महाराष्ट्र के नासिक जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी लोग छत्रपति संभाजीनगर से नासिक जा रहे थे। यह हादसा सिन्नर शहर के पास खंबले शिवार गांव में हुआ। पुलिस ने बताया कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था और इसके बाद वाहन डिवाइडर को पार कर गया और पलट गया। एसयूवी में सवार लोग छत्रपति संभाजीनगर जिले के करोदी गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान बाजीराव एकनाथ गांगुर्डे और निशा रामकिसन गटकल के रूप में हुई है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
20 अप्रैल से बांग्लादेश यात्रा पर विदेश सचिव
बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना की जून में संभावित भारत यात्रा को लेकर विदेश सचिव विनय क्वात्रा 20 अप्रैल से बांग्लादेश की यात्रा करेंगे। मामले से जुड़े लोगों ने बृहस्पतिवार को बताया कि ढाका में क्वात्रा अपने बांग्लादेशी समकक्ष मसूद बिन मोमन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के उपायों पर व्यापक बातचीत करेंगे। विदेश सचिव के विदेश मंत्री हसन महमूद से भी मुलाकात करने की संभावना है। क्वात्रा की यात्रा का उद्देश्य जून में हसीना की भारत यात्रा के लिए जमीन तैयार करना भी है। हालांकि, जून में हसीना की संभावित भारत यात्रा पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। फरवरी में बांग्लादेश के विदेश मंत्री महमूद ने भारत का दौरा किया था।
उडुपी में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में स्टार प्रचारकों का लगेगा हुजूम
कर्नाटक के उडुपी-चिकमगलुरु लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोटा श्रीनिवास पुजारी को उम्मीदवार बनाया है। इनके समर्थन में पार्टी के स्टार प्रचारकों के कई दौरे प्रस्तावित हैं। इन दौरों के बाद प्रदेश में सियासी हलचल तेज होने की उम्मीद है।
- केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी और सांसद सुमलता 19 अप्रैल को उप्पुर में चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी।
- कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र 20 अप्रैल को उडुपी आएंगे।
- 21 अप्रैल को भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा कापू में जनसभा करेंगे।
- भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान में 22 अप्रैल भी खास रहेगा। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई उडुपी में पुजारी को समर्थन देने पहुंचेंगे।
- चुनाव प्रचार के अंतिम दिन यानी 24 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उडुपी में रोड शो कर सकते हैं।
RSS के शीर्ष पदाधिकारी का बयान- राम मंदिर का मुद्दा घर-घर पहुंचाना जरूरी
आरएसएस पदाधिकारी सुनील आंबेकर और अयोध्या का राम मंदिर (फाइल)
- फोटो : एएनआई
देशभर में जारी चुनावी गतिविधियों के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शीर्ष पदाधिकारी सुनील आंबेडकर का बयान चर्चा में है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बने राम मंदिर का मुद्दा देशभर में घर-घर पहुंचाना जरूरी है। आंबेकर ने कहा, राम मंदिर निर्माण के लिए हुआ आंदोलन बहुत अलग है। 'रामजन्मभूमि: हाउ हिंदूज़ वोन 500 इयर्स लॉन्ग सिविलाइजेशनल वॉर' शीर्षक वाली किताब के विमोचन के मौके पर आंबेकर ने कहा, दुनिया में कहीं और लोगों ने अपना 'सम्मान' दोबारा हासिल करने के लिए इतने लंबे समय तक संघर्ष नहीं किया। आंबेकर संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख भी हैं।
उन्होंने कहा, 'हम भाग्यशाली हैं... हम ऐसे युग में मौजूद हैं जब अयोध्या के राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। पूरी दुनिया को मंदिर के महत्व के बारे में बताया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जब बात अपने अस्तित्व और आत्मसम्मान की हो तो लोगों को संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए।
1997 फर्जी पासपोर्ट मामले में अबू सलेम के सहयोगी को जेल भेजा गया
अबू सलेम
- फोटो : एएनआई
1997 में गैंगस्टर अबू सलेम और उसकी पत्नी को फर्जी पासपोर्ट बनवाने में मदद करने के मामले में विशेष सीबीआई अदालत ने दोषी ठहराए जा चुके मोहम्मद परवेज आलम को जेल भेज दिया। दो साल पहले दोषी ठहराए जाने के खिलाफ पासपोर्ट एजेंट परवेज ने लखनऊ की विशेष सीबीआई कोर्ट में याचिका दायर की, जिसे बुधवार को कोर्ट ने खारिज कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई स्पेशल टास्क फोर्स ने 16 अक्टूबर, 1997 को सलेम के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
सलेम पर अकील अहमद आजमी और सबीना आजमी के नाम पर फर्जी पासपोर्ट प्राप्त करने का आरोप है। सीबीआई ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पासपोर्ट एजेंट परवेज आलम पर सलेम और उसकी पत्नी के लिए दस्तावेज तैयार करवाने में दोषी पाया गया है।
नासिक में भाजपा विधायक को फेसबुक पर धमकी देने पर युवक गिरफ्तार
नासिक सेंट्रल की भाजपा विधायक देवयानी फरांडे को 3 अप्रैल को फेसबुक पर धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 3 अप्रैल को जय भवानी रोड इलाके में रहने वाले एक युवक ने आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड की थी। इसके बाद लोगों ने उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपनगर पुलिस स्टेशन और द्वारका चौक के सामने प्रदर्शन किया था। अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने पुणे-नासिक राजमार्ग पर वाहनों पर पथराव भी किया था। फरांडे की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनके साथ एक कांस्टेबल तैनात किया है। अधिकारी ने कहा, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
मेघालय में असम के तीन युवकों के शव बरामद
पूर्वोत्तर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। मेघालय के पूर्वी गारो हिल्स जिले में असम के तीन युवकों के जले हुए शव बरामद किए गए। आंशिक रूप से जमीन में दबी अवस्था में बरामद शवों के बारे में पुलिस ने बताया कि उसी क्षेत्र रोंगमिल में जली हुई गाड़ी भी बरामद हुई थी। बुधवार को जारी बयान के मुताबिक पुलिस ने कहा, इसी वाहन से तीनों असम के गोलपाड़ा जिले से मेघालय में दाखिल हुए थे। मृतकों की पहचान गोलपाड़ा के डोलगुमा निवासी जहिदुल इस्लाम (25), जमूर अली (35) और उनका चालक नूर अहमद के तौर पर की गई है।
पीएम मोदी ने खास पत्र में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों से कहा कहा?
सियासी सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण के चुनाव में ताल ठोक रहे एनडीए प्रत्याशियों को पत्र लिखा है। पीएम मोदी ने इस खास पत्र में चुनाव लड़ रहो लोगों को आगामी राजनीतिक सफर की शुभकामनाएं दीं। यह पत्र भाजपा की उस मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत पीएम के संदेश को हर निर्वाचन क्षेत्र में सभी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पीएम का फोकस इस पत्र को क्षेत्रीय भाषाओं में भी अधिक-से अधिक संख्या में लोगों तक पहुंचाने पर है।
अन्नामलाई को लिखे पत्र में क्या बोले पीएम मोदी
चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने पत्र पाने की खुशी साझा करते हुए कहा कि वे इस पत्र को अपने क्षेत्र के हर मतदाता तक पहुंचाने का संकल्प ले रहे हैं। तमिलनाडु की कोयंबटूर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कुप्पुस्वामी अन्नामलाई को लिखे पत्र में पीएम मोदी ने प्रतिष्ठित नौकरी छोड़कर राजनीतिक पारी शुरू करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परिवर्तन के लिएअन्नामलाई के फैसले की सराहना करते हुए। उन्होंने अन्नामलाई की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा, 'उन्होंने तमिलनाडु में भाजपा की जमीनी स्थिति मजबूत बनाई है। रामनवमी के शुभ अवसर पर आपको लिखते हुए खुशी हो रही है।'
झारखंड के पलामू में ऑटो-रिक्शा पलटने से तीन लोगों की मौत
झारखंड के पलामू जिले में ऑटोरिक्शा पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य घायल भी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना मेदिनीनगर से करीब छह किलोमीटर दूर पांकी-मेदिनीनगर रोड पर पोखराहा के पास हुई। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी मणिभूषण प्रदाद ने कहा कि ऑटोरिक्शा ओवरलोड था। जब वाहन पलटा तो उसमें 15 यात्री खचाखच भरे हुए थे। उन्होंने बताया कि शाहपुर की एक 34 वर्षीय महिला के साथ-साथ 6 और 8 साल की दो लड़कियों की मौत मौके पर ही हो गई।
पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय अस्पताल में भर्ती
पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय को गुरुवार को कोलकाता स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को कमजोर बताया है। न्यूरोलॉजिकल बीमारी से पीड़ित तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठीक से खाना नहीं खा रहे थे। डॉक्टरों के अनुसार रॉय की स्वास्थ्य स्थिति बहुत कमजोर है क्योंकि वह ठीक से खाना नहीं खा रहे थे। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और उनसे मिलने आए डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी। उन्हें कचरापाड़ा स्थित उनके आवास से अस्पताल लाया गया था। तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में से एक मुकुल रॉय 2017 में भाजपा में शामिल हो गए थे । उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनावों में कृष्णानगर उत्तर सीट से जीत हासिल की थी।
बंगलूरू में बेटी को हत्यारे को मां ने मार डाला
बंगलूरू में दोहरे हत्याकांड के एक मामले में एक 24 वर्षीय लड़की की उसके परिचित ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला की मां द्वारा हत्यारे की पत्थर से वार कर हत्या की गई। मृतकों की पहचान अनुषा और 44 वर्षीय सुरेश के रूप में हुई। उन्होंने कहा, वे एक-दूसरे को पांच साल से जानते थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अनुषा और सुरेश के बीच पार्क में झगड़ा हुआ था क्योंकि अनुषा ने सुरेश से दूर रहना लसुरू कर दिया था। वह सुरेश से कोई संबंध नहीं रखना चाहती थी। इसके बाद गुस्साए सुरेश ने अनुषा की हत्या कर दी। बेटी की हत्या के बाद मां का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उसके बाद उन्होंने सुरेश की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के दो मामले दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
आर्यन खान को बरी करने वाली एनसीबी एसआईटी के प्रमुख रिटायर
एनसीबी के उप महानिदेशक (डीडीजी) और ड्रग्स-ऑन-क्रूज मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे को क्लीन चिट देने वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) प्रमुख संजय कुमार सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले ली है। ओडिशा कैडर के 1996-बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी संजय सिंह वर्तमान में डीडीजी के रूप में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्र की कमान संभाल रहे थे। सिंह के मुताबिक उन्होंने पूरी तरह से 'व्यक्तिगत आधार' पर सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) मांगी है। उन्होंने 29 फरवरी को इसके लिए आवेदन किया था।
तेलंगाना के बीजेपी विधायक राजा सिंह पर मामला दर्ज
तेलंगाना में भाजपा विधायक राजा सिंह पर कथित तौर पर बिना पूर्व अनुमति के रामनवमी पर जुलूस निकालने का आरोप लगा है। पुलिस ने यातायात बाधित करने के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। रामनवमी उत्सव पर बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद गोशामहल विधायक पर मामला दर्ज किया गया।
पुडुचेरी में चुनाव अधिकारियों ने जब्त किए 4.09 करोड़ रुपये
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव अधिकारियों ने दो स्थानों से 4.09 करोड़ जब्त किए हैं। पुडुचेरी के जिला निर्वाचन अधिकारी ए कुलोथुंगन ने कहा कि गुप्त सूचना के बाद उड़न दस्ते के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यहां एक घर में छापा मारा और 3,68,78,500 रुपये की नकदी बरामद की, जबकि एक अन्य इमारत में तलाशी के दौरान 40,46,500 रुपये की नकदी मिली। व्यय पर्यवेक्षक और आयकर के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। आयकर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
केरल : अलपुझा में बतखों में फैला बर्ड फ्लू, 3,000 से अधिक की मौत
केरल के अलपुझा में बतखों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। लगातार पक्षियों में बीमारी के लक्षण मिलने पर नमूने भोपाल की प्रयोगशाला में भेजे गए थे, जहां एवियन इंफ्लूएंजा (एच5एन1) की पुष्टि हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, एडथवा में सप्ताहभर में 3,000 बतखों की मौत हो चुकी है। मुर्गी और बतख पालन करने वालों के यहां टीम जांच के लिए पहुंच रही है। बतखों में बर्ड फ्लू फैलने के बाद 1 किमी के दायरे में पक्षियों को मारकर उनको खत्म करने का निर्णय लिया गया है।
हवाईअड्डे पर वीडियो रिकॉर्ड करने का दावा करने वाला यूट्यूबर गिरफ्तार
कर्नाटक में एक यूट्यूबर को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे में पूरा दिन बिताते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने का दावा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि येलहांका निवासी विकास गौड़ा ने सात अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे चेन्नई जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान का टिकट लेकर हवाईअड्डे में प्रवेश किया था। पुलिस के अनुसार, वह जानबूझकर विमान में नहीं बैठा और इसके बजाय वह हवाईअड्डे पर घूम कर मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था।
रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राणे को उतारा
भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को तटीय महाराष्ट्र के रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। यहां राणे का मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार विनायक राउत से है, जो इस निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा सांसद हैं। महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री और शिवसेना नेता उदय सामंत के भाई किरण सामंत इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। अब जब यह सीट भाजपा के खाते में चली गई तो उदय ने राणे को समर्थन देने की घोषणा की है।
झारखंड : पुलिस की गोली से आदिवासी युवक की मौत
झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस की गोली से एक आदिवासी युवक की मौत हो गई। आरोप है कि एक अपराधी को पकड़ने के लिए बुधवार रात साकिन डांगापाड़ा गांव गई पुलिस ने आदिम जनजाति समुदाय के युवक पर गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक, आर्म्स एक्ट का अभियुक्त बेनाडिक हेम्ब्रम रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा था। पुलिस की टीम जब छापा मारने पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। उसे पकड़ने की कोशिश के दौरान एएसआई राजनाथ यादव ने फायरिंग कर दी।
जांच के लिए एसआईटी गठित, एएसआई निलंबित
भाग रहे व्यक्ति के बाएं कंधे के पास गोली लग गई। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए युवक का नाम हरिनारायण पहाड़िया है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि पुलिस ने निर्दोष युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। वे पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, गोड्डा जिला पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। एएसआई राजनाथ यादव को निलंबित कर दिया गया है।