त्रिपुरा में काम में लापरवाही पर एक प्रधानाध्यापिका और चार प्रभारी शिक्षकों सहित 20 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक एनसी सरमा ने कारण बताओ नोटिस में कहा है कि 12 फरवरी को औचक निरीक्षण में पाया गया कि तेलियामुरा उपखंड में मोहरबारी सीनियर बेसिक स्कूल के प्रभारी शिक्षक और तीन अन्य शिक्षक स्टाफ रूम में आराम कर रहे थे, जबकि छात्र खेल के मैदान में पाए गए। खोवाई जिले के कुछ स्कूलों में सोलह और शिक्षक बिना आधिकारिक अनुमति के अनुपस्थित थे। कुछ शिक्षकों ने एमडीएम में छात्रों की उपस्थिति में हेरफेर किया। तेलियामुरा एचएस स्कूल में छात्रों ने शिकायत की कि कक्षाएं ठीक से संचालित नहीं होती थी। प्रधानाध्यापिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं इससे पहले पश्चिमी त्रिपुरा जिले के कुछ प्रभारी शिक्षकों सहित चौदह शिक्षण कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया था।
पांच राज्यों को ₹1554.99 करोड़ की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति (एचएलसी) ने वर्ष 2024 के दौरान बाढ़, अचानक आई बाढ़, भूस्खलन, चक्रवाती तूफान से प्रभावित पांच राज्यों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के तहत 1554.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। कुल 1554.99 करोड़ रुपये में से आंध्र प्रदेश के लिए 608.08 करोड़ रुपये, नगालैंड के लिए 170.99 करोड़ रुपये, ओडिशा के लिए 255.24 करोड़ रुपये, तेलंगाना के लिए 231.75 करोड़ रुपये और त्रिपुरा के लिए 288.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं इसकी जानकारी देते हुए, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, 'मोदी सरकार आपदा प्रभावित लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है। आज गृह मंत्रालय ने एनडीआर फंड के तहत आंध्र प्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, तेलंगाना और त्रिपुरा को 1554.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी। यह 1554.99 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है। केंद्र की तरफ से एसडीआर फंड के तहत 27 राज्यों को 18,322.80 करोड़ रुपये जारी किए गए।
ममता की चुनौती- BJP 'आतंकियों से लिंक' आरोप साबित करे
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को उन आरोपों को सही साबित करने की चुनौती दी है जिसमें राज्य की सियासत में विरोधी खेमे ने उनपर बंगाली आतंकवादियों से संबंध रखने के आरोप लगाए हैं। सीएम ममता ने भाजपा के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि उनका और उनकी पार्टी टीएमसी का बांग्लादेश में आतंकवादियों और कट्टरपंथियों से संबंध है। उन्होंने कहा कि अगर वे इस तरह के दावे साबित कर सकें तो वह इस्तीफा दे देंगी।
नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न पर 7 कॉलेज छात्र गिरफ्तार
एक 17 वर्षीय लड़की के यौन उत्पीड़न पर सात कॉलेज छात्रों को पॉक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने लड़की के साथ सोशल मीडिया के जरिये दोस्ती की थी और उसे एक घर में मिलने के लिए बुलाया था। उस दौरान उसके अन्य दोस्त मौके पर मौजूद थे, उन्होंने अपराध में साथ दिया। घटना पर दुख जताते हुए अन्नाद्रमुक के महासचिव के पलानीस्वामी ने कहा कि यह बहुत ही परेशान करने वाला है। स्टालिन मॉडल द्रमुक सरकार के तहत तमिलनाडु महिलाओं के लिए असुरक्षित प्रदेश बन चुका है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा, सात छात्रों की ओर से सामूहिक दुष्कर्म की घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। एक के बाद महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। ड्रग्स के अंधांधुध इस्तेमाल के कारण राज्य के लोगों का व्यवहार जानवरों जैसा हो रहा है। उन्होंने कहा, निर्भया कांड के बाद पूरा देश हिल गया था। लेकिन तमिलनाडु में हर दिन महिलाओं, छात्राओं और महिला पुलिस कर्मियों और महिला सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं।
एपीएससी घोटाला रिपोर्ट: भाजपा का दावा, कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार साबित
भाजपा ने मंगलवार को दावा किया कि असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) में 'नौकरी के लिए नकदी' घोटाले पर जांच समिति की रिपोर्ट ने तरुण गोगोई के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार के तहत 'बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार' को उजागर किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने दिवंगत तरुण गोगोई को 'भ्रष्टाचार का सरगना' बताते हुए रिपोर्ट में उल्लेखित सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बता दें कि न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बीके शर्मा आयोग की रिपोर्ट, जिसने एपीएससी की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (सीसीई) 2013 और 2014 के संचालन में विसंगतियों की जांच की थी, सोमवार को विधानसभा में पेश हुई। इनमें एपीएससी के पूर्व अध्यक्ष राकेश पॉल को 'मास्टरमाइंड' बताया गया है, साथ ही गोगोई के कार्यकाल के दौरान दागी अधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। इस सिलसिले में अब तक 70 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कांग्रेस ने रिपोर्ट का स्वागत किया है और इसके निष्कर्षों की गहन जांच की मांग की है, साथ ही कहा है कि पूर्व सीएम गोगोई किसी भी भ्रष्टाचार में शामिल नहीं थे।
रक्षा थिंक टैंक ने रूस-यूक्रेन संघर्ष पर जारी की रिपोर्ट
दिल्ली स्थित एक रक्षा थिंक टैंक ने मंगलवार को दो नई रिपोर्ट जारी की हैं, जिसमें रूस-यूक्रेन संघर्ष के भू-राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा निहितार्थ तथा यूरोप और भारत पर इसके प्रभावों पर एक मोनोग्राफ शामिल है। यह रिपोर्ट रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र (CENJOWS) ने जारी की है, जिसे 'रणनीतिक विचार और नीतिगत चर्चा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम' बताया गया है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि CENJOWS के अध्यक्ष, लेफ्टिनेंट जनरल जेपी मैथ्यू ने प्रमुख पत्रिका 'सिनर्जी' के फरवरी 2025 के अंक का शुभारंभ किया। इस अंक में 'सूचना युद्ध का संयुक्त युद्ध पर प्रभाव' और 'रूस-यूक्रेन युद्ध: यूरोप और भारत पर प्रभाव' शीर्षक वाला मोनोग्राफ शामिल है।
गोगोई की पत्नी से जुड़ा मामला कोई 'जासूसी' नहीं, केवल राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के आईएसआई के साथ कथित संबंधों को लेकर उठा विवाद कोई जासूसी नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के हितों से जुड़ा मामला है। कांग्रेस के एक अन्य सांसद प्रद्योत बोरदोलोई द्वारा 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरमा ने कहा कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, जिससे समझौता नहीं किया जा सकता। सरमा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों को लेकर लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई पर लगातार निशाना साध रहे हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी जाएंगे बागेश्वर धाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम जाएंगे। मंदिर में दर्शन के बाद प्रधानमंत्री एक कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। जबकि, एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अगले सप्ताह 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी बागेश्वर धाम पहुंचेंगी। छतरपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के दौरों को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोमवार की शाम मुख्यमंत्री मोहन यादव बागेश्वर धाम पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।
तकनीकी खराबी के बाद कार्गो विमान की हैदराबाद में कराई आपात लैंडिंग
एक कार्गो विमान में तकनीकी खराबी के बाद उसकी हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सोमवार रात विमान चेन्नई से हैदराबाद की उड़ान पर था। इस दौरान पायलटों को विमान के लैंडिंग गियर में खराबी का पता चला। सूत्रों ने बताया कि कार्गो विमान में तकनीकी गड़बड़ी का पता चलने पर पायलटों ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। इमरजेंसी लैंडिंग के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग और टेक ऑफ रोक दी गई। कार्गो विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन शुरू हो सका।
मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, 34 लाख की नकदी व हथियार बरामद
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक उग्रवादी के पास से 34 लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं। इनके पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इंफाल पूर्व और चुराचंदपुर जिले से गिरफ्तार दो उग्रवादियों में एक पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का सक्रिय सदस्य है। पीएलए सदस्य को सोमवार को इंफाल पूर्व से गिरफ्तार किया गया। उस पर सरकारी कर्मचारियों, स्लूक, कॉलेज से जबरन वसूली समेत दूसरे आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि, चुराचंदपुर से गिरफ्तार उग्रवादी के पास से 34 लाख रुपये से अधिक बरामद हुए हैं।
टी-ट्रंक पर मिलेंगे आदिवासी उत्पाद, ट्राइफेड से समझौता
आदिवासी उत्पादक अपने उत्पाद टी-ट्रंक की दुकानों के माध्यम से भी बेच सकेंगे। जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ लिमिटेड (ट्राइफेड) ने भारतीय चाय की पत्तियों और अद्वितीय मिश्रण का उत्पादन करने वाली टी ट्रंक के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की। गौरतलब है कि टी ट्रंक गोवा का प्रतिष्ठित ब्रांड है।
सात माह की बच्ची से दरिंदगी के दोषी को मौत की सजा
कोलकाता की बैंकशाल अदालत ने फुटपाथ पर सात महीने की बच्ची से दरिंदगी के दोषी राजीव घोष को मौत की सजा सुनाई। अदालत ने सोमवार को घोष को बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म व हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया था। अदालत ने कहा, जिस तरह से सात महीने की बच्ची पर अत्याचार किया गया, वह दुर्लभतम अपराध है। कोर्ट ने घटना के 70 दिन के भीतर दोषी को मौत की सजा और पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया। जज इंद्रिला मुखोपाध्याय ने सोमवार को राजीव घोष को पॉस्को अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया था। बच्ची का कोलकाता के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
असम में 14 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
असम के कछार जिले में 14 करोड़ रुपये की हेरोइन और याबा की गोलियों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, रामप्रसादपुर में बड़े पैमाने पर नशीली दवाओं का भंडाफोड़ हुआ है। धोलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन को रोका। गहन तलाशी के दौरान उसमें 40,000 याबा की गोलियां और 260 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसकी बाजार में कीमत 14 करोड़ रुपये है। अभियान के दौरान एक संदिग्ध ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
केरल : ड्रग्स की तस्करी में इंजीनियर गिरफ्तार
केरल में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने उसके पास से 75 हजार रुपये की 32 ग्राम एमडीएमए और 20 ग्राम गांजा जब्त किया है। आबकारी विभाग के अधिकारी ने बताया कि मुरुक्कुमपुझा निवासी आरोपी मिथुन मुरली (27) को सोमवार को कुलतूर स्थित उसके किराये के घर से गिरफ्तार किया गया। वह एक प्रमुख आईटी कंपनी में डाटा इंजीनियर है। एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सुरेश के रेड्डी होंगे मिस्र में भारत के अगले राजदूत
वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी सुरेश के रेड्डी को मिस्र में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, 1991 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी रेड्डी वर्तमान में ब्राजील में बतौर भारत के राजदूत सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने 13 सितंबर 2020 को यह पदभार ग्रहण किया था। उम्मीद है कि वह शीघ्र ही नया कार्यभार संभालेंगे।
मणिपुर में पांच उग्रवादी और एक समर्थक गिरफ्तार
मणिपुर में पिछले दो दिनों में तीन प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि, प्रतिबंधित संगठन के एक समर्थक को भी गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारियां इंफाल पूर्व और पश्चिम, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों से की गई हैं। प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सक्रिय सदस्य, जिसकी पहचान वैखोम इबुंगो मीतेई (26) के रूप में हुई है, को मंगलवार को इंफाल पूर्व के हट्टा गोलापति इलाके से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा, 'वह कथित तौर पर जनता, सरकारी अधिकारियों और शैक्षणिक संस्थानों से जबरन वसूली करने में शामिल था।' सुरक्षा बलों ने सोमवार को बिष्णुपुर जिले के लीमाराम नहर क्षेत्र से पीएलए के एक अन्य कैडर, थोकचोम अजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के उरीपोक खुमानथेम लेईकाई से सलाम सितोलजीत सिंह (36) नामक पीआरईपीएके (पीआरओ) संगठन के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। वह कथित तौर पर जबरन वसूली में शामिल था।
रेलवे से जुड़े मामले में सीबीआई की कार्रवाई
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अंकुश वासन, मंडल कार्मिक अधिकारी (आईआरपीएस: 2018) पश्चिमी रेलवे, वडोदरा; संजय कुमार तिवारी, उप मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक, चर्च गेट, पश्चिमी रेलवे, मुंबई; नीरज सिन्हा, उप स्टेशन अधीक्षक और मुकेश मीना, निजी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी व्यक्ति कथित तौर पर भ्रष्टाचार में शामिल थे और रेलवे विभागीय परीक्षाओं में बैठने वाले उम्मीदवारों से सकारात्मक चयन परिणाम का वादा करके पैसे वसूल रहे थे। सीबीआई ने उनके संबंधित कार्यालयों और आवासीय परिसरों की तलाशी ली।
बस पलटने से तीन छात्रों की मौत
तमिलनाडु के मुन्नार टॉप स्टेशन रोड पर इको प्वाइंट के पास पर्यटक बस पलट जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई। मुन्नार पुलिस ने बताया कि बस नागरकोइल तमिलनाडु से स्कॉट क्रिश्चियन कॉलेज नागरकोइल कॉलेज के छात्रों के एक समूह को भ्रमण के लिए ले जा रही थी। बस में 37 छात्र और शिक्षक सवार थे।
72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा तेलंगाना
मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का 72वां संस्करण 7 मई से 31 मई तक तेलंगाना में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने बुधवार को बताया कि ग्रैंड फिनाले सहित उद्घाटन और समापन समारोह हैदराबाद में होगा। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में 120 से अधिक देशों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। फाइनल 31 मई को होगा, मौजूदा मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा अपने उत्तराधिकारी को ताज पहनाएंगी। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के बारे में आधिकारिक घोषणा मिस वर्ल्ड लिमिटेड की चेयरपर्सन और सीईओ जूलिया मोर्ले ने तेलंगाना सरकार के पर्यटन, संस्कृति, विरासत और युवा मामलों के विभाग की सचिव स्मिता सभरवाल के साथ की। मोरले ने तेलंगाना में आयोजित होने वाले इस सौंदर्य प्रतियोगिता के आगामी संस्करण के बारे में कहा, तेलंगाना एक ऐसा राज्य है जो समृद्ध संस्कृति, नवाचार और आतिथ्य का प्रतिनिधित्व करता है। सभरवाल ने कहा कि तेलंगाना को मिस वर्ल्ड 2025 की मेजबानी करने पर गर्व है।
बदले की भावना से नहीं कर रहा काम, सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा: सरमा
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न से जुड़े विवाद पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा लगातार हमलावर हैं। बदले की किसी भावना से इनकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ का पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हैं। कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई की सोशल मीडिया पोस्ट पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, मैं कोई बदले की भावना से काम नहीं कर रहा, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में काम कर रहा हूं, जिससे किसी भी हालत में समझौता नहीं किया जा सकता। आने वाले महीनों में आप चौंक जाएंगे। मैं यह आश्वासन देता हूं कि जो मैं कर रहा हूं, वह केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में है। मैं भी गोगोई के नेतृत्व में काम कर चुका हूं। मुझे इस प्रकार की घटनाओं की गंभीरता पूरी तरह समझ है। बोरदोलोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि असम सरकार बदलने की भावना के साथ कम कर रही है।
रणवीर अल्लाहबादिया मामले में संसदीय समिति ने कानून संशोधन पर आईटी मंत्रालय से मांगा जवाब
रणवीर अल्लाहबादिया की बेहूदा टिप्पणी मामले में संसदीय समिति ने सुप्रीम कोर्ट के तीखी प्रतिक्रिया का हवाला देते हुए आईटी मंत्रालय से जवाब मांगा। कहा कि वह ऐसे मामलों से निपटने में मौजूदा कानूनों के असर और ऑनलाइन मंचों को कानूनी जांच के दायरे में लाने के लिए आवश्यक किसी भी संशोधन पर 25 तक एक नोट प्रस्तुत करे।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति ने इस मुद्दे पर मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि डिजिटल और सोशल मीडिया मंचों के दुरुपयोग की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर, मंत्रालय से अनुरोध है कि वह ऐसे मामलों से निपटने के लिए मौजूदा कानूनों के असर पर इस समिति को एक संक्षिप्त नोट भेजें और यह बताएं कि क्या ऐसे मंचों को कानूनी जांच के दायरे में लाने के लिए मौजूदा कानूनों/आईटी अधिनियम, 2000 में संशोधन करने की आवश्यकता है।
ईडी ने बंगलूरू हवाई अड्डे पर श्रीलंकाई नागरिक से जब्त की 2.12 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा
प्रवर्तन निदेशालय ने एक श्रीलंकाई नागरिक से बंगलूरू हवाई अड्डे पर 2.12 करोड़ रुपये कीमत की विदेशी मुद्राएं जब्त की हैं। वह इस रकम को तस्करी कर कोलंबो ले जा रहा था। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ ने श्रीलंकाई नागरिक के पास ये नकदी देखी और उसे तस्करी का शक हुआ। जिसके बाद सीआईएसएफ ने ईडी को तस्करी की सूचना दी।
ईडी के मुताबिक विदेशी मुद्राएं विमलराज थुरैसिंगम नाम के श्रीलंकाई नागरिक से जब्त की गई थीं। उसके साथ थिलीपन जयंतीकुमार नाम का एक अन्य श्रीलंकाई और एक भारतीय, वीरा कुमार भी थे। तीनों श्रीलंकाई एयरलाइंस की उड़ान से कोलंबो जाने की फिराक में थे। उनके पास से अमेरिकी डॉलर, यूरो व रियाल मुद्राएं मिलीं। थुरैसिंगम, जिसके बैग से उक्त मुद्रा बरामद की गई, इसका स्रोत नहीं बता सका। उसका दावा था क उसने नकद भुगतान कर चेन्नई से इसे खरीदा था।
संसदीय समिति को दी प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा की जानकारी
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बुधवार को संसदीय समिति को प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा के बारे में जानकार दी। इस दौरान सदस्यों ने उनसे भारत-अमेरिका संबंधों पर कई मुद्दों पर सवाल पूछे, जिसमें अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजने का मुद्दा भी शामिल था। सूत्रों ने बताया कि मिस्री ने विदेश मामलों की स्थायी समिति के सदस्यों को भारत सरकार की ओर से यह सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में आश्वस्त किया कि निर्वासित लोगों के साथ दुर्व्यवहार न हो। समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने कहा कि यह बहुत विस्तृत ब्रीफिंग थी। उन्होंने कहा कि चर्चा मुख्य रूप से अमेरिका पर केंद्रित थी, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में अमेरिका आए थे। बैठक का एजेंडा 'वर्तमान विदेश नीति घटनाक्रम' था। थरूर ने कहा, प्रधानमंत्री की यात्रा के संदर्भ में भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़े हर सवाल को उठाया गया और विदेश सचिव ने सभी आवश्यक जवाब दिए। उन्होंने कहा कि कतर के अमीर की भारत यात्रा सहित मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े अन्य मुद्दों पर समिति की अगली बैठक में चर्चा की जाएगी।
तेलंगाना में दंपती समेत तीन रोहिंग्या गिरफ्तार
तेलंगाना के महबूबनगर जिले से पुलिस ने म्यांमार के तीन रोहिंग्या घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दंपती भी शामिल है। पुलिस ने बुधवार को बताया ये घुसपैठिये राजापुर मंडल में एक फॉर्म हाउस में पिछले लगभग आठ महीने से काम कर रहे थे। इनमें से एक ने भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड भी बनवा लिया था।
एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर मंगलवार को ये गिरफ्तारियां हुईं। आरोपियों के पास से भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड और बांग्लादेश के पहचान पत्र बरामद किए हैं। पूछताछ में पता चला कि इनमें से एक रोहिंग्या 2012 में अवैध रूप से भारत में घुसा था और वह पिछले साल बांग्लादेश से एक रोहिंग्या जोड़े को नौकरी दिलाने का वादा कर यहां लाया था। उन्होंने बताया कि एक आरोपी भारतीय पासपोर्ट पर सऊदी अरब भी गया था और 2022 में भारत लौटा था। वह अक्सर बांग्लादेश जाता रहता है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के कानूनी प्रावधान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची टीएमसी सांसद
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्तों (ईसी) की नियुक्ति को लेकर 2023 के कानूनी प्रावधान के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रुख किया है। पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से लोकसभा सदस्य महुआ ने अधिवक्ता ताल्हा अब्दुल रहमान के माध्यम से दाखिल याचिका में भारत में चुनावी प्रक्रिया की अखंडता एवं निष्पक्षता, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया और भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की भूमिका में प्रत्यक्ष होने की दलील दी है। याचिका में कहा गया है कि वैसे भी, भारत के एक ईमानदार नागरिक के रूप में, जिसका हित देश में चुनावी लोकतंत्र के भविष्य से जुड़ा हुआ है, आवेदक वर्तमान कार्यवाही में हस्तक्षेप करना चाहता है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें एवं कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की धारा-7 की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी गई है। महुआ ने कहा कि यह विवादित अधिनियम की धारा-7 है, जिसमें चयन समिति की संरचना का वर्णन किया गया है, जो विशेष रूप से परेशान करने वाली है और उनके संवैधानिक वैधता को चुनौती देने का आधार है।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने इस प्रावधान के खिलाफ इसी तरह की याचिकाओं पर सुनवाई बुधवार को होली की छुट्टियों के बाद तक टाल दी। शीर्ष अदालत की वेबसाइट के मुताबिक, मामले में अगली सुनवाई 19 मार्च को हो सकती है।