फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: बंगलूरू सिटी यूनिवर्सिटी का नाम मनमोहन सिंह यूनिवर्सिटी हुआ; लोकसभा सांसद टीआर बालू की पत्नी का निधन

Tue, 19 Aug 2025 05:47 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ओडिशा के संबलपुर शहर में मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने गई टीम पर उसने गोली चला दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। आरोपी को इलाज के लिए वीआईएमएसएआर, बुरला भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और मामले की आगे जांच की जा रही है।

विज्ञापन


CJI गवई ने राष्ट्रपति मुर्मू से की शिष्टाचार भेंट
भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी, जिसकी जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा तस्वीरों के साथ दी। पोस्ट में कहा गया कि भारत के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच न्यायपालिका और संविधान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

गुवाहाटी पुलिस ने पत्रकार सिद्धार्थ वरदराजन और करण थापर को भेजा समन
गुवाहाटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ वरदराजन और करण थापर को देशद्रोह से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है। दोनों पत्रकार डिजिटल मीडिया द वायर से जुड़े हैं। पुलिस ने उन्हें 22 अगस्त को गुवाहाटी में क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने को कहा है। समन में कहा गया है कि आपसे पूछताछ करना जरूरी है ताकि जांच के दौरान तथ्यों और परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। हालांकि, समन के साथ न तो कोई एफआईआर संलग्न है और न ही आरोपों की विस्तृत जानकारी दी गई है, ऐसा ‘द वायर’ से जुड़े एक अधिकारी ने बताया।

पुलिस ने अब तक इस मामले की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पत्रकारों को भेजे गए समन में यह भी लिखा है कि अगर वे पेश नहीं हुए, तो गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है। सिद्धार्थ वरदराजन को 14 अगस्त, जबकि करण थापर को 19 अगस्त को यह समन मिला। यह समन क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर सौमरज्योति रे द्वारा जारी किया गया है। इसमें FIR नंबर 03/2025 और BNS की धाराएं 152, 196, 197(1)(D)/3(6), 353, 45 और 61 का हवाला दिया गया है।

ओडिया में लॉन्च हुआ IGNOU का ‘डिप्लोमा इन अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन’ कोर्स
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) के ‘डिप्लोमा इन अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (DECE)’ कोर्स की ओडिया भाषा में किताबें और अध्ययन सामग्री सोमवार को जारी की गईं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री प्रवाती परिडा और उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज मौजूद रहे। DECE एक एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स है, जिसमें 12वीं पास छात्र प्रवेश ले सकते हैं। यह कोर्स खासतौर पर बचपन की प्रारंभिक शिक्षा, बाल स्वास्थ्य, और पोषण जैसे विषयों पर केंद्रित है।

उप मुख्यमंत्री परिडा ने कहा कि यह कोर्स अब ओडिया भाषा में उपलब्ध होने से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, प्रशिक्षकों और पूर्व-प्राथमिक शिक्षकों को काफी मदद मिलेगी। मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि मातृभाषा में पढ़ाई से रचनात्मकता बढ़ती है और जमीनी स्तर की शिक्षा मजबूत होती है, जिससे ‘सभी के लिए शिक्षा’ का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा।

 

बंगाल में स्कूल के बाहर बम धमाका, यूपी के युवक की मौत एनआईए ने शुरू की जांच
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के एक स्कूल के सामने बम धमाका होने से उत्तर प्रदेश के एक युवक की मौत हो गई। विस्फोट के बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी मौके का दौरा किया औैर जांच शुरू कर दी। माना जा रहा है कि आईईडी की मदद से यह धमाका किया गया था। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, धमाका रविवार मध्यरात्रि के बाद लगभग 12.57 बजे मध्यमग्राम हाई स्कूल के मुख्य द्वार के सामने हुआ। विस्फोट की चपेट में आने से सचिदानंद मिश्रा नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मिश्रा को पहले बारासात मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। बाद में उसे कोलकाता के एक अस्पताल लाया गया, जहां सोमवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक की उम्र करीब 25 साल की थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मिश्रा के पास एक काला बैग था। पुलिस ने बैग के फटे हुए टुकड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा कुछ तार, दो मोबाइल नंबर और दो आधार कार्ड की फोटोकॉपी भी मिली हैं।

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में नवजात बच्ची की मौत, सीएम ने जताया दुख
गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में एक नवजात बच्ची की मौत के मामले ने दुखद मोड़ ले लिया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने खुद अस्पताल जाकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्ची की मौत जीएमसीएच के बच्चों के आईसीयू में हुई। उन्होंने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद तीन नवजातों को एक ही बेड पर रखा गया, जो लापरवाही को दर्शाता है। मृत बच्ची का वजन 3.7 किलोग्राम था। मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात नर्स को सस्पेंड करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, उसके आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। सरकार ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अस्पतालों में व्यवस्थाएं सुधारने के प्रयास तेज़ किए जाएंगे।

कर्नाटक के हावेरी में डिवाइडर से टकराई बस, दो की मौत कई घायल
कर्नाटक के हावेरी जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। मोटेबेन्नूर गांव के पास एक निजी बस सड़क डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को हावेरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में कुल 36 यात्री सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

टीआर बालू की पत्नी का निधन

वरिष्ठ डीएमके नेता टीआर बालू की पत्नी और तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा की मां रेणुकादेवी बालू का मंगलवार को निधन हो गया। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन टीआर बालू के आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष एन नागेंद्रन, तमिलसाई सुंदरराजन, पीएमके के शीर्ष नेता अंबुमणि रामदास आदि ने भी रेणुकादेवी बालू के निधन पर शोक व्यक्त किया। रेणुकादेवी बालू, बीते कई दिनों से बीमार थीं और उनका चेन्नई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। टीआर बालू डीएमके के वरिष्ठ नेता, पार्टी कोषाध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद हैं।

केरल के मशहूर हाथी एराट्टुपेट्टा अय्यप्पन की मौत

केरल हाथी मालिक संघ (केईओएफ) ने बताया कि प्रसिद्ध बंदी हाथी एराट्टुपेट्टा अय्यप्पन की मंगलवार को अपने आश्रय गृह में मौत हो गई। हाथी कई दिनों से बीमार था। हाथी की उम्र करीब 55 वर्ष थी। अय्यप्पन हाथी मंदिर के उत्सवों और जुलूसों में शामिल होता था और केरल में इस हाथी के बड़ी संख्या में प्रशंसक थे। अय्यप्पन को एर्नाकुलम के कोडानाड हाथी केंद्र में छोटी उम्र में ही पालतू बना दिया गया था। केरल के त्योहारों के दौरान प्रसिद्ध मंदिर जुलूसों में भाग लेने के बाद अय्यप्पन ने कई उपाधियां और पुरस्कार जीते।

बंगलूरू सिटी यूनिवर्सिटी का नाम बदला गया

बंगलूरू सिटी यूनिवर्सिटी का नाम बदलकर डॉ. मनमोहन सिंह बंगलूरू सिटी यूनिवर्सिटी किया गया। कर्नाटक विधानसभा में इस संबंध में विधेयक पारित किया गया।

अरब सागर दो नावें पलट, 8 लोग लापता
गुजरात तट के पास अरब सागर में दो मछली पकड़ने वाली नावें पलट गईं। इन नावों में सवार 10 मछुआरों को बचा लिया गया है, जबकि आठ अन्य लापता बताए जा रहे हैं। 
 
विज्ञापन

केरल हाईकोर्ट में पेशाब की बदबू के कारण मुख्य न्यायाधीश को रोकनी पड़ी कार्यवाही
 
केरल हाईकोर्ट में कस्तूरी बिलाव की धमा-चौकड़ी और गंदगी से मुख्य न्यायाधीश नितिन जामदार भी परेशान हैं। हद तो तब हो गई जब मंगलवार सुबह वे सुनवाई के लिए अदालत पहुंचे लेकिन कक्ष की छत (फॉल सीलिंग) से जानवर के पेशाब की असहनीय दुर्गंध आने लगी और कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।

अदालत के सूत्रों ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश नितिन जामदार और न्यायमूर्ति बसंत बालाजी की खंडपीठ ने जरूरी और सूचीबद्ध मामलों को जल्दी से निपटाया और लगभग 11:30 बजे कोर्ट रूम सफाई के लिए बंद कर दिया गया।

अदालत में मौजूद एक वरिष्ठ सरकारी वकील ने कहा कि सिवेट यानी कस्तूरी बिलाव के पेशाब की दुर्गंध की समस्या पिछले कई दिन से जारी है। सोमवार दोपहर से यह असहनीय हो गई थी। मंगलवार सुबह भी बदबू बहुत ज्यादा थी। उन्होंने बताया कि कस्तूरी बिलाव को पकड़ने के लिए एक दिन पहले जाल बिछाए गए थे और उनमें से एक मंगलवार सुबह उसमें फंसा हुआ पाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें