फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: रविवार को BJP संसदीय बोर्ड की बैठक, उपराष्ट्रपति के नाम पर मंथन; केरल में राजभवन-सरकार में तकरार बढ़ी

Fri, 15 Aug 2025 10:51 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक 17 अगस्त को होने की संभावना है, जिसमें पार्टी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुनने के लिए अधिकृत किया है। इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। यदि विपक्ष भी किसी उम्मीदवार का नाम घोषित करता है, जो कि एक प्रबल संभावना है, तो चुनाव 9 सितंबर को होगा। लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल में एनडीए को पूर्ण बहुमत प्राप्त है, और मुकाबले की स्थिति में उसके उम्मीदवार की जीत निश्चित है। जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के कारण यह चुनाव कराया जाएगा।
विज्ञापन


कोलकाता मेट्रो टनल में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव
कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन के टनल में शुक्रवार तड़के एक युवक का शव बरामद हुआ। मेट्रो इंजीनियरिंग स्टाफ ने पार्क स्ट्रीट और एस्प्लानेड स्टेशनों के बीच लाइन की जांच के दौरान रात करीब 2:15 बजे शव देखा और तुरंत न्यू मार्केट थाने को सूचना दी। पुलिस ने मौके से शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है, लेकिन पहचान अभी नहीं हो पाई है। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि युवक सुरक्षा से बचते हुए टनल के बीच तक कैसे पहुंचा। मृतक की तस्वीर कोलकाता और आसपास के जिलों के सभी थानों में साझा की गई है। हालांकि इस घटना का ब्लू लाइन की सुबह की मेट्रो सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा।

तमिलनाडु: नहर में डूबे दो कॉलेज छात्र, नहाने गए थे दोस्तों संग
तमिलनाडु के इरोड जिले में नहर में नहाने गए दो कॉलेज छात्रों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कोयंबटूर के एक निजी कॉलेज में कंप्यूटर साइंस पढ़ने वाले पांच छात्र गुरुवार दोपहर थूका नायकेन पालयम पहुंचे और अरक्कनकोट्टई नहर में नहाने लगे। नहाते समय सिबिराज और शक्तिनेकशन गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। अन्य तीन साथियों ने करीब 30 मिनट तक तलाश की और फिर पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। बंगलापुदुर पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों ने करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद दोनों के शव बरामद किए। मृतक छात्रों की उम्र 19 वर्ष थी और वे कोयंबटूर के गौंडन पालयम के रहने वाले थे। पुलिस ने डूबने से मौत का मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन


त्रिपुरा में स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ी साजिश नाकाम
त्रिपुरा पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो संदिग्धों को विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम गुप्त सूचना पर नॉर्थ त्रिपुरा के वांगमुन इलाके में एक वाहन को रोका गया। तलाशी में 14 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और नियो-जल विस्फोटक बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असम के कटलिछेरा निवासी धनंजय रियांग और नॉर्थ तिरुपुरा के कास्को निवासी सादाई नंदा रियांग के रूप में हुई। मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों त्रिपुरा यूनाइटेड नेशनल फोर्स नामक नवगठित संगठन के सदस्य हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि वे पुलिसकर्मियों की हत्या, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त करने और हथियार लूटने की योजना बना रहे थे, ताकि स्वतंत्रता दिवस से पहले राज्य में अस्थिरता फैलाकर ध्यान आकर्षित किया जा सके। एसपी अविनाश कुमार राय ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई ने एक बड़े आतंकी वारदात को टाल दिया। मामले की आगे जांच जारी है।

बंगलूरू में सिलेंडर ब्लास्ट से 10 साल के एक बच्चे की मौत
बंगलूरू के विल्सन गार्डन के चिन्मायनपल्या इलाके में शुक्रवार को हुए सिलेंडर ब्लास्ट में 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि राहत और बचाव कार्य जारी है। यह घटना घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में हुई, जहां घर एक-दूसरे से सटे हुए हैं। विस्फोट इतना तेज था कि 8 से 10 मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में सिलेंडर से गैस रिसाव को विस्फोट की वजह माना जा रहा है। विस्फोट के बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकलकर्मी और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि आसपास के घरों को खाली करा लिया गया है ताकि किसी और तरह की दुर्घटना न हो। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और गैस सप्लाई से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। यह हादसा इलाके के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है।

मणिपुर में बांस की कोपलें लेने निकले व्यक्ति की संदिग्ध मौत
मणिपुर के चुराचांदपुर के 45 वर्षीय सोखोंगम बाइटे का शव शुक्रवार को बिष्णुपुर जिले के तोरबुंग इलाके में मिला। बाइटे गुरुवार शाम घर से बांस की कोपलें लेने निकले थे और वापस नहीं लौटे। उनकी तलाश में चुराचांदपुर और बिष्णुपुर में तैनात सुरक्षा बलों ने खोज अभियान चलाया। शव उनके घर से करीब 13 किमी दूर एक बिजली ट्रांसफार्मर के पास मिला, जिसे रात में हाई-वोल्टेज लाइनों के कारण नहीं निकाला जा सका। शुक्रवार सुबह शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। प्राथमिक जांच में मौत का कारण करंट लगना बताया जा रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी। घटना से चुराचांदपुर में तनाव की स्थिति बनी रही। यह इलाका पिछले साल मई में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच हुई हिंसा का केंद्र रहा है, जिसमें 260 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।

नर्स की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया हत्या और दुष्कर्म का आरोप
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में एक 24 वर्षीय नर्स की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को नर्सिंग होम की तीसरी मंजिल पर उसके कमरे में शव पंखे से लटका मिला। मृतका नंदिग्राम, पूर्व मेदिनीपुर की रहने वाली थी और चार दिन पहले ही यहां नौकरी शुरू की थी। परिवार का आरोप है कि नर्स की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया, क्योंकि उसने नर्सिंग होम में हो रही गड़बड़ियों का पर्दाफाश किया था। उन्होंने दुष्कर्म की आशंका भी जताई। वहीं, नर्सिंग होम प्रबंधन ने इसे आत्महत्या बताया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी। इस घटना के बाद भाजपा और माकपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। स्थानीय तृणमूल विधायक व मंत्री बेचाराम मन्ना ने कहा कि जांच में अगर कोई दोषी पाया गया, तो सख्त कार्रवाई होगी।
 

ऑपरेशन सिंदूर के विरोध में भड़काऊ संदेश फैलाने के आरोपी पर आरोपपत्र दायर
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जासिम शहनवाज अंसारी के खिलाफ साइबर आतंकवाद और ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ भड़काऊ संदेश फैलाने करने के आरोप में चार्जशीट दाखिल की है।

एनआईए के बयान के अनुसार, अंसारी पर अहमदाबाद की अदालत में यह चार्जशीट दायर की गई। मामला शुरू में गुजरात की एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने दर्ज किया था, जब यह पता चला कि अंसारी ने एक किशोर के साथ मिलकर केंद्रीय और राज्य सरकार की वेबसाइटों पर मार्च से मई के बीच डीडीओएस (डिस्ट्रीब्यूटेड डिनायल ऑफ सर्विस) हमले करने की साजिश रची थी। बयान में कहा गया है कि अंसारी ने टेलीग्राम चैनल पर भी देशविरोधी सामग्री पोस्ट की। गृह मंत्रालय के निर्देश पर यह मामला एनआईए (अहमदाबाद) को सौंपा गया। जांच में पता चला कि अंसारी ने किशोर के साथ मिलकर एडवांस्ड हैकिंग टूल्स, वीपीएन जैसी गुप्त तकनीक और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म का उपयोग कर हमले किए। उसने इन हमलों के स्क्रीनशॉट और भड़काऊ संदेश ऑनलाइन साझा किए, जिसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को धमकाना था। डिजिटल फोरेंसिक विश्लेषण से पुष्टि हुई कि अंसारी ने अपनी पहचान छिपाकर योजनाबद्ध और वैचारिक रूप से प्रेरित साइबर अभियान चलाया और दूसरों को गैरकानूनी साइबर तकनीकों में प्रशिक्षित किया। किशोर से जुड़े मामले की सुनवाई जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (नाडियाद, गुजरात) में जारी है। अब एनआईए ने अंसारी के खिलाफ चार्जशीट दायर कर कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।

चंपारण फर्जी नोट मामला: एनआईए ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार,
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने बिहार के 2024 चंपारण फर्जी करेंसी जब्ती मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि हैदराबाद निवासी मो. फसी उद्दीन को गिरफ्तार किया गया है, जो इस रैकेट का अहम सदस्य है। एनआईए के अनुसार, यह गिरोह पाकिस्तान और नेपाल से जुड़ा हुआ है और भारत में उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोटों (FICN) की तस्करी कर रहा था। इससे देश की आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही थी।

फसी उद्दीन के साथ पहले ही चार अन्य आरोपियों मो. नज़र सद्दाम, मो. वारिस, मो. ज़ाकिर हुसैन और मुज़फ़्फर अहमद वानी उर्फ़ सरफ़राज़ के खिलाफ बुधवार को चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जांच में सामने आया है कि फसी उद्दीन ने पाकिस्तान के सलमान मुहम्मद को क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसे भेजे थे, जिसके बदले में उसे नकली नोट मिलने थे। वह सद्दाम के साथ कई बार बिहार के रक्सौल और नेपाल गया था, जहां नकली करेंसी की डील होती थी।

ओडिशा में महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार
ओडिशा के कंधमाल जिले में एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का नाम श्रुति सागर सामल है, जो फिलहाल कोटगढ़ थाने में तैनात है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना उसकी पिछली पोस्टिंग के दौरान गुच्छापड़ा थाने में हुई थी। पीड़िता ने 12 अगस्त को गुच्छापड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद सामल को गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि श्रुति सागर सामल ने करीब डेढ़ साल तक उसका यौन शोषण किया। उसने यह भी बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसके पति, जो एक होमगार्ड है, को गांजा तस्करी के झूठे मामले में फंसा देगा। पीड़िता ने बताया कि जब सामल का तबादला कोटगढ़ थाने में हो गया, तब जाकर उसने हिम्मत जुटाकर एफआईआर दर्ज करवाई।

ओडिशा में पुरी के होटल में पश्चिम बंगाल के दंपति का शव मिला
ओडिशा के पुरी जिले में गुरुवार को एक होटल के कमरे में पश्चिम बंगाल के एक दंपति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों के शव कमरे की छत से फांसी पर लटके हुए मिले। यह घटना पुरी के चक्रतीर्थ रोड स्थित एक होटल की है, जो सी बीच थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस को घटना का पता तब चला जब कमरे से तेज बदबू आने लगी, जिसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों शव बरामद किए। जांच में पता चला कि दंपति 9 अगस्त को होटल में चेक-इन किया था। पुरी के एसपी पिनाक मिश्रा ने बताया कि होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है और मृतकों के परिजनों को कोलकाता में सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है और आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

नए लॉ कॉलेज खोलने पर बीसीआई ने लगाई 3 वर्ष की रोक
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने कानूनी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बीसीआई ने नया नियम मोरेटोरियम 2025 मंजूर किया है, जो अगले तीन साल तक लागू रहेगा। इस दौरान देश में कोई नया लॉ कॉलेज नहीं खुलेगा और मौजूदा कॉलेज बिना बीसीआई की लिखित मंजूरी के नए सत्र, कोर्स या बैच शुरू नहीं कर सकेंगे। हालांकि, जो आवेदन मंजूरी के आखिरी चरण में हैं, वे जारी रहेंगे।

बृहस्पतिवार को बीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पिछले कुछ वर्षों में बिना सही जांच के कॉलेजों को मंजूरी देने, घटिया संस्थान बढ़ने, पढ़ाई का व्यावसायीकरण, पढ़ाई में गड़बड़ियां और अच्छे अध्यापकों की कमी से शिक्षा की गुणवत्ता गिर रही थी। अभी देश में करीब 2,000 लॉ कॉलेज हैं, इसलिए अब नए कॉलेज खोलने की बजाय पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान दिया जाएगा। यह फैसला एडवोकेट्स एक्ट, 1961 के तहत लिया गया। इससे पहले 2019 में ऐसे कदम उठाए गए थे और 2020 में अदालत ने भी इस पर सुझाव दिए थे। बीसीआई ने राज्य सरकारों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों से कहा है कि तीन साल तक नए कॉलेज का प्रस्ताव न भेजें।

मंत्री पद से हटाए गए राजन्ना को भाजपा से न्योता
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार से मंत्री पद से हटाए गए केएन राजन्ना को भाजपा नेता बी श्रीरामुलु ने पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है। इस बीच मंत्री सतीश जारकीहोली और कुछ विधायकों ने राजन्ना से मुलाकात की। श्रीरामुलु ने कहा कि आप और आपके बेटे (एमएलसी राजेंद्र राजन्ना) भाजपा में आइए। हम आपका स्वागत करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजन्ना को सच बोलने के कांग्रेस ने बाहर निकाल दिया। राजन्ना ने हाल में लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाए थे।

 

तेलंगाना में नाबालिग से दुष्कर्म हत्या के दोषी युवक को फांसी  
तेलंगाना के नलगोंडा जिले की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने बृहस्पतिवार को एक 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में 24 वर्षीय युवक को फांसी की सजा सुनाई। आरोपी पेशे से एक कसाई है और बोलने-सुनने में अक्षम है। उस पर अप्रैल 2013 में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगा था। उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म करके शव को नाली में फेंक दिया था। नलगोंडा पुलिस अधीक्षक शरत चंद्र पवार ने बताया कि अदालत ने आरोपी पर 1.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले की सुनवाई में 12 साल लगे और आरोपी को कार्यवाही के दौरान दुभाषिया उपलब्ध कराया गया था।
 

पहली बार दो अग्निवीरों को वीरता के लिए मिला सेना पदक
पहली बार भारतीय सेना के दो अग्निवीरों को वीरतापूर्ण कार्यों के लिए प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान से सम्मानित किया गया है। 7 सिख लाइट इन्फैंट्री के अग्निवीर कुलवीर सिंह और 851 लाइट रेजिमेंट के अग्निवीर मूंद मुरलीनायक सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों के लिए 127 वीरता पुरस्कारों और 40 विशिष्ट सेवा पुरस्कारों को मंजूरी दी।

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, 10 घायल
तेलंगाना के महबूबनगर जिले के जदचेरला थाना क्षेत्र के अंतर्गत माचाराम फ्लाईओवर पर एक ट्रैवल बस और एक भरी हुई लॉरी के बीच टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और लगभग 10 घायल हो गए। इस मामले में जदचेरला पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर ने बताया कि 'दुर्घटना सुबह लगभग 4.45 बजे हुई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।'

शुभेंदु अधिकारी ने की पीएम मोदी की तारीफ
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से स्वतंत्रता दिवस के भाषण में आरएसएस का उल्लेख करने पर कहा, 'इतना बड़ा देशभक्त संगठन पहले कभी नहीं आया, सारा काम यही करता है। कुछ दिन पहले जब यहां कोरोमंडल एक्सप्रेस हादसा हुआ था, तब आरएसएसके स्वयंसेवकों ने 650 यूनिट रक्तदान किया था, ये बहुत ही देशभक्त संगठन है। प्रधानमंत्री ने जो कहा सही कहा...'
 

केरल में राज्यपाल के 'एट होम' समारोह से नदारद सीएम, विपक्षी नेता और मंत्री
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में राज्यपाल के पारंपरिक 'एट होम' स्वागत समारोह में शामिल नहीं हुए। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजयन, सतीशन और कैबिनेट मंत्रियों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया था, लेकिन राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व मुख्य सचिव और अन्य शीर्ष अधिकारियों ने किया।

सूत्रों ने बताया कि विजयन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम से खुद को अलग कर लिया, जबकि सतीशन ने पहले ही सूचित कर दिया था कि वह 15 अगस्त को यहां नहीं होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने विजयन के कार्यक्रम से अनुपस्थित रहने के कारण की पुष्टि नहीं की है। कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करने के लिए अपने-अपने जिलों में थे। राज्यपाल के फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में कहा गया, "राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2025 पर राजभवन केरल में आयोजित 'एट होम' में धार्मिक नेताओं, सशस्त्र बलों के अधिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों आदि सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।"

पीएम ने 11 वर्षों की प्रगति और रणनीति की स्पष्ट- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में देश के पिछले 11 वर्षों की प्रगति, वर्तमान की मजबूती और समृद्ध भारत की रणनीति को स्पष्ट किया। शाह ने बताया कि सरकार आतंकवाद खत्म करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर', सीमा सुरक्षा के लिए 'मिशन सुदर्शन चक्र' और घुसपैठ मुक्त भारत के लिए 'हाई-पावर्ड डेमोग्राफी मिशन' चला रही है। उन्होंने कहा कि 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' के तहत पहली बार निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वालों को ₹15,000 मिलेंगे और अधिक नौकरियां देने वाली कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह योजना 3.5 करोड़ लोगों को लाभ देगी। शाह ने कहा कि दिवाली पर जीएसटी सुधार छोटे उद्योगों को बड़ा फायदा देंगे और रोजमर्रा के सामान सस्ते होंगे, जिससे अर्थव्यवस्था मजबूत होकर भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगी।
विज्ञापन

पूर्व जेयू छात्र की गिरफ्तारी पर विवाद
पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु से कथित बदसलूकी के मामले में पूर्व जादवपुर विश्वविद्यालय छात्र हिंदोल मजूमदार की गिरफ्तारी पर विवाद छिड़ गया है। मजूमदार, जो स्पेन की एक यूनिवर्सिटी में शोधरत हैं, को गुरुवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर लुकआउट नोटिस के आधार पर गिरफ्तार किया गया और कोलकाता लाकर 18 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा गया। घटना मार्च में हुई थी, जब बसु कैंपस में कार्यक्रम के बाद प्रदर्शनकारियों से घिर गए थे। 

जेयू टीचर्स एसोसिएशन ने इसे 'बदले की कार्रवाई' बताया और कहा कि घटना के समय मजूमदार स्पेन में थे। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी इसे लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा बताया। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि पुलिस जांच में मजूमदार पर विदेश से सोशल मीडिया के जरिए छात्रों को उकसाने के आरोप हैं। हिंदोल के पिता ने कहा कि उन्हें किसी लुकआउट नोटिस की जानकारी नहीं थी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें