महाराष्ट्र में पुलिस ने एक शिक्षक को 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरापी की पहचान 30 वर्षीय अमित दुबे के रूप में की गई है। बताया गया है कि इस वर्ष मार्च से जुलाई महीने के बीच आरोपी ने नाबालिग को अपने ट्यूशन सेंटर में बुलाया। नाबालिग छात्रा ने पुलिस को बताया कि ट्यूशन सेंटर में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पालघर पुलिस स्टेशन में पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया गया है।
तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले में अपने चैनल पर मोर करी रेसिपी का वीडियो अपलोड करने वाले यूट्यूबर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक वन अधिकारी ने कहा, पशु अधिकार कार्यकर्ताओं के ऐतराज के बाद उसने वीडियो हटा दिया था, लेकिन आरोपी के खिलाफ जांच जारी है। यूट्यूबर ने अधिक व्यूज हासिल करने के लिए ऐसा किया। वन अधिकारियों की टीम ने यूट्यूबर के घर से चिकन करी बरामद की। करी के नमूने को फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया गया।
ओडिशा के जाजपुर जिले में दो महिलाओं को बंधान बनाया गया
ओडिशा के जाजपुर जिले के एक गांव के लोगों ने दो महिलाओं को बंधक बना लिया। लोगों को संदेह था कि उनके परिवार का एक पुरुष जादू-टोना करता है। शख्स ने पुलिस की मदद से अपनी मां और पत्नी को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार को जाजपुर सदर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सुनिंदा सबर साही गांव में हुई। बताया कि गांव की कई महिलाएं पिछले कुछ दिनों से अजीब व्यवहार कर रही थीं। ग्रामीणों को संदेह था कि इसके लिए गांव के ही एक व्यक्ति का काला जादू जिम्मेदार है। गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार रात को उसके घर का घेराव किया। लेकिन, वह घर पर नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी मां और पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। जब व्यक्ति को पता चला तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने उनके वाहन का घेराव कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर दोनों महिलाओं को आजाद कराया।
झारखंड में कुत्ते ने नवजात बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोपीपुर गांव में लावारिस कुत्ते ने नवजात बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि छह माह की बच्ची को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। कुत्ते के काटने के कई जख्म के कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया। अधिकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह की है। जब बच्ची की मां शौचालय गई हुई थी, इसी बीच कुत्ते ने बच्ची को कुछ दूर तक घसीटा और नोच डाला।
आपदा, दुर्घटना के दृश्यों पर तिथि और समय अंकित करें न्यूज चैनल
केंद्र ने सोमवार को निजी समाचार चैनलों को एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि वे प्राकृतिक आपदाओं और बड़ी दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग करते समय ऐसी घटनाओं के दृश्यों पर तारीख और समय अंकित करें। निजी समाचार चैनलों को एडवाइजरी का दृढ़ता से पालन करने को कहा गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने तर्क दिया कि आपदा के कई दिनों बाद टीवी चैनलों पर दिखाए जाने वाले फुटेज वास्तविक समय की जमीनी स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करते, जिससे 'दर्शकों में भ्रम और घबराहट' पैदा होती है।
ओलंपिक खिलाड़ियों को करें एट होम के लिए आमंत्रित: गृह मंत्रालय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस पर राजभवनों में होने वाले ‘एट होम’(जलपान) समारोह में आमंत्रित करने के लिए महत्वपूर्ण लोगों की सूची राज्य सरकारों को सौंपी है। इसमें बलिदानी के परिजनों, ओलंपिक खिलाड़ी, मेधावी छात्रों को आमंत्रित करने को कहा है। साथ ही ‘मन की बात’ में पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से लिए गए नामों, स्वच्छाग्रही लोगों और महिला सरपंच (ग्राम प्रधान) को भी समारोह के लिए आमंत्रित करने को कहा गया है।
भारत-श्रीलंका का मित्र शक्ति सैन्य अभ्यास शुरू
भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच सोमवार को द्वीपीय राष्ट्र में संयुक्त अभ्यास शुरू हुआ। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सैन्य अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं अपने सर्वाेत्तम तौर-तरीके रणनीति और तकनीक को साझा करेंगी। भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति का 10वां संस्करण 25 अगस्त तक मदुरू ओया के आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा, संयुक्त राष्ट्र के दिश-निर्देशों के तहत पारंपरिक परिदृश्य में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाएगा। भारतीय दल में 106 कार्मिक शामिल हैं, जिसका प्रतिनिधित्व राजपुताना राइफल्स की एक बटालियन के साथ-साथ, सेना और अन्य सेवाओं के कर्मी कर रहे हैं। पड़ोसी देश के सैन्य दल का प्रतिनिधित्व श्रीलंकाई सेना की गजबा रेजिमेंट कर रही है।
भारतमाला परियोजना का पहला चरण 2027-28 तक पूरा होने की उम्मीद
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि मोदी सरकार की प्रमुख भारतमाला परियोजना चरण-1 के 2027-28 तक पूरा होने की उम्मीद है। इस परियोजना का खर्च तय लागत से आगे निकल चुका है। मंत्रालय ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2023-24 में कहा कि भारतमाला परियोजना के लिए संशोधित वित्तीय प्रस्ताव अनुमोदन के लिए प्रक्रिया में है। भारतमाला परियोजना के प्रथम चरण में 31 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों और 550 से अधिक जिलों में राजमार्ग की कुल 34,800 किलोमीटर लंबाई शामिल है।
कोच्चि में रह रही यहूदी समुदाय की आखिरी महिला का निधन
कोच्चि में यहूदी समुदाय की आखिरी महिला का मट्टनचेरी में उनके घर पर रविवार को निधन हो गया। क्वीनी हालेगुआ (89) उम्र से जुड़ीं बीमारियों से जूझ रही थीं। कोच्चि के परदेसी सिनेगॉग के ट्रस्टी एम सी प्रवीण के मुताबिक, हालेगुआ के लिए सात दिन का शोक मनाया जाएगा और 11 महीने बाद उनकी याद में एक मकबरा बनाया जाएगा। उनकी मौत के बाद अब उनके भतीजे कीथ हालेगुआ (65) कोच्चि में यहूदी समुदाय के इकलौते सदस्य हैं।