ओडिशा सरकार ने IPS अधिकारी डीएस कुटे का निलंबन रद्द किया
ओडिशा सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डीएस कुटे का निलंबन रद्द कर दिया है। सोमवार को उन्हें गृह विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पद पर तैनात किया गया। कुटे को 'चुनावों के संचालन में अनुचित हस्तक्षेप' के लिए 20 मई, 2024 को निलंबित कर दिया गया था। सोमवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, राज्य सरकार ने नई दिल्ली में ओडिशा भवन के रेजिडेंट कमिश्नर रविकांत के ट्रांसफर का फैसला भी लिया। अब रविकांत गृह विभाग में विशेष कार्य अधिकारी के पद पर काम करेंगे। अधिसूचना में कहा गया है कि 1998 बैच के आईएएस अधिकारी रविकांत ओडिशा भवन में रेजिडेंट कमिश्नर पद पर नियुक्ति पाने वाले पहले व्यक्ति थे।
तमिलनाडु में बिजली की दरों में बढ़ोतरी
तमिलनाडु में वित्तीय घाटे की भरपाई के लिए सोमवार को बिजली दरों में संशोधन कर पांच से 40 रुपये की वृद्धि की गई है। तमिलनाडु जनरेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन (TANGEDCO) ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि तमिलनाडु विद्युत नियामक आयोग (TNERC) ने बिजली दरों में संशोधन किया है। हालांकि, सभी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली और हथकरघा, कृषि और पूजा स्थलों सहित उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी जारी रहेगी। वहीं, पट्टाली मक्कल काची और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम सहित विपक्षी दलों ने टैरिफ संशोधन का विरोध किया।
जर्मन राजनयिक से मिले जयशंकर, चांसलर शोल्ज की यात्रा पर चर्चा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जर्मनी के विदेश कार्यालय के राज्य सचिव थॉमस बैगर से सोमवार को मुलाकात की। इस दौरान उनके बीच अक्तूबर में जर्मन चांसलर ओलाफ सोल्ज की भारत यात्रा को लेकर प्रमुख रूप से चर्चा हुई। बैगर ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने से भी मुलाकात की। साथ ही विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता की। जर्मन राज्य सचिव शोल्ज की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में भारत की यात्रा पर हैं। शोल्ज सातवें भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (आईजीसी) में शामिल होने के लिए अक्तूबर में आने वाले हैं।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बैगर से मुलाकात की जानकारी दी और कहा कि उनके बीच भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति पर भी बातचीत हुई। साथ ही सातवें आईजीसी बैठक के सार्थक होने की उम्मीद जताई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों ने उभरती प्रौद्योगिकयों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अक्षय उर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर सहमति जताई।
मुंबई: आईटी फर्म में काम करने वाली महिला ने समुद्र में छलांग लगाकर दी जान
आईटी फर्म में काम करने वाली एक महिला (23) ने सोमवार सुबह मुंबई में मरीन ड्राइव के पास समुद्र में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मरीन ड्राइव पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि दोपहर के समय पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और ममता कदम को पास के जीटी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला ने अपना बैग समुद्र किनारे छोड़ा था। उसके अंदर मिले आईडी कार्ड से पता चला कि वह अंधेरी में रहती थी और एक प्रतिष्ठित आईटी फर्म में काम करती थी। वह घर से यह कहकर निकली थी कि काम पर जा रही है। पुलिस ने बताया कि उसके मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि उसने निजी कारणों से आत्महत्या की होगी।
1970 में मुस्लिम विरोधी होना उतना फैशनेबल नहीं था: मणिशंकर अय्यर
पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने सोमवार को मई 1971 में देश को हिला देने वाले नागरवाला कांड में शामिल पात्रों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि यह 1970 में फैशनेबल नहीं था, जैसा कि अब मुस्लिम विरोधी होना है। अय्यर, 'द स्कैम दैट शुक ए नेशन: द नागरवाला स्कैंडल' पुस्तक के लॉन्च पर बतौर मुख्यअतिथि बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के साथ 1971 के युद्ध में विपक्षी दलों की भूमिका के बारे में भी संक्षेप में बात की, जिसके कारण बांग्लादेश का निर्माण हुआ।
ईसीओआर इस महीने पुरी के लिए विशेष ट्रेनें चलाएगा
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने सोमवार को कहा कि वह इस महीने पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के दो अनुष्ठानों के अवसर पर विशेष ट्रेनें चलाएगा। पुरी आने-जाने वाली नियमित ट्रेनों के अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए सुनाभेसा (सुनहरा पोशाक) के लिए 43 विशेष ट्रेनें और अधारापना (मीठा पानी चढ़ाना) के लिए 33 विशेष ट्रेनें चलेंगी। अधिकारी ने कहा कि 17 जुलाई को सुनावेसा के लिए पारादीप, अंगुल, भद्रक, जूनागढ़ रोड, खुर्दा रोड, दासपल्ला, सोमपेटा, पलासा, केंदुझारगढ़, गुनुपुर, जगदलपुर, सोनपुर, संबलपुर से पुरी की ओर विशेष ट्रेनें चलेंगी। इसी तरह, पारादीप, अंगुल, भद्रक, दासपल्ला, पलासा, केंदुझारगढ़ और खुर्दा रोड से ट्रेनें 18 जुलाई को अधारापना के दिन पुरी के लिए संचालित की जाएंगी। यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए, ईस्ट कोस्ट रेलवे 19 जुलाई को पुरी से भद्रक, पारादीप, अंगुल, पलासा, केंदुझारगढ़, दासपल्ला और ब्रह्मपुर के लिए विशेष ट्रेनें भी चला रहा है।
पीएम मोदी से मिले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात की। सोरेन ने मोदी से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताया। पीएमओ ने भी दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। हेमंत सोरेन ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से भी उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की थी। कांग्रेस और झामुमो इंडिया गठबंधन में सहयोगी हैं।
और लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष ने भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की ओर से 31 जनवरी को गिरफ्तार किए जाने से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। करीब पांच महीने जेल में बिताने के बाद उन्हें जमानत मिली और 4 जुलाई को वे फिर से मुख्यमंत्री बन गए।
चीन को सख्त संदेश...भारत-अमेरिका का हिंद महासागर में बड़ा युद्धाभ्यास
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता के जवाब में भारत और अमेरिका ने हिंद महासागर में बड़ा युद्धाभ्यास किया। इसके जरिये ड्रैगन को सख्त संदेश दिया गया है। भारतीय नौसेना के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों ने अमेरिका के थियोडोर रूजवेल्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ अभ्यास किया। यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट अमेरिकी नौसेना का निमित्ज-श्रेणी का परमाणु-संचालित विमानवाहक पोत है। इसमें बड़ी संख्या में विध्वंसक, युद्धपोत और अन्य जहाज होते हैं। दोनों देशों के बीच 12 जुलाई को युद्धाभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत पर लोकतांत्रिक देशों की बढ़ती चिंताओं के बीच हुआ। इसमें कहा गया है कि अमेरिकी और भारतीय सैन्य बलों ने साझा समुद्री क्षेत्र जागरूकता, सूचना साझाकरण में सुधार और संयुक्त हवा से हवा की क्षमताओं में सुधार करने पर ध्यान केंद्रित किया है।
असम में सीएए के तहत नागरिकता के लिए आए केवल आठ आवेदन : हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत राज्य में अब तक सिर्फ आठ लोगों ने ही आवेदन किया है और केवल दो लोग ही संबंधित अधिकारी के पास साक्षात्कार के लिए आए। सरमा ने कहा कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन में पांच लोग मारे गए और आवेदन सिर्फ आठ के मिले। सीएम सरमा ने सोमवार को गुवाहाटी में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, जो भी व्यक्ति साल 2015 से पहले भारत आया है, उसे नागरिकता के लिए आवेदन करने का पहला अधिकार है। अगर वे सीएए के तहत आवेदन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। बता दें, संसद से पारित होने के चार साल बाद इस साल 11 मार्च को केंद्र ने नियमों को अधिसूचित करके नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 (सीएए) को लागू किया।
दिव्यांगों का मजाक उड़ाने के आरोप में हरभजन सिंह, युवराज सिंह और रैना के खिलाफ मामला दर्ज
दिव्यांगों का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के आरोप में पूर्व भारतीय क्रिकेटरों हरभजन सिंह, युवराज सिंह और सुरेश रैना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। दिव्यांगों के लिए रोजगार संवर्धन परिषद (NCPEDP) के कार्यकारी निदेशक अरमान अली ने कहा, 'जब मैंने हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सुरेश रैना का वीडियो देखा, उसमें वे दिव्यांगों की तरह दिखावा कर रहे थे। वायरल गाने पर एक तरह से मजाक उड़ाया गया था। मुझे लगता है कि यह भारत के 10 करोड़ से अधिक दिव्यांग लोगों का अपमान है। हरभजन सिंह एक सांसद हैं और उन्हें दिव्यांगों के लिए अपनी आवाज उठानी चाहिए, लेकिन वे किस तरह का वीडियो बना रहे हैं? भारत में दिव्यांगों के बारे में जागरूकता की भारी कमी है। आप मिथक फैला रहे हैं और उनका मजाक उड़ा रहे हैं और इसीलिए मैंने शिकायत दर्ज कराई है।
सड़क हादसे में श्रद्धालुओं की मौत
मुंबई एक्सप्रेस हाईवे के पास बस और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। टकराने के बाद वाहन खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य घायल भी हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी पंकज दहाणे ने बताया कि हादसा नवी मुंबई पुलिस के क्षेत्राधिकार में हुआ है। श्रद्धालुओं से भरी बस डोंबिवली के केसर गांव से पंढरपुर जा रही थी।
मुफ्त कानूनी मदद मिलने पर 870 दोषी अपील करने को तैयार : केंद्र
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की जेलों में बंद लगभग 870 दोषियों ने मुफ्त कानूनी सहायता के प्रस्ताव के बाद अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील करने की इच्छा जताई है। जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस संजय करोल और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ को नालसा ने बताया कि इन राज्यों के कैदियों से बातचीत के बाद यह जानकारी दी है। जेलों में कैदियों की भीड़ से संबंधित मामले में न्याय मित्र वरिष्ठ वकील विजय हंसारिया ने बताया कि 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एसएलएसए से कोई सूचना नहीं मिली है।
गुजरात में खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, छह यात्रियों की मौत
गुजरात में आणंद शहर के पास अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क के किनारे खड़ी बस को टक्कर मार दी। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, आठ लोग घायल हो गए। कई की हालत गंभीर है। हादसा तड़के 4.30 बजे आणंद जिले के चिखोदरा गांव के पास हुआ। अहमदाबाद की ओर जा रही लग्जरी बस का टायर फटने के बाद उसे सड़क के किनारे खड़ा किया गया था। यात्री नीचे उतरकर इंतजार कर रहे थे तभी यह हादसा हुआ।