मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बड़ा अग्निकांड होने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रंग महल और संगम वाटिका में भीषण आग लगने के बाद दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। मौके पर मौजूद दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। अब तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। फायर ऑफिसर अतिबल सिंह यादव ने बताया कि संगम वाटिका में एसी ब्लास्ट होने के बाद आग लगी है। आग संगम वाटिका के पास बने रंग महल तक फैल गई।
पुलिस और एयरफोर्स से भी मदद लेनी पड़ी
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद 70 फीसदी आग पर काबू पा लिया गया है। अगले एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा। कोई हताहत नहीं हुआ है। राहत और बचाव कार्य में ग्वालियर के होम गार्ड, राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ), स्थानीय पुलिस और एयरफोर्स की टीमों से भी मदद ली गई।
दक्षिण कन्नड़ में चुनाव के लिए 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक निषेधाज्ञा
कर्नाटक में 26 अप्रैल को 14 लोकसभा सीट के लिए होने वाले मतदान को देखते हुए दक्षिण कन्नड़ जिले में 24 अप्रैल से निषेधाज्ञा लागू की जायेगी जो मतदान के दिन 26 अप्रैल की रात्रि 10 बजे तक लागू रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त मुल्लई मुहिलान ने बताया कि शाम छह बजे से निषेधाज्ञा लागू कर दी जाएगी। पाबंदियां आगामी शुक्रवार रात्रि 10 बजे तक लागू रहेगी।
विज्ञापन
बंगाल पुलिस के दो अधिकारियों को निर्वाचन आयोग ने निलंबित किया
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा को रोकने में कथित तौर असफल रहने पर शुक्रवार को दो पुलिस थानों के प्रभारियों को निलंबित कर दिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, शक्तिपुर और बेलडांगा पुलिस थानों के प्रभारी निर्देशों के बावजूद ‘‘धार्मिक हिंसा’’ को रोकने में विफल रहे। दोनों अधिकारी जिला पुलिस मुख्यालय में रहेंगे और चुनाव संबंधी कोई भी काम नहीं करेंगे। आयोग ने दोनों के खिलाफ आरोप-पत्र दायर करने की बात भी कही है।
आचार संहिता उल्लंघन पर टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत को नोटिस
टिरपा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा (फाइल)
- फोटो : एएनआई
त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आचार संहिता उल्लंघन मामले में टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा को नोटिस भेजा है। देबबर्मा ने चुनाव प्रचार की समय सीमा खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर लाइव आकर समुदाय विशेष से पार्टी को वोट करने की अपील की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पुनीत अग्रवाल ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है।
अजीत पवार के बयान पर चुनाव आयोग ने दिए कार्रवाई का आदेश
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के उस बयान पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं कि विकास निधि केवल तभी वितरित की जाएगी जब उनका उम्मीदवार निर्वाचित होगा। शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शपा) ने शुक्रवार को कहा कि उसने चुनाव आयोग में अजीत पवार, मंगेश चव्हाण और चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज की थी। पार्टी ने सोशल मीडिया पर कहा, वे बार-बार अपने आधिकारिक पदों का इस्तेमाल कर राज्य के वित्त के संवितरण का वादा कर रहे हैं। यह प्रथम दृष्टया रिश्वतखोरी और भ्रष्ट आचरण है, आश्चर्यजनक रूप से महाराष्ट्र में सत्ता में बैठे लोगों इसका सहारा ले रहे हैं।
केरल : ईवीएम पर साइबर हमले व फर्जी खबरों के 42 मामले दर्ज
ईवीएम (सांकेतिक)
- फोटो : एएनआई
केरल पुलिस ने साइबर हमलों, फर्जी खबरों के प्रसार, महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के बारे में गलत जानकारी फैलाने से संबंधित 42 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि ये सब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से चल रहे लोकसभा चुनावों के संबंध में नफरत फैलाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस 24 घंटे सोशल मीडिया पर नजर रख रही है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्यपाल से अंतरिम कुलपतियों की नियुक्ति का आग्रह किया
पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को राज्यपाल सीवी आनंद बोस से अंतरिम कुलपति नियुक्त करने की अपील की। शिक्षा विभाग ने कहा कि राज्य सरकार जिन विश्वविद्यालयों का संचालन करती है, उनमें कई पद खाली हैं। राज्यपाल सह कुलाधिपति उन संस्थानों में नियुक्तियां करें। शिक्षा विभाग के मुताबिक अंतरिम वीसी के रूप में नियुक्ति के लिए राज्य सरकार द्वारा सुझाए गए 31 प्रोफेसरों में से बोस ने छह नामों को स्वीकार कर बाकी नामों को खारिज कर दिया है।
सलमान के घर गोलीबारी मामले में आरोपी विक्की का भाई सोनू गिरफ्तार
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर गोलीबारी के मामले में आरोपी विक्की गुप्ता के भाई सोनू गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। मुबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बताया कि आरोपियों को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल अमेरिका से निर्देश दे रहा था। रविवार सुबह विक्की गुप्ता ने सागर पाल नाम के आरोपी के साथ सलमान के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट पर गोलीबारी की थी। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। सोमवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया।
कड़ी सुरक्षा में एयरपोर्ट पहुंचे सलमान
हमले के कुछ ही देर बाद अनमोल ने एक फेसबुक पोस्ट में दावा किया था कि यह हमला लॉरेंस गिरोह ने किया है। सलमान खान को लॉरेंस गिरोह ने लगातार धमकी देता आ रहा है। ऐसे में सलमान खान को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। शुक्रवार को सलमान इस हमले के बाद पहली बार घर से बाहर एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा में दिखे।
बंगाल वीसी मामला: पांच शिक्षाविद् राजभवन पहुंचे, शिक्षा मंत्री अपने साथ हुए व्यवहार से नाराज
पश्चिम बंगाल में कुलपति (वाइस चांसलर / वीसी) की नियुक्ति का मामला लगातार सुर्खियों में है। ताजा घटनाक्रम में पांच शिक्षाविद् राजभवन पहुंचे। प्रदेश में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में शिक्षा मंत्री राजभवन में शिक्षकों के साथ हुए व्यवहार से नाराज बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस सप्ताह की शुरुआत में राज्य के विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के संबंध में देश के अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस के बीच चर्चा हुई। इसके बाद शनिवार को आठ वरिष्ठ प्रोफेसरों को राजधानी कोलकाता स्थित राजभवन में आमंत्रित किया गया। अधिकारियों के मुताबिक केवल पांच ही शिक्षाविद् उपस्थित हुए।
राजभवन और शिक्षा मंत्री का बयान
शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने पूरे घटनाक्रम पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि पांच प्रोफेसर जो प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं, उनके साथ राजभवन में ठीक बर्ताव नहीं हुआ। उन्होंने राज्यपाल की अनुपस्थिति और मेहमाननवाजी में कथित कमी का जिक्र कर कहा कि शिक्षकों ने 'अपमानित' महसूस किया। इस संबंध में राजभवन से जारी बयान के मुताबिक विश्वविद्यालयों में रिक्तियों को भरने के लिए छह अंतरिम कुलपतियों का चयन किया गया। हालांकि, चर्चा के दौरान, तीन लोगों ने उन संस्थानों में रुचि दिखाई जहां पहले से ही अंतरिम कुलपति हैं। दो अन्य शिक्षाविद् विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के इच्छुक थे।