पुरी जगन्नाथ मंदिर में कतारबद्ध दर्शन प्रणाली 20 जनवरी से शुरू होगी, राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने ये जानकारी दी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नई प्रणाली में गर्भगृह के सामने में मौजूगद नटमंडप में लकड़ी के ढहने वाले बैरिकेड्स से घिरा छह लेन का रैंप शामिल है। नई प्रणाली से भक्तों के कतार में खड़े होने पर देवताओं की दृश्यता बढ़ेगी। कतारबद्ध दर्शन प्रणाली को पहले नए साल के दिन शुरू करने का प्रस्ताव था। हालांकि, नए साल के लिए मंदिर में भारी भीड़ को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था। हरिचंदन ने संवाददाताओं से कहा, 'मंदिर में कतारबद्ध दर्शन प्रणाली 20 जनवरी से शुरू की जाएगी। हमने नई प्रणाली को लागू करने के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिससे सार्वजनिक दर्शन सुव्यवस्थित हो जाएगा।' पुरुषों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित मार्गों की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही भविष्य में दिव्यांग भक्तों के लिए भी प्रावधान किए जाएंगे। नई व्यवस्था के अनुसार, भक्त मौजूदा द्वार (सतपहाचा) से जगन्नाथ मंदिर में प्रवेश करेंगे, जबकि बाहर निकलने के लिए दो अलग-अलग द्वार (घंटी और गरदा) होंगे।
नौसेना के एयरबेस के पास गिरा ड्रोन
गुजरात के पोरबंदर में नौसेना के एयरबेस के पास परीक्षण के दौरान एक ड्रोन समुद्र में गिर गया। ड्रोन का संचालन एक वेंडर कर रहा था। वेंडर ने ड्रोन के गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन बरामद कर लिया गया है और जांच जारी है।
नौ करोड़ की हेरोइन जब्त
असम के कामरूप जिले में मंगलवार को नौ करोड़ की हेरोइन जब्त की गई। साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि मणिपुर के चुराचांदपुर जिले का एक परिवार एक वाहन में मादक पदार्थ लादकर हाजो और गोरेस्वर क्षेत्रों में तस्करों तक पहुंचाएगा। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण पाठक के नेतृत्व में एसटीएफ ने अमीनगांव क्षेत्र में वाहन को रोका और 94 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 1.128 ग्राम हेरोइन जब्त की। मामले में वाहन के चालक और सह-चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ के बाद एसटीएफ की टीम ने हाजो और गोरेस्वर से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कर्नाटक में छह वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाला गिरफ्तार
बंगलूरु के होयसला नगर में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मजदूर के तौर पर काम करने वाले बिहार निवासी अभिषेक कुमार ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के माता-पिता नेपाल से हैं और उसी जगह काम करते हैं। आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने उससे दुष्कर्म किया और बाद में बच्ची की मौत हो गई। जब लोगों को पता चला तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की तथा उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
ओडिशा सरकार मीसा बंदियों को देगी पेंशन
ओडिशा सरकार आपातकाल में जेल जाने वालों मीसा बंदियों को 20,000 रुपये मासिक पेंशन और अन्य लाभ देेगी। राज्य गृह विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि दो जनवरी को सीएम मोहन चरण मांझी ने आंतरिक सुरक्षा अधिनियम, भारत रक्षा नियम या भारत रक्षा व आंतरिक सुरक्षा नियम के तहत आपातकाल के दौरान गिरफ्तार और जेल में बंद लोगों के लिए मासिक पेंशन का प्रावधान किया है।
पेंशन के साथ-साथ राज्य सरकार आपातकाल के दौरान जेल गए सभी लोगों के चिकित्सा खर्च का वहन करेगी। एक जनवरी, 2025 से इस प्रावधान के तहत जीवित सभी लोगों को पेंशन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 25 जून, 1975 से 21 मार्च, 1977 के बीच आपातकाल का विरोध करने के कारण सैकड़ों लोगों को देशभर की विभिन्न जेलों में कैद किया गया। 1 जनवरी, 2025 से पहले किसी भी अवधि के लिए कोई लाभ प्रदान नहीं किया जाएगा।
उखरुल में 50 एकड़ में अवैध पोस्ते की खेती नष्ट
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि उखरूल जिले के एक गांव में 50 एकड़ में की गई अवैध पोस्ते की खेती को नष्ट कर दिया गया। मुल्लाम कुकी गांव में पोस्ता के खेतों में मिली चार झोपड़ियों को भी जला दिया गया। इसमें शामिल दोषियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। सीएम एन बीरेन सिंह ने लिखा कि जिला पुलिस, मणिपुर राइफल्स, सेना और वन विभाग के बलों ने लिटन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मुल्लम कुकी गांव की पहाड़ी श्रृंखला में अवैध पोस्ता की खेती को नष्ट किया। कुल 50 एकड़ पोस्ता की खेती नष्ट कर दी गई और चार अवैध झोपड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच आगे बढ़ रही है। मैं ड्रग्स के खिलाफ चल रहे युद्ध में उनके समर्पण के लिए टीम के संयुक्त प्रयासों की सराहना करता हूं। हम अपने पहाड़ों, अपने मूल्यों और अपनी गरिमा को पुनः प्राप्त करने की इस लड़ाई में एकजुट हों। साथ मिलकर हम ड्रग्स के साये से मुक्त मणिपुर का निर्माण करेंगे।
परमाणु ऊर्जा आयोग का पुनर्गठन, टीवी सोमनाथन और मनोज गोविल शामिल
सरकार ने परमाणु ऊर्जा आयोग (एईसी) का पुनर्गठन किया है, जिसमें टीवी सोमनाथन और मनोज गोविल को शामिल किया गया है। दोनों ने क्रमश: मंत्रिमंडल सचिव और व्यय सचिव का पद संभाला है। पिछले साल 21 अक्तूबर को जारी और 9 जनवरी को राजपत्र में प्रकाशित एक अधिसूचना के अनुसार, एईसी में पंकज कुमार मिश्रा भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले साल सदस्य (वित्त) के रूप में पदभार संभाला था। पुनर्गठित एईसी में परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव अजीत कुमार मोहंती इसके अध्यक्ष हैं। आयोग में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सोमनाथन और गोविल पदेन सदस्य हैं। अन्य सदस्यों में एईसी के पूर्व अध्यक्ष एमआर श्रीनिवासन और अनिल काकोदकर, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सचिव पी रामाराव, पूर्व प्रमुख सलाहकार (डीएई) रवि बी ग्रोवर और अंतरिक्ष आयोग के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन शामिल हैं। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के निदेशक विवेक भसीन भी आयोग के पदेन सदस्य हैं। एईसी परमाणु ऊर्जा विभाग के लिए नीतियां तैयार करने का काम करता है।
पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस कृष्णन विनोद चंद्रन सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त
केंद्र सरकार ने पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस कृष्णन विनोद चंद्रन को सुप्रीम कोर्ट के जज बनाए जाने की अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी। कानून एवं न्याय मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति ने जस्टिस चंद्रन को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया है। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। सीजेआई जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 7 जनवरी को सर्वसम्मति से केरल हाईकोर्ट से आने वाले जस्टिस चंद्रन की पदोन्नति की सिफारिश की थी।
विवि 20 तक देंगे समान अवसर प्रकोष्ठ एससी-एसटी सेल, आत्महत्या का डाटा
देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थान और विश्वविद्यालय समान अवसर प्रकोष्ठ, एससी-एसटी सेल, आत्महत्या का पूरा डाटा 20 जनवरी तक विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी ) को देंगे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यूजीसी ने राज्यों व उच्च शिक्षण संस्थानों से वर्ष 2019 से लेकर वर्ष 2024 तक इन सबका 14 बिंदुओं पर पूरा डाटा ऑनलाइन उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों को शिकायत निवारण समिति में आने वाली शिकायतों और उनके निवारण की भी पूरी जानकारी देनी होगी। साथ ही कैंपस में होने वाली आत्महत्या की घटना, कारण व निदान के बारे में भी पूछा गया है।
घातक पतंग सामग्री को लेकर 609 एफआईआर, 612 गिरफ्तार
गुजरात सरकार ने सोमवार को हाईकोर्ट को बताया कि उत्तरायण उत्सव के दौरान घातक पतंग सामग्री को लेकर 609 एफआईआर दर्ज की गई और 612 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। 14 जनवरी को पतंग उड़ाने के लिए चीनी मांझा, कांच से लेपित डोर जैसे हानिकारक पदार्थों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के लिए हाईकोर्ट से निर्देश देने की मांग वाली एक जनहित याचिका के जवाब में सरकार ने यह जानकारी दी। हलफनामे मे राज्य गृह विभाग ने कहा कि 9 से 12 जनवरी के बीच पुलिस ने गुजरातभर में इन वस्तुओं के 99 निर्माताओं, 50 स्टॉकिस्टों और 404 विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
गुजरात: घुसपैठ की कोशिश कर रहा पाकिस्तानी नागरिक दबोचा
बीएसएफ ने गुजरात के कच्छ जिले में सीमा पार से भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहा एक पाकिस्तानी नागरिक को बीएसएफ ने पकड़ लिया। बल ने एक बयान में कहा कि वह रविवार को हरामी नाला के उत्तरी क्षेत्र से भारत में घुसने की फिराक में था। घुसपैठिये की पहचान बाबू अली के रूप में हुई है। वह सुजावाल जिले के कारो घुंघरू गांव का निवासी है।
ओडिशा: बाघों का रक्षक हाथी महेंद्र का 66 की उम्र में निधन
ओडिशा के सिमिलीपाल बाघ अभयारण्य (एसटीआर) में जंगल और बाघों के रक्षक हाथी महेंद्र की मौत हो गई। 66 वर्षीय महेंद्र उम्र संबंधी कमजोरियों से जूझ रहा था। चहला कैंप में उसका इलाज चल रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि महेंद्र ने रविवार सुबह से खाना-पीना बंद कर दिया था और रात करीब 10.30 बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि महेंद्र को दो हथनियों के साथ 2001 में कर्नाटक के राजीव गांधी राष्ट्रीय उद्यान से सिमिलीपाल लाया गया था।
जयललिता की संपत्ति जब्त करने के फैसले को हाईकोर्ट ने बरकरार रखा
कर्नाटक हाईकोर्ट ने तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता की संपत्तियों को जब्त करने के फैसले को बरकरार रखा है। हाईकोर्ट ने संपत्तियों को मुक्त करने के लिए जयललिता के कानूनी उत्तराधिकारियों जे दीपक और जे दीपा की ओर से दायर अपील खारिज कर दी। 2004 के आय से अधिक संपत्ति मामले में ये संपत्तियां जब्त की गई थीं।
जयललिता को 1991 से 1996 के कार्यकाल के दौरान आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के लिए 2014 में एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था। हालांकि, 2015 में हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था, लेकिन कर्नाटक की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी।
2016 में जयललिता के निधन के कारण उनके खिलाफ मामला समाप्त कर दिया गया था। लेकिन, 2017 में दिवंगत सीएम की करीबी सहयोगी वीके शशिकला और उनके दो रिश्तेदारों वीएन सुधाकरन और इलावरासी को दोषी ठहराते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने जयललिता की संपत्ति की जब्ती को बरकरार रखा था।
असम के चराईदेव मोईदाम को पेरिस में यूनेस्को से विश्व धरोहर का प्रमाणपत्र मिला
असम के संस्कृति मंत्री बिमल बोरा ने चराईदेव मोईदाम के लिए यूनेस्को से पेरिस में विश्व धरोहर अभिलेखन प्रमाणपत्र हासिल किया। चराईदेव मोईदाम असम में ताई अहोम राजवंश समुदाय के प्रमुख लोगों को टीले पर दफनाने की परंपरा थी। चराईदेव मोईदाम के लिए संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के संस्कृति मामलों के सहायक महानिदेशक अर्नेस्टो ओटोने रामिरेज ने फ्रांस में भारत के राजदूत विशाल बी. शर्मा की मौजूदगी में सोमवार को यह प्रमाणपत्र दिया गया। वहीं बिमल बोरा ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'असम के लिए माघ बिहू का एक शानदार तोहफा, चराईदेव मोईदाम को यूनेस्को से आधिकारिक विश्व धरोहर स्थल का दर्जा मिला। इस गौरवपूर्ण क्षण पर प्रत्येक असमवासी को मेरी ओर से बधाई।' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को उनके सहयोग और प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
तमिलनाडु में पटरी से उतरा ट्रेन का डिब्बा
दक्षिण रेलवे ने जानकारी देते हुए कहा, पुडुचेरी जा रही एक मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन का एक पहिया मंगलवार को शंटिंग प्रक्रिया के दौरान यहां रेलवे यार्ड में पटरी से उतर गया और कोई हताहत नहीं हुआ। रेलवे की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मेमू ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को दादर-पुडुचेरी एक्सप्रेस में बिठाया गया, जिसे बिना किसी देरी के उनकी यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुडुचेरी जाने वाले सभी स्टेशनों पर रोक दिया गया था।
विज्ञप्ति में कहा गया कि 'मुख्य लाइन साफ रही, और इसलिए मुख्य लाइन पर यातायात में कोई व्यवधान नहीं हुआ। हालांकि, पटरी से उतरने के कारण पुडुचेरी की ओर जाने वाली आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। आज सुबह 8.40 बजे पूरी लाइन को यातायात के लिए साफ कर दिया गया और सामान्य ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।'
विद्यासागर कॉलोनी में गिरी इमारत, कोई हताहत नहीं
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के विद्यासागर कॉलोनी में एक इमारत ढह गई। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डीएमजी (आपदा प्रबंधन समूह) के सदस्य और अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और इमारत को पूरी तरह से गिराने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी।
मेघालय में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार
मेघालय में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ होने के बाद सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने रविवार शाम दावकी के निकट चार बांग्लादेशी नागरिकों और तीन भारतीय दलालों को पकड़ लिया।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे तभी बीएसएफ के जवानों ने उन्हें रोक दिया। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान बांग्लादेशी नागरिकों ने कहा कि वे भारत में बसने की योजना बना रहे थे और उन्होंने तीन दलालों की मदद मांगी थी। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उन्हें आधिकारिक रूप से गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है।