फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: असम कैबिनेट ने लिए अहम फैसले; पनामा पेपर्स को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की सरकार से मांग

Thu, 14 Aug 2025 09:40 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

असम में कैबिनेट बैठक में तमाम अहम फैसले लिए। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया कि भी असम कैबिनेट की बैठक समाप्त हुई। जिसमें हमने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। आयुष्मान असम योजना को जारी रखने के लिए 375 करोड़ रुपये, 500 मेगावाट बिजली की खरीद और 1500 मेगावाट पंप स्टोरेज परियोजना को मंजूरी, व्यापार में आसानी सुनिश्चित करने के लिए भवन उपनियमों में संशोधन का फैसला लिया गया।

विज्ञापन

 

निशिकांत दुबे ने की जांच की मांग
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया कि पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री कैमरन ने स्वीकार किया है कि पनामा पेपर्स में लिखे दावे सही हैं। भारत सरकार को पनामा पेपर्स और पैराडाइज पेपर्स के संबंध में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के माध्यम से कार्रवाई करनी चाहिए और परदे के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब करना चाहिए।

आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति का संबोधन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति का संबोधन शाम सात बजे से आकाशवाणी के संपूर्ण राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। इसका प्रसारण दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी और उसके बाद अंग्रेजी में किया जाएगा। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी पर क्षेत्रीय भाषाओं में यह प्रसारण अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात साढ़े नौ बजे किया जाएगा।
विज्ञापन


पीएम मोदी बोले- 100 गीगावाट सौर विनिर्माण क्षमता महत्वपूर्ण उपलब्धि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 गीगावाट सौर पीवी मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता हासिल करने के लिए भारत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा को लोकप्रिय बनाने के प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, यह आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह भारत की विनिर्माण क्षमताओं की सफलता और स्वच्छ ऊर्जा को लोकप्रिय बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को दर्शाता है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, भारत ने सौर पीवी मॉड्यूल के लिए अनुमोदित मॉडल और निर्माताओं की सूची (एएलएमएम) के तहत सूचीबद्ध 100 गीगावाट सौर पीवी मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है।

पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश हत्याकांड में आरोपपत्र दाखिल, पत्नी आरोपी
कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश की हत्या में बंगलूरू की केंद्रीय अपराध शाखा ने 1,150 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है।  उनकी पत्नी पल्लवी को मुख्य आरोपी बनाया है, जबकि बेटी कृति को राहत दे दी। पल्लवी अभी न्यायिक हिरासत में है। 1981 बैच के आईपीएस अफसर की 20 अप्रैल को आवास पर हत्या कर दी गई थी।

असम में 5 बच्चों समेत नौ रोहिंग्या हिरासत में
असम पुलिस ने कछार में बांग्लादेश सीमा के पास दो महिलाओं, पांच बच्चों समेत नौ रोहिंग्याओं को हिरासत में लिया है। ये वर्षों से भारत में रह रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता ने बुधवार को बताया कि सभी को कटिगोराह इलाके से हिरासत में लिया गया। वे यहां बसने आए थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया।

तिरुपति मंदिर को 1 करोड़ और सोने की लक्ष्मी दान
बंगलूरू के एक भक्त ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर अन्न प्रसादम ट्रस्ट को 1 करोड़ का दान दिया। एक अन्य श्रद्घालु ने भगवान को हीरे-सोने और वैजयंती रत्नों से जड़े मां लक्ष्मी का लॉकेट भेंट किया। कल्याण रमन कृष्णमूर्ति का यह दान पहाड़ी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट की मुफ्त भोजन पहल का समर्थन करेगा।

आरजी कर मामले में लीगल नोटिस, पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी का बयान
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुए बलात्कार-हत्या पीड़िता के पिता को कानूनी नोटिस भेजा गया है। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता कुणाल घोष ने कहा, मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं, मुझे पूरी सहानुभूति है। वह राजनीतिक रूप से प्रेरित होकर जो बयान दे रहे हैं वह सही नहीं है... ये सब झूठ है... यह सही नहीं है कि वह जो भी मुंह में आए या जो भी राजनीतिक दल उन्हें सिखाएं, वही कहें।

सिंगापुर भारत का मजबूत साझेदार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिंगापुर को भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, महासागर विजन और इंडो-पैसिफिक विजन का प्रमुख साझेदार बताया है। उन्होंने कहा, दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, संस्कृति, शिक्षा का आदान-प्रदान और मजबूत साझेदारी है। राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री और व्यापार-उद्योग मंत्री गान किम योंग के नेतृत्व वाले सिंगापुर के मंत्रिस्तरीय शिष्टमंडल के साथ बैठक के दौरान की। राष्ट्रपति ने कहा कि अनिश्चित वैश्विक माहौल में भी भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी फल-फूल रही है।

वाइस एडमिरल एसजे सिंह सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित
पश्चिमी नौसेना कमान के पूर्व कमांडर वाइस एडमिरल एसजे सिंह को ऑपरेशन सिंदूर में उनकी भूमिका के लिए सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। वहीं, उप नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती को उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। नौसैनिक संचालन महानिदेशक वाइस एडमिरल एएन प्रमोद को स्वतंत्रता दिवस पर युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

पूर्व राष्ट्रपति जैल सिंह के पोते और दो प्रोफेसर कांग्रेस में शामिल
पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पोते इंद्रजीत सिंह और दो प्रोफेसर गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस के अनुसार, इन्होंने सामाजिक न्याय के लिए पार्टी की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया। इंद्रजीत के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रतन लाल और लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रविकांत भी 24, अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आकर पार्टी की सदस्यता ली। वे कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, ओबीसी विभाग के प्रमुख अनिल जयहिंद और अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। 

गौतम ने कहा, राहुल गांधी संसद से सड़क तक सामाजिक न्याय के आंदोलन को पूरी ताकत से आगे बढ़ा रहे हैं। इसका नतीजा है कि बड़ी संख्या में लोग हमारे आंदोलन से जुड़ रहे हैं। कांग्रेस में शामिल होने पर खुशी जताते हुए और घर वापसी बताते हुए इंद्रजीत ने कहा कि वह सामाजिक न्याय की आवाज उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

खराब मौसम के कारण दिल्ली से दरभंगा जाने वाली इंडिगो की उड़ान रद्द
दिल्ली से दरभंगा जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई360 को गुरुवार को रद्द कर दिया गया। दिल्ली में खराब मौसम की वजह से उड़ान को देर हो गई, जिससे वह दरभंगा हवाई अड्डे पर लैंडिंग समयसीमा के बाहर हो गई। दरभंगा हवाई अड्डे पर रनवे के संचालन के लिए तय समयसीमा है, जिसे पार करने पर विमान नहीं उतर सकता। उड़ान रद्द होने के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। हालांकि, कुछ यात्रियों ने हवाई पट्टी पर ही थोड़े समय के लिए विरोध प्रदर्शन किया। बाद में सीआईएसएफ और हवाई अड्डे के कर्मचारियों ने स्थिति को संभाला। सूत्रों के अनुसार, इंडिगो ने यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया और उनके लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था भी की।

देश की सामूहिक प्रगति को दर्शाता है राष्ट्रपति का संबोधन: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दिया गया संबोधन देश की सामूहिक प्रगति और आने वाले अवसरों को दर्शाता है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने देशवासियों को उन बलिदानों की याद दिलाई, जिनके कारण देश की स्वतंत्रता संभव हुई। राष्ट्रपति ने नागरिकों से देश के निर्माण में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह भी किया। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के प्रति देश की निर्णायक प्रतिक्रिया की प्रशंसा की और रक्षा क्षेत्र में देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
विज्ञापन

गुजरात: तोड़फोड़ का नोटिस मिलने के बाद महिला ने खुद को आग लगाई
अहमदाबाद के जशोदानगर इलाके में एक 37 वर्षीय महिला ने कथित अपने किराना दुकान पर नगर निगम की ओर से तोड़फोड़ का नोटिस मिलने के विरोध में खुद को आग लगा ली, जिससे वह झुलस गई। महिला का नाम नर्मदा कुमावत है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नर्मदा कुमावत को अपने किराना दुकान के बाहर अहमदाबाद नगर निगम के कर्मचारियों से बहस के बाद खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाते हुए देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद उसके पति रमेश और अन्य लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझा दी, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक, आग बुझाने के दौरान रमेश और तीन अन्य लोग भी झुलस गए। सभी को मणिनगर स्थित एलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त पी.डी. जाडेजा ने बताया कि महिला, उसके पति और तीनों अन्य लोग अब खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि महिला ने गुस्से में यह कदम उठाया, क्योंकि उसकी दुकान पहले भी तोड़ी जा चुकी है और अब फिर से अवैध निर्माण के कारण नोटिस जारी किया गया है। वटवा जीआईडीसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें