केरल : इडली खाने की प्रतियोगिता में दम घुटने से एक प्रतिभागी की मौत
केरल के वालयार में ओणम समारोह के दौरान आयोजित खाने की प्रतियोगिता में इडली खाने से एक व्यक्ति सुरेश (49) की मृत्यु हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन एक स्थानीय क्लब की ओर से किया गया था। लोगों ने उसके हलक से इडली निकालने की कोशिश की और उसे पास के अस्पताल ले गए। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वालयार पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।
प्रतियोगिता में बिना किसी व्यंजन के सादी इडली का सेवन किया जाना था। इसमें 4 लोगों ने भाग लिया जिसमें लगभग 60 दर्शक मौजूद थे। जहां अन्य प्रतिभागियों ने एक-एक इडली खाकर प्रतियोगिता शुरू की, वहीं सुरेश ने एक बार में तीन इडली खा लीं। एक मिनट के भीतर ही उसे बेचैनी और दम घुटने का अहसास हुआ, इसके बाद वह गिर पड़ा।
बंगाल में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, बम भी फेंके
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में रविवार सुबह एक स्थानीय कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मानिकचक के गोपालपुर इलाके के कांग्रेसी नेता शेख सैफुद्दीन के रूप में की गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9 बजे धरमपुर स्टैंड बाजार में हुई। सैफुद्दीन के परिवार ने दावा किया कि चेहरा ढके हुए चार-पांच लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं और दो देसी बम फेंके। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
महिला आरक्षण अधिनियम महिलाओं को पहचान दिलाने का अवसर : राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि महिला आरक्षण अधिनियम कांग्रेस के लिए महिलाओं को पहचान दिलाने और समर्थन करने का अवसर है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस (एआईएमसी) की 40वीं वर्षगांठ पर राहुल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वह भारत भर में ऐसी महिलाओं से मिले जो बदलाव के लिए संकल्पित थीं। अन्याय के खिलाफ सबसे उग्र और निडर आवाज महिलाओं की ही थी। उन्होंने कहा कि आज के युग में महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में अवसरों से वंचित रखने का कोई कारण नहीं है।