरवरी को हुई घटना मदरसे के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। पीड़िता की मां ने बुधवार को दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जुलाई 2024 में मदरसे और उसके छात्रावास में 5वीं कक्षा में दाखिला मिला था। पुलिस ने बताया कि छात्रावास प्रभारी का बेटा मोहम्मद हसन अक्सर छात्रावास आता-जाता था।
16 फरवरी को शाम करीब 4.30 बजे लड़की को कार्यालय में बुलाया गया, जहां हसन ने कथित तौर पर चावल गिराने और खेलते समय छात्रावास की अन्य लड़कियों से झगड़ा करने के आरोप में उसे हाथों और लात-घूंसों से पीटा। मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोथनूर पुलिस थाने ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 (बच्चों के साथ क्रूरता के लिए दंड) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अगरतला-गुवाहाटी के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की रेल मंत्री से मांग
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से राज्य की राजधानी अगरतला और असम के गुवाहाटी के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का आग्रह किया है। सीएम ने हाल ही में नई दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात की और पूर्वोत्तर राज्य में रेलवे से संबंधित कई विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा की। सीएम ने बुधवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा, 'नई दिल्ली के रेल भवन में केंद्रीय रेल और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में हमने विकास के विभिन्न विषयों जैसे वंदे भारत ट्रेन, अगरतला-गुवाहाटी के बीच इंटर-सिटी ट्रेन, धर्मनगर-सबरूम के बीच लोकल ट्रेन, जिरानिया-बोधजंगनगर (औद्योगिक एस्टेट) और धर्मनगर-कैलाशर के बीच नई पटरी बिछाने और अगरतला-गुवाहाटी के बीच किशन रेल चलाने पर चर्चा की।' इससे पहले उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की और त्रिपुरा के विकास और प्रगति से जुड़े मामलों पर चर्चा की।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2023 में पश्चिम बंगाल में रामनवमी के दौरान हुई हिंसा के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने कहा कि गिरफ्तार कामरान कुरैशी उर्फ शाहरुख कुरैशी इस मामले का सह-साजिशकर्ता है। वह हुगली जिले के सिरामपुर का रहने वाला है। उसे मंगलवार को एजेंसी ने हिरासत में लिया था। एनआई के कोलकाता की टीम ने उसके पास से तीन तलवार उसके पास से तीन तलवारें, कुछ राख के रंग का पाउडर भी बरामद किया गया। बारूद की गंध वाले इस पाउडर को एक काले पॉलीथीन बैग में अखबार में लपेटकर रखा गया था।
गूगल ने बंगलूरू में खोला सबसे बड़ा कार्यालय 'अनंत';
भारत की सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बंगलूरू में गूगल ने अपना नया और बड़ा ऑफिस कैंपस 'अनंत' का शुभारंभ कर दिया है। यह कैंपस 16 लाख वर्ग फुट (यानी करीब 1.5 लाख वर्ग मीटर) में फैला है। इसमें 5,000 से ज्यादा लोग एक साथ बैठकर काम कर सकते हैं। यहां गूगल के कई अलग-अलग उत्पाद जैसे एंड्रॉयड (मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम), सर्च (गूगल का खोज इंजन), पे (ऑनलाइन भुगतान ऐप), क्लाउड (डाटा स्टोरेज सेवा), मैप्स (नक्शा ऐप), प्ले (मोबाइल ऐप स्टोर) और गूगल डीपमाइंड (एआई से जुड़ी रिसर्च टीम) से जुड़ी टीमें काम करेंगी। यह इमारत दिखने में बेहद आधुनिक है और पर्यावरण को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इतना कैंपस को गूगल का सबसे बड़ा कैंपस बताया जा रहा है। यह पूर्वी बंगलूरू के महादेवपुरा इलाके में स्थित है। गूगल ने इसे मील का पत्थर बताया, क्योंकि यह भारत के छोटे-बड़े बिजनेस और करोड़ों लोगों को ऑनलाइन जोड़ने में मदद करेगा। इसका उद्घाटन 19 फरवरी को हुआ।
रिश्वतखोरी में पूर्व प्रधान आयकर आयुक्त और अन्य पर आरोपपत्र
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि उसने केरल स्थित एक आभूषण फर्म से जुड़े रिश्वतखोरी मामले में एक पूर्व प्रधान आयकर आयुक्त, एक पूर्व आयकर अधिकारी और अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। बुधवार को ईडी की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि अभियोजन पक्ष की शिकायत एर्नाकुलम स्थित एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत के समक्ष पांच व्यक्तियों और कोट्टायम के एट्टूमनूर में आभूषण फर्म पोवाथ ज्वैलर्स के खिलाफ दायर की गई थी। कोर्ट ने बुधवार को आरोपपत्र का संज्ञान लिया। ईडी ने कहा कि आरोपियों ने कोट्टायम स्थित पोवाथ ज्वेलरी के आयकर निर्धारण के मामले में आपराधिक साजिश में शामिल होकर उक्त फर्म को अनुचित लाभ पहुंचाया।
द्रमुक ने हिंदी के खिलाफ प्रदर्शन किया तेज, लोगों ने सड़क पर बनाईं रंगोली
तमिलनाडु की सत्तारूढ़ द्रमुक ने केंद्र की ओर से हिंदी थोपने के खिलाफ लड़ाई तेज करते हुए चावल के आटे से सड़कों पर रंग-बिरंगे पैटर्न बनाकर कोलम अभियान शुरू किया। द्रमुक अध्यक्ष और सीेएम एम के स्टालिन ने सोशल मीडिया पर भारतीदासन की कविता पोस्ट की, जिसमें आश्चर्य जताया गया है कि अगर हिंदी अनिवार्य है तो क्या हिंदी को खत्म करना उनके लिए अनिवार्य नहीं है। कवि अपनी कविताओं में सीधे हिंदी भाषा को संबोधित करते हैं और कविता में जोर देते हैं कि हिंदी का षड्यंत्र सफल नहीं होगा। भारतीदासन (1891-1964) तमिलनाडु के एक प्रसिद्ध कवि हैं। स्टालिन ने यहां की सड़कों पर कोलम बना रहीं महिलाओं का वीडियो टैग किया। तमिलनाडु का फंड कहां है?, हिंदी थोपना बंद करो और विश्वासघात मत करो वे कुछ नारे हैं जो लोगों ने सड़कों पर कोलम (रंगोली) के साथ लिखे गए थे। उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने केंद्र को राज्य और उसके सहयोगियों पर एक और भाषा युद्ध थोपने के खिलाफ चेतावनी दी।
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के लिए मुसीबत बनी गारंटी योजना
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के लिए उसकी गांरटी योजनाएं अब उसी के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। लाभार्थियों को भुगतान में देरी की शिकायतों के जवाब में कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री केसी जॉर्ज ने कहा कि गारंटी स्कीम के तहत दी जाने वाली राशि मासिक वेतन नहीं है। इसमें थोड़ी देर हो सकती है। पिछले कुछ महीनों से अन्न भाग्य और गृह लक्ष्मी के लाभार्थियों को राशि का भुगतान न किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इस पर मंत्री जॉर्ज ने पत्रकारों से कहा, जैसे ही हमें जानकारी मिलेगी, तुरंत इसे ठीक करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। स्कीम के तहत मिलने वाली धन राशि मासिक वेतन नहीं।
भाजपा ने घेरा
मंत्री जॉर्ज के बयान पर भाजपा नेता आर अशोक ने सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेता ने कहा कि जनता आपसे भीख नहीं मांग रही और न ही आपने जनता से पूछकर इन गांरटी योजनाओं को शुरू किया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप गया। एजेंसी
लीडरशिप सम्मेलन का कल उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में दो दिवसीय स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप (सोल) सम्मेलन के पहले संस्करण का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे और भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे बतौर मुख्य अतिथि भाषण देंगे। सम्मेलन में राजनीति, खेल, कला और मीडिया जगत की हस्तियां अपनी प्रेरक जीवन यात्राएं साझा करेंगे।
तेलंगाना में दंपती समेत तीन रोहिंग्या किए गए गिरफ्तार
तेलंगाना के महबूबनगर जिले से पुलिस ने म्यांमार के तीन रोहिंग्या घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दंपती भी शामिल है। पुलिस ने बुधवार को बताया ये घुसपैठिये राजापुर मंडल में एक फॉर्म हाउस में पिछले आठ महीने से काम कर रहे थे। इनमें से एक ने भारतीय पासपोर्ट और आधार भी बनवा लिया था। एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर मंगलवार को ये गिरफ्तारियां हुईं।
अंतरिक्ष के क्षेत्र में स्टार्ट्अप को बढ़ावा देने के लिए 5 अरब रुपये का कोष बना
वैश्विक अंतरिक्ष उद्योग में हिस्सेदारी बढ़ाने के मकसद से भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (आईएन-स्पेस) ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए 5 अरब रुपये का फंड गठित किया है। अंतरिक्ष नियामक ने बुधवार को एक बयान में कहा कि प्रौद्योगिकी अंगीकरण निधि नामक यह फंड सरकारी निकायों को निजी क्षेत्र से भी जोड़ेगा, जिसका उद्देश्य भारत को तेजी से प्रतिस्पर्धी बाजार में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में स्थापित करना है। आईएन-स्पेस के चेयरमैन पवन गोयनका ने कहा, यह कोष स्टार्टअप्स और मध्यम एवं लघु व्यवसायों के लिए परियोजना लागत का 60 फीसदी तक और बड़े उद्योगों के लिए 40 फीसदी तक वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। प्रति परियोजना अधिकतम वित्तपोषण सीमा 25 करोड़ रुपये होगी।
मणिपुर के कई जिलों से चार उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के चुराचांदपुर, थौबल और इंफाल ईस्ट जिलों से कम से कम दो अलग-अलग संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार किए गए लोगों में मंगलवार को चुराचांदपुर से यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी का एक सक्रिय सदस्य और बुधवार को थौबल और इंफाल ईस्ट से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के तीन सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उग्रवादी 'जबरन वसूली, अपहरण, हथियारों की तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी' में शामिल थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने पिछले दो दिनों में थौबल और तेंगनौपाल जिलों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए हथियारों में राइफल, पिस्तौल, हथगोले और मोर्टार शामिल हैं।
वाईएसआरसीपी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात
आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी के प्रतिनिधिमंडल ने विपक्ष के नेता बी सत्यनारायन के साथ राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के प्रमुख और पूर्व सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। सत्यनारायन ने आरोप लगाया कि एन चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध के चलते जानबूझकर गुंटूर यात्रा के दौरान पार्टी प्रमुख की सुरक्षा को नजरअंदाज किया। अगर वाईएस जगन के साथ कुछ होता है तो इसके लिए सरकार और आईजी, एसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उनकी सुरक्षा वापस लेने के लिए सरकार ने चुनाव आचार संहिता का बहाना बनाया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने राष्ट्रपिति से की मुलाकात
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
कोलकाता में एक ही परिवार की तीन महिलाओं की हुई थी हत्या, पोस्टमार्टम में खुलासा
कोलकाता के एक घर में मृत मिलीं तीन महिलाओं से जुड़े मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम में सामने आया है कि तीनों की हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कोलकाता ें एक ही परिवार की तीन महिला सदस्य घर में मृत पाई गईं थी। वहीं मृत पाई गई एक महिला के पति की कार हादसे में मौत हो गई और घर के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम में सामने आया कि दो महिलाओं की कलाई कटी हुई थी और उनके गले के पास गहरी चोटों के निशान थे। माना गया कि उनकी मौत चोटों के कारण हुई। किशोरी की मौत जहर के कारण हुई।
विपक्ष के नेता और भाजपा विधायकों ने राज्यपाल से की मुलाकात
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और भाजपा विधायकों ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात की। इससे पहले पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष अधिकारी और अन्य भाजपा विधायकों ने राजभवन परिसर में महाकुंभ 2025 के लिए मृत्यु कुंभ टिप्पणी को लेकर सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।
जांच समिति के सामने पेश होंगे केआईआईटी के संस्थापक
केआईआईटी में नेपाली छात्रा की आत्महत्या के मामले में जांच समिति ने केआईआईटी के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत को सम्मन भेजा है। वे ओडिशा सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति के सामने पेश होंगे।
कारोबारों की जरूरतें पूरी करने के लिए 20 औद्योगिक स्मार्ट शहरों का विकास किया जा रहा: गोयल
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि 20 औद्योगिक स्मार्ट शहरों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक निवेशकों और व्यवसायों की जरूरतों को पूरा करने वाले उन्नत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। मंत्री ने यह बात राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम (एनआईसीडीपी) के तहत विकसित औरंगाबाद औद्योगिक शहर (एयूआरआईसी) शेंद्रा के दौरे के दौरान कही। मंत्री ने एयूआरआईसी में एक समर्पित कौशल विकास केंद्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता को स्वीकार किया। उन्होंने उद्योग हितधारकों के सहयोग से एक कौशल और नौकरी केंद्र की स्थापना के लिए सहमति व्यक्त की।
महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल कोश्यारी के खिलाफ मानहानि मामला खारिज
दिल्ली की एक अदालत ने महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ एक कारोबारी की मानहानि शिकायत को खारिज कर दिया। इस मामले में शिकायतकर्ता कारोबारी की मृत्यु हो चुकी है और उनके उत्तराधिकारी यह साबित करने में विफल रहे कि वे कोश्यारी के बयान से व्यथित थे। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पारस दलाल ने कोश्यारी और पूर्व कांग्रेस सांसद राशिद अल्वी समेत अन्य आरोपियों के मामले में बरी करने की मांग पर एसपी गुप्ता की शिकायत खारिज कर दी। शिकायतकर्ता एसपी गुप्ता एक निजी लिमिटेड कंपनी सनएयर होटल्स के प्रबंध निदेशक थे। एक अन्य कंपनी वीएलएस फाइनेंस लिमिटेड के साथ कुछ व्यापारिक लेन-देन के बाद, विभिन्न मुकदमों के तहत, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कुप्रबंधन आदि के आरोप लगाए। सीबीआई और एसएफआईओ समेत कई जांच एजेंसियों ने मामले की जांच की। आरोप है कि गुप्ता पर वीएलएस फाइनेंस लिमिटेड की ओर से तत्कालीन वरिष्ठ मंत्रियों ने दबाव डाला, जबकि कोशियारी, अल्वी और अन्य ने उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से कंपनी की ओर से मानहानिकारक पत्र लिखे थे।