फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: पीएम मोदी ने की ओलंपियन कर्णम मल्लेश्वरी की सराहना, मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार

Tue, 15 Apr 2025 12:06 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जो अपने नागरिकों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ओलंपिक पदक विजेता और सेवानिवृत्त भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी को युवा एथलीटों को मार्गदर्शन देने के उनके प्रयासों के लिए बधाई। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि  कल यमुनानगर में ओलंपिक पदक विजेता और प्रसिद्ध एथलीट कर्णम मल्लेश्वरी से मुलाकात की। भारत को एक खिलाड़ी के रूप में उनकी सफलता पर गर्व है। युवा एथलीटों को मार्गदर्शन देने का उनका प्रयास भी उतना ही सराहनीय है। भारोत्तोलन विश्व चैंपियन 49 वर्षीय मल्लेश्वरी ने 2000 ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।

विज्ञापन


मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के बिष्णुपुर और जिरीबाम जिलों से एक प्रतिबंधित संगठन के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पीआरईपीएके (प्रो) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को सोमवार को बिष्णुपुर के निंगथौखोंग खा खुनौ स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से विभिन्न हथियारों के 300 से अधिक खाली खोखे बरामद किये गये। प्रतिबंधित संगठन के एक अन्य कार्यकर्ता को सोमवार को जिरीबाम जिले के बिद्या नगर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वह पड़ोसी असम के कछार के सोनाई बाजार का निवासी है।

खरगे-तेजस्वी की बैठक में होगी INDIA की रणनीति पर बात
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मंगलवार को राजद नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अहम बैठक होगी। इसमें पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर करीब 12 से एक के मध्य पहुंचेगे। बैठक के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के मध्य गठबंधन की दिशा और दशा तय हो सकेगी। यह मुलाकात इसलिए अहम है, क्योंकि चुनाव के मद्देनजर 17 अप्रैल को इंडिया गठबंधन की अहम बैठक भी होनी है। इसमें भाकपा, माकपा, भाकपा-माले सरीखे सभी घटक दल शामिल होंगे। इसमें कांग्रेस की ओर से पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी शामिल होंगे।
विज्ञापन


कार के अंदर बंद होने से दो बच्चियों का घुटा दम, मौत
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में दुर्घटनावश कार के अंदर बंद होने से दो बच्चियों की दम घुटने से सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक बच्ची चार और दूसरी पांच साल की थी। घटना दामरगिद्दा गांव में दोपहर करीब दो बजे उस समय हुई, जब दोनों चचेरी बहनें खेलते समय अपने रिश्तेदार के घर के पास खड़ी कार में बैठ गईं। करीब 30-45 मिनट बाद परिजनों ने बच्चियों को कार में बेहोश पाया और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 

दो उग्रवादी गिरफ्तार, 22 लाख की नकदी, हथियार बरामद
मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले से प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर इनके पास से 22 लाख नकद और हथियार बरामद किए। इंफाल पूर्व जिले के वांगखेई इलाके से एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से एक एसएमजी कार्बाइन, एक 9 मिमी पिस्तौल, चार मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, 66 स्नाइपर गोलियां और 69,000 रुपये नकद मिले। वहीं, दूसरे उग्रवादी के पास 21.50 लाख नकद जब्त किए गए।

पीएम मोदी 4 मई को पटना में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को पटना में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-25 का उद्घाटन करेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को एक कार्यक्रम में यह जानकारी दी। इस दौरान, केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया भी उपस्थित थे। नीतीश ने कहा, इन खेलों के आयोजन ने हमें प्रदेश में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया है। मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित समारोह में खेलों के लोगो और शुभंकर का अनावरण किया गया। इन खेलों का आयोजन चार से 15 मई तक बिहार के पांच जिलों पटना, गया, नालंदा, भागलपुर और बेगुसराय में किया जाएगा। इन खेलों में देशभर के 8500 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के 1500 सदस्य हिस्सा लेंगे।

हैदराबाद विवि के पास पेड़ों की कटाई पर सुप्रीम सुनवाई कल
सुप्रीम कोर्ट हैदराबाद यूनिवर्सिटी के पास कांचा गाचीबाेवली में पेड़ों की कटाई मामले में 16 अप्रैल को सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत ने तेलंगाना सरकार से पेड़ों को हटाने की अनिवार्य जरूरत को लेकर जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट ने कांचा गाचीबोवली जंगल में पेड़ों की कटाई की गतिविधियों पर स्वत: संज्ञान लिया था और उसने 3 अप्रैल को निर्देश दिया था कि अगले आदेश तक राज्य या किसी भी प्राधिकारी की ओर से किसी प्रकार की कोई गतिविधि नहीं की जाएगी।

कुकी समुदाय के विरोध के बाद मैतेई ने स्थगित की तीर्थयात्रा
मणिपुर के चुराचंदपुर जिले में स्थित पवित्र थंगजिंग पहाड़ियों की तीर्थयात्रा पर जाने की योजना बना चुके मैतेई समुदाय के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को समुदाय के बुजुर्गों के सलाह पर यात्रा रद्द कर दी। कुकी-जो समुदाय के लोग बफर जोन पार करने का विरोध कर रहे थे। गौरतलब है कि मैतेई समुदाय हर साल अप्रैल में थंगजिंग की पारंपरिक तीर्थयात्रा करता है। इसे 1,000 साल पुरानी परंपरा माना जाता है। बिश्नुपुर जिले के मोइरांग शहर से थंगजिंग पहाड़ियों की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। यह बफर जोन सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में है।

पश्चिम बंगाल में फर्जी पासपोर्ट रैकेट की जांच मामले में ईडी का छापा
पश्चिम बंगाल में फर्जी पासपोर्ट रैकेट की जांच को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, ये कार्रवाई कोलकाता के बेकबागान इलाके, उत्तर 24 परगना के बिराती, नादिया जिले के गेदे और पांच अन्य जगहों पर की जा रही है। ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि ये सभी ठिकाने रैकेट से जुड़े एजेंटों की संपर्क सूची के आधार पर चिन्हित किए गए हैं। अधिकारी ने कहा, "तलाशी अभियान अभी जारी है।

कर्नाटक में जाति जनगणना पर वोक्कालिगा समुदाय भड़का
कर्नाटक में जाति जनगणना रिपोर्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस रिपोर्ट का जोरदार विरोध करते हुए प्रभावशाली वोक्कालिगा समुदाय के संगठन वोक्कालिगा संघ ने इसे अवैज्ञानिक और पक्षपातपूर्ण बताया है। मंगलवार को संघ के अध्यक्ष केंचप्पा गौड़ा और अन्य पदाधिकारियों ने राज्य सरकार से मांग की कि इस रिपोर्ट को तुरंत खारिज किया जाए और एक नया सर्वेक्षण कराया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार इस रिपोर्ट को लागू करने की कोशिश करती है, तो वोक्कालिगा समुदाय वीरशैव-लिंगायत और ब्राह्मण समुदाय के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगा। इन समुदायों का भी कहना है कि रिपोर्ट में उनके साथ अन्याय हुआ है।

 

सागर परिक्रमा के अंतिम चरण में केपटाउन से स्वदेश रवाना हुआ आईएनएसवी तारिणी
भारतीय नौसेना का नौवहन पोत आईएनएसवी 'तारिणी' दो महिला अधिकारियों के साथ सागर परिक्रमा के अंतिम चरण में मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन से गोवा के लिए रवाना हुआ। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि केपटाउन में भारत के कार्यवाहक महावाणिज्यदूत, दक्षिण अफ्रीका में भारत के रक्षा अताशे, रॉयल केप यॉट क्लब (आरसीवाईसी) के शासी परिषद के सदस्यों और केपटाउन में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उन्हें विदाई दी गई। इस पोत को पिछले वर्ष दो अक्तूबर को नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने गोवा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

आईएनएसवी तारिणी के अगले महीने गोवा पहुंचने की उम्मीद है। आईएनएसवी तारिणी में नेवी की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा सवार हैं। नौसेना प्रवक्ता ने कहा कि नाविका सागर परिक्रमा-2 भारत में महासागरीय नौकायन को बढ़ावा देने, वर्दी में भारतीय महिलाओं की ताकत और साहस को दर्शाने और देश की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं को उजागर करने के उद्देश्य से की जा रही है। केपटाउन में पड़ाव के बाद वे अपने घरवापसी के सफर पर निकली हैं।
विज्ञापन

वक्फ संशोधन कानून के विरोध के बीच पिता-पुत्र की कथित हत्या, NHRC ने दिया जांच के आदेश
वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 के खिलाफ चल रहे विरोध के बीच पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पिता और पुत्र की कथित हत्या का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया और कुछ समाचार रिपोर्टों में दावा किया गया है कि यह हत्या वक्फ कानून के विरोध से जुड़ी है। इस मामले में एक शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि स्थानीय पुलिस ने इस पर कोई उचित कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से हस्तक्षेप की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए NHRC ने अपने जांच विभाग के अधिकारियों की एक टीम को मौके पर भेजने का निर्देश दिया है। यह टीम मुर्शिदाबाद जाकर मामले की जमीनी जांच करेगी। साथ ही NHRC ने जांच अधिकारियों से कहा है कि वे तीन हफ्ते के अंदर अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंपें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें