फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: तेंलगाना में 64 माओवादी ने किया आत्मसमर्पण; कच्छ में तालाब में डूबे 4 बच्चे, एक लापता

Sat, 15 Mar 2025 01:13 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

शनिवार को तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में 64 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के सीमावर्ती गांवों के एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) सहित विभिन्न कैडरों से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने नक्सलवाद का रास्ता छोड़कर अपने परिवारों के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीने का निर्णय लिया। पुलिस के अनुसार, ये माओवादी आत्मसमर्पण ऑपरेशन चेयुथा के तहत कर रहे हैं, जिसमें आदिवासी समुदायों के लिए विकास और कल्याणकारी योजनाएं बनाई जा रही हैं। इस कार्यक्रम के बारे में जानने के बाद कई माओवादी हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

पुलिस अधिक्षक ने दी जानकारी

विज्ञापन

भद्राद्री कोठागुडेम के पुलिस अधीक्षक बी रोहित राजू ने बताया कि पिछले ढाई महीनों में कुल 122 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि इन माओवादियों को यह एहसास हुआ कि सीपीआई (माओवादी) पार्टी पुरानी विचारधारा का पालन करती है और आदिवासी समुदाय का समर्थन खो चुकी है। माओवादियों ने आदिवासी क्षेत्रों में विकास में रुकावट डाली है और निर्दोष लोगों को परेशान किया है। साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि हाल ही में माओवादियों द्वारा लगाए गए एक विस्फोटक डिवाइस के कारण एक आदिवासी महिला को पैर गंवाना पड़ा। पुलिस ने उन माओवादियों से अपील की है जो आत्मसमर्पण करना चाहते हैं कि वे अपने निकटतम पुलिस स्टेशन या जिला अधिकारियों से संपर्क करें और सामान्य जीवन जीने का रास्ता अपनाएं।

कच्छ में तालाब में डूबे 4 बच्चे, एक लापता
गुजरात के कच्छ जिले के अंजार तालुका में शनिवार दोपहर को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां भवानीपार के पास स्थित एक तालाब में नहाने गए पांच बच्चों में से चार की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा लापता है। दुधई पुलिस थाने के अधिकारियों के अनुसार, बच्चे अपने मवेशियों को चराने के बाद तालाब में नहाने गए थे, तभी यह हादसा हुआ। जब शाम तक बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो उनके परिवारवालों ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बचाव दल ने तालाब से चार बच्चों के शव बरामद किए। मृतक बच्चों की पहचान इस्माइल (8), उमर (11), मुस्ताक (14), और असफाक (9) के रूप में हुई है। लापता बच्चे जाहिद (11) की तलाश जारी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अंजार के सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
विज्ञापन


SLBC सुरंग में बचाव अभियान जारी
तेलंगाना की एसएलबीसी सुरंग में फंसे सात श्रमिकों के लिए बचाव अभियान जारी है। 10 मार्च को सुरंग के अंदर से एक श्रमिक का शव निकाला गया। सुरंग का एक हिस्सा ढहने से यहां आठ श्रमिक फंस गए थे। 

 

सिक्किम में पर्यटकों से 50 रुपये प्रवेश शुल्क शुरू
सिक्किम सरकार ने राज्य में आने वाले पर्यटकों से प्रवेश शुल्क के रूप में 50 रुपये लेना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि सिक्किम पर्यटक व्यापार पंजीकरण नियम 2025 के तहत प्रवेश शुल्क लेना इस महीने से लागू हो गया है। यह शुल्क होटलों में 'चेक-इन' के दौरान वसूला जा रहा है और इसे राज्य भर में पर्यटन अवसंरचना और सेवाओं में सुधार के लिए पर्यटन स्थिरता विकास (टीएसडी) कोष में जमा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को छोड़कर सभी पर्यटकों से 30 दिनों तक ठहरने के लिए यह शुल्क लिया जा रहा है। अगर कोई पर्यटक एक महीने बाद फिर से आता है, तो उससे भी यह शुल्क लिया जाएगा।

कर्नाटक विधानसभा उपाध्यक्ष लमानी सड़क दुर्घटना में घायल
कर्नाटक विधानसभा उपाध्यक्ष रुद्रप्पा मनप्पा लमानी शुक्रवार शाम हिरियूर तालुक में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। यह दुर्घटना जावनगोंडानाहल्ली के पास उस समय हुई, जब लमानी बंगलूरू से हावेरी जिले में अपने गृहनगर जा रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लमानी एक जगह किसी काम से अपनी कार से बाहर निकले थे, तभी एक दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गए। दुर्घटना में लमानी के माथे और पैर में चोटें आईं। उन्हें पहले हिरियूर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और आगे के इलाज के लिए दावणगेरे के एसएस हाई-टेक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। पुलिस के अनुसार, चोटें गंभीर नहीं हैं, चिंता की कोई बात नहीं है।

ओवैसी का दावा- देश में मुसलमानों के खिलाफ 'ताकत के मनमाने इस्तेमाल' की घटनाएं बढ़ीं
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से निर्वाचित लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने दावा किया है कि बीते कुछ समय में मुसलमानों के खिलाफ 'शक्तियों के मनमाने इस्तेमाल' की घटनाएं अप्रत्याशित रूप से बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि सम्मान और गरिमा संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार हैं और इनसे किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए। महाराष्ट्र में एक मस्जिद पर कथित हमले और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की टिप्पणी का जिक्र करते हुए ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'एक मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि जुमे की नमाज घर पर भी पढ़ी जा सकती है... क्या मुझे उनसे धर्म के बारे में सीखना चाहिए? यहां धर्म की स्वतंत्रता है। ... हम मस्जिद जाएंगे। क्योंकि, हमें धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार है। संविधान का अनुच्छेद-25 मुझे इसकी अनुमति देता है। मैं अपना धर्म आपसे नहीं सीखूंगा। बता दें कि सीएम योगी ने होली के अवसर पर शुक्रवार को घर पर ही नमाज अदा करने का सुझाव दिया था। पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि अगर भाजपा यहां की सत्ता में आई तो तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के मुस्लिम विधायकों को पश्चिम बंगाल विधानसभा से बाहर कर दिया जाएगा।

हैदराबाद में गांजा युक्त आइसक्रीम-मिठाई जब्त, तीन गिरफ्तार
हैदराबाद में होली के दौरान शुक्रवार को गांजा मिलाकर आइसक्रीम, कुल्फी और मिठाई बेचने की कोशिश करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी अधीक्षक एन अंजी रेड्डी ने बताया कि खास सूचना के आधार पर छापे मारे गए, जिससे इन तीनों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने उनके पास से गांजा युक्त आइसक्रीम, कुल्फी, बर्फी और चांदी की परत चढ़ी गेंदें जब्त की हैं। इन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।

बंगलूरू में 100 बिस्तरों वाला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल बनेगा: कर्नाटक के मंत्री
कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री केजे जॉर्ज और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडू राव के साथ शुक्रवार को बंगलूरू के एचआरबीआर लेआउट में एक नए 100 बिस्तरों वाले मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मंत्री जॉर्ज ने अस्पताल की उच्च गुणवत्ता और रोगियों के लिए अनुकूल डिजाइन पर जोर दिया और स्वास्थ्य विभाग से आवश्यक चिकित्सा उपकरण और कर्मचारियों की व्यवस्था करने का आग्रह किया।  उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करें ताकि निवासियों को सेवा मिल सके।  मंत्री राव ने इस अस्पताल के विकास में जॉर्ज के प्रयासों की सराहना की और वित्त विभाग से लागत का अनुमान पेश करने का अनुरोध किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसे कैबिनेट के सामने मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।

कर्नाटक: निविदाओं में मुस्लिम ठेकेदारों को मिलेगा 4 फीसदी कोटा, अधिनियम में संशोधन को मंजूरी
कर्नाटक मंत्रिमंडल ने कर्नाटक सार्वजनिक खरीद पारदर्शिता (केटीपीपी) अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी है, जिससे मुस्लिम ठेकेदारों को निविदाओं में 4 फीसदी आरक्षण मिलेगा। मंत्रिमंडल ने कर्नाटक ग्राम स्वराज और पंचायत राज (संशोधन) विधेयक को भी मंजूरी दी। इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने हेब्बल में कृषि विभाग की 4.24 एकड़ जमीन को अंतरराष्ट्रीय पुष्प नीलामी बंगलूरू (आईएफएबी) के लिए दो साल तक किराया मुक्त देने पर चर्चा की। बंगलूरू बायोइनोवेशन सेंटर में आग लगने के बाद उपकरणों के पुनर्निर्माण के लिए 96.77 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी देने का भी प्रस्ताव रखा गया। मंत्रिमंडल ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में सुधार के उपायों पर भी चर्चा की और एक विशेषज्ञ समिति गठित करने का निर्णय लिया, जो सुधार के उपाय सुझाएगी। इसके साथ ही केपीएससी सदस्यों की नियुक्ति के लिए एक खोज समिति भी बनाई जाएगी।

गुजरात में भीषण हादसा, एक की मौत और चार घायल
गुजरात के वडोदरा में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। आरोपी रक्षित रविश चौरसिया ने बताया, हम स्कूटी से आगे जा रहे थे, जैसे ही वे दाहिने मुड़े सड़क पर एक गड्ढे के कारण संतुलन बिगड़ गया। वहां एक स्कूटी और कार भी थी। कार दूसरे वाहन से सट गई और एयरबैग अचानक खुल गया। नजरों के सामने अचानक एयरबैग आने के कारण कार नियंत्रण से बाहर हो गई। चौरसिया के मुताबिक वे 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जा रहे थे। उस समय सामने कोई लोग नहीं थे, बस एक स्कूटर और कार थी। नशे में होने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने कोई पार्टी नहीं की, मैं होलिका दहन में शामिल होने गया था, नशे में नहीं था। बकौल चौरसिया, 'आज मुझे बताया गया कि एक महिला की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हो गए हैं। मैं पीड़ितों के परिवार से मिलना चाहता हूं, यह मेरी गलती है। पीड़ित जो चाहते हैं, वही होना चाहिए।'

झारखंड में दो समूहों के बीच झड़प, दुकानें फूंकीं
झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार को होली जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए और कम से कम तीन दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना घोडथंबा में उस समय हुई जब एक समूह ने होली के जुलूस का इलाके से गुजरने का विरोध किया, जिसके बाद झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा,   'इलाके में शांति बहाल करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है।'

चंद्रबाबू नायडू का ऐलान, 23 साल में आंध्र प्रदेश को बनाएंगे देश का नंबर एक राज्य
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार अगले 23 वर्षों में राज्य को देश का नंबर एक राज्य बनाने की जिम्मेदारी लेगी। एक ग्राम सभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि टीडीपी सरकार आंध्र प्रदेश को अगले दो दशकों में शीर्ष राज्य बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करेगी और इसके लिए वे मजबूत नींव रखेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास, कल्याण और सुशासन पर ध्यान केंद्रित करेगी। हालांकि, नायडू ने पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार पर आरोप लगाया कि 2019 से 2024 के बीच उनके नेतृत्व में राज्य 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा है। नायडू ने कहा कि इस भारी कर्ज के बोझ तले दबे राज्य को अपने वित्तीय हितों को सुधारने, कर्ज चुकाने और जनता की कठिनाइयों का समाधान करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों ने अन्य दलों को सत्ता में लाकर यह उम्मीद जताई थी कि वे अच्छे काम करेंगे, लेकिन अगर टीडीपी 2004 और 2019 में फिर से सत्ता में आती तो राज्य अधिक प्रगति कर सकता था।

गुजरात में होली के दिन नहाने के दौरान डूबने से 4 की मौत, 2 लापता
गुजरात के भरूच जिले में शुक्रवार को होली के मौके पर पांच अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई और दो लोग अब भी लापता हैं। पुलिस के अनुसार, इन घटनाओं में लोग नर्मदा नदी, नहरों और झीलों में नहाने गए थे।

अग्निशमन अधिकारी ने दी जानकारी
भरूच अग्निशमन अधिकारी चिराग गढ़वी ने बताया कि मृतकों के शव निकाल लिए गए हैं, लेकिन दो लोग अभी भी लापता हैं। डूबने की घटनाएं समानी, दयादरा, राहदपोर, मकतमपुर और केलोद गांवों से सामने आईं है। बता दें कि मकतमपुर और कालोद गांवों में नर्मदा नदी में डूबे दो युवकों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा, नांदेलाव गांव में 7 और 11 साल के दो बच्चे एक झील में डूब गए। सात साल के बच्चे का शव शुक्रवार को निकाला गया, जबकि 11 साल के बच्चे का शव शनिवार को मिला।

 

सेना ने सिक्किम में तैनात किया व्हीकल माउंटेड मोर्टार सिस्टम
भारतीय सेना ने सिक्किम में व्हीकल माउंटेड इन्फेंटरी मोर्टार सिस्टम (VMIMS) तैनात किया है। भारतीय सेना ने एक्स पर लिखा कि यह आत्मनिर्भर प्रणाली गतिशीलता, त्वरित प्रतिक्रिया और मारक क्षमता को बढ़ाती है। इससे भारत की आत्मनिर्भरता और रक्षा तैयारियों को मजबूती मिलती है।
 

त्रिपुरा में 1.95 करोड़ की अवैध विदेशी सिगरेट जब्त
त्रिपुरा के खोवाई जिले में सुरक्षाबलों ने 1.95 करोड़ रुपये की अवैध विदेशी सिगरेट जब्त की है। एक बयान में असम राइफल्स ने शुक्रवार को कहा, गुप्त सूचना पर बल ने तस्करी रोधी अभियान चलाया। इस दौरान 195 डिब्बे अवैध विदेशी सिगरेट जब्त किये गए। इन्हें बाद में सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया।

मणिपुर में काकचिंग जिले से उग्रवादी गिरफ्तार
काकचिंग के लैंगमीडोंग ममांग लेइकाई से मणिपुर पुलिस ने शुक्रवार को काकचिंग जिले से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक कैडर को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि चुराचांदपुर जिले के डम्पी रिज में एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने एक राइफल, एक सिंगल बैरल बंदूक और दो आईईडी समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य में लूटे और छीन लिए गए अवैध हथियारों को बरामद करने के लिए पहाड़ी और घाटी जिलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

रायसीना डायलॉग: न्यूजीलैंड के पीएम सहित जुटेंगे 18 देशों के विदेश मंत्री
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर मार्क लक्सन सहित 18 देशों के विदेश मंत्री,कई बड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी और विदेश नीति विशेषज्ञ अगले हफ्ते नई दिल्ली में होने वाले रायसीना डायलॉग में शामिल होंगे। यह भारत का सबसे महत्वपूर्ण सम्मेलन है। इसमें वैश्विक राजनीति और अर्थशास्त्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन इस सम्मेलन के 10वें संस्करण का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 17 से 19 मार्च तक चलेगा।

यह सम्मेलन भारत के विदेश मंत्रालय के सहयोग से थिंक टैंक ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) आयोजित करता है। बीते नौ साल में इस आयोजन की प्रतिष्ठा और प्रभाव काफी बढ़ गया है। सम्मेलन के दौरान दुनिया की वर्तमान स्थिति और विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर सहयोग के अवसरों पर बात की जाएगी। पहली बार इसमें वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सहित ताइवान का एक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा। यह हाल के वर्षों में भारत और ताइवान के बीच बढ़ते सहयोग का नतीजा है।

न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में लेंगे शपथ
 
कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायाधीश जॉयमाल्या बागची सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के पद की शपथ लेंगे। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) संजीव खन्ना नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित होने वाले एक समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट के अन्य न्यायाधीश भी मौजूद रहेंगे।

न्यायमूर्ति बागची के शपथ लेते ही सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 33 हो जाएगी, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 34 है। वह शीर्ष अदालत में 6 वर्ष से अधिक समय तक सेवा करेंगे और इस दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश का पद भी संभालेंगे। 3 अक्तूबर, 1966 को जन्मे न्यायमूर्ति बागची 25 मई, 2031 को न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की सेवानिवृत्ति के बाद सीजेआई बनेंगे और 2 अक्तूर, 2031 तक इस पद पर रहेंगे।

अजीत डोभाल के घर से घायल काली चील का हुआ सफल बचाव
शनिवार को एक बयान में बताया गया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के घर से एक घायल काली चील को बचाया गया, जिसे बाद में वन्यजीव एसओएस द्वारा इलाज के बाद जंगल में छोड़ दिया गया। यह बचाव गुरुवार को हुआ था, जब चील डोभाल के आवास के सुरक्षा कक्ष में फंसी हुई पाई गई थी। पक्षी फर्श पर गिरा हुआ था और उसके पंखों में चोट लगने के कारण वह उड़ नहीं पा रहा था।

सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत वन्यजीव एसओएस की 24x7 आपातकालीन हेल्पलाइन से संपर्क किया, ताकि चील को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके। बचाव दल के आने से पहले, सुरक्षा कर्मियों ने पक्षी को एक सुरक्षित बॉक्स में रखा, ताकि उसे और नुकसान न पहुंचे।

सिक्किम में ओवरलोड ट्रकों का कहर: चार पुल ढहने से उत्तरी सिक्किम का संपर्क टूटा
प्रोजेक्ट स्वास्तिक ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि उत्तरी सिक्किम में पिछले दो महीनों में चार पुल या तो ढह गए हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसका कारण ओवरलोड ट्रकों की अनियंत्रित आवाजाही है। प्रोजेक्ट स्वास्तिक, जो सिक्किम के सीमावर्ती क्षेत्रों, विशेष रूप से उत्तरी सिक्किम में बुनियादी ढांचे और संपर्क को सुधारने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा शुरू किया गया था, ने इस स्थिति पर चिंता जताई है। बयान में कहा गया कि ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही के कारण इन पुलों का बुरा हाल हुआ है।

बता दें कि जनवरी 4 को लाचुंग को कटाओ से जोड़ने वाला 200 फुट लंबा बेली पुल ढह गया था। 11 फरवरी को संकलंग में तीस्ता नदी पर बना 180 फुट लंबा बेली ब्रिज ढह गया। 20 फरवरी को डिकचू-संकलंग रोड पर बना एक पुराना विंटेज फीचू ब्रिज भी ढह गया और 15 मार्च को फिदांग में 320 फुट लंबा बेली सस्पेंशन ब्रिज ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

 

असम में कांग्रेस प्रवक्ता की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, गोगोई ने मुख्यमंत्री पर लगाया आरोप
असम में कांग्रेस प्रवक्ता रीतम सिंह की शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गोगोई ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राज्य पुलिस बल का "दुरुपयोग" कर रहे हैं और पुलिस अधिकारियों को अवैध गतिविधियों के लिए मजबूर कर रहे हैं, जो कानून और उच्च न्यायालय के खिलाफ हैं।

गोगोई ने सीएम पर लगाया आरोप
गोगोई ने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि कांग्रेस प्रवक्ता रीतम सिंह को गिरफ्तार करने के लिए लखीमपुर पुलिस की एक टीम गुवाहाटी आई थी। जब वह सिंह के आवास पर गए, तो उन्होंने देखा कि उन्हें बेरहमी से घसीटा जा रहा था और उनसे बात करने की अनुमति नहीं दी गई। गोगोई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि क्या उन्हें असम में पुलिस के दुरुपयोग के बारे में जानकारी है। साथ ही गोगोई ने यह भी याद दिलाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम में पुलिस अकादमी का उद्घाटन करने आए हुए हैं और पूछा कि क्या वे जानते हैं कि कुछ दिन पहले भाजपा के गुंडों ने दो असम पुलिस कांस्टेबलों की बेरहमी से पिटाई की थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया।

मणिपुर में PLA का सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने काकचिंग जिले से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। अफसरों ने बताया कि शुक्रवार को काकचिंग के लांगमेइदोंग मामांग लेइकाई इलाके से सदस्य को गिरफ्तार किया गया। वहीं चुराचांदपुर जिले के डंपी रिज में एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने एक राइफल, एक सिंगल बैरल बंदूक और दो आईईडी समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।

भाजपा ने तेलंगाना सरकार पर विदेशी विशेषज्ञ की नियुक्ति पर उठाए सवाल
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने जातिगत सर्वे की व्याख्या के लिए एक विदेशी आर्थिक विशेषज्ञ को नियुक्त किया है, जिससे गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस क भारतीय विशेषज्ञों पर भरोसा नहीं हैं? क्या तेलंगाना में कोई आर्थिक विशेषज्ञ नहीं है? उन्होंने यह भी पूछा कि संवेदनशील राष्ट्रीय आंकड़ों के मामलों में विदेशी विशेषज्ञ की जरूरत क्यों है। 
 
त्रिवेदी ने कहा कि जिस थॉमस पिकेटी को इस काम के लिए चुना गया है, उनकी आर्थिक असमानता का विश्लेषण करने की विधि की काफी आलोचना हुई है। यह विधि वेतनभोगी कर्मचारियों और करदाताओं को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए पूछा कि आखिर कांग्रेस क्या सपना देख रही है और क्या करने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन

हैदराबाद के होटल किचन में गैस लीक से छह लोग झुलसे, एक गंभीर
कोकापेट स्थित एक ऊंची वाणिज्यिक इमारत के भूमितल पर बन रहे होटल के किचन में शनिवार को गैस लीक हो गई। घटना में छह लोग झुलस गए। गैस में आग बिजली की चिंगारी से लगी। पुलिस ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब कर्मचारी नव स्थापित गैस सिस्टम का निरीक्षण कर रहे थे। यह किचन अभी व्यवसायिक संचालन के लिए नहीं खुला था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह किचन 2,000 वर्ग फुट का है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि एक घायल के शरीर का 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। हालांकि, घटना का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। फायर और इलेक्ट्रिसिटी विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में विस्तृत जांच चल रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि घटना के समय तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद धुआं फैल गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें