फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: जीतेंद्र मिश्रा ने वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख का पदभार संभाला, पंकज मोहन सिन्हा की लेंगे जगह

Wed, 01 Jan 2025 12:01 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा ने बुधवार को भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख का पदभार संभाल लिया। वह एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा का स्थान लेंगे, जो 39 वर्षों से अधिक की विशिष्ट सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। भारतीय वायुसेना के अनुसार एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा के पास 3000 घंटे से अधिक लड़ाकू विमान उड़ाने का अनुभव है। 
विज्ञापन


एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को 6 दिसंबर, 1986 को लड़ाकू पायलट के रूप में भारतीय वायुसेना (आईएएफ) में शामिल किया गया था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, एयर फोर्स टेस्ट पायलट स्कूल (बंगलूरू), एयर कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, अमेरिका और रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज, यूके के पूर्व छात्र रह चुके हैं। अपने 38 वर्षों से अधिक के सेवा करियर में, एयर मार्शल ने महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ नियुक्तियों को संभाला है।

22 साल पुराने बैंक धोखाधड़ी मामले में पूर्व मैनेजर को कैद
सीबीआई की एक विशेष अदालत ने एक सरकारी बैंक से 38.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के 22 साल पुराने मामले में इसके पूर्व शाखा प्रबंधक और 18 अन्य को तीन से पांच साल तक के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोषियों पर 15.35 लाख रुपये का सामूहिक जुर्माना भी लगाया। अदालत ने 18 जुलाई, 2002 के एक मामले में अहमदाबाद में स्टेट बैंक ऑफ सौराष्ट्र की नरोदा रोड शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक बेचारभाई जाला और 18 अन्य को सजा सुनाई। हालांकि, जाला की सजा की अवधि का उल्लेख नहीं किया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जाला ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करके सार्वजनिक आवास योजना में बैंक को धोखा देने के लिए अन्य लोगों के साथ साजिश रची।

85 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी: लीलावती अस्पताल के पूर्व ट्रस्टियों के खिलाफ केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने 85 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में यहां लीलावती अस्पताल के पूर्व ट्रस्टियों चेतन विजय मेहता, रश्मी मेहता और भाविन मेहता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान ट्रस्टी मोहित सुरेश माथुर की शिकायत पर सोमवार को बांद्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया है कि 2000 और 2023 के बीच ट्रस्टियों ने फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल कर ट्रस्ट पर कब्जा हासिल किया। वकीलों की फीस, परामर्श शुल्क और दवाओं की खरीद के नाम पर पैसे निकाले गए और इसका इस्तेमाल निजी कार्यों के लिए किया गया। माथुर ने मजिस्ट्रेट अदालत में याचिका दायर कर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की थी। पुलिस अधिकारी ने कहा, अदालत के आदेश पर प्राथमिकी आईपीसी की धाराओं में दर्ज की गई, क्योंकि अपराध की घटना 2024 से पहले की है। मामले की जांच की जा रही है।

बंगाल में दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, बच्चों को बना रहे थे जिहादी
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ ) ने सोमवार को मुर्शिदाबाद जिले से दो और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सजिबुल इस्लाम और मुस्ताकिम मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों का संबंध अल-कायदा से जुड़े प्रतिबंधित आतंकी संगठन अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एटीबी) से है। यह गिरफ्तारी जिले में पहले हुई मिनारूल शेख और मोहम्मद अब्बास की गिरफ्तारी के बाद हुई है। मिनारूल और अब्बास पर बच्चों को कट्टरपंथी बनाने और आत्मघाती हमलावर तैयार करने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इनके निशाने पर बच्चे थे। ये बच्चों को जिहादी बनने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इन बच्चों को आत्मघाती हमलों के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा था। पुलिस सूत्रों की मानें तो मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर दिनाजपुर और अलीपुरद्वार में आत्मघाती हमलावरों का नेटवर्क खड़ा करने की योजना पर काम किया जा रहा था। इस जानकारी के बाद खुफिया एजेंसियों की परेशानी और बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब इस माड्यूल को तोड़ने पर काम कर रही है।

ओडिशा : बकाया न चुकाने पर हिरासत में लिया मालवाहक जहाज
उड़ीसा हाईकोर्ट के निर्देश पर पारादीप बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज एमवी प्रोपेल फॉर्च्यून को रोक लिया गया। उसने लगभग 15.56 लाख का बकाया नहीं चुकाया था। यह सिंगापुर के झंडे तले यात्रा कर रहा है। उसे मंगलवार सुबह पारादीप से सटे क्षेत्रीय जल को छोड़ने की अनुमति नहीं दी गई। मामला मई में पारादीप बंदरगाह पर जहाज के लिए प्रावधान, रखरखाव और सेवाओं की आपूर्ति से संबंधित है।

केरल कांग्रेस विधायक उमा की हालत में सुधार, फिलहाल वेंटिलेटर पर
त्रिक्काककरा की कांग्रेस विधायक उमा थॉमस की सेहत में थोड़ा सुधार हुआ है। रेनाई मेडिसिटी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की मेडिकल टीम ने कहा कि विधायक को फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। वह ठीक हैं और अपने हाथ-पैर हिला पा रही हैं। चोटों के बावजूद उनका मस्तिष्क बेहतर तरीके से काम कर रहा है। हालांकि, उनके फेफड़ों की चोट गंभीर बनी हुई है। अभी उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ होने में समय लगेगा। 

त्रिनिदाद-टोबैगो की राष्ट्रपति होंगी प्रवासी दिवस की मुख्य अतिथि
त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू 8 से 10 जनवरी तक भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले 18वें प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी। कंगालू  चंदका में गोदीबारी सरकारी स्कूल के छात्रों के साथ बातचीत सहित कई अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

आज से प्रभावी हो जाएगा भारतीय वायुयान कानून
भारत में विमानों के डिजाइन और निर्माण की सुविधा के साथ विमानन क्षेत्र में व्यापार करने में आसानी की सुविधा प्रदान करने वाला नया वायुयान कानून बुधवार से लागू हो जाएगा। नया कानून (भारतीय वायुयान अधिनियम, 2024) 90 साल पुराने (विमान कानून अधिनियम, 1934) का स्थान लेगा। इसे महीने की शुरुआत में संसद से मंजूरी मिली थी। नए कानून में विमान के डिजाइन, निर्माण, रखरखाव, उपयोग, संचालन, बिक्री, निर्यात-आयात और संबंधित मामलों के विनियमन और नियंत्रण का प्रावधान किया गया है।

मुंबई में सोसायटी के कूड़ेदान में मिला सात महीने का भ्रूण
मुंबई के चारकोप इलाके में अष्टविनायक सोसायटी बिल्डिंग के कूड़ेदान में सात महीने का भ्रूण मिला है। एक राहगीर ने भ्रूण देखा। उसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस नवजात शिशु की मौत को छुपाने और शव को ठिकाने लगाने का सुराग खोजने का प्रयास कर रही है। इलाके की उन महिलाओं का विवरण एकत्र किया जा रहा है, जिन्होंने हाल ही में बच्चों को जन्म दिया है।

ओडिशा के विवि के विकास के लिए केंद्र ने मंजूर किए 676.70 करोड़
केंद्र सरकार ने ओडिशा के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 676.70 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने मंगलवार को कहा कि 676.70 करोड़ रुपये में से राज्य 268 करोड़ का वहन करेगा, जबकि केंद्र शेष 408.70 करोड़ रुपये प्रदान करेगा।

पूर्व आईआरएस अफसर राव और पत्नी को तीन साल कैद की सजा
सीबीआई कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी आरवीएल नरसिम्हा राव और उनकी पत्नी गौरी रत्नम को तीन साल कैद की सजा सुनाई। अदालत ने दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। नरसिम्हा राव जुलाई, 2007 से अगस्त, 2011 तक आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में काकीनाडा में केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क विभाग के सहायक आयुक्त रह चुके हैं। सीबीआई के मुताबिक, राव ने अपने और पत्नी के नाम पर जो संपत्ति अर्जित की, वह उनकी आय के ज्ञात स्रोत से बहुत अधिक थी। विशाखापत्तनम की विशेष सीबीआई कोर्ट ने सीबीआई को लगभग 27.57 लाख रुपये की अनुपातहीन संपत्ति के बराबर संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए।

कैंसर-मधुमेह की 6.60 करोड़ की नकली दवाएं जब्त, महिला गिरफ्तार
कोलकाता में 6.60 करोड़ रुपये की नकली दवाओं का भंडार पकड़ा गया है। इनका इस्तेमाल कैंसर से लेकर मधुमेह तक के इलाज में किया जा रहा था। मामले में थोक विक्रेता कंपनी की संचालक  महिला को गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और औषधि नियंत्रण निदेशालय पश्चिम बंगाल ने कोलकाता में साझा जांच के दौरान यह कार्रवाई की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि केयर एंड क्योर फॉर यू नामक कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6.60 करोड़ रुपये की नकली दवाएं जब्त की गईं। दवाओं पर आयरलैंड, तुर्की, अमेरिका और बांग्लादेश समेत कई देशों में निर्मित होने का लेबल लगाया हुआ था।

मणिपुर में उग्रवादियों ने किया हमला
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के कडांगबंद इलाके में उग्रवादियों ने हमला किया। पुलिस ने बताया कि कांगपोकपी जिले के पहाड़ी इलाकों से उग्रवादियों ने गोलीबारी की। साथ ही कडांगबंद इलाके में रात करीब एक बजे बम फेंके। इसके जवाब में गांव के स्वयंसेवकों ने फायरिंग की। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं हमले के चलते कच्चे घरों में रहने वाले कई ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भागने पर मजबूर होना पड़ा।

गुजरात: सड़क हादसे में तीन की मौत, 12 घायल
गुजरात के बनासकांठा जिले में एक बस और टैंकर की भिड़ंत हो गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुडुचेरी में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी
पुडुचेरी सरकार ने नए साल पर जनता को झटका दिया है। केंद्र शासित प्रदेश की सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। सरकार ने मूल्य वर्धित कर (वैट) की दर को बढ़ाया है। सरकार ने अपने खर्चों को पूरा करने के लिए ईंधन पर वैट बढ़ाने का फैसला किया। 
 
पुडुचेरी क्षेत्र में पेट्रोल की कीमत 94.26 रुपये से बढ़कर 96.26 रुपये प्रति लीटर हो गई है, क्योंकि पेट्रोल पर वैट बढ़ाकर 14.55 फीसदी से बढ़कर 16.98 फीसदी कर दिया गया है। वहीं, कारैकल क्षेत्र में पेट्रोल की कीमत 94.03 रुपये से बढ़कर 96.03 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यहां पेट्रोल पर वैट 14.55 फीसदी से 16.99 फीसदी हो गया है। महे क्षेत्र में पेट्रोल की कीमत 91.92 रुपये से बढ़कर 93.92 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यहां वैट 13.32 फीसदी से बढ़ाकर 15.79 फीसदी किया गया है। यानम क्षेत्र में पेट्रोल की कीमत 94.92 रुपये से बढ़कर 96.92 रुपये प्रति लीटर हो गई है, क्योंकि यहां वैट 15.26 फीसदी से 17.69 फीसदी बढ़ाया गया है।

भवनेश कुमार ने यूआईडीएआई के सीईओ का पदभार संभाला
भुवनेश कुमार ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभाल लिया है। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

कुमार इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव भी बने रहेंगे। उन्होंने अमित अग्रवाल का स्थान लिया है जिन्हें नया औषधि सचिव नियुक्त किया गया है। बयान में कहा गया, ‘भुवनेश कुमार ने बुधवार को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पदभार संभाल लिया।’ कुमार उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। बयान में कहा गया, ‘राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरूक्षेत्र से स्नातक और स्वर्ण पदक विजेता, कुमार ने केंद्र और अपने कैडर राज्य दोनों में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।’ इससे पहले, उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी कार्य किया था। उत्तर प्रदेश में, उन्होंने पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन विभाग में प्रमुख सचिव के रूप में कार्य किया। वह उत्तर प्रदेश सरकार में सचिव वित्त, सचिव एमएसएमई, सचिव तकनीकी शिक्षा और भूमि राजस्व विभाग के मंडलायुक्त भी रह चुके हैं।
 

केरल में स्कूल बस पलटी, एक छात्रा की मौत, 15 घायल
केरल के कन्नूर जिले वल्लकई इलाके में बुधवार की शाम एक स्कूल बस पलट गई। इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हुए। मृतक की पहचान नेध्या एस. राजेश के रूप में हुई, जो पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

राज्य के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक, घटना वलक्कई पुलिस के नजदीक हुई, जब बस ने नियंत्रण खो दिया और ढलान पर पलट गई। घटना में 15 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस कुरुमथुर चिन्मय स्कूल की थी और छात्रों को स्कूल से छुट्टी के बाद घर लेकर आ रही थी। घटना के बाद स्थानीय निवासी तुरंत मदद कार्य में जुटे। 

सरकार ने मनमोहन सिंह स्मारक के लिए जमीन तलाशने की प्रक्रिया की शुरू
केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंतिम चयन के लिए पूर्व पीएम के परिवार से भी बातचीत जारी है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने राष्ट्रीय स्मृति स्थल में संजय गांधी स्मारक के आसपास के स्थलों का दौरा किया और कुछ स्थानों की पहचान की, जहां एक स्मारक बनाया जा सकता है।
विज्ञापन

गुजरात में झूले पर स्टंट कर रहे बच्चे की मौत
गुजरात के वडोदरा में घर में लगे झूले पर स्टंट करते वक्त दस साल के बच्चे रचित पटेल की टाई फंसने से मौत हो गई। रचित की नेकटाई झूले के लूप में फंस गई और उसका गला घुट गया। घटना रविवार रात वडोदरा के नवापुरा में हुई। रचित की मां पड़ोस में किसी कार्यक्रम में गई थीं, पिता दूसरे कमरे में थे। इस बीच, रचित झूले पर जाकर झूलने लगा। पुलिस निरीक्षक एमएस अंसारी ने बताया, पिता ने बच्चे को बेहोशी की हालत में तुरंत झूले से उतारा। उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे बचाया नहीं जा सका। अंसारी ने कहा, परिवार ने बताया कि रचित झूले पर अक्सर स्टंट करता था। हादसे के वक्त मां-बाप बच्चे के पास होते, तो उसकी जान बच सकती थी।

विशेष रात्रि सेवा के लिए देने होंगे 10 रुपये
कोलकाता मेट्रो में ब्लू लाइन के न्यू गरिया-दमदम खंड में विशेष रात्रि सेवा के लिए प्रत्येक टिकट पर 10 रुपये का सरचार्ज लगाया जाएगा। मेट्रो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि एक जनवरी से कवि सुभाष और दमदम के दोनों तरफ रात 10:40 बजे विशेष रात्रि सेवा उपलब्ध होगी। विशेष रात्रि सेवाओं के लिए प्रत्येक टिकट पर 10 रुपये का सरचार्ज लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरचार्ज की समीक्षा समय रहते की जाएगी। पहले मेट्रो प्रबंधन ने 10 दिसंबर से अधिभार लगाने की घोषणा की थी, लेकिन यात्रियों के विरोध के बाद इस फैसले को लागू नहीं किया गया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें