आंध्र में नई उत्पाद शुल्क नीति मंजूर, विधायी निकायों में बीसी के लिए 33 फीसदी आरक्षण
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल ने बुधवार को नई उत्पाद शुल्क नीति और विधायी निकायों में पिछड़ा वर्ग (बीसी) के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को मंजूरी दे दी। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री के पार्थसारथी ने कहा कि नई उत्पाद शुल्क नीति एक अक्तूबर से लागू होगी।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए पार्थसारथी ने कहा, 'कैबिनेट ने प्रबंधन दक्षता बढ़ाने के प्रयास के तहत शराब की बिक्री के लिए एक निजी खुदरा प्रणाली अपनाने का फैसला किया है। राज्य में 3736 खुदरा दुकानों में से 10 प्रतिशत ताड़ी निकालने वाले समुदाय को आवंटित की जाएंगी।' कैबिनेट ने राज्य में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विश्वविद्यालय और एक कौशल अकादमी स्थापित करने का भी संकल्प लिया। इसके अलावा, भोगापुरम हवाई अड्डे का नाम अल्लूरी सीतारामाराजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, विकासिता आंध्र 2047 विजन दस्तावेज का नाम बदलकर स्वर्णंध्र विजन दस्तावेज, पोलावरम परियोजना की नई डायाफ्राम दीवार के निर्माण के लिए मौजूदा एजेंसी को मंजूरी दी।
कोलकाता में भीड़ ने ट्रैफिक सार्जेंट और दो अन्य को पीटा, तीन गिरफ्तार
कोलकाता के तंगरा इलाके में नाका चेकिंग के दौरान झगड़े के बाद भीड़ ने एक ट्रैफिक सार्जेंट और दो अन्य की कथित तौर पर पिटाई की। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि घटना तंगरा-चाइनाटाउन और चिस्टोफर रोड क्रॉसिंग पर हुई जब लगभग 20-30 लोगों के एक समूह ने मंगलवार आधी रात के आसपास नाका चेकिंग के दौरान किसी मुद्दे पर विवाद के बाद ऑन-ड्यूटी अधिकारी, एक कांस्टेबल और एक नागरिक स्वयंसेवक पर हमला कर दिया। ट्रैफिक सार्जेंट की पहचान पार्क सर्कस ट्रैफिक गार्ड के कौतुक घोष के रूप में हुई है। अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पूरी घटना ट्रैफिक सार्जेंट के बॉडी कैम में रिकॉर्ड हो गई। हमने मामले के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है।
बालासोर में बाढ़ क्षेत्रों से 11000 लोगों को सुरक्षित निकाला
ओडिशा में भारी बारिश के चलते सुवर्णरेखा, बुधबलंग और जलाका नदियों उफान पर हैं, जिसके चलते बालासोर जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सरकार ने बुधवार को बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया है। जिला प्रशासन ने अब तक 11000 लोगों को सुरक्षित निकाला है।
बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के कारण जिले में भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते सुवर्णरेखा, बुधबलंग और जलाका नदियों में बाढ़ आई हुई है। बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जिले के सबसे प्रभावित क्षेत्र बलियापाला, जलेश्वर और भोगराई ब्लॉकों में हवाई सर्वेक्षण किया। जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उत्तरी ओडिशा और सुवर्णरेखा नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में बाढ़ में फंसे गांवों में रहने वाले लोगों का बचाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद सीएम माझी ने संवाददाताओं से कहा, ' बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ की एक टीम, ओडीआरएएफ की तीन टीमें और अग्निशमन सेवा कर्मियों की आठ टीमों को बचाव और राहत कार्यों में तैनात किया गया है।' उन्होंने जिला प्रशासन से बचाव और राहत प्रयासों में तेजी लाने को भी कहा, क्योंकि कई गांवों में लोग अभी भी फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 35 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अभी भी प्रभावित हैं और उनकी सहायता के प्रयास जारी हैं।
सीएम माझी ने कहा कि अभी तक किसी भी मानवीय क्षति की कोई रिपोर्ट नहीं है। कम से कम छह ब्लॉक और लगभग 8000 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ओडिशा सरकार बालासोर जिले में बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए कदम उठा रही है। माझी ने जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ (ईआईसी) से स्थायी समाधान के लिए एक रोडमैप तैयार करने को कहा। इस बीच, जल संसाधन विभाग के सूत्रों ने बताया कि सुवर्णरेखा राजघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
कर्नाटक: मांड्या में मिनी ट्रक और कार की टक्कर, 22 घायल
मांड्या में गुरुवार को एक मिनी ट्रक और कार की टक्कर में 22 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना केएम डोड्डी और मद्दुर के बीच हुई। पुलिस ने बताया कि मिनी ट्रक में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और यह एक कार से टकरा गया, जिसमें चार लोग सवार थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 22 में से केवल दो को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।