सिंगापुर के झंडे वाले जहाज में लगी आग पर काबू पाया
सिंगापुर के ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमवी इंटरएशिया टेनेसिटी के एक कंटेनर में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8.40 बजे लगी आग पर काबू पा लिया गया। जहाज मुंबई के पास न्हावा शेवा बंदरगाह की तरफ जा रहा था, तभी आग लगने पर चालक दल ने भारतीय तटरक्षक बल से मदद मांगी थी। भारतीय तटरक्षक बल ने बताया कि जहाज के चालक दल ने आग पर काबू पा लिया। घटना केरल तट पर हुई थी। तीन दिन पहले राज्य के तट पर सिंगापुर के झंडे वाले एक अन्य कंटेनर जहाज में विस्फोट के बाद आग लग गई थी। 8 जून को यह जहाज मलेशिया के पोर्ट क्लैंग से 1,387 कंटेनर और 21 फिलिपिनो नागरिकों के चालक दल को लेकर रवाना हुआ था। शुक्रवार देर रात को जहाज न्हावा शेवा पहुंचने वाला था। तटरक्षक बल ने कहा कि जहाज के मालिक ने बाद में पुष्टि की कि चालक दल ने आग पर काबू पा लिया है। अब किसी सहायता की आवश्यकता नहीं है।
तेलंगाना सरकार ने जिलों के प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति की
तेलंगाना सरकार ने गुरुवार को कई मंत्रियों को जिलों का प्रभारी नियुक्त किया। साथ ही आईएएस अधिकारियों का भी फेरबदल किया है।
मंत्रियों को 10 पूर्ववर्ती जिलों के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें अब 33 जिलों में पुनर्गठित किया गया है। जिन मंत्रियों को जिलों के प्रभारी के रूप में नामित किया गया है उनमें पोन्नम प्रभाकर (हैदराबाद), सी दामोदर राजनरसिम्हा (महबूबनगर), डी श्रीधर बाबू (रंगा रेड्डी), पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी (वारंगल), डी अनसूया सीताक्का (निजामाबाद), तुम्मला नागेश्वर राव (करीमनगर), जुपल्ली कृष्णा राव (आदिलाबाद), जी विवेक वेंकट स्वामी (मेडक), अदलुरी लक्ष्मण कुमार (नलगोंडा) और वाकीति श्रीहरि (खम्मम) शामिल हैं।
वहीं, नौकरशाहों के फेरबदल में शशांक गोयल को नई दिल्ली स्थित तेलंगाना भवन का रेजिडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि नवीन मित्तल को प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के पद पर तैनात किया गया है।
ओडिशा के भद्रक में मवेशी तस्करी को लेकर हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव
ओडिशा के भद्रक में मवेशी तस्करी को लेकर हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद तनाव के मद्देनजर कई हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। भद्रक के एसपी मनोज राउत ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए गुरुवार सुबह 6 बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि पांच इलाकों - भद्रक नगर पालिका, भद्रक ब्लॉक, धामनगर एनएसी, धामनगर ब्लॉक और तिहिडी ब्लॉक में इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई हैं।