कर्नाटक सरकार ने रविवार को मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (मूडा) में कथित वैकल्पिक स्थल घोटाले की जांच के लिए आयोग के गठन का आदेश दिया। गोवा शिक्षा विभाग ने बारिश के मद्देनजर सोमवार को 12 वीं तक के स्कूल बंद करने के निर्देश दिए। मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगड्रेनखोम्बा) के पांच सदस्यों को रविवार को काकचिंग जिले में पकड़ा गया।
कर्नाटक सरकार ने रविवार को मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (मूडा) में कथित वैकल्पिक स्थल घोटाले की जांच के लिए आयोग के गठन का आदेश दिया। जिसके अनुसार उच्च न्यायालय के न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) न्यायमूर्ति पी एन देसाई एकल सदस्यीय आयोग के अध्यक्ष होंगे। यह आयोग को छह महीने के भीतर जांच पूरी कर राज्य सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।
विज्ञापन
आदेश में कहा गया है कि संबंधित विभागों और मूडा अधिकारियों को न्यायमूर्ति देसाई को आवश्यक दस्तावेज और जानकारी प्रदान करके जांच में सहयोग करना होगा। सरकार ने विधानमंडल सत्र से पहले रविवार देर रात यह आदेश पारित किया, जो 15 जुलाई से शुरू होगा और 26 जुलाई को समाप्त होगा। यह घोटाला तब तूल पकड़ गया जब भाजपा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती वैकल्पिक स्थलों (भूखंडों) के लाभार्थियों में से एक थीं। सिद्धारमैया ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया साथ ही दावा किया कि मूडा ने उनकी पत्नी की चार एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया और उनकी अनुमति के बिना लेआउट तैयार कर दिया।
गोवा ने भारी बारिश, सोमवार को 12 वीं तक के स्कूलों का अवकाश घोषित
गोवा शिक्षा विभाग ने बारिश के मद्देनजर सोमवार को 12 वीं तक के स्कूल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने रविवार को देर शाम तटीय राज्य में भारी बारिश का हवाला देते हुए सोमवार का अवकाश घोषित किया है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पिछले तीन दिनों से राज्य में हो रही भारी बारिश के बीच सोमवार के लिए गोवा में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य शिक्षा निदेशक शैलेश जिंगडे ने भारी बारिश और आईएमडी द्वारा जारी रेड अलर्ट के कारण घोषणा की कि गोवा में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा के लिए छुट्टी घोषित की गई है। आईएमडी के अनुसार, रविवार को सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में, उत्तरी गोवा के पेरनेम में 210 मिमी बारिश हुई, जिसे उसने बेहद भारी बताया।
मणिपुर में केसीपीएन के पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगड्रेनखोम्बा) के पांच सदस्यों को रविवार को मणिपुर के काकचिंग जिले में पकड़ा गया। उग्रवादियों को काकचिंग खुनौ इलाके से पकड़ा गया, जहां वे फिरौती के लिए एक व्यक्ति का अपहरण करने आए थे। पुलिस ने कहा कि सोइबाम लंचनबा मीतेई (25), सोइबाम मनोज सिंह (27), हेइसनम दीपक मीतेई (39), नामीराकपम नेल्सन सिंह (20) और नोंगथोम्बम लीशेम्बा (23) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कारतूस के साथ दो पिस्तौल, तीन छद्म वर्दी और बिना नंबर प्लेट वाली एक चार पहिया गाड़ी जब्त की गई है, आगे की जांच जारी है।
गेल के पूर्व चेयरमैन सीआर प्रसाद का निधन
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के पूर्व अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ. सीआर प्रसाद का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गेल की सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी में उनकी मौत का कारण नहीं बताया गया। इसमें कहा गया है कि डॉ. प्रसाद 1994 में निदेशक (योजना) के रूप में गेल में शामिल हुए और 1996 में सीएमडी के पद तक पहुंचे थे। वह 2001 में अपनी सेवानिवृत्ति तक कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) थे। उन्होंने गेल को एक रणनीतिक कंपनी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे गैस मूल्य शृंखला की पूरी क्षमता का पता चला। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में कंपनी की मजबूत नींव स्थापित की गई। उन्होंने सीमित समय और संसाधनों में गेल को एलपीजी, तरल हाइड्रोकार्बन और पेट्रोकेमिकल्स के क्षेत्र में एक अग्रणी के रूप में प्रतिष्ठित किया।
सुभाष प्रसाद गुप्ता होंगे सूरीनाम में भारत के नए राजदूत
सुभाष प्रसाद गुप्ता को सूरीनाम में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान में कहा कि वर्तमान में वह हनोई में भारतीय दूतावास के उप-प्रमुख। गुप्ता 2006 बैच के विदेश सेवा अधिकारी हैं। एमईए के अनुसार, उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। एमईए के मुताबिक, भारत और सूरीनाम के बीच गहरे, मधुर और मैत्रीपूर्ण रिश्ते हैं।
हमदान यूएई के उपप्रधानमंत्री बने, जयशंकर ने दी बधाई
हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का नया उप प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री नियुक्त किया गया है। दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कैबिनेट में इस बदलाव की जानकारी दी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर हमदान मोहम्मद को नई नियुक्ति पर बधाई दी है। साथ ही कहा कि वह हमेशा मजबूत भारत-यूएई दोस्ती के लिए हमदान मोहम्मद के समर्थन को महत्व देते हैं।
गुजरात के स्कूल में नाबालिग छात्रा का यौन उत्पीड़न, शिक्षक गिरफ्तार
गुजरात के एक सरकारी स्कूल में 16 साल की एक छात्रा के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल का पीटी शिक्षक छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। परेशान छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी। घरवालों ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर परिजनों ने स्कूल में तोड़फोड़ कर दी। घटना महिसागर जिले के रणजीतपुरा हाईस्कूल की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।