हैदराबाद के माधापुर के अयप्पा सोसाइटी में 100 फीट रोड के पास अपटाउन साइबराबाद बिल्डिंग में स्थित CAMELQ सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस के कार्यालय में एयर कंडीशनिंग यूनिट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। एफएस-माधापुर वाटर बॉज़र और एमपीटी माधापुर टीम की त्वरित प्रतिक्रिया से स्थिति पर काबू पाया जा सका। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं।
मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री डीडी लापांग का 93 वर्ष की आयु में निधन
वरिष्ठ राजनेता और मेघालय के चार बार मुख्यमंत्री रहे डोनवा देथवेलसन लापांग 'माहे' का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी एमेथिस्ट लिंडा जोन्स ब्लाह और दो बच्चे हैं। मेघालय सरकार सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करेगी।
उनके परिवार ने बताया कि लापांग लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और शुक्रवार शाम को अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता विन्सेंट एच पाला उस समय अस्पताल में थे जब लापांग ने अंतिम सांस ली। 10 अप्रैल, 1932 को जन्मे लापांग ने 1972 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नोंगपोह सीट जीतकर राजनीति में प्रवेश किया। 1992 से 2010 के बीच वे चार बार पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री रहे। वे आजीवन कांग्रेसी रहे। बाद में वह 2018 में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) में शामिल हो गए और राज्य सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।
भारत 2027 में करेगा 5वें कोस्ट गार्ड ग्लोबल समिट की मेजबानी
भारत को 2027 में 5वें कोस्ट गार्ड ग्लोबल समिट (सीजीजीएस) की मेजबानी मिली है। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। यह घोषणा इटली के रोम में 11-12 सितंबर को आयोजित चौथे कोस्ट गार्ड ग्लोबल समिट के दौरान की गई।
यह फैसला वैश्विक समुद्री क्षेत्र में भारत के बढ़ते कद को दर्शाता है। भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने बताया कि 2027 में चेन्नई में होने वाला 5वां सीजीजीएस भारतीय तटरक्षक बल के स्वर्ण जयंती समारोह के साथ मनाया जाएगा। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम होगा, जिसमें इंटरनेशनल कोस्ट गार्ड फ्लीट रिव्यू और एक सेमिनार होगा। इसका उद्देश्य आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और उभरती समुद्री चुनौतियों पर चर्चा करना है।
एचएनजी के पूर्व प्रमोटरों को चुकाने होंगे धोखाधड़ी से हासिल 42 करोड़ रुपये
राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने हिंदुस्तान नेशनल ग्लास एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एचएनजी) के पूर्व प्रमोटरों को गबन की गई 42.46 करोड़ रुपये की राशि दो महीने के अंदर कॉर्पोरेट देनदारों को वापस करने का निर्देश दिया है। एनसीएलटी की कोलकाता पीठ ने कर्ज में डूबी कंपनी के समाधान पेशेवर को निलंबित निदेशकों संजय सोमानी और मुकुल सोमानी के खिलाफ दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता की धारा 69 के तहत आपराधिक मुकदमा चलाने का भी आदेश दिया। न्यायाधिकरण ने पाया कि 42.46 करोड़ रुपये का लेनदेन लेनदारों के साथ धोखाधड़ी करने के इरादे से किया गया था और दो महीने के भीतर भुगतान का आदेश दिया। आदेश में कहा गया कि ऐसा न करने पर उनकी संपत्तियों से वसूली की जाएगी। 12 सितंबर को जारी यह आदेश एचएनजी के समाधान पेशेवर (आरपी) गिरीश जुनेजा की ओर से बीडीओ इंडिया द्वारा लेनदेन ऑडिट के बाद दायर आवेदन पर आया।
ओडिशा में संदिग्ध ISI एजेंट को बेल नहीं
ओडिशा के बालासोर जिले की अदालत ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संदिग्ध एजेंट आसिफ अली की जमानत अर्जी खारिज कर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह मामला 2015 की जासूसी प्रकरण से जुड़ा है। अली को मेरठ की जेल से ओडिशा पुलिस लाकर अदालत में पेश किया गया। अली का संबंध ईश्वर चंद्र बेहेरा से बताया गया है, जो रक्षा संबंधी गोपनीय जानकारी आईएसआई को देने के आरोप में 2015 में गिरफ्तार होकर आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या पर 51 साल के दोषी को फांसी
मंगलुरु की विशेष पॉक्सो अदालत ने कर्नाटक के बेलगावी जिले के 51 वर्षीय फकीरप्पा हनुमप्पा मदार को जोकट्टे में पिछले वर्ष नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में मृत्युदंड सुनाया। अदालत ने 6 अगस्त 2024 की घटना में उसे दोषी मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मौत की सजा दी। साथ ही पॉक्सो अधिनियम की धारा 4(2) में आजीवन कारावास और 50,000 रुपये जुर्माना तथा आपराधिक अतिक्रमण के लिए भी 50,000 रुपये जुर्माना लगाया। पूरा मामला 13 महीने में निपटाया गया। पुलिस जांच इंस्पेक्टर मोहम्मद सलीम अब्बास के नेतृत्व में हुई और अभियोजन विशेष लोक अभियोजक साहना देवी ने किया।
दमन और दीव के सांसद के खिलाफ एफआईआर
दमन और दीव के सांसद उमेश बाबूभाई पटेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पटेल ने केंद्र शासित प्रदेश दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली के दमन और दीव निर्वाचन क्षेत्र से 2024 का लोकसभा चुनाव तीन बार के भाजपा सांसद लालू पटेल के खिलाफ जीता था।
भ्रष्टाचार : 2019 के ओएएस टॉपर समेत 3 अफसर गिरफ्तार
ओडिशा विजिलेंस ने शुक्रवार को राज्य में अलग-अलग मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप में 2019 बैच के ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) टॉपर अश्विनी पांडा समेत तीन सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया। विभागीय अधिकारी ने बताया कि संबलपुर जिले के बामरा में तहसीलदार पद पर तैनात पांडा को भूमि परिवर्तन मामले के निष्पादन के लिए कार्यालय चालक के जरिये 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा।
रक्षा सहयोग में भारत और ईयू स्वाभाविक साझेदार
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने रणनीतिक साझेदारी के तहत सुरक्षा और रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को व्यापक चर्चा की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ईयू की पॉलिटिकल एंड सिक्योरिटी कमिटी (पीएससी) के प्रतिनिधिमंडल से चेयर डेलफिन प्रोंक के नेतृत्व में मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और रक्षा सहयोग में ईयू-भारत स्वाभाविक साझेदार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि बैठक में दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक हालात पर भी विचार-विमर्श किया। इससे पहले बृहस्पतिवार को प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की थी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बातचीत में क्षमता निर्माण, क्षमताओं में वृद्धि और उभरती चुनौतियों पर चर्चा हुई। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना के सूचना संलयन केंद्र–हिंद महासागर क्षेत्र की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
बंगाल के बीरभूम में पत्थर की खदान ढही, 6 की मौत
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बहादुरपुर गांव में एक पत्थर की खदान का एक हिस्सा ढहने से छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। खदान में काम कर रहे मजदूर दोपहर में खनन प्रक्रिया के दौरान भारी चट्टानों के नीचे दब गए थे। सभी घायलों को हालत बिगड़ने पर बर्दवान मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है।
वायनाड में कांग्रेस नेता का शव तालाब में मिला
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के 10 दिवसीय वायनाड दौरे के बीच एक ग्राम पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता जोस नेल्लेदम शुक्रवार को अपने घर के पास एक तालाब में मृत पाए गए। जोस का नाम कांग्रेस कार्यकर्ता थंकचन से जुड़े आरोपों में शामिल था। हालांकि, अदालत ने थंकचन को निर्दोष पाया था।
भड़काऊ भाषण देने पर बसनगौड़ा पर केस दर्ज
कर्नाटक के विजयपुरा से विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक, यतनाल ने मद्दुर शहर के अपने दौरे के दौरान पीट स्ट्रीट स्थित राम मंदिर के पास जनसभा में अल्पसंख्यक समुदाय पर निशाना साधते यह बयान दिया था।
कुवैत में भारत की अगली राजदूत होंगी परमिता त्रिपाठी
विदेश मंत्रालय ने परमिता त्रिपाठी को कुवैत में भारत की अगली राजदूत नियुक्त किया गया है। मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। परमिता त्रिपाठी विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं और जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगी। परमिता त्रिपाठी 2001 बैच की आईएफएस अधिकारी हैं। भारत और कुवैत के बीच पारंपरिक रूप से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं।
कोलकाता मेट्रो स्टेशन पर 17 वर्षीय छात्र की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता के दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर 17 वर्षीय छात्र मनोजीत यादव की उसके ही दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बरानगर निवासी और बागबाजार हाई स्कूल का छात्र मनोजीत अपने दोस्तों के साथ स्टेशन पर मौजूद था। किसी बात को लेकर हुई कहासुनी ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि उसके एक मित्र ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को देर शाम हावड़ा स्टेशन से गिरफ्तार किया गया, जब वह ट्रेन पकड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और मेट्रो सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए। इस पर मेट्रो प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि हमला नॉन-टिकटिंग एरिया में हुआ था, जहां आरपीएफ हर व्यक्ति की निगरानी नहीं कर सकती। प्रवक्ता ने कहा कि टर्नस्टाइल गेट के भीतर सुरक्षा जांच बेहद सख्त है, फिर भी सुरक्षा प्रणाली की समीक्षा की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी चाकू लेकर स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंचा।
केरल: श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर और अट्टुकल भगवती मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, जांच जारी
केरल के श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर और अट्टुकल भगवती मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। पुलिस और बम निरोधक दस्ता सुरक्षा जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार यह एक अस्पष्ट या सामान्य किस्म की धमकी थी।
ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर एसएसआर की प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू
ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने आगामी उपचुनाव के मद्देनजर नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष सारांश संशोधन (एसएसआर) के लिए शनिवार को एक नोटिस जारी किया। एसएसआर की प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होगी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष सारांश संशोधन का आदेश दिया है।
सीईओ ने कहा कि यह संशोधन जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत किया जाएगा और इसके लिए 1 जुलाई, 2025 अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। हालांकि मतदान केंद्रों की पुनर्व्यवस्था और संशोधन का काम 14 सितंबर तक पूरा करने का निर्णय लिया गया है, लेकिन एकीकृत मसौदा मतदाता सूची अगले दिन जारी की जाएगी। लोग 15 सितंबर से 29 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। बयान में कहा गया कि सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 7 अक्तूबर तक किया जाना है और अंतिम मतदाता सूची 9 अक्तूबर को प्रकाशित की जाएगी। नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव बीजद विधायक राजेंद्र ढोलकिया के हाल ही में निधन के बाद आवश्यक हो गया है।
आरजी कर की छात्रा की मालदा के अस्पताल में रहस्यमयी मौत
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की अंतिम वर्ष की एक छात्रा की शनिवार को मालदा के एक अस्पताल में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिवार ने उसके प्रेमी पर मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। प्रेमी मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जूनियर डॉक्टर है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरजी कर की अंतिम वर्ष की मेडिकल छात्रा अनिंदिता सोरेन (24) की मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मौत हो गई। उसके परिवार ने उसके प्रेमी उज्ज्वल सोरेन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि उसने उसे जहर दिया और फिर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।