फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: अरुणाचल प्रदेश के नए लोकायुक्त अध्यक्ष ने शपथ ली, असम के मोरीगांव में दो कैदी जेल से फरार

Wed, 20 Aug 2025 03:27 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रशांत कुमार डेका ने बुधवार को ईटानगर राजभवन में एक कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के लोकायुक्त के नए अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। इस अवसर पर राज्य के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सांग फुंटसोक ने भी लोकायुक्त के सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक ने अध्यक्ष और सदस्य दोनों को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चाउना मीन, कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

विज्ञापन


राज्यपाल ने कहा कि लोकायुक्त न केवल एक वैधानिक निकाय है, बल्कि 'सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा बनाए रखने का दायित्व निभाने वाला एक नैतिक संरक्षक' भी है। उन्होंने नए अध्यक्ष से पारदर्शिता को बढ़ावा देने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार से निपटने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। राज्यपाल परनाइक ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था शासन में लोगों के विश्वास की नींव है और लोकायुक्त इस लक्ष्य की प्राप्ति में केंद्रीय भूमिका निभाता है।

पीएम मोदी ने राजीव गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि
आज पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- आज पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।
विज्ञापन

 

कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी को किया नमन
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के साथ-साथ उनके पति, व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा और उनके बेटे रेहान वाड्रा ने भी वीर भूमि पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पूर्व पीएम राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
 
 
 

इंडिया ब्लॉक के नेताओं की अहम बैठक
इंडिया ब्लॉक के नेता आज सरकार की तरफ से पेश किए जाने वाले विधेयकों पर रणनीति पर चर्चा करने के लिए सुबह 10 बजे संसद भवन स्थित राज्यसभा के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में बैठक करेंगे।

कर्नाटक में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के नाम पर होगा विश्वविद्यालय
कर्नाटक विधानसभा में एक विधेयक पारित किया गया है। इसके माध्यम से बंगलूरू सिटी यूनिवर्सिटी का नाम बदलकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम पर रखा जाएगा। विपक्षी दल भाजपा ने सुझाव दिया कि पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में किसी मौजूदा विश्वविद्यालय का नाम बदलने के बजाय नए विश्वविद्यालय का नाम रखा जाना चाहिए। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि किसी मौजूदा विश्वविद्यालय का नाम मनमोहन सिंह के नाम पर रखना उनका सम्मान नहीं हो सकता। एक अन्य भाजपा विधायक सुरेश गौड़ा ने कहा क, तुमकुर विश्वविद्यालय का नाम शिवकुमार स्वामीजी के नाम पर रखा जाना चाहिए। उन्हें उनके अनुयायी 'नादेदादुवा देवारु' (चलते-फिरते भगवान) कहते थे।

सोशल मीडिया पर दोस्ती कर मॉडल से दुष्कर्म, फिल्म में रोल देने का दिया था लालच
कोलकाता में एक मॉडल ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया के जरिये बने दो दोस्तों ने उसे फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह घटना कासबा थाने की है। पीड़िता ने दो युवकों पर फिल्मों में रोल देने का झांसा देकर बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने 2023 में महिला से सोशल मीडिया पर दोस्ती की थी। वे खुद को फिल्म निर्माता बताते थे और दावा करते थे कि उनके संपर्क बॉलीवुड और कोलकाता फिल्म इंडस्ट्री में हैं। इसी बहाने वे उसे कासबा इलाके में विभिन्न स्थानों पर ले जाकर यौन शोषण करते रहे। जब मॉडल ने फिल्मी व्यक्तियों से मिलने की मांग की तो आरोपी उससे बचने लगे। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया।

कांग्रेस को असम के CM ने आड़े हाथों लिया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स हैंडल पर लोकसभा की कार्यवाही के दौरान की एक वीडियो क्लिप शेयर कर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, यह चौंकाने वाला और हैरान करने वाला है। असम के हर नागरिक को यह जानना चाहिए। आज जब लोकसभा ने असम में भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) स्थापित करने के विधेयक को पारित करने के लिए मतदान किया, तो असम कांग्रेस के बेशर्म सांसदों ने इसका कड़ा विरोध किया। क्या आप सोच सकते हैं कि कांग्रेस असम से कितनी नफरत करती है, और वे कितने घोर जनविरोधी और विकास विरोधी हैं कि वे हमारे राज्य में एक आईआईएम भी नहीं बनने देना चाहते! सीएम हिमंत ने कहा, असम के लोग उन्हें न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।

अहमदाबाद में होंगे कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग और एशियाई चैम्पियनशिप जैसे बड़े टूर्नामेंट
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद इस साल तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करेगा। इन आयोजनों में कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप, एशियन एक्वाटिक्स चैम्पियनशिप और एएफसी अंडर-17 एशियन कप फुटबॉल क्वालिफायर शामिल हैं। इस बात की जानकारी मंगलवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई।

वेटलिफ्टिंग में 29 देशों के खिलाड़ी
कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन 24 से 30 अगस्त तक अहमदाबाद के नरनपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। इसमें 29 देशों के 350 से अधिक वेटलिफ्टर्स हिस्सा लेंगे। यह टूर्नामेंट अहमदाबाद को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

एशियन एक्वाटिक्स चैम्पियनशिप
इसके बाद सितंबर-अक्टूबर के बीच अहमदाबाद में एशियन एक्वाटिक्स चैम्पियनशिप होगी, जिसमें चीन, जापान और कोरिया जैसे देशों के तैराक भाग लेंगे। यह आयोजन भी एशिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों को गुजरात की धरती पर लाएगा।

फुटबॉल क्वालिफायर अहमदाबाद में
एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2026 क्वालिफायर के तहत भारत 22 से 30 नवंबर के बीच ग्रुप डी मैचों की मेजबानी करेगा। ये मैच 'द एरिना बाय ट्रांसस्टेडिया', अहमदाबाद में खेले जाएंगे। इसमें भारत, ईरान, चीनी ताइपे और लेबनान जैसी टीमें हिस्सा लेंगी।

मेघालय के स्कूलों में ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन प्रोग्राम शुरू होगा
मेघालय में अब स्कूलों के छात्र ओलंपिक मूल्यों को पढ़ाई के साथ सीख सकेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग, खेल और युवा मामलों के विभाग और अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन के बीच एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के तहत राज्य के स्कूलों में ओलंपिक मूल्य शिक्षा कार्यक्रम (OVEP) लागू किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सम्मान, उत्कृष्टता, दोस्ती, एकता और निष्पक्षता जैसे ओलंपिक मूल्यों से जोड़ना है।

यह पहल बच्चों में खेल भावना, टीमवर्क और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए की गई है। अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल पढ़ाई में सुधार होगा, बल्कि छात्र मानसिक और शारीरिक रूप से भी मजबूत बनेंगे। यह कार्यक्रम देश के पूर्व ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा की फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा है, जो देशभर में खेलों के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने का काम कर रही है।

तमिलनाडु में थौहीद जमात ने चुनाव आयोग के खिलाफ किया विरोध
तमिलनाडु थौहीद जमात (TNTJ) के बैनर तले 500 से ज्यादा मुस्लिम नागरिकों ने सोमवार को चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध कर्नाटक के नागदेवप्रविल में मतदाता सूची में पाई गई भारी अनियमितताओं को लेकर किया गया। थौहीद जमात के राज्य महासचिव मुजीब रहमान ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने देश के लोकतांत्रिक अधिकारों की चोरी की है। उन्होंने कहा कि नागदेवप्रविल में 1.14 लाख से ज्यादा फर्जी या गलत वोट पाए गए हैं। कुछ वोटर लिस्ट में गलत पते, गलत फोटो, और यहां तक कि मृत लोगों के नाम भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हर भारतीय नागरिक को यह अधिकार है कि वह मतदान कर सरकार चुने, लेकिन चुनाव आयोग ने यह अधिकार छीन लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार ने इस गड़बड़ी में सहयोग किया है, उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले की न्यायिक जांच और फर्जी वोटर लिस्ट के जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बंगाल में एमबीबीएस-बीडीएस काउंसलिंग स्थगित
पश्चिम बंगाल में एमबीबीएस और बीडीएस (डेंटल) काउंसलिंग प्रक्रिया अचानक रोक दी गई है। रविवार रात तक विकल्प भरने का पहला चरण पूरा हुआ था। बुधवार को परिणाम जारी होना था। राज्य के 5,000 से अधिक सीटों के लिए करीब 11,000 छात्र योग्य माने गए थे। लेकिन कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है।  अधिसूचना में कहा गया कि परामर्श (काउंसलिंग) प्रक्रिया अनिश्चितकाल के लिए स्थगित रहेगी।
सूत्रों के अनुसार, ओबीसी आरक्षण से जुड़ी अदालत में चल रही जटिलताओं के कारण यह निर्णय लेना पड़ा है। इस कदम से हजारों मेडिकल अभ्यर्थी संकट में आ गए हैं, जिन्हें अब दाखिले की नई तारीखों का इंतजार करना होगा। अंतिम क्षण में प्रक्रिया स्थगित होने से छात्रों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे पश्चिम बंगाल के मेडिकल छात्र अन्य राज्यों की तुलना में पीछे रह जाएंगे और बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली विद्यार्थी राज्य से बाहर जाने को मजबूर होंगे। 

राष्ट्रपति को मिले उपहारों की बोली 31 अगस्त तक खुली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उनके पूर्ववर्तियों को मिले 250 से अधिक उपहारों की नीलामी शुरू हो चुकी है। इन उपहारों में 10,000 रुपये का बैंक नोट का नमूना और एक विंटेज घड़ी शामिल हैं। नीलामी कार्यक्रम 25 जुलाई को शुरू हो गया था और बोली एक से 31 अगस्त तक खुली रहेगी। 

पीएम मोदी 22 को बिहार में गंगा पुल का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को बिहार में औंटा (मोकामा)-सिमरिया (बेगूसराय) हाईवे परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसके अंतर्गत गंगा नदी पर 1.865 किमी लंबा नया पुल बनाया गया है।
सरकारी बयान के अनुसार, यह पुल मोकामा (पटना जिला) और बेगूसराय को सीधे जोड़ेगा। नया पुल पुराने रेल-सह-सड़क पुल ‘राजेंद्र सेतु’ के समानांतर बनाया गया है। नए पुल के चालू होने से उत्तर बिहार (बेगूसराय, सुपौल, मधुबनी, अररिया आदि) और दक्षिण बिहार (पटना, शेखपुरा, नवादा, लखीसराय आदि) के बीच यात्रा करने वाले वाहनों को करीब 100 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिलेगी। 

बिहार में तेज प्रताप की तेजस्वी को सलाह...गद्दारों से रहें सावधान
बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने मंगलवार को अपने छोटे भाई और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर गद्दारों से सावधान रहने की सलाह दी। तेज प्रताप को हाल ही में उनके पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। तेज प्रताप ने एक पोस्ट में यह भी दावा किया कि कुछ गद्दार मेरे राजनीतिक कॅरिर को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं तेजस्वी से कहना चाहता हूं कि अब भी समय है। अपने आस-पास मौजूद जयचंदों से सावधान रहो, नहीं तो चुनाव में बहुत बुरे नतीजे देखने को मिलेंगे। 

केरल में सीपीआईएम व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प
केरल के कोल्लम जिले के कडक्कल इलाके में मंगलवार को कांग्रेस और सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक मार्क्सवादी कार्यकर्ता पर चाकू से हमला किया गया जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायल कार्यकर्ता की पहचान विदुन के रूप में हुई है, जो सीपीआई(एम) की स्थानीय शाखा के सचिव हैं। उन्हें गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत कांग्रेस के छात्र संगठन केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) और जो सीपीआई(एम) के स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के बीच पुरानी तनातनी से हुई। इसी विवाद को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इलाके में एक विरोध मार्च निकाला था, जो देखते ही देखते दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प में बदल गया। 

बंडारू विल्सनबाबू होंगे तुर्कमेनिस्तान में भारत के नए राजदूत
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को घोषणा की कि भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी बंडारू विल्सनबाबू (2004 बैच) को तुर्कमेनिस्तान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह मेडागास्कर में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। मंत्रालय ने कहा कि वे जल्द ही अपना नया कार्यभार संभालेंगे। विल्सनबाबू को सितंबर 2022 में मेडागास्कर में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे विदेश मंत्रालय में यूरेशिया डिवीजन में संयुक्त सचिव के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। मेडागास्कर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत किया और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को समर्थन दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

दुनिया की चुनौतियों के समाधान का अनिवार्य हिस्सा है भारत: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि चाहे ग्लोबल नॉर्थ या ग्लोबल साउथ के बीच असमानता से उत्पन्न समस्याएं हों, सीमा पार आतंकवाद का खतरा हो या फिर जलवायु परिवर्तन के निहितार्थ हों... भारत दुनिया की मुख्य चुनौतियों के समाधान का एक अनिवार्य हिस्सा है। उन्होंने कहा, भारत न केवल विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि एक निरंतर उभरती हुई आर्थिक शक्ति भी है। हमारी आवाज का महत्व है। भारतीय विदेश सेवा (2024 बैच) के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने उनसे वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को अपनाते हुए राष्ट्रहित सर्वोपरि की नीति को ध्यान में रखने को कहा। ये प्रशिक्षु अधिकारी मंगलवार को राष्ट्रपति से मुलाकात करने राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। मुर्मू ने अधिकारियों से कहा, उनके आसपास की दुनिया भू-राजनीतिक बदलावों, डिजिटल क्रांति, जलवायु परिवर्तन और बहुपक्षवाद के संदर्भ में तेजी से बदलाव देख रही है। ऐसे में युवा अधिकारियों के रूप में आपकी चपलता और अनुकूलता हमारी सफलता की कुंजी होगी। 
 

कच्चे कपास का शुल्क मुक्त आयात सितंबर तक
सरकार ने कपड़ा क्षेत्र के लिए माल की उपलब्धता में सुधार के लिए 30 सितंबर तक कच्चे कपास के शुल्क मुक्त आयात की मंजूरी दी है। अब तक 11 फीसदी आयात शुल्क के साथ कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर भी लगता था।

उत्पीड़न नहीं झेल सकी 46 साल की महिला, केरल में की खुदकुशी
केरल में साहूकारों पर महिला के 'उत्पीड़न' का आरोप लगा है। शोषण के बाद 46 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक मामला एर्नाकुलम जिले के कोट्टुवल्ली का है। पुलिस ने बताया कि महिला को कथित तौर पर एक साहूकार ने धमकाया था। उत्तर परवूर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक महिला का शव दोपहर करीब 3 बजे घर के पास की ही एक नदी में उतराता हुआ बरामद किया गया। मृतका ने  बिन्दु प्रदीप नामक महिला से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। पूरी रकम चुकाने के बाद भी बिन्दु और पैसे मांग रही थी। पुलिस ने बताया कि शव के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें बिन्दु और उसके पति प्रदीप के खिलाफ आरोप गंभीर लगाए गए हैं। प्रदीप सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी है, जो कथित तौर पर अवैध तरीके से धन उधार देने के मामले में संलिप्त है।

चसोती गांव में बादल फटने से मरने वालों की संख्या 61
जम्मू-कश्मीर में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआईएसएफ, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर प्रशासन किश्तवाड़ जिले के बाढ़ प्रभावित चसोती गांव में तलाशी अभियान के सातवें दिन मौजूद हैं। अंतिम अपडेट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने पुष्टि की है कि इस घटना में 61 लोगों की मौत हो गई है।
 
 

मणिपुर के तीन उग्रवादी जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी जिले से एक प्रतिबंधित संगठन के विभिन्न गुटों के तीन उग्रवादियों को जबरन वसूली में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में बताया कि उनमें से दो को मंगलवार को और एक को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) गुट के एक स्वयंभू कॉर्पोरल को मंगलवार को वांगखेई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। 26 वर्षीय यह व्यक्ति कथित तौर पर घाटी क्षेत्र में जनता से जबरन वसूली में शामिल था। सुरक्षा बलों ने मंगलवार को कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के एक 33 वर्षीय कार्यकर्ता को खुरई हेइकरू माखोंग स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।

केसीपी (एमएफएल) के एक और कार्यकर्ता को सोमवार को मिनुथोंग पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। 27 वर्षीय यह उग्रवादी कथित तौर पर घाटी क्षेत्र में दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और लोगों से जबरन वसूली में शामिल था। पुलिस ने कहा कि राज्य में जबरन वसूली और अन्य अपराधों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

त्रिपुरा भाजपा आदिवासी नेताओं की अमित शाह से मुलाकात
त्रिपुरा भाजपा के आदिवासी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में राज्य के जनजातीय इलाकों के सामाजिक और आर्थिक विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा के उत्तर-पूर्व समन्वयक संबित पात्रा भी मौजूद थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने बताया कि पार्टी का लक्ष्य अधिकतम लाभ आदिवासी समुदाय तक पहुंचाना है। फिलहाल राज्य में 1,400 करोड़ रुपये की वर्ल्ड बैंक से मदद प्राप्त एक बड़ी परियोजना आदिवासी इलाकों में चल रही है। यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि अगले साल त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल के चुनाव होने वाले हैं, जिसमें भाजपा अपनी जनजाति मोर्चा इकाई को मजबूत करना चाहती है।

मेघालय में CSC ऑपरेटर फर्जी ST सर्टिफिकेट जारी करने पर बुक
मेघालय के ईस्ट गारो हिल्स जिले में एक कॉमन सर्विस सेंटर ऑपरेटर को फर्जी अनुसूचित जनजाति प्रमाणपत्र जारी करने के आरोप में बुक किया गया है। मामला तब सामने आया जब एक व्यक्ति ने आधार नामांकन के लिए ऐसा ही एक प्रमाणपत्र जमा किया और स्कैनिंग में उसका क्यूआर कोड असली नहीं निकला। जांच में पता चला कि रोंगसाक स्थित रेनबो सीएससी ऑपरेटर ने बिना किसी अधिकार के पांच फर्जी प्रमाणपत्र बना दिए थे। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि कोई भी सीएससी, साइबर कैफे या ब्राउजिंग सेंटर अगर जाति, आय, निवास या अन्य आधिकारिक प्रमाणपत्र जारी करेगा तो उसके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होगी।

मणिपुर में महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा
मणिपुर की राजधानी इंफाल के रिम्स अस्पताल में 52 वर्षीय महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतका हिजाम ओंगबी इबेचा के परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों ने उन्हें गलत इंजेक्शन दे दिया, जिससे दिल का दौरा पड़ा और उनकी जान चली गई। घटना के बाद परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिम्मेदार डॉक्टरों को बर्खास्त करने की मांग की और कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, वे शव नहीं उठाएंगे। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो मरीज की जान बच सकती थी। हालात बिगड़ते देख अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों का गुस्सा अब भी शांत नहीं हुआ है।
 

असम में 5 करोड़ की कीमत की याबा गोलियां जब्त, दो गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में प्रतिबंधित नशे की दवा याबा की 29,400 गोलियां जब्त की हैं। इनकी कीमत बाजार में 5 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यह कार्रवाई पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद पूवामारा बाईपास इलाके में की गई। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि नशा-रोधी अभियान के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बता दें कि याबा गोलियां थाईलैंड में क्रेजी मेडिसिन" के नाम से जानी जाती हैं और इनमें मेथामफेटामाइन व कैफीन होता है, जो भारत में पूरी तरह प्रतिबंधित है।

केरल: स्वतंत्रता दिवस पर माकपा शाखा कार्यालय में तिरंगे की जगह कांग्रेस का झंडा फहराया गया
केरल के एलूर में मौजूद माकपा की एक शाखा समिति ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की जगह कांग्रेस पार्टी का झंडा फहरा दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब एक बुजुर्ग स्थानीय नेता, जो वामपंथी पार्टी के वरिष्ठ नागरिक मंच के पदाधिकारी भी हैं, ने गलती से कांग्रेस के झंडे को तिरंगा समझ लिया। एक पार्टी नेता ने बुधवार को इस शर्मनाक घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि समारोह में कई स्थानीय नेता और सदस्य शामिल हुए थे।

एक अन्य नेता ने बताया कि झंडा फहराने के बाद ही एक प्रतिभागी ने इस गलती की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी का झंडा मुश्किल से 10 मिनट तक फहराया गया' और कहा कि इसे तुरंत उतार दिया गया। हालांकि, इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। माकपा के एक वरिष्ठ जिला नेता ने कहा कि उन्होंने घटना की पुष्टि की है और पाया है कि यह एक वास्तविक गलती थी। नेता ने आगे कहा, 'संबंधित नेता ने स्वीकार किया है कि उन्होंने अपने पास कई पार्टी झंडे रखे थे और गलती से कांग्रेस के झंडे को राष्ट्रीय ध्वज समझ लिया था। उनकी उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए, पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई न करने का फैसला किया है।'

केरल में नशे में धुत बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट
इडुक्की पुलिस ने बताया कि शराब के नशे में अपने बेटे द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले के बाद इलाज करा रहे 57 वर्षीय एक व्यक्ति की बुधवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान इस पहाड़ी जिले के राजक्कड़ निवासी मधु के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 15 अगस्त की शाम को हुई, जब मधु का 35 वर्षीय बेटा सुधीश कथित तौर पर नशे में घर लौटा और अपनी माँ पर हमला करने लगा। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब मधु ने बीच-बचाव किया, तो सुधीश ने उस पर कथित तौर पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मधु, जिसे शुरुआत में पड़ोसियों ने सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाया था, को राजक्कड़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर चोटों के कारण उसकी हालत बिगड़ने पर उसे थोडुपुझा के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। मधु की पत्नी, जिन्हें मामूली चोटें आईं थीं, को बाद में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद सुधीश को गिरफ्तार कर लिया और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

असम के मोरीगांव में दो कैदी जेल से फरार
पुलिस ने बताया कि असम के मोरीगांव जिला जेल से बुधवार को दो सजायाफ्ता कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि कैदियों के भागने का पता सुबह हाजिरी के दौरान चला और पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि कैदियों ने अपनी कोठरी की खिड़कियों की छड़ें तोड़ दीं और जेल की दीवार फांदकर भागने के लिए चादरों और तौलियों का इस्तेमाल किया।

उनकी पहचान जियारुल इस्लाम के रूप में हुई है, जो पहले भी एक बार जेल से भाग चुका था और बाद में आंध्र प्रदेश में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था। दूसरा व्यक्ति सुब्रत सरकार था, जिसे यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। दोनों दोषी जेल में 20 साल की सजा काट रहे थे और एक ही बैरक में रह रहे थे। भागे हुए कैदियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। यह घटना लगभग 10 महीने पहले इसी जेल से पांच कैदियों के भागने के बाद हुई है, जिनमें से दो को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है।
 

गुवाहाटी से कोलकाता जा रही उड़ान की आपात लैंडिंग
गुवाहाटी से कोलकाता जा रही एलायंस एअर की एक उड़ान में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण विमान को बीच रास्ते से वापस गुवाहाटी लौटना पड़ा। इसके बाद गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को 'पूरी तरह आपात स्थिति' घोषित की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हवाई अड्डे की प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और उन्हें जरूरी मदद प्रदान की गई है। उन्होंने बताया, 20 अगस्त को दोपहर 1:42 बजे तकनीकी खराबी के कारण गुवाहाटी से कोलकाता जा रही उड़ान का मार्ग बदलने के बाद गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पूरी तरह आपात स्थिति घोषित की गई। हवाई अड्डे से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि यह उड़ान दोपहर 1.09 बजे गुवाहाटी से कोलकाता के लिए रवाना हुई थी। प्रवक्ता ने बताया कि विमान दोपहर 2.27 बजे सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर उतरा और 2.40 बजे आपात स्थिति को समाप्त कर दिया गया। 

जस्टिस नागमोहन दास की एससी के लिए आरक्षण संबंधी सिफारिशों को स्वीकार किया: सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने अपनी कैबिनेट बैठक में जस्टिस एच. एन. नागमोहन दास की अनुसूचित जातियों (एससी) के लिए आंतरिक आरक्षण संबंधी सिफारिशों को कुछ संशोधनों के साथ स्वीकार कर लिया है। इनमें आयोग द्वारा 'लेफ्ट-हैंड जातियों' के रूप में पहचानी गई जातियों को छह फीसदी आंतरिक आरक्षण देने का फैसला भी शामिल है।

उन्होंने कहा, हमने यह भी तय किया है कि आंतरिक आरक्षण के लिए आंदोलन करने वालों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही आंतरिक आरक्षण का आदेश जारी होगा, भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी और आयु सीमा में एक बार की छूट दी जाएगी। कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों को लेकर मुख्यमंत्री ने विधानसभा में वक्तव्य को पढ़ते हुए कहा कि आयोग ने 'परया', 'मोगेरा' और अन्य 'राइट-हैंड जातियों' को 'लेफ्ट-हैंड जातियों' के साथ एक समूह में रखा था। हमने तय किया कि इन समुदायों को राइट-हैंड समूह में रखा जाएगा और इन्हें छह फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने आदिकर्नाटक, आदिआंध्र और आदिद्रविड़ समूहों को 'लेफ्ट-हैंड' और 'राइट-हैंड' समूहों के बीच समान रूप से छह फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया है, जिनकी कुल आबादी 4,74,954 है।  

आंध्र प्रदेश: छह बच्चों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के अस्परी मंडल में बुधवार को छह बच्चों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, स्थानीय स्कूल में पढ़ने वाले सात बच्चों का समूह गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर एक गड्ढे में नहाने गया था। यह गड्ढा बारिश के पानी से भरा हुआ था।

एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, कुरनूल जिले के अस्परी मंडल में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में छह स्कूली बच्चे डूब गए। सात में से छह बच्चे पानी में उतर गए और डूब गए, जबकि एक बच्चा बाहर ही खड़ा रहा। उसी बच्चे ने शोर मचाकर गांववालों को बुलाया। पुलिस ने बताया कि गांव के एक चरवाहे की मदद से बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।

वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी इस घटना पर दुख जताया और सरकार से पीड़ित परिवारों को मदद देने की अपील की। उन्होंने प्रशासन से कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी सावधानियां बरती जाएं।

पश्चिम बंगाल: कोर्ट का आदेश- मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के खिलाफ जारी किया जाए समन
कोलकाता की एक विशेष अदालत ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के खिलाफ समन जारी करने का आदेश दिया। यह समन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उस मामले से जुड़ा है, जिसमें प्राथमिक स्कूलों में नौकरी देने में कथित गड़बड़ियों का आरोप है। अदालत ने आदेश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर चंद्रनाथ सिन्हा को समन भेजा जाए। उन्हें 12 सितंबर को अदालत में पेश होने को कहा गया है। इसी दिन इस मामले की अगली सुनवाई होगी।

कांग्रेस ने सलमान खुर्शीद को अपने विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया
कांग्रेस ने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को अपने विदेश मामलों से जुड़े विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह आनंद शर्मा की जगह लेंगे, जिन्होंने कुछ दिन पहले इस पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, कांग्रेस अध्यक्ष ने एआईसीसी के विदेश विभाग के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति की है। इस बयान के अनुसार, सलमान खुर्शीद को विदेश विभाग का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, बृजेन्द्र सिंह और आरती कृष्णन को विभाग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बयान में यह भी कहा गया कि पार्टी, पूर्व अध्यक्ष आनंद शर्मा के योगदान की सराहना करती है।
 

28 अगस्त को सीतामढ़ी में राहुल की मतदाता अधिकार यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश 
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को बताया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 28 अगस्त को बिहार के सीतामढ़ी में 'मतदाता अधिकार यात्रा' में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और महागठबंधन के अन्य नेताओं के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में अखिलेश यादव की भागीदारी "वोट चोरी के खिलाफ जन आंदोलन" को और मजबूत करेगी।

बुधवार को यात्रा का विराम दिवस था और गुरुवार को यह फिर से नालंदा से शुरू होगी। यह यात्रा लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा से भी होकर गुजरेगी।

गुजरात: अरब सागर में तीन मछली पकड़ने वाली नावें पलटीं, 11 मछुआरे लापता
गुजरात के अमरेली जिले के समुद्री तट के पास अरब सागर में तीन मछली पकड़ने वाली नावें डूब गईं। इस हादसे में 11 मछुआरे लापता हो गए हैं, जबकि 17 को बचा लिया गया है। घटना मंगलवार शाम खराब मौसम के कारण। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अमरेली के जिलाधिकारी विकल्प भारद्वाज ने बताया कि घटना के बाद एक तटरक्षक जहाज और दो होवरक्राफ्ट की मदद से स्थानीय मछुआरों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया, तीन नावों में कुल 28 मछुआरे सवार थे, जो जाफराबाद शहर के तट से करीब 19 नॉटिकल मील दूर समुद्र में खराब मौसम के कारण पलट गईं। इनमें से 17 मछुआरे सुरक्षित बचा लिए गए हैं, लेकिन 11 अब भी लापता हैं। 
 
विज्ञापन

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने नवीन पटनायक से फोन पर की बातचीत, स्वास्थ्य की जानकारी ली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को अस्पताल में भर्ती ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता पटनायक रविवार शाम को डिहाइड्रेशन के कारण यहां एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर अस्पताल में भर्ती हुए थे।

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज शाम हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुए बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक से बात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें