फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: वाल्मीकि निगम घोटाले में कांग्रेस विधायक को मिली जमानत; एस परमेश बने भारतीय तटरक्षक बल के नए प्रमुख

Mon, 14 Oct 2024 10:41 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले सहित मुद्दों को लेकर फेडरेशन ऑफ मेडिकल एसोसिएशन (फेमा) ने बड़ा फैसला लिया है। उसने राज्य भर के निजी और सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में दो दिवसीय काम बंद हड़ताल का आह्वान किया। 

विज्ञापन

 
मुथियालम्मा मंदिर में की गई तोड़फोड़ को लेकर हो रहा विरोध-प्रदर्शन
हैदराबाद के कुरमागुडा में मुथियालम्मा मंदिर की मूर्ति के साथ कथित तोड़फोड़ को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर  पुलिस बल तैनात हैं। महाकाली डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि हैदराबाद में एक पासपोर्ट कार्यालय के पास कुरमागुडा में मुथियालम्मा मंदिर की मूर्ति के साथ कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई। स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। 

कल होगी मणिपुर के मैतई, कुकी और नगा विधायकों की दिल्ली में बैठक
मणिपुर में पिछले साल जातीय हिंसा भड़कने के बाद पहली बार मैतई, कुकी और नगा समुदायों के कई विधायक गृह मंत्रालय की निगरानी में मंगलवार को नई दिल्ली में संयुक्त बैठक करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि तीन नगा विधायक राष्ट्रीय राजधानी में बैठक में भाग लेंगे, जबकि मैतेई और कुकी विधायकों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।
विज्ञापन


अधिकारी ने कहा, 'यह बैठक तनावग्रस्त समुदायों के बीच बातचीत कराने और संकट का समाधान तलाशने के केंद्र के प्रयासों का हिस्सा है।' बता दें, पिछले साल मई में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़क गई थी, जिसमें अबतक 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।

उन्होंने कहा, 'नगा पक्ष की ओर से तीन विधायक अवांगबू नेवमई, एल दिखो और राम मुइवा नई दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे। मुइवा निजी मुद्दे को लेकर फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी में हैं। तीनों विधायक राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) से हैं।'

सूत्र ने कहा, 'कुछ मैतेई विधायक, जिनमें से सभी भाजपा के हैं, पहले ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि अन्य आज रवाना होने वाले हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट से खफा किसान ने पत्नी और सास को मार डाला

त्रिपुरा में सोशल मीडिया पोस्ट से खफा एक शख्स ने अपनी पत्नी और सास को धारदार हथियार से काटकर मार डाला। वह अपनी पत्नी से अलग रह रहा है और दुर्गा पूजा के मौके पर पत्नी को किसी और के साथ देख कर वह तिलमिला गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पश्चिमी त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के मधुपुर की है। 51 वर्षीय आरोपी पोल्ट्री किसान है और यहां अपने दो बेटों के साथ रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी पिछले डेढ़ साल से पश्चिम त्रिपुरा जिले के नेताजीनगर में अपनी मां के साथ रह रही थी। दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा था। रविवार को आरोपी की पत्नी ने दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान दो दोस्तों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की थीं, जिन्हें देखकर पति आगबबूला हो गया और उसने उसे जान से मारने की साजिश रची। जब मां और बेटी घर लौट रही थीं तो आरोपी ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी ने जेल में लगाई फांसी

गुजरात के साबरकांठा जिले में एक विचारधीन कैदी ने अपनी बैरक में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद था। एक अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार सुबह हुई और बाद में हिम्मतनगर बी-डिवीजन पुलिस स्टेशन में इसकी प्रविष्टि की गई। जिला जेल अधीक्षक जेजी चावड़ा ने बताया कि शनिवार सुबह जब कैदी नाश्ते के लिए कतार में खड़े थे, तब विपुल मथासुलिया (24) ने बैरक की पहली मंजिल पर शौचालय के वेंटिलेटर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 

खाली लोकल ट्रेन के दो डिब्बे बेपटरी, रेल सेवाएं प्रभावित

मुंबई सेंट्रल से कार शेड में प्रवेश करते समय रविवार दोपहर एक खाली लोकल ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे पश्चिमी रेलवे कीं ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, क्योंकि दोपहर 12 बजकर 10 मिनट के आसपास जब ट्रेन पटरी से उतरी तब वह खाली थी। उन्होंने बताया कि घटना के कारण उपनगरीय सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। 

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन  के दो उग्रवादी किए गिरफ्तार

मणिपुर के इंफाल पश्चिम में प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक (पीआरईपीएके) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि दोनों इंफाल में व्यापारियों से जबरन वसूली की घटनाओं में संलिप्त थे। यह गिरफ्तारी शनिवार को हुई। उग्रवादियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि इन समूहों की बढ़ती जबरन वसूली की घटनाओं से निपटने के लिए राज्य सरकार ने हाल ही में एक जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ का गठन किया है। 

गुजरात : पेड़ों की अवैध कटाई पर एनजीटी ने जारी किया नोटिस

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने गुजरात के पर्यावरण मंत्रालय से कोटेश्वर में अवैध रूप से पेड़ काटने के मामले पर जवाब मांगा है। उन्होंने मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, प्रमुख वन संरक्षक और कच्छ के जिला मजिस्ट्रेट से 18 नवंबर तक जवाब दाखिल करने को कहा है। एनजीटी ने एक मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान लिया।

असम : 4.5 करोड़ की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
असम के करीमगंज जिले में पुलिस ने रविवार को 4.5 करोड़ रुपये की 548.82 ग्राम हेरोइन जब्त कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। करीमगंज के पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रोतिम दास ने बताया कि जिस वाहन से हेरोइन जब्त की गई वह मिजोरम में पंजीकृत था और यह आइजोल से आ रहा था। केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

PM मोदी कल कर सकते हैं भारत मोबाइल कांग्रेस का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को भारत में संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) की ओर से आयोजित किए जाने वाले पहले दूरसंचार मानक सम्मेलन और भारत मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) का उद्घाटन कर सकते हैं। दोनों कार्यक्रमों के आयोजकों की ओर से भेजे गए निमंत्रण में यह जानकारी दी गई। विश्व दूरसंचार मानकीकरण सभा (डब्ल्यूटीएसए) सम्मेलन चार वर्षों के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। इसमें स्वीकृत सिफारिशें और प्रस्ताव संचार प्रौद्योगिकियों के विकास की दिशा तय करते हैं। आईटीयू के एक अधिकारी ने कहा, दूरसंचार विभाग की ओर से समर्थित इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आठवां संस्करण भी डब्ल्यूटीएसए के साथ आयोजित किया जाएगा। कई देशों, प्रदर्शकों, स्टार्टअप आदि की भागीदारी के मामले में वार्षिक आईएमसी का आकार पिछले साल से लगभग दोगुना हो गया है।

श्रीजगन्नाथ मंदिर में मुफ्त मिलेगा महाप्रसाद
ओडिशा सरकार पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर में भक्तों को निःशुल्क महाप्रसाद वितरित करने की योजना बना रही है। राज्य के विधि मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने रविवार को बताया कि जल्द ही योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा। इसके लागू होने पर सरकार पर सालाना 14 से 15 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। योजना में ऐसे भक्तों को शामिल करने का प्रयास हो रहा है, जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं।

गौरी लंकेश के हत्यारोपियों का माला पहनाकर स्वागत
कर्नाटक में पत्रकार गौरी लंकेश हत्याकांड के आरोपियों का शहर में हिंदुत्व कार्यकर्ताओं ने शॉल और माला पहनाकर स्वागत किया गया। हत्या के आरोपी परशुराम वाघमोरे और मनोहर यादव समेत छह लोगों को बंगलूरू की सेशन कोर्ट ने 9 अक्तूबर को जमानत दे दी थी और उन्हें 11 अक्तूबर को जेल से रिहा कर दिया गया था। वे सभी छह साल से अधिक समय से जेल में बंद थे। उनके आगमन पर शनिवार रात हिंदुत्व कार्यकर्ता आरोपियों को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास ले गए। यहां पर उन्होंने भारत माता की जय और सनातन धर्म की जय के नारे लगाए। इसी के साथ भगवा शॉल और माला पहनाकर स्वागत किया। गौरतलब है कि पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या 5 सितंबर 2017 को राजराजेश्वरी नगर स्थित आवास के बाहर कर दी गई थी।

भद्रक के धामनगर में एकीकृत खेल परिसर का निर्माण करेगी एनबीसीसी
एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड को सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा धामनगर, भद्रक में एक एकीकृत खेल परिसर का निर्माण करने की अनुमति दी गई है। यह परियोजना क्षेत्र में खेल के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और एथलेटिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस परियोजना की लागत लगभग 50 करोड़ रुपये है। अत्याधुनिक परिसर में एलईडी फ्लडलाइट्स से सुसज्जित फीफा-मानक प्राकृतिक फुटबॉल मैदान, वॉलीबॉल के लिए एक इनडोर हॉल, क्रिकेट अभ्यास नेट और एथलीटों के लिए एक छात्रावास सहित व्यापक सुविधा भवन होंगे। इस पहल का उद्देश्य विश्व स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिता सुविधाएं प्रदान करना, प्रतिभा को बढ़ावा देना और खेलों में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

मुख्य सचिव ने डॉक्टरों के संयुक्त मंच से किया प्रदर्शन वापस लेने का आग्रह किया
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत ने रविवार को डॉक्टरों के संयुक्त मंच (जेपीडी) को 15 अक्तूबर को अपना प्रदर्शन वापस लेने के लिए पत्र लिखा। पत्र में कहा गया कि है 15 अक्तूबर को ही राज्य सरकार की ओर से पूर्व में घोषित 'पूजा कार्निवल' का आयोजित किया जा रहा है। एक ईमेल में पंत ने जेपीडी से जूनियर डॉक्टरों को उनके स्वास्थ्य के हित में भूख हड़ताल समाप्त करने की सलाह देने का भी आग्रह किया।

वक्फ विधेयक : नासिक मंदिर पुजारी, अधिवक्ता आज रखेंगे अपना पक्ष

नासिक के एक मंदिर के मुख्य पुजारी, तीन अधिवक्ता और मुस्लिम संगठन के एक प्रतिनिधि आज संसदीय समिति के समक्ष वक्फ विधेयक पर अपने विचार साझा करेंगे। वक्फ (संशोधन) विधेयक पर संसद की संयुक्त समिति की सोमवार और मंगलवार को यहां बैठक होने वाली है, जिसमें वह जमीयत उलमा-ए-हिंद, दिल्ली और गोवा की सनातन संस्था के प्रतिनिधियों का पक्ष सुनेगी। भाजपा के जगदंबिका पाल की अध्यक्षता वाली समिति नासिक के श्री कालाराम मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सुधीरदास महाराज का भी पक्ष सुनेगी। अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय, विष्णु शंकर जैन और अमिता सचदेवा भी समिति के समक्ष विधेयक पर अपनी बात रखेंगे।

साइबर वित्तीय धोखाधड़ी को रोकने को केंद्र और RBI के संयुक्त हस्तक्षेप की जरूरत: विजयन

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए वित्तीय क्षेत्र में एक मजबूत साइबर सुरक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया।सीएम ने कहा कि राज्य ने इस संबंध में पहले ही केंद्र और भारतीय रिजर्व बैंक से संयुक्त रूप से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने आगे कहा कि प्रौद्योगिकी के विकास के साथ-साथ साइबर अपराध भी दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं और राज्य पुलिस का साइबर पुलिस प्रभाग इस तरह की धोखाधड़ी को रोकने के लिए प्रभावी ढंग से काम कर रहा है।

उन्होंने राज्य विधानसभा में अनवर सदाथ (कांग्रेस) द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के जवाब में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘राज्य पुलिस साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए सोशल मीडिया पेजों के माध्यम से व्यापक जागरूकता बढ़ा रही है।’

उन्होंने कहा कि केरल में सभी जिलों में साइबर पुलिस थाने हैं और लोगों को साइबर अपराधों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए एक टोल-फ्री नंबर और विशेष वेबसाइट शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ऐसी धोखाधड़ी में शामिल 30,000 से अधिक बैंक खातों को पहले ही ब्लॉक कर दिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।’

उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा मोबाइल फोन को निष्क्रिय करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सहित कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

असम में चार करोड़ की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार

शहर के उपनगरीय इलाके में सोमवार को एक ट्रक से करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि असम पुलिस के विशेष कार्य बल ने इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नगालैंड से गुवाहाटी मादक पदार्थ भेजे जाने की सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जोरबाट के निकट अभियान चलाया और ट्रक को पकड़ लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान कर्मियों ने साबुन के 45 डिब्बे बरामद किए, जिनमें 537.2 ग्राम हेरोइन थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने बताया कि ट्रक चला रहे मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता को भी पकड़ लिया गया है।
 

बंगलूरु में एक परिवार के चार सदस्य घर में मृत मिले
बंगलूरू के सिंगानायकनहल्ली में एक परिवार के चार सदस्य घर में मृत मिले। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अविनाश (33), पत्नी ममता (30) और उनकी पांच और तीन साल की दो बेटियों के रूप में की गई। कैब ड्राइवर अविनाश का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। जबकि अन्य लोग घर में मृत पाए गए। परिवार पिछले पांच-छह साल से बंगलूरू में रह रहा था। बंगलूरु ग्रामीण जिले के पुलिस अधीक्षक सीके बाबा ने बताया कि सुबह जब अविनाश का भाई आया और जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला, तो उसने दरवाजा तोड़ दिया और अपने भाई, उसकी पत्नी और उनकी दो बेटियों को मृत पाया। अविनाश ने फांसी लगा ली थी। मामले की जांच चल रही है। 

जूनियर डॉक्टरों ने निकाली रैली
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डाक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों ने सोमवार को शहर में रैली निकाली। जुलूस धर्मतला के पास डोरिना क्रॉसिंग से शुरू हुआ। जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि सीबीआई ने अपने आरोपपत्र में जो कहा है, उसे हम स्वीकार नहीं कर सकते। अपराध के पीछे केवल एक व्यक्ति नहीं था। हम आरजी कर अस्पताल में हमारी बहन के दुष्कर्म और हत्या की त्वरित और पारदर्शी जांच की मांग करते हैं। जूनियर डॉक्टर देवाशीष हलदर ने कहा कि हम राज्यपाल से मिलने और उनके हस्तक्षेप की मांग करने के लिए राजभवन नहीं जा रहे हैं। लेकिन हम उन्हें अपना संदेश देंगे। हम राज्यपाल कार्यालय को ज्ञापन सौंप सकते हैं।

केरल विधानसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित
केरल विधानसभा ने सोमवार को भूस्खलन प्रभावित वायनाड को सहायता देने में देरी करने पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया। संसदीय कार्य मंत्री एमबी राजेश ने प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव में मंत्री ने कहा कि केंद्र को पहले ही एक ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसमें 30 जुलाई को वायनाड की मेप्पाडी पंचायत में चूरलमाला, मुंडक्कई और पुंचिरीमट्टम क्षेत्रों को प्रभावित करने वाले भूस्खलन के दौरान हुए नुकसान का विवरण दिया गया है। इस संबंध में अब तक कोई तत्काल सहायता नहीं मिली है और केंद्रीय सहायता मिलने में देरी से भूस्खलन से बचे लोगों के पुनर्वास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रस्ताव में मांग की गई कि केंद्र को तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान करने और भूस्खलन प्रभावित लोगों के बैंक ऋण को पूरी तरह माफ करने के लिए कदम उठाना चाहिए। 

डिजिटल अरेस्ट मामले में चार ताइवानी समेत 17 लोग गिरफ्तार
अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने डिजिटल अरेस्ट मामले में चार ताइवानी समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया। देशभर में कई छापों के दौरान 762 सिम कार्ड, 120 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
 

चेन्नई में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के साथ चेन्नई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसे लेकर वेलाचेरी के लोगों ने अपनी कारों को वेलाचेरी फ्लाईओवर पर पार्क कर दिया है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि हमारे क्षेत्र में पिछले साल भी बाढ़ आई थी। मेरी कार क्षतिग्रस्त हो गई और हमें बीमा का दावा करना पड़ा और कार अभी भी वर्कशॉप में है। भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने 15 अक्तूबर को चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप महानिदेशक डॉ. एस बालचंद्रन ने बताया कि 24 घंटों में, चेन्नई, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में भारी बारिश की उम्मीद है। डेल्टा से लेकर तिरुवल्लुर तक उत्तरी तटीय जिलों में भारी बारिश होने की उम्मीद है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। जारी किए गए रेड अलर्ट में वर्षा की मात्रा और प्रभाव दोनों शामिल हैं। बारिश के अलर्ट को लेकर तमिलनाडु के मुख्य सचिव एन मुरुगानंदम ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। 

सुप्रीम कोर्ट के विस्तार भवन का हुआ भूमिपूजन
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के विस्तार भवन का भूमिपूजन समारोह हुआ। इसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मनोहर लाल खट्टर ने भाग लिया।

गुजरात राष्ट्रीय कानून विवि को भेजा गया बम की धमकी का ई-मेल, जांच में निकला फर्जी
गांधीनगर के गुजरात राष्ट्रीय कानून विवि को बम की धमकी वाला ई-मेल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि बम की धमकी भरा ई-मेल मिलने पर विवि परिसर में जांच की गई। मगर जांच में कुछ नहीं मिला। ऐसे में ई-मेल को फर्जी माना गया। डीएसपी आरआई देसाई ने कहा कि विवि रजिस्ट्रार के आधिकारिक ई-मेल पर एक अनाजन युवक ने ई-मेल भेजकर दावा किया कि परिसर में बम लगाया गया है। इसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर को चेक किया। इसमें हॉस्टल और कार्यालयों की भी बम जांच और निस्तारण दस्ते ने जांच की। इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। हमारी तकनीकी टीम ई-मेल भेजने वाले को ट्रैक कर रही है। 

मादक पदार्थों के व्यापार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: शाह
गुजरात से 5,000 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मादक पदार्थों के व्यापार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। एक्स पर पोस्ट में शाह ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं को मादक पदार्थों के संकट से बचाकर नशा मुक्त भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं दिल्ली पुलिस को 13,000 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त करने के सफल अभियानों के लिए बधाई देता हूं।  जिसमें हाल में गुजरात पुलिस के सहयोग से 5,000 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद करना भी शामिल है। दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में रविवार को गुजरात के अंकलेश्वर से 5,000 करोड़ रुपये मूल्य की 518 किलोग्राम कोकीन बरामद की थी।

गुजरात हाईकोर्ट में दायर याचिका पत्रकार ने वापस ली
जीएसटी धोखाधड़ी मामले में पत्रकार महेश लंगा ने गुजरात हाईकोर्ट में दायर मजिस्ट्रेट अदालत के 10 दिन के रिमांड आदेश को चुनौती देने वाली याचिका वापस ले ली। जस्टिस संदीप भट्ट की अदालत में मामले की सुनवाई शुरू हुई तो लंगा के वकील ने बिना कारण बताए याचिका वापस लेने की इजाजत मांगी। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने आठ अक्तूबर को धोखाधड़ी के मामले में पत्रकार लंगा को गिरफ्तार किया था। अगले दिन एक अदालत ने उन्हें 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। लंगा के वकील ने कहा था कि प्रथम सूचना रिपोर्ट में पत्रकार के नाम का उल्लेख नहीं किया गया था।

इसरो अध्यक्ष सोमनाथ को चंद्रयान-3 के लिए मिला IAF का विश्व अंतरिक्ष पुरस्कार  
इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ को चंद्रयान-3 की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉटिकल फेडरेशन (आईएएफ) का प्रतिष्ठित विश्व अंतरिक्ष पुरस्कार मिला है। इसरो ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि यह सम्मान अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के योगदान का जश्न है। वहीं आईएएफ ने कहा कि चंद्रमा की संरचना और भूविज्ञान के अनदेखे पहलुओं का तेजी से उजागर करने वाला यह मिशन नवाचार के लिए एक वैश्विक प्रमाण है। एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल करते हुए चंद्रयान -3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरा। जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकांक्षा और तकनीकी कौशल दोनों का प्रदर्शन करता है।
 
ओडिशा सरकार ने पलायन की जांच के लिए बनाई टास्क फोर्स 
ओडिशा सरकार ने राज्य से पलायन के मुद्दे के समाधान के लिए उपमुख्यमंत्री के वी सिंह देव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। राज्य सरकार ने सोमवार को कहा कि टास्क फोर्स में उपमुख्यमंत्री प्रावती परिदा, पंचायती राज और पेयजल मंत्री रबी नारायण नाइक, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त और संबंधित विभागों के सचिव शामिल हैं। टास्क फोर्स राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय ख्याति के विशेषज्ञों के साथ-साथ शिक्षाविदों, चिकित्सकों और संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी शामिल कर सकती है। टास्क फोर्स प्रवासी श्रमिकों के सामने आने वाली चुनौतियों की जांच करेगी। इसके बाद प्रवासी मजदूरों द्वारा अनुभव की जाने वाली कठिनाइयों को दूर करने और कम करने के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों के लिए कदमों की सिफारिश करेगी। पंचायती राज और पेयजल विभाग टास्क फोर्स के मुख्यालय के रूप में काम करेगा। जो प्रगति की समीक्षा के लिए हर छह महीने में कम से कम एक बार बैठक करेगा। 

दुर्गा पूजा के दौरान 50 लाख से ज्यादा लोगों ने की कोलकाता मेट्रो में यात्रा
छह दिवसीय दुर्गा पूजा के दौरान 50 लाख से ज्यादा लोगों ने कोलकाता मेट्रो में यात्रा की। आधिकारिक बयान के मुताबिक यात्रियों का यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले 1.77 फीसदी बढ़ा है। दक्षिणेश्वर से न्यू गारिया तक ब्लू लाइन मेट्रो में सात से 12 अक्तूबर तक 44.19 लाख लोगों ने सफर किया। जबकि हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड तक ग्रीन लाइन 2 मेट्रो में 3.79 लाख और सेक्टर पांच से सियालदाह तक ग्रीन लाइन 1 मेट्रो में 2.53 लाख यात्रियों ने यात्रा की। दमदम मेट्रो स्टेशन सबसे ज्यादा 4.43 लाख लोग पहुंचे। कोलकाता मेट्रो ने दुर्गा पूजा के दौरान सेवा के घंटों को बढ़ा दिया था। इसके अलावा दो कॉरिडोर में विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। 

मणिपुर में सात उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने उगाही में शामिल प्रतिबंधित संगठन कांग्लेपाक कम्युनिस्ट पार्टी(नोंगद्रेनखोंबा) के सात कैडरों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक महिला कैडर भी है। एसपी केश शिवकांता सिंह ने कहा कि लांगोल गेम गांव में इनकी उपस्थिति के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिली। इसके आधार पर सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया और एक महिला कैडर समेत संगठन के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान एल अलिन, के रोहित सिंह, संजू डब्ल्यू, पी थोइबा,डब्ल्यू हीरो, वाई विकास और हेंथोई एम के रूप में की गई है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने दो चार पहिया वाहन, एक दो पहिया वाहन, दो पिस्तौल और कम्फलाज यूनिफॉर्म बरामद किए। उन्होंने कहा कि जबरन वसूली की गतिविधियों में वृद्धि के कारण आम जनता अपनी नाराजगी व्यक्त करने लगी है। पुलिस स्थिति पर सक्रिय रूप से निगरानी रख रही है। सिंह ने चेतावनी दी कि पिछले चार से पांच दिनों में इंफाल पश्चिम जिला पुलिस ने जबरन वसूली से संबंधित मामलों में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों के खिलाफ अब राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) लगाना शुरू करेंगे।

केरल विधानसभा ने की वक्फ संशोधन विधेयक वापस लेने की मांग
केरल विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 को वापस लेने का आग्रह किया। केरल सरकार ने कि यह विधेयक संविधान के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन करता है।

वाल्मीकि निगम घोटाले में कांग्रेस विधायक बी नागेंद्र को मिली जमानत
कर्नाटक के महर्षि वाल्मीकि निगम घोटाले में कांग्रेस विधायक बी नागेंद्र को सोमवार को एमपीएमएलए कोर्ट ने जमानत दे दी। घोटाले के आरोपों के बाद उन्होंने जून में अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले हफ्ते कहा था कि विधायक नागेंद्र की पहचान घोटाले के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड के रूप में की गई है। ईडी ने पहले जांच के दौरान नागेंद्र और पांच अन्य प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

एस परमेश बने भारतीय तटरक्षक बल के नए प्रमुख 
केंद्र सरकार ने सोमवार को भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक एस परमेश को समुद्री बल का नया प्रमुख नियुक्त किया। वे मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। पिछले महीने डीजी राकेश पाल के निधन के बाद वह वर्तमान में महानिदेशक के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पिछले तीन दशकों में तट और जल स्तर पर विभिन्न पदों पर संगठन की सेवा की है। वे नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन के पूर्व छात्र हैं। नेविगेशन और डायरेक्शन में विशेषज्ञ हैं। उन्होंने आईसीजी के सभी प्रमुख जहाजों को कमांड किया है। उन्होंने उप महानिदेशक (संचालन और तटीय सुरक्षा), तटरक्षक मुख्यालय, नई दिल्ली में प्रधान निदेशक और तटरक्षक क्षेत्रीय मुख्यालय (पूर्व), चेन्नई में मुख्य कर्मचारी अधिकारी के रूप में भूमिका निभाई है।

त्रिची एयरपोर्ट पर विदेशी मुद्रा और सोने के साथ पकड़ा यात्री
त्रिची एयरपोर्ट पर एआईयू ने त्रिची से मलेशिया जा रहे एक यात्री को रोका। जांच के दौरान यात्री के पास से 49 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा और 552 सोने की नाक की पिन और छोटे कान के टॉप्स बरामद किए गए। इनकी कीमत आठ लाख रुपये से ज्यादा है। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 
 

भाजपा विधायक मुनिरत्न से जुड़े दुष्कर्म मामले में 3 को अग्रिम जमानत
बंगलूरू की विशेष एमपी/एमएलए अदालत ने सोमवार को दुष्कर्म के मामले में तीन व्यक्तियों लोहित, किरण और मंजूनाथ को अग्रिम जमानत दे दी। मामले में भाजपा विधायक मुनिरत्न भी आरोपी हैं। जज संतोष गजानन भट्ट ने तीन व्यक्तियों जमानत दी है। राजराजेश्वरी नगर की एक सामाजिक कार्यकर्ता शिकायत पर मुनिरत्न और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। एफआईआर कागलीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें