केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 नवंबर को हरियाणा के फरीदाबाद में होने वाली उत्तरी जोनल काउंसिल की 32वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्र सरकार, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रीय सहयोग, सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और अंतर-राज्यीय समन्वय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। उत्तरी जोनल काउंसिल में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ शामिल हैं।
मणिपुर से असम राइफल्स पर हमले का वांछित उग्रवादी गिरफ्तार
साल 2017 में असम राइफल्स पर हुए हमले में वांछित उग्रवादी मणिपुर में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि 2017 में असम राइफल्स पर हुए हमले के सिलसिले में रविवार को मणिपुर में एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ और असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के स्वयंभू मेजर, 45 वर्षीय कोइजाम इबोचौबा उर्फ इनाओ उर्फ सूमो उर्फ पनसारेंग को इंफाल पश्चिम के सागोलबंद स्थित एक घर से गिरफ्तार किया।
मामले की जांच कर रही एनआईए के अनुसार, यह हमला चंदेल जिले के चमोल-सजीर ताम्पक मार्ग पर चौथी असम राइफल्स की एक रोड ओपनिंग पार्टी पर कथित तौर पर हुआ था। एजेंसी ने बताया कि यह हमला कथित तौर पर पीएलए और मणिपुर नागा पीपुल्स फ्रंट (एमएनपीएफ) द्वारा किया गया था। घात लगाकर किए गए हमले में असम राइफल्स के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की बाद में मौत हो गई। इस कार्रवाई में दो आतंकवादी भी मारे गए।
बाल ठाकरे की 13वीं पुण्यतिथि पर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच दिखीं नजदीकियां।
- फोटो : एएनआई
बाल ठाकरे की 13वीं पुण्यतिथि पर ठाकरे भाइयों के बीच दिखी नजदीकी, शिवाजी पार्क में जुटे समर्थक
शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की 13वीं पुण्यतिथि के मौके पर सोमवार को शिवाजी पार्क स्थित उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह के दौरान उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच नजदीकियां देखी गईं। इस दौरान दोनों दलों के समर्थक बड़ी तातद में जुटे।
पुण्यतिथि के मौके पर उद्धव ठाकरे अपनी पत्नी रश्मि, पुत्र आदित्य के साथ और राज ठाकरे पार्टी नेताओं के साथ स्मारक पर पहुंचे। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत भी मास्क पहनकर और अपने भाई व पार्टी विधायक सुनील राउत का हाथ थामे वहां पहुंचे।
कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे ठाकरे भाइयों ने स्थानीय निकाय चुनावों से पहले एक-दूसरे के साथ आते दिख रहे है, जिसके चलते दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावनाओं के संकेत मिल रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है। इस मौके पर भाजपा पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए मनसे अध्यक्ष ने कहा कि केवल वोट जीतने, सत्ता हथियाने और फिर उसे बर्बाद करने की राजनीति एक आदर्श बन गई है। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर सामाजिक कार्य को प्राथमिकता देने का विचार सबसे पहले बाल ठाकरे ने ही दिया था।
राजनाथ सिंह ने एसआईआर फॉर्म जमा किया
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ में अपने आवास पर आगे की प्रक्रिया के लिए अपना विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) गणना फॉर्म जमा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्री ने भरा हुआ एसआईआर फॉर्म अनुविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मनोज सिंह को सौंपा। उन्होंने बताया कि लखनऊ से सांसद सिंह ने दस्तावेज जमा करने से पहले सभी औपचारिकताओं की समीक्षा की।
चुनाव आयोग द्वारा आयोजित गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण एसआईआर प्रक्रिया का दूसरा चरण 4 नवंबर को गणना के साथ शुरू हुआ और 4 दिसंबर तक चलेगा। जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर की घोषणा की गई है, वे हैं: छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप।
इनमें तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में 2026 में चुनाव होंगे। असम में, जहां भी 2026 में चुनाव होने हैं, मतदाता सूची के संशोधन की घोषणा अलग से की जाएगी।
ओडिशा: जंगल में एक गुफा से हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद
पुलिस ने बताया कि रविवार को ओडिशा के मलकानगिरी जिले में एक गुफा से सुरक्षा बलों ने विस्फोटकों और हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया, जिसके बारे में संदेह है कि इसे माओवादियों ने छिपाया था। उन्होंने बताया कि यह जब्ती बीएसएफ ने कालीमेला थाना क्षेत्र के दुलागुंडी जंगल की एक पहाड़ी से की।
उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और विस्फोटकों का पता चला। बरामद की गई वस्तुओं में एक इम्प्रोवाइज्ड डायरेक्शनल माइन, एक पिस्तौल, 110 जिलेटिन की छड़ें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 150 जिंदा 7.62 मिमी कारतूस, 170 खाली कारतूस, 10 खाली कारतूस, दो 125-डेसिबल इलेक्ट्रॉनिक ट्रम्पेट और एक सेंसर शामिल हैं।
चेन्नई हवाई अड्डे पर 2 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, महिला यात्री गिरफ्तार
थाईलैंड से चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंची एक महिला को 1.01 करोड़ रुपये मूल्य के दो किलो से ज्यादा गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। विशिष्ट सूचना के आधार पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने 15 नवंबर को महिला को रोका। वह बैंकॉक से कोलंबो होते हुए हवाई अड्डे पर पहुंची थी।
उसके चेक-इन सामान की जांच के बाद प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि उसके पास से लगभग 2.9 किलो गांजा बरामद किया गया, जो एक एयर-कंडीशनर के बाहरी हिस्से में छिपाकर रखा गया एक वायुरोधी पारदर्शी पैकेट था।
अधिकारियों ने बताया, "जब्त किए गए सामान की कीमत अवैध बाज़ार में 1.01 करोड़ रुपये है। प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर ली गई है और यात्री को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।" उन्होंने आगे बताया कि आगे की जांच जारी है।
मरीज का इलाज करते हुए डॉक्टर की हुई मौत
ओडिशा के बालासोर में एक मरीज का इलाज करते हुए डॉक्टर की ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। मामला नीलगिरी उपखंड सरकारी अस्पताल का है। मृतक डॉक्टर की पहचान डॉ. त्रिनाथ पॉल (54 वर्षीय) के रूप में हुई है। डॉ. त्रिनाथ पॉल एक गायनेकॉलोजिस्ट थे। घटना रविवार की है, जब डॉ. पॉल एक मरीज को देख रहे थे, उसी दौरान वे वॉशरूम गए। जब काफी देर तक वे बाहर नहीं निकले। पता करने पर डॉक्टर त्रिनाथ शौचालय में अचेत मिले। इसके बाद उन्हें बालासोर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि हार्ट अटैक के चलते डॉ. त्रिनाथ पॉल की मौत हुई।
एक्स कॉर्प का दावा- इस साल जनवरी से जून के बीच सामग्री हटाने के लिए 29,118 सरकारी अनुरोध मिले
सोशल मीडिया क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एक्स कॉर्प ने कर्नाटक हाईकोर्ट को सूचित किया है कि उसे जनवरी से जून 2025 के बीच सामग्री हटाने के 29,118 सरकारी अनुरोध प्राप्त हुए। इनमें से 26,641 का अनुपालन किया गया और अनुपालन की दर 91.49 प्रतिशत है। कंपनी ने तर्क दिया कि ये आंकड़े एकल न्यायाधीश के 24 सितंबर के उस फैसले के विपरीत हैं, जिसमें कहा गया था कि सोशल मीडिया मंच भारतीय कानून की अवहेलना करने का इरादा रखता है। यह डाटा केंद्र सरकार के सहयोग पोर्टल को बरकरार रखने वाले आदेश के खिलाफ एक्स की रिट अपील के हिस्से के रूप में प्रस्तुत किया गया। अपनी हालिया अपील में एक्स कॉर्प ने दलील दी कि सरकारी एजेंसियां सामग्री हटाने के आदेश जारी करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 79(3)(बी) के साथ-साथ 2021 आईटी कानून के नियम 3(1)(डी) का गैरकानूनी रूप से उपयोग कर रही हैं
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने रविवार को डीएमके कार्यकर्ताओं से राज्य में चल रहे एसआईआर अभ्यास के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आने वाले दिनों में गहन जमीनी स्तर पर काम करने का आग्रह किया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद डीएमके सातवीं बार सरकार बनाए।
डीएमके 75वें '(अरिवु तिरुविझा) ज्ञान महोत्सव' के समापन समारोह में भाग लेते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, "आपको चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रति सतर्क रहना चाहिए। इस अभ्यास को पूरा होने में अभी 40-45 दिन और लगेंगे। आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का विवरण न हटाया जाए और इस अभ्यास के दौरान फर्जी मतदाताओं के नाम न जोड़े जाएं।"