दक्षिण कोलकाता में सोमवार की सुबह एक स्कूल की इमारत के चौथे तल पर कांच के पैनल का एक हिस्सा टूटकर गिर जाने से दो विद्यार्थी घायल हो गए। स्कूल के अधिकारियों ने बताया कि एक विद्यार्थी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी जबकि दूसरे को एक निजी अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब सात बजे जब विद्यार्थी स्कूल परिसर में प्रवेश कर रहे थे, तभी कांच का एक बड़ा पैनल अपने फ्रेम के साथ चौथी मंजिल से टूटकर गिर गया, जिससे दो छात्र घायल हो गए। हालांकि, अभिभावकों के एक वर्ग ने दावा किया है कि दो विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कोई एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी।
तीन गायों से बर्बरता करने वाला युवक पकड़ा
बंगलूरु में तीन गायों के थन काटने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सैयद नसरू ने रविवार तड़के चामराजपेट के विनायकनगर में गायों के थन काटे थे। आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नसरू अपराध करते समय शराब के नशे में धुत था। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर कड़ा रुख अपनाया और बंगलूरू के पुलिस आयुक्त बी दयानंद को मामले को सुलझाने का निर्देश दिया था। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और भाजपा ने घोषणा की कि अगर दोषियों को नहीं पकड़ा गया तो वह काली संक्रांति मनाएगी। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने रविवार को घटनास्थल का दौरा किया और इसे जिहादी मानसिकता बताया।
आईआईटी खड़गपुर में एक छात्र अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया
आईआईटी खड़गपुर में एक छात्र अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाया गया। संस्थान के एक अधिकारी ने बताया कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र शॉन मलिक को उसके माता-पिता ने रविवार को कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया। उससे मिलने आए माता-पिता के बार-बार बुलाने पर भी जब छात्र ने कोई जवाब नहीं दिया तो संस्थान के कर्मचारियों को जबरन उसके कमरे का दरवाजा खोलना पड़ा। उन्होंने कहा कि संस्थान छात्र की मौत की आंतरिक जांच करेगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएगा। पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तमिल स्टार अजित को दी बधाई
दुबई 24एच 2025 रेस में तीसरा स्थान जीतने वाली शीर्ष तमिल स्टार अजित कुमार और उनकी रेसिंग टीम को तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन और भाजपा नेता के अन्नामलाई ने बधाई दी है। दुबई ऑटोड्रोम में हर साल आयोजित होने वाले रेसिंग इवेंट में हाई-परफॉर्मेंस जीटी और टूरिंग कारें 24 घंटे के कठिन फॉर्मेट में प्रतिस्पर्धा करती हैं। उदयनिधि ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मुझे यह सुनकर बहुत खुशी हुई कि अजित कुमार और उनकी टीम ने 24एच दुबई 2025 में 991 श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। मैं इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए अजित कुमार सर और उनकी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा नेता अन्नामलाई ने जीत को देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारत के लिए गौरव का क्षण, क्योंकि अजित कुमार एवीएल ने दुबई 24एच सीरीज में 991 श्रेणी में तीसरा स्थान और जीटी4 श्रेणी में स्पिरिट ऑफ द रेस हासिल किया। अभिनेता-राजनेता कमल हासन ने जीत को असाधारण उपलब्धि बताया।
सेना दिवस पर लॉन्च होगी भारत रणभूमि दर्शन वेबसाइट
भारतीय सेना ने सीमावर्ती क्षेत्रों और ऐतिहासिक युद्धक्षेत्रों को पर्यटन स्थलों के रूप में बढ़ावा देने के लिए एक नई वेबसाइट 'भारत रणभूमि दर्शन' लॉन्च करने का फैसला किया है। यह वेबसाइट 15 जनवरी को सेना दिवस पर लॉन्च होगी और नागरिकों को इन वीरतापूर्ण स्थलों को देखने का अवसर देगी। सेना ने रविवार को एक्स एक पोस्ट में वीडियो साझा किया, जिसमें कहा गया, 'भारत रणभूमि दर्शन: वीरता को करीब से देखें। भारतीय सेना सीमावर्ती क्षेत्रों और युद्धक्षेत्रों को पर्यटन स्थलों में बदल रही है, जिससे नागरिकों को उन पवित्र जगहों का अनुभव करने का मौका मिलेगा जहां वीर सैनिकों ने लड़ाई लड़ी।' यह वेबसाइट नागरिकों को देश के समृद्ध इतिहास में डूबने और हमारी सीमाओं को करीब से देखने में मदद करेगी। सेना दिवस हर साल 15 जनवरी को मनाया जाता है। इस साल मुख्य सेना दिवस परेड पुणे में होगी।
तेलंगाना विधायकों के बीच जिला बैठक में बहस
तेलंगाना के करीमनगर में जिला समीक्षा समिति की बैठक में रविवार को बीआरएस विधायक पी कौशिक रेड्डी और जगतियाल विधायक संजय कुमार के बीच तीखी बहस हुई। यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक पूर्व विधायक ने संजय से पूछा कि वह किस पार्टी से हैं। संजय कुमार जून 2024 में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) छोड़कर सत्तारूढ़ कांग्रेस में शामिल हुए थे। करीमनगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनकोंदूर और विधायक डॉ. कव्वमपल्ली सत्यनारायण ने बताया कि जब संजय कुमार सार्वजनिक मुद्दों पर बोल रहे थे, तब कौशिक रेड्डी ने उनके भाषण में हस्तक्षेप किया और पूछा, 'वह (संजय कुमार) किस पार्टी से हैं? और उन्होंने किस पार्टी से चुनाव लड़ा है?' सत्यनारायण ने कहा कि कौशिक रेड्डी ने संजय कुमार को पीटने की कोशिश की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिसमें कौशिक रेड्डी और संजय कुमार दोनों एक-दूसरे से बहस करते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कौशिक रेड्डी को मीटिंग हॉल से बाहर ले गई। सत्यनारायण ने कहा कि उन्होंने मामले की सूचना मुख्य सचिव को दे दी है।
लक्षद्वीप के अमिनी द्वीप पर पहला हाई-स्पीड क्राफ्ट उतरा
लक्षद्वीप के विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। इसके तहत रविवार को पहला हाई-स्पीड क्राफ्ट (एचएससी) पोत अमिनी द्वीप के पश्चिमी जेटी पर सफलतापूर्वक उतारा गया। एसएससी पोत के उतरने से यात्रियों के नजरिए से कई सारी समस्याएं दूर हो गई है। जैसे कि इससे पहले, यात्रियों को छोटी नावों से जहाज पर चढ़ना पड़ता था, जो अशांत समुद्र और खराब मौसम के कारण खतरनाक होता था। अब नए पश्चिमी जेटी के निर्माण के बाद, अमिनी के निवासियों के लिए यात्रा सुरक्षित और अधिक विश्वसनीय हो गई है।
केंद्र सरकार की कड़ी मेहनत का परिणाम
लक्षद्वीप को लेकर यह उपलब्धि भाजपा और लक्षद्वीप प्रशासन की कड़ी मेहनत का परिणाम है। यह लंबे समय से अमिनी के लोगों की मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जाएगा है। भाजपा ने इस परियोजना के पूरा होने पर गर्व व्यक्त किया और लक्षद्वीप प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
भाजपा महासचिव सिराज कोया ने किया धन्यवाद
भाजपा महासचिव सिराज कोया और युवा मोर्चा लक्षद्वीप के अध्यक्ष एडवोकेट ने इस परियोजना के पूरा होने में योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। साथ ही एडवोकेट सालेह ने इस विकास को भाजपा और लक्षद्वीप प्रशासन की दृढ़ प्रतिबद्धता और नेतृत्व का परिणाम बताया और कहा कि यह उपलब्धि भाजपा के नेतृत्व में हुई कड़ी मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
जारी विज्ञप्ति में एडवोकेट सालेह का तर्क
मामले में जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि एडवोकेट सालेह ने इस बात पर जोर दिया कि यह विकास भाजपा और लक्षद्वीप प्रशासन की दृढ़ प्रतिबद्धता और नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस बात को कमतर आंकने का कोई भी प्रयास सच्चाई को नहीं बदलेगा।
साथ ही एडवोकेट सालेह ने आगे जोर देकर कहा कि यह उपलब्धि भाजपा के नेतृत्व वाले प्रशासन की कड़ी मेहनत, दूरदर्शिता और प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि अमिनी के लोग अपने वादों को पूरा करने और यह सुनिश्चित करने में भाजपा की भूमिका को पहचानते हैं और उसकी सराहना करते हैं कि इस लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजना को पूरा किया जाए।
केरल के राज्यपाल अरलेकर आज करेंगे हृदयपूरवम रजत जयंती समारोह का उद्घाटन
केरल के राज्यपाल राजेंद्र अरलेकर सोमवार को लोगों को मुफ्त हार्ट सर्जरी की सुविधा मुहैया कराने वाली एक बेहद अहम स्वास्थ्य पहल हृदयपूरवम की रजत जयंती का उद्घाटन करेंगे। मीडिया हाउस मलयालम मनोरमा ने मद्रास मेडिकल मिशन के साथ मिलकर ये पहल 1999 में शुरू की थी। इसके तहत अब तक 2,500 लोगों के हृदय का ऑपरेशन हो चुका है।
राज्यपाल अरलेकर सोमवार को कोट्टायम स्थित माम्मेन मप्पिलाई हाल में हृदयपूरवम रजत जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे। भारत की मिसाइल वूमेन और नूरुल इस्लाम सेंटर फॉर हायर एजुकेशन की कुलपति टेसी थॉमस समारोह की अध्यक्षता करेंगी। इस मौके पर राज्यपाल हृदयपूरवम स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले मद्रास मेडिकल मिशन के डॉक्टरों को सम्मानित भी करेंगे। लोगों को मुफ्त हृदय स्वास्थ्य परामर्श के लिए इस पहल के तहत अब तक 88 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
गुजरात: छात्रा का पीछा करने में एसोसिएट प्रोफेसर गिरफ्तार
गुजरात के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा (एमएसयू) की छात्रा का पीछा करने और उसे धमकाने के आरोप में एक एसोसिएट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। सयाजीगंज थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी में कार्यरत हिंदी के एसोसिएट प्रोफेसर मोहम्मद अजहर धेरिवाला पर आरोप हैं कि उन्होंने छात्रा को परेशान किया और उसका कॅरिअर खत्म करने की धमकी दी। वह इस विश्वविद्यालय में पिछले 23 साल से पढ़ा रहे थे और शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले एक अन्य छात्रा ने धेरिवाला पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति की सिफारिश के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि मास्टर ऑफ आर्ट्स द्वितीय वर्ष की छात्रा (शिकायतकर्ता) ने आरोप लगाया कि धेरिवाला चार जनवरी की दोपहर को उसके पास आया और उसे अपने घर चलने के लिए कहा। इन्कार करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुडुचेरी में हेलमेट नियम लागू
पुडुचेरी में रविवार से दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य हो गया है। नियम का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर 1000 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस की घोषणा के बाद कई इलाकों में यातायात पुलिस से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करते देखे गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस हेलमेट न पहनने वालों के खिलाफ सख्त नहीं है, क्योंकि मौजूदा पोंगल त्योहार के मौसम में आम तौर पर बड़ी संख्या में वाहन उपयोगकर्ता शामिल होते हैं। अधिकारी ने कहा कि हम पोंगल त्योहार के बाद सख्त हो जाएंगे, क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश में दुर्घटना मुक्त यातायात सुनिश्चित करने के लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पहले भी यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट पहनना अनिवार्य करने का प्रयास किया गया था। लेकिन इसका विरोध हुआ और इसलिए पुलिस की पहल को स्थगित रखा गया। हालांकि, अब वाहन सवारों की सुरक्षा के व्यापक हित में हेलमेट नियम लागू किया गया है।
जलगांव में ताप्ती गंगा एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, मुकदमा दर्ज
सूरत से छपरा जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस पर महाराष्ट्र के जलगांव स्टेशन के पास पत्थर से हमला किया गया। इसमें किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन ट्रेन के बी 6 कोच की खिड़की के शीशे टूट गए। रेलवे पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच कर शुरू कर दी है। जलगांव रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिये घटना की जानकारी मिली। ट्रेन से महाकुंभ के लिए प्रयागराज जा रहे यात्रियों ने अनुसार, जलगांव स्टेशन से रवाना होने के दो से तीन किमी बाद ट्रेन पर पत्थर फेंका गया।
गुजरात: एल्यूमिनी मीट में आई पूर्व छात्रा से प्रिंसिपल ने किया दुष्कर्म, केस दर्ज
गुजरात के भरूच में एक निजी स्कूल की पूर्व छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में उसके प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता एल्यूमिनी मीट (पूर्व छात्रों का मिलन समारोह) में शामिल होने के लिए स्कूल आई थी। इस दौरान आरोपी ने मौका देखकर उसका यौन उत्पीड़न किया। यह घटना पिछले साल एक दिसंबर की है। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने जब अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रिंसिपल कमलेश रावल ने पहले भी उसका यौन शोषण किया था, जब वह 2021-22 में स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा थी। एक अधिकारी ने बताया कि उसने पहले की घटना की रिपोर्ट नहीं की, क्योंकि आरोपी ने उसे चुप रहने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी और पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तमिलनाडु के तिरुपुर में अवैध रूप से रह रहे 31 बांग्लादेशी गिरफ्तार
तमिलनाडु में तिरुपुर जिले के पल्लडम इलाके से 31 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अवैध रूप से रह रहे इन बांग्लादेशियों को कोयंबटूर के आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर रह रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने पल्लडम इलाके में छापा मारकर बांग्लादेशी युवाओं को गिरफ्तार किया और उन्हें थाने लाई। इनके पास से फर्जी आधार और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। एक हफ्ते पहले भी इसी इलाके में अवैध रूप से रह रहे छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था।
कर्नाटक में महात्मा गांधी पर अनुचित टिप्पणी करने पर मामला दर्ज
सोशल मीडिया पर सांस्कृतिक पहलुओं पर व्याख्यान देने वाली कार्यकर्ता मीनाक्षी शाहरावत के खिलाफ महात्मा गांधी पर अनुचित टिप्पणी करने के आरोप में उडुपी टाउन पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मीनाक्षी शाहरावत ने 4 जनवरी को एक कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ बयान दिया और महात्मा गांधी के भारत के लिए योगदान पर सवाल उठाया था। शाहरावत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353 (2) और 353 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन करने वाले उडुपी आदमरू मठ के प्रशासक गोविंदा नागराजू का भी नाम मामले में दर्ज किया गया है। 5 जनवरी को दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार, शाहरावत ने महात्मा गांधी को दी गई 'राष्ट्रपिता' की उपाधि पर सवाल उठाया था। उन्होंने दावा किया कि गांधीजी की अहिंसा की वकालत का उद्देश्य हिंदुओं को कमजोर करना था
अरुणाचल प्रदेश: सेना ने चरवाहों के लिए झोपड़ियों का किया उद्घाटन
भारतीय सेना की गजराज कोर ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले के कुमरोटसर क्षेत्र में चरवाहों के लिए दो झोपड़ियों का उद्घाटन किया। ये झोपड़ियां सेना के निरंतर प्रयासों का हिस्सा हैं, जो बुनियादी ढांचे के विकास और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए बनाए गए हैं। इन झोपड़ियों का मकसद इलाके के चरवाहों और नागरिकों जरूरी आश्रय और सहायता प्रदान करना है।
यह भारतीय सेना के उस मिशन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका लक्ष्य दूरदराज के क्षेत्रों के स्थानीय लोगों की मदद करना और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। इन झोपड़ियों का निर्माण सेना ने ही किया है। इनके निर्माण से उच्च ऊंचाई वाले कठिन इलाकों में पशुपालकों और नागरिकों को सुरक्षित और आरामदायक आवास मिलेगा।
आईएमडी के विशेष वेब पेज पर मिलेगी महाकुंभ क्षेत्र के मौसम की जानकारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महाकुंभ को समर्पित एक वेब पेज तैयार किया है। इसमें प्रयागराज और उसके आसपास के मौसम की अद्यतन जानकारी दी जाएगी।
एक बयान में कहा गया कि महाकुंभ के लिए तैयार किए गए इस वेब पेज पर तापमान, वायु की गति और दिशा, आर्द्रता और वायु गुणवत्ता के बारे में सूचना दी जाएगी। यह प्रयागराज और आसपास के शहर- अयोध्या, लखनऊ, आगरा, कानपुर और वाराणसी के लिए प्रतिघंटा, तीन घंटे और साप्ताहिक पूर्वानुमान देगा। आईएमडी ने अगले दो से तीन दिनों में प्रयागराज व आसपास के क्षेत्रों में आमतौर पर बादल और कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
पश्चिम बंगाल: तस्करी के आरोप में दो बांग्लादेशी सहित पांच गिरफ्तार
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार तस्करी और घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। बीएसएफ ने बताया कि इस अभियान में 535 फेंसिडिल की बोतलें, 400 स्ट्रिप टैपेंटाडोल और दो मवेशी बरामद किए गए। इसके अलावा, 100 कबूतर भी बरामद किए गए जो बांग्लादेश से भारत में तस्करी किए जा रहे थे।
14 जनवरी को भारत के राजकीय दौरे पर आएंगे सिंगापुर के राष्ट्रपति
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम 14 से 18 जनवरी तक भारत के राजकीय दौरे पर आएंगे। इस यात्रा के दौरान उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा, जिसमें मंत्री, सांसद और अधिकारी शामिल रहें। थरमन का सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में यह पहला भारत दौरा होगा। 16 जनवरी को राष्ट्रपति भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। अपनी यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मू से मुलाकात करेंगे, जो उनके सम्मान में एक रात्रिभोज का आयोजन करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सिंगापुर के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य कई गणमान्य व्यक्ति भी राष्ट्रपति थरमन से मुलाकात करेंगे।
दूध उत्पादों के क्षेत्र में देश की उपलब्धियां असाधारण: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को दुग्ध उत्पादों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को ‘असाधारण’ बताते हुए कहा कि पशुधन देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राष्ट्रपति ने यहां राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की पहल ‘काऊ इंडक्शन’ (गाय के प्रसव प्रबंधन की प्रक्रिया), गिफ्टमिल्क और ओडिशा राज्य सहकारी दूध उत्पादक संघ (ओएमएफईडी) के लिए बाजार समर्थन उपायों का डिजिटल रूप से उद्घाटन/शुभारंभ करने के बाद यह बात कही।
उन्होंने कहा कि भारत में पशुधन नस्लों की एक विविध श्रृंखला है, जिनमें से सभी ने देश की समृद्ध कृषि विरासत में योगदान दिया है। राष्ट्रपति ने कहा कि कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ग्रामीण घरेलू आय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुर्मू ने कहा, ‘हमारे पशुधन को समर्थन और बढ़ावा देने के लिए, उनकी नस्ल विकास और आनुवंशिक विकास के लिए सरकार ने कई उपाय और नीतिगत प्रयास किए हैं।’ उन्होंने कहा कि दूध और दुग्ध उत्पादों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां ‘असाधारण’ हैं। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा,‘पिछले 10 साल में हमारे दुधारू मवेशियों की उत्पादकता में भी असाधारण वृद्धि हुई है।’
केंद्र ने परमाणु ऊर्जा आयोग का पुनर्गठन किया
सरकार ने परमाणु ऊर्जा आयोग (एईसी) का पुनर्गठन किया है, जिसमें टीवी सोमनाथन और मनोज गोविल को शामिल किया गया है। दोनों ने क्रमश: मंत्रिमंडल सचिव और व्यय सचिव का पद संभाला है। पिछले साल 21 अक्टूबर को जारी और 9 जनवरी को राजपत्र में प्रकाशित एक अधिसूचना के अनुसार, एईसी में पंकज कुमार मिश्रा भी शामिल हैं जिन्होंने पिछले साल सदस्य (वित्त) के रूप में पदभार संभाला था।
पुनर्गठित एईसी में परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव अजीत कुमार मोहंती इसके अध्यक्ष हैं। आयोग में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सोमनाथन और गोविल पदेन सदस्य हैं। अन्य सदस्यों में एईसी के पूर्व अध्यक्ष एम आर श्रीनिवासन और अनिल काकोदकर, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सचिव पी रामाराव, पूर्व प्रमुख सलाहकार (डीएई) रवि बी ग्रोवर और अंतरिक्ष आयोग के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन शामिल हैं।
कर्नाटक: चार बच्चे नहर में डूबे, महिला को बचाया गया
कर्नाटक के विजयपुरा जिले में सोमवार को चार बच्चे नहर में डूब गए। उनकी मांग ने कथित तौर पर उन्हें नहर में फेंक दिया था और उनके साथ खुद भी कूद गई थी। हालांकि, महिला को बचा लिया गया।
घटना निदागुंडी तालु के बेनल गांव में हुई। एक मछुआरों ने महिला भाग्यश्री भजंत्री (26 वर्षीय) ने महिला को नहर में जीवन के लिए संघर्ष करते देखा और उसे बचा लिया। उन्होंने बताया कि एक जुड़वा सहित चार बच्चे मृत पाए गए। भजंत्री कोलार तालुके तेलगी गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि परिवार में कथित तौर पर अक्सर झगड़े हुआ करते थे। जिसके कारण महिला ने यह कदम उठाए।
यूक्रेन के खिलाफ रूसी सेना में लड़ते हुए भारतीय की मौत
यूक्रेन के खिलाफ जंग में रूसी सेना की ओर से लड़ते हुए एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। मारे गए व्यक्ति की पहचान बिनिल टीबी के रूप में हुई है, जो केरल के त्रिशूर का रहने वाला था। हालांकि, केरल सरकार की किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से बिनिल के मौत की पुष्टि नहीं की गई है।
32 वर्षीय बिनिल के रिश्तेदरों ने रूस में उसके मारे जाने की पुष्टि की है। बिनिल के रिश्तेदार सनीश ने बताया कि रूस की राजधानी मास्को में भारतीय दूतावास ने बिनिल के मारे जाने की सूचना दी है। बिनिल के मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी सदमे में है। उसने राज्य सरकार से जल्द से जल्द अपने पति का शव भारत लाने की अपील की है। पेशे से इलेक्ट्रिशियन बिनिल और उसका बहनोई जैन टीके पिछले साल अप्रैल में रूस में नौकरी के लिए गए थे। जैन आईटीआई मैकेनिकल में डिप्लोमा है। रूस पहुंचने पर उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और उन्हें यूक्रेन के खिलाफ जंग में रूसी सेना के साथ भेज दिया गया।