मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- भारत और स्पेन 'जुड़वां भाई' जैसे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि भारत और स्पेन दो प्राचीन सभ्यताओं के वाहक हैं और दोनों देशों ने नैतिक मूल्यों के आधार पर अपनी सदियों पुरानी संस्कृति को आगे बढ़ाया है। स्पेन की यात्रा पर आए यादव ने मध्य प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में यूरोपीय देश से निवेश की भी मांग की। उन्होंने कहा कि दोनों देश जुड़वा भाई जैसे हैं। अब हम विकास के मामले में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे। भोपाल में जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, स्पेन की राजधानी मैड्रिड में 'इन्वेस्ट इन एमपी बिजनेस फोरम मीट' को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'स्पेन की संस्कृति और तकनीक, दोनों में एक अलग पहचान है।' यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का सबसे तेजी से विकसित हो रहा राज्य है और वहां निवेश करना निस्संदेह एक लाभदायक सौदा है।
मेघालय: अखबार में ब्रेड और केक लपेटने पर मशहूर बेकरी बंद
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मेघालय की एक प्रसिद्ध बेकरी आरबी स्टोर को बंद कर दिया है। आरोप है कि बेकरी ने ब्रेड और केक जैसी खाने की चीजों को लपेटने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया, जो नियमों के खिलाफ है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। आरबी स्टोर शिलांग के पुलिस बाजार इलाके में है और यह बेकरी 1950 से चल रही है। सिर्फ यही नहीं, एफएसएसएआई ने साफ-सफाई और नियमों के उल्लंघन के कारण चार और रेस्टोरेंट और फास्ट फूड दुकानों को भी बंद करने का आदेश दिया है। इनमें अरुण होटल, मां काली होटल और दो फास्ट फूड आउटलेट शामिल हैं।
जवाबदेही मांगना देश-विरोधी नहीं, कांग्रेस सांसद का किरेन रिजिजू पर पलटवार
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष सरकार से जवाब मांग रहा है, तो उसे 'देश-विरोधी बयानबाजी' नहीं कहा जाना चाहिए। टैगोर ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद में विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए। यह बयान तब आया जब किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने विदेश नीति पर प्रधानमंत्री की आलोचना करके 'पाकिस्तान जैसी भाषा' बोली है और इससे देश को नुकसान होता है। कांग्रेस सांसद टैगोर ने कहा कि रिजिजू का विपक्ष के नेता पर हमला करना गलत है और यह दिखाता है कि मोदी सरकार डरी हुई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर चीन के नेताओं से मिलते हैं, तो वो जो कहते हैं या नहीं कहते, वो विपक्ष को दिए गए भाषणों से ज्यादा अहम होता है। राहुल गांधी उस परिवार से आते हैं जिसने पाकिस्तान का विभाजन किया और बांग्लादेश बनवाया- जो भारत की विदेश नीति की एक बड़ी जीत थी।'
केंद्र निर्वासन संबंधी मामलों की फाइलें पेश करे : हाईकोर्ट
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बुधवार को केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि वह राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रहे कुछ लोगों के निर्वासन को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित मुकदमों से संबंधित सभी दस्तावेज पेश करे। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में बांग्लाभाषी लोगों से उनकी राष्ट्रीयता के बारे में पूछताछ के आरोपों की सत्यता की जानकारी लेने के लिए कहा। हालांकि, इस मुद्दे पर अदालत ने लिखित आदेश पारित नहीं किया है। न्यायाधीश तपब्रत चक्रवर्ती की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने बुधवार को दो बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाओं पर सुनवाई की। इनमें पश्चिम बंगाल के कुछ लोगों को अवैध रूप से हिरासत में लेने का आरोप लगाया गया था। कोर्ट ने केंद्र को निर्देश दिया कि वह इस संबंध में हलफनामा दाखिल करे कि याचिकाकर्ताओं का दावा है कि उन्हें पहले ही निर्वासित कर दिया गया है और यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
सीएससी चलाने वाले 5.5 लाख उद्यमियों को मुफ्त एआई प्रशिक्षण
सरकार कॉमन सर्विस सेंटर चलाने वाले 5.5 लाख से अधिक ग्राम स्तरीय उद्यमियों को मुफ्त में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई का प्रशिक्षण देगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा, सरकार के इंडिया एआई मिशन के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वैष्णव ने कहा, आप सभी को मुफ्त में एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा। हमने इंडियाएआई मिशन के तहत लगभग 10 लाख लोगों को कुशल बनाने का लक्ष्य रखा है।
पुनीत गोयल बने मणिपुर के नए मुख्य सचिव
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पुनीत कुमार गोयल को मणिपुर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। एजीएमयूटी कैडर के 1991 बैच के अधिकारी गोयल, प्रशांत कुमार सिंह का स्थान लेंगे। सिंह को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। छह महीने पहले उन्हें केंद्र ने जातीय संघर्ष से जूझ रहे इस राज्य में भेजा था।
विदेश सचिव मिस्री से मिले श्रीलंका के 24 युवा नेता
श्रीलंका के 14 राजनीतिक दलों से जुड़े 24 युवा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल भारत आया है। इस प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इन युवाओं की भूमिका भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूत करने में खासी अहमियत रखती है। श्रीलंकाई युवा नेताओं का यह दौरा श्रीलंका के साथ राजनीतिक साझेदारी को गहरा करने की भारत की कोशिशों का हिस्सा है। यह दो हफ्ते का कार्यक्रम द्विपक्षीय संबंधों के भविष्य की दिशा तय करने में मदद करेगा।
बंगालियों के प्रति भाजपा के रवैये से मैं शर्मिंदा हूं : सीएम ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भाजपा शासित राज्यों में बंगालियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, बंगालियों के प्रति भाजपा के रवैये से मैं शर्मिंदा और निराश हूं। सीएम ने कहा कि मैंने अब ज्यादा से ज्यादा बांग्ला में बोलने का फैसला किया है। इसके लिए अगर हो सके तो मुझे हिरासत शिविरों में बंद कर दो। ममता भाजपा शासित राज्यों में बंगाली बोलने वालों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न के खिलाफ विरोध मार्च रैली को संबोधित कर रही थीं। यह रैली कोलकाता के कॉलेज स्क्वायर से शुरू होकर धर्मतला के दोरीना क्रॉसिंग तक गई। रैली में तृणमूल महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं चुनौती देती हूं कि कोई यह साबित करके दिखाए कि बंगाली भाषी प्रवासी रोहिंग्या मुसलमान हैं। यह सिर्फ बंगालियों को बदनाम करने की साजिश है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने मतदाता सूची से नाम हटवाए और अब वही तरीका बिहार में अपनाया जा रहा है।
धर्मांतरण कानून पर यूपी से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने गैर कानूनी धर्म परिवर्तन पर 2024 के संशोधित कानून के कुछ प्रावधानों के खिलाफ याचिका पर उत्तर प्रदेश सरकार से जवाब मांगा है। इन प्रावधानों को अस्पष्ट और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ बताया गया है। जस्टिस विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। पीठ ने इस याचिका को अन्य समान याचिकाओं के साथ जोड़ दिया। शीर्ष अदालत लखनऊ निवासी शिक्षाविद रूप रेखा वर्मा और अन्य की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ताओं ने 2024 में संशोधित उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के कुछ प्रावधानों को अस्पष्ट और अत्यधिक व्यापक बताया है और तर्क दिया है कि उनकी अस्पष्टता अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धार्मिक प्रचार-प्रसार का उल्लंघन करती है।
दोषी संजय को बरी करने की अपील सुनेगा हाईकोर्ट
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दुष्कर्म-हत्या मामले में मुख्य दोषी संजय राय ने रिहाई के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट में अपील की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है। बुधवार को न्यायाधीश देबांशु बसाक और न्यायाधीश मोहम्मद शब्बर रशीदी की पीठ ने कहा, सीबीआई की ओर से दायर मुकदमे के साथ ही इस अपील पर भी एक साथ सुनवाई होगी। अगली सुनवाई सितंबर महीने में होगी। बुधवार को हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि यदि पीड़िता का परिवार चाहे तो इस मामले में अदालत की मदद कर सकता है। संजय के वकील कौशिक गुप्ता का तर्क है कि कुछ गवाहियों और सबूतों के आधार पर आरोप साबित नहीं होते। उनके मुवक्किल को बेकसूर बरी किए जाने के लिए पर्याप्त कारण हैं। आरजी कर कांड में सिविक वॉलंटियर संजय को दोषी ठहराते हुए सियालदह अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। ट्रायल कोर्ट के इस फैसले को सीबीआई ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
आईआरएस अफसर व दो कर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार
पटना में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में आयकर विभाग के तीन अधिकारियों/कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में 2021 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी और वर्तमान में सहायक आयुक्त आदित्य सौरभ, आयकर निरीक्षक मनीष कुमार और मल्टी टास्किंग स्टाफ शुभम राज शामिल हैं। सीबीआई की यह कार्रवाई मंगलवार शाम को पटना हाईकोर्ट के पीछे स्थित गली में हुई, जहां ये तीनों अधिकारी हैदराबाद की एक मल्टीनेशनल कंपनी से 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए। सीबीआई की टीम ने पहले से जाल बिछाकर उन्हें ट्रैप किया और जैसे ही पैसे का लेन-देन हुआ, उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों ने कंपनी से कुल 3 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें पहली किस्त के रूप में 2 लाख रुपये की डील तय हुई थी। सीबीआई ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ने के बाद पूछताछ की।
ऑटो चालक ने की मां-पिता की हत्या, शवों के साथ बिताई रात
ओडिशा के मयूरभंज जिले से दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया है। यहां नशे में धुत एक ऑटो चालक ने अपने बुजुर्ग माता-पिता की पत्थर तोड़ने वाले हथौड़े से पीटकर हत्या कर दी और खून से लथपथ शवों के साथ रातभर बैठा रहा। आसपास के लोगों ने बुधवार सुबह हिमांशु को शवों के साथ खाट पर बैठे देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हिमांशु को गिरफ्तार किया।
कर्नाटक में भाजपा विधायक पर अपराधी की हत्या का केस दर्ज
कर्नाटक में अपराधी से रियल एस्टेट एजेंट बने शिवप्रकाश उर्फ बिकलू शिवू हत्याकांड में मृतक की मां की शिकायत पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री बिरथी बसवराज और चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक, 40 साल के शिवू की मंगलवार शाम भारतीनगर के उसके घर के पास कार सवार चार लोगों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। भाजपा नेता बसवराज ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है।
ओआईएल ने असम के डिब्रूगढ़ जिले में खोजी हाइड्रोकार्बन
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को कहा कि ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने डिब्रूगढ़ जिले के नामरुप बोरहाट-1 कुएं में हाइड्रोकार्बन की खोज की है, जिसमें असम सरकार की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। उन्होंने इस खोज को ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए, इसे असम के लिए गौरवपूर्ण क्षण कहा। एक पोस्ट में सरमा ने लिखा, कि यह खोज तेल ड्रिलिंग में सफल निवेश और राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा में योगदान सुनिश्चित करती है।
तमिलनाडु में नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न
तमिलनाडु के गुम्मिदीपोंडी में स्कूल से घर लौट रही 10 वर्षीय नाबालिग के साथ अपहरण के बाद यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अज्ञात के नाम मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बाद में लड़की ने अपनी दादी को घटना के बारे में बताया। जिसके बाद मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि अपराधी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।
आंध्र प्रदेश के तालाब में डूबे दो बच्चे, मौत
आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में एक तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम गन्नावरम मंडल में हुई। बच्चे तालाब से कमल का फूल तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान गहरे पानी में गिरने से डूब गए। दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान चैतन्य (12) और सतीश (15) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ओवैसी बोले- पहलगाम आतंकी हमले का बदला लें, ऑपरेशन सिंदूर जारी रहना चाहिए
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले का 'बदला' लिया जाना चाहिए और ऑपरेशन सिंदूर जारी रहना चाहिए। बुधवार रात तेलंगाना के बोधन कस्बे में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहलगाम आतंकी हमला प्रधानमंत्री मोदी सरकार की सुरक्षा चूक का एक उदाहरण है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा की उस कथित टिप्पणी पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले में 'सुरक्षा चूक' की जिम्मेदारी वह लेते हैं। सिन्हा घटना के लगभग तीन महीने बाद जिम्मेदारी ले रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि अगर वे इसके लिए जिम्मेदार हैं, तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
रायगढ़ रेलवे स्टेशन यार्ड में हादसा, श्रमिक की मौत, दो घायल
ओडिशा के रायगढ़ रेलवे स्टेशन यार्ड में बृहस्पतिवार को एक पुश ट्रॉली और मालगाड़ी के आपस में उलझ जाने से एक श्रमिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस हादसे में ठेके पर काम करने वाले एक श्रमिक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। एक अन्य श्रमिक और और एक ट्रॉलीमैन को मामूली चोटें आईं। उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा बृहस्पतिवार सुबह उस समय हुआ, जब एक पुश ट्रॉली का छाता मालगाड़ी के चलते डिब्बे में उलझ गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
दो हफ्ते में कॉलेजों में कराएं छात्र संघ चुनाव- हाईकोर्ट
आज, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को अगले दो सप्ताह के भीतर कॉलेजों में छात्र संघ चुनावों पर अपना रुख स्पष्ट करने का निर्देश दिया। कलकत्ता उच्च न्यायालय के वकील, एडवोकेट सायन बनर्जी की तरफ से कॉलेजों में तत्काल छात्र संघ चुनाव कराने की मांग करते हुए एक जनहित याचिका दायर की गई थी।
संबलपुर- छात्रा का यौन शोषण करने के मामले सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार
ओडिशा के संबलपुर में एक सरकारी विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर को 20 वर्षीय छात्रा का यौन शोषण करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर संबलपुर महिला थाने ने मामला दर्ज किया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार सहायक प्रोफेसर ने शादी का वादा कर अपने आधिकारिक आवास पर छात्रा का यौन शोषण किया लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह आरोप बालासोर के एक कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा की तरफ से कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने वाले एक प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के कारण आत्मदाह कर लिए जाने के कुछ दिन बाद सामने आया है।
तेलंगाना: हैदराबाद शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।
केरल के स्कूल में छात्र की करंट लगने से मौत
केरल के एक स्कूल परिसर में छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान थेवलक्करा स्थित बॉयज़ हाई स्कूल के कक्षा 8 के छात्र मिथुन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब 9:15 बजे हुई, जब वह साइकिल शेड पर गिरी एक चप्पल उठाने की कोशिश कर रहा था। वहीं, पास में ही एक बिजली का तार लटका हुआ था। चप्पल उठाने की कोशिश करते समय मिथुन उसकी चपेट में आ गया। वहीं, राज्य के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और लोक शिक्षण निदेशक को जांच कर तत्काल रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
विज्ञान को प्रयोगशालाओं से आगे बढ़कर जनचेतना तक पहुंचाने की जरूरत- केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि वैज्ञानिक परिणामों को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विज्ञान को प्रयोगशालाओं से आगे बढ़कर जनचेतना तक पहुंचाने की आवश्यकता है। भुवनेश्वर में खनिज एवं पदार्थ प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएमएमटी) में वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकीविदों और विद्वानों को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा, 'वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की कई उपलब्धियां हितधारकों के लिए भी अज्ञात हैं।' टेराफिल वाटर फिल्टर और धातु शिल्प नवाचारों जैसी सफल स्वदेशी तकनीकों का उदाहरण देते हुए, उन्होंने उद्योगों के साथ अधिक जुड़ाव और युवा नागरिकों तक पहुंच बनाने का आग्रह किया।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा, 'इसलिए, हमें विज्ञान को प्रयोगशालाओं से आगे बढ़कर जनचेतना तक पहुंचाने की आवश्यकता है।' उन्होंने एक आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से उन्नत राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त करने में भारत के खनन और खनिज क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आईएमएमटी भौगोलिक दृष्टि से और विशेषज्ञता के मामले में, महत्वपूर्ण खनिजों और सतत सामग्री विकास में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अद्वितीय स्थिति में है।
आंतरिक प्रदूषण से लड़ने की जरूरत- होसबाले
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रदूषण के बाहरी और आंतरिक दोनों रूपों से समान गंभीरता से निपटना होगा। वर्तमान में सार्थक जीवन के लिए न केवल जीवनशैली में बदलाव, बल्कि समाज में नैतिक परिवर्तन भी जरूरी है। एक पुस्तक विमोचन समारोह में होसबाले ने कहा, आज पर्यावरण के संदर्भ में पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कुछ महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने गंभीर चुनौतियों को सामने रखा और मैं उनकी बातों से सहमत हूं। उन्होंने कहा, पर्यावरण में दो प्रकार के प्रदूषण होते हैं- एक बाहरी और दूसरा हमारे भीतर का। हमें बाहरी प्रदूषण को दूर करने के लिए अपनी जीवनशैली बदलनी होगी। मनुष्य में व्याप्त आंतरिक प्रदूषण (भ्रष्टाचार, अहंकार, छल और आलस्य) भी उतना ही गंभीर है। मनुष्य को इससे भी अपनी रक्षा करनी होगी।
अहमदाबाद का सबसे स्वच्छ शहर बनना पीएम के दृष्टिकोण की सफलता का प्रमाण- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को अहमदाबाद को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने की सराहना की और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के दृष्टिकोण की सफलता का प्रमाण बताया। अमित शाह ने कहा कि यह अहमदाबाद के निवासियों के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भारत के सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में शीर्ष स्थान दिया गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, यह सम्मान स्वच्छता अभियान के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृष्टिकोण की सफलता का प्रमाण है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य की कुंजी के रूप में स्वच्छता के सिद्धांत का पालन करता है और इस उद्देश्य के लिए लोगों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। गृह मंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह उपलब्धि स्वच्छता की संस्कृति को नए आयाम तक ले जाकर इस क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने की आधारशिला होगी। उन्होंने कहा, अहमदाबाद के लोगों और सभी सफाई कर्मचारियों को उनके अमूल्य योगदान के लिए मेरी हार्दिक बधाई।
भाषा का अंतर पाटने को एआई का इस्तेमाल कर रहा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि भाषा का अंतर पाटने और देश भर में हर भाषा में अंतिम व्यक्ति तक सूचना पहुंचाने के लिए वह एआई-आधारित समाधानों को अपना रहा है। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सूचना-प्रसारण सचिव संजय जाजू ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद के टी-हब में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग (एआई/एमएल) आधारित प्रौद्योगिकी समाधानों पर काम कर रहे इनक्यूबेटरों और स्टार्टअप्स के साथ बैठक की।
इस बैठक में टी-हब के अधिकारी, इस सुविधा में इनक्यूबेट किए गए स्टार्टअप्स, आईआईटी हैदराबाद, एनआईटी के उत्कृष्टता केंद्रों और सक्रिय नवाचार प्रकोष्ठों वाले इंजीनियरिंग संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे। टी-हब की स्थापना 2015 में तेलंगाना सरकार और शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग से हुई थी। बैठक में संजय जाजू ने कहा, भारत की क्रिएटर इकोनॉमी को प्रोत्साहित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप, मंत्रालय ने 'वेवएक्स स्टार्टअप एक्सेलरेटर प्लेटफॉर्म' की स्थापना की है।
इसे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की वेव्स पहल के तहत लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य मीडिया, मनोरंजन और भाषा प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देना है। संजय जाजू ने आगे कहा कि इस प्लेटफॉर्म ने 'कला सेतु' और 'भाषा सेतु' चुनौतियां शुरू की हैं, जो भविष्य के लिए तैयार डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण होंगी। पीआईबी की वेबसाइट के अनुसार, 'कला सेतु' और 'भाषा सेतु' भविष्य के लिए तैयार डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण कदम हैं, जो राष्ट्र की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को प्रतिबिंबित करते हैं, साथ ही एक जीवंत स्टार्टअप नवाचार परिदृश्य को बढ़ावा देते हैं।